हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश की रफ्तार बढ़ी, दो दिनों में 734 छात्रों ने लिया प्रवेश

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा दिन सामान्य रहा, जहां शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रवेश लिया। इस दौरान कुल 453 प्रवेश हुए, जिनमें बीए प्रथम सेमेस्टर में सबसे अधिक 234 प्रवेश हुए। इसके अलावा बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में 91, बीएससी पीसीएम में 64 और बीएससी जेडबीसी में भी 64 प्रवेश हुए। इस तरह कॉलेज में दो दिनों में कुल 734 प्रवेश हो चुके हैं।कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश को सुगम बनाने के लिए संकायवार प्रवेश काउंटरों की व्यवस्था की है, जिससे विद्यार्थियों को बिना किसी परेशानी के प्रवेश मिल सके।

इसके साथ ही, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग प्रवेश काउंटर बनाए गए हैं, ताकि एक ही जगह पर भीड़-भाड़ न हो और प्रवेश प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।वहीं, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में भी प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है। कॉलेज में दूसरे दिन बीए प्रथम सेमेस्टर में 47, बीकॉम सामान्य में 27 और बीकॉम ऑनर्स में 10, बीएससी पीसीएम में 26 और बीएससी बॉयोलॉजी में 31 प्रवेश हुए। हालांकि, हल्द्वानी के गौलापार स्थित शहर डिग्री कॉलेज में अपेक्षाकृत कम प्रवेश हुए। पहले दिन केवल 3 प्रवेश हुए, जबकि दूसरे दिन कुछ और प्रवेश हुए। कॉलेज में कुल 360 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें से छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।

खेल विश्वविद्यालय के लिए खेल विभाग देगा चार गुना भूमि और 2.67

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय के लिए इस बार खेल विभाग ने वन मंत्रालय की आपत्तियों को दूर करते हुए विश्वविद्यालय निर्माण के लिए चार गुना क्षतिपूर्ति भूमि और 267.543 लाख रुपये पौधरोपण व रखरखाव के लिए देने का प्रस्ताव तैयार किया है। खेल विभाग की उप निदेशक रशिका सिद्दीकी ने जानकारी के अनुसार कि पहले विभाग की ओर से केवल दोगुनी भूमि (24.634 हेक्टेयर) देने का प्रस्ताव था, जो वन मंत्रालय ने अस्वीकार कर दिया था। अब विभाग ने दक्षिणी जसपुर के मालधन बीट में 49.268 हेक्टेयर भूमि देने का प्रस्ताव दिया है, जो पूर्व प्रस्ताव से चार गुना अधिक है। साथ ही आगामी 10 वर्षों तक पौधरोपण और पर्यावरणीय रखरखाव के लिए 2.67 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और प्रस्ताव को परिवेश पोर्टल पर अपलोड कर, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृति मांगी गई है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार स्वीकृति मिल जाएगी, क्योंकि प्रस्ताव में पिछली आपत्तियों को दूर कर लिया गया है। प्रदेश सरकार 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन इंदिरा गांधी अंतररराष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के समीप खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की तैयारियों में जुटी हुई है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की बात कही है।

अब सभी की निगाहें केंद्र सरकार की स्वीकृति पर टिकी हैं। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो 29 अगस्त को उत्तराखंड को अपना पहला खेल विश्वविद्यालय मिलने की घोषणा हो सकती है। जो न केवल राज्य के खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि प्रदेश को ‘खेल भूमि’ के रूप में नई पहचान भी दिलाएगा।

चालान के बाद भी अफसरों की नाक के नीचे जारी रहा निर्माण

शारदा मार्केट में अवैध तरीके से बन रही दुकानों के चालान के बावजूद दूसरे दिन निर्माण जारी रहा। यहां बनाई जा रही 77 दुकानों के निर्माण के लिए न तो प्राधिकरण से अनुमति ली गई है और न ही अन्य निर्माण के लिए नगर निगम से। हैरानी की बात है कि शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बाद भी शनिवार को यहां निर्माण चल रहा था। मामला सामने आने के बाद आम जनता का यही सवाल है कि एक तरफ तो शासन-प्रशासन की ओर से आम आदमी के घरों के आगे छुटपुट निर्माण को तोड़ने के लिए तत्काल जेसीबी उतारकर कार्रवाई की जाती है। वहीं, दूसरी तरफ जिम्मेदारों की नाक के नीचे इतना बड़ा अवैध निर्माण कर दिया गया, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरस मार्केट के ठीक सामने शारदा मार्केट स्थित है, जिससे करीब 100 मीटर दूरी पर जिला विकास प्राधिकरण और इससे लगा हुआ नगर निगम कार्यालय है। साथ ही मंडलायुक्त कार्यालय भी पास में ही है। जिस पर आम जनता का यही सवाल उठता है कि जिम्मेदारों की नाक के नीचे कैसे अवैध निर्माण को अंजाम दिया गया। बीते शुक्रवार को पार्षद रवि जोशी की शिकायत पर जिला विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए काम रुकवाया गया। जांच के दौरान पता चला कि तीन-तीन फ्लोर में दर्जनों दुकानें बनाई गई हैं। जब प्राधिकरण की ओर से नक्शा और दुकानों के निर्माण की अनुमति के दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो भवन स्वामी माया देवी शारदा और आलोक शारदा के नाम से चालान कर नोटिस देकर अवैध व्यावसायिक निर्माण का जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं मिलने पर सील की कार्रवाई की जाएगी। इन्सेट-छोटी नाली तक देखी लेकिन निर्माण नहीं दिखाहल्द्वानी। यह निर्माण उस जगह पर हो रहा है जहां पर नैनीताल रोड को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। मुख्य बाजार में इस रोड से छोटे-बड़े अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। पास में ही प्रशासन के बड़े अधिकारियों के कार्यालय हैं। इसके बाद भी नैनीताल रोड से सटे इस बाजार में खुलेआम इतना बड़ा अवैध निर्माण हो रहा था और किसी भी अफसर की इस पर नजर नहीं गई, यह बड़ा प्रश्न है। आखिर कैसे नगर निगम, जिला व क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण किसी गली मुहल्ले में बिना स्वीकृति के एक नाली, खिड़की, दरवाजे, छोटी सी बाउंड्री के तक के निर्माण पर काम रुकवाने पहुंच जाते हैं और इतना बड़ा निर्माण होता रहा लेकिन कोई भी अधिकारी नहीं देख पाया। -ले

राजेंद्र नगर में लाल निशान का विरोधहल्द्वानी। पार्षद प्रीती आर्या ने कहा कि राजेंद्र नगर राजपुरा में नाला चौड़ीकरण के नाम पर गरीबों के घरों लाल निशान लगाए जा रहे हैं। कहा कि किसी के मकान की आधी ईट भी टूटने नहीं देगे चाहे आन्दोलन को किसी भी हद ले जाना पड़े य कोर्ट की शरण लेनी पड़े। हेमंत साहू ने कहा शासन प्रशासन बेलगाम हो गया है राजपुरा में कभी इतना पानी नहीं आता कि की नाले को चौड़ीकरण की जरूरत पड़े लाल निशान लगाने से लोग डर के साए में जी रहे हैं गरीब इंसान पूरे जीवन की जमा पूंजी लगाकर एक एक तिनका जोड़कर मकान बनाता है बेशर्म अधिकारियों को ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचना चाहिए।दमुवाढूंगा में नहर, नालों के पास बने घर, बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। यहां घरों के आगे नालों के पास बनाई गई पुलिया और अन्य छुटपुट निर्माण हटाया गया है। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से बने कई अन्य घरों को हटाने की कार्रवाई चल रही है।

कब मिलेगा नोटिस का जवाब-भवन स्वामी की ओर से अभी तक नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया है। शुक्रवार को की गई कार्रवाई के दौरान नोटिस देकर शीघ्र जवाब देने के निर्देश दिए गए थे। जवाब नहीं मिलने पर सील की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि नोटिस का जवाब कब मिलेगा और नहीं मिलने की स्थिति में क्या सील की कार्रवाई की जाएगी।-मौके पर ही निर्माण रोक दिया गया था। जवाब के लिए नोटिस दिया गया है। इसके बावजूद निर्माण किया जाएगा, तो कार्रवाई की जाएगी।- विजय नाथ शुक्ल, सचिव, जिला विकास प्राधिकरण

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में सीआरपीएफ के शेरों ने लहराया स्वर्ण

हल्द्वानी। अमेरिका के बर्मिंघम शहर में 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक आयोजित 21वें वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र काठगोदाम के चार जांबाज़ खिलाड़ियों ने कराटे टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश और बल का नाम रोशन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में दिलीप कुमार मालव, अनिल शर्मा, महेन्द्र यादव और अजय यंगचन शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल मुकाबलों में मलेशिया और रोमानिया जैसी मजबूत टीमों को पराजित कर भारत को गौरव दिलाया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर काठगोदाम पहुंचने पर उनका रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।

सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने देश के इन खिलाड़ियों का हर्षोल्लास से अभिनंदन किया। इसके साथ ही सीआरपीएफ के डीआईजी शंकर दत्त पाण्डेय ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर, फूल मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की यह जीत पूरे देश और बल के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक रवि कुमार सिकरवार, सहायक कमांडेंट जोगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सीआरपीएफ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा बलों के जवान न केवल देश की रक्षा में बल्कि खेल के क्षेत्र में भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

भाइयों की कलाइयों पर सजेंगी आकर्षक राखियां, सजा हल्द्वानी का बाजार

हल्द्वानी: रक्षाबंधन पर्व को लेकर बहनों और भाइयों में खासा उत्साह रहता है। खासकर बहनें भाइयों के लिए आकर्षक राखियां खरीदती हैं, वहीं भाई भी बहनों के लिए उपहार लाते हैं। वैसे तो रक्षाबंधन का पर्व अगस्त माह में है, लेकिन इस पर्व के लिए अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां दिखाई भी देने लगी हैं। इनकी कीमत दस रुपये से लेकर हजारों रुपये तक हैं।इस बार रक्षाबंधन का पर्व नौ अगस्त को मनाया जाएगा। भाई-बहन के अटूट प्रेम का यह त्योहार हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना करती हैं। वहीं, भाई भी बहनों को उपहार देकर जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं।

हल्द्वानी के बाजारों में अब राखियों से दुकानें सज गई हैं। विभिन्न प्रकार की राखियां महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। तिकोनिया, मंगलपड़ाव, पटेल चौक, सदर बाजार, मीरामार्ग और कारखाना बाजार में राखियों की दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी है। महिलाओं को आकर्षित करने के लिए पारंपरिक, कढ़ाईदार, सिल्वर-प्लेटेड, कार्टून कैरेक्टर वाली, स्टोन जड़ित, और कस्टमाइज्ड राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए चॉकलेट, घड़ी और खिलौनों वाली राखियां भी बाजार में आ चुकी हैं।

सात परिवारों की हुई काउंसलिंग, चार में मुकदमा

हल्द्वानी: एसएसपी नैनीताल डॉ. प्रहलाद नारायण मीणा ने महिलाओं से संबंधित मामलों के समाधान के लिए काउंसलिंग करवाई। महिला ऐच्छिक ब्यूरो के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में एक परिवार के मध्य मतभेद का समाधान भी हो गया।पुलिस के अनुसार मासिक काउंसलिंग सत्र में सात प्रकरण रखे गए। काउंसलिंग के माध्यम से एक मामले में दोनों पक्षों में भली-भांति समझाकर राजीनामा करवा दिया। चार मामलों में मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी किया है और साथ ही एक मामले में आगे की तिथि दी गई है। साथ ही एक मामले में अग्रिम आदेश के लिए न्यायालय को भेज दिया है।

ज्योलीकोट खुर्पाताल-25 में परिवर्तन की आहट, आशा गिरी गोस्वामी को मिला चुनाव चिन्ह “उगता सूरज”

भीमताल, समाचार। नैनीताल जिले के ज्योलीकोट खुर्पाताल -25 क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी आशा गिरी गोस्वामी को उनकी सोच के मुताबिक ही चुनाव चिन्ह मिला है। क्षेत्र की ग्राम सभाओं को आदर्श गांव बनाने का विजन लेकर चलने वाली जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी आशा गिरी गोस्वामी को आज चुनाव आयोग से उगता सूरज चुनाव चिन्ह मिला है। शुक्रवार सुबह जैसे ही आशा गिरी गोस्वामी को “उगता सूरज” चुनाव चिन्ह मिलने की खबर समर्थकों और सोशल मीडिया के माध्यम से ज्योलीकोट खुर्पाताल क्षेत्र से जुड़े ग्राम सभाओं पहुंची तो लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। अब लोग 24 जुलाई वोटिंग वाले दिन का इंतजार कर रहे हैं। आशा के जीवनसाथी संदीप गोस्वामी (बंटी भाई) क्षेत्र में समाजसेवा का बड़ा नाम है। ज्योलीकोट खुर्पाताल -25 की जनता इस बार परिवर्तन के इरादे से समाजसेवी गोस्वामी परिवार की आशा गिरी गोस्वामी को जिला पंचायत सदस्य की जिम्मेदारी देने को बेताब भी दिख रही है। अब आने वाली 24 जुलाई को रामड़ी ज्योलीकोट खुर्पाताल -25 क्षेत्र की जनता को वोट करना है।

चारधाम हेली सेवा प्रतिबंध के बीच VIP यात्रा! BKTC अध्यक्ष के हेलीकॉप्टर को लेकर मचा बवाल

हल्द्वानी। केदारनाथ में हेलीकॉप्टर सेवा पर लगी रोक के बीच 14 जुलाई को एक हेलीकॉप्टर के लैंड होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC)के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का था, जो सावन के पहले सोमवार के अवसर पर केदारनाथ पहुंचे थे। उनके साथ कुछ उद्योगपति भी मौजूद थे। हाल ही में एक हेलीकॉप्टर हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत के बाद चारधाम यात्रा मार्ग पर हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद हेलीकॉप्टर का केदारनाथ पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है।
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और हेरिटेज एविएशन कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर 24 घंटे तक केदारनाथ में रुका रहा। वहीं, दो दिन के प्रतिबंध के बाद मंगलवार को चारधाम यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवाएं बहाल कर दी गईं, लेकिन केदारनाथ घाटी में खराब मौसम के चलते वहां कोई भी उड़ान नहीं भरी जा सकी। इस मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। नियमों की अनदेखी को लेकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

भाजपा जिला पंचायत प्रत्याशी आशा गिरी गोस्वामी ने मंगोली में किया जनसंपर्क

संवाददाता, हल्द्वानी। ज्योलीकोट-खुर्पाताल- 25 क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद की भाजपा प्रत्याशी आशा गिरी गोस्वामी ने गुरुवार को मंगोली गांव में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान आशा गिरी ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाएं और अधूरे विकास कार्य उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भाजपा को पंचायत में जनादेश मिला, तो केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र का तेजी से विकास कराया जाएगा। इस दौरान पर भाजपा के नैनीताल मंडल के कोषाध्यक्ष संदीप गोस्वामी (बंटी भाई) भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में हमेशा साथ रहेंगे और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने का भरोसा जताया और क्षेत्र की समस्याओं व अपेक्षाओं से भी अवगत कराया। आशा गिरी गोस्वामी ने सभी को विश्वास दिलाया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेंगी।

गौलापार चोरगलिया में अनीता बेलवाल का जनसंपर्क अभियान तेज, विकास का दिया भरोसा

हल्द्वानी। आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर गौलापार चोरगलिया क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। आमखेड़ा चोरगलिया जिला पंचायत सदस्य पद की भाजपा प्रत्याशी अनीता बेलवाल ने मंगलवार को पश्चिमी खेड़ा क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों से समर्थन व मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान बेलवाल ने स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में वर्षों से लंबित पड़ी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि पंचायत में भाजपा को समर्थन मिला तो केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र का बहुपक्षीय विकास तिगुनी गति से सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. मुकेश चंद्र बेलवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े हैं और विकास की दिशा में हर संभव प्रयास करेंगे। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने का भरोसा दिलाया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं को साझा किया। जनसंपर्क अभियान में स्थानीय कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com