
हल्द्वानी समाचार : गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति पर मालिश करने के बाद महिला की गर्दन जोर से हिलाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर महिला को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ब्रॉड डेड (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया। महिला की मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में काफी समय से दर्द था। करीब चार-पांच महीने से उसका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार शनिवार को परिचितों की सलाह पर वे मीनाक्षी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर गए थे। आरोप है कि वहां मालिश करने के बाद व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार दुकान पर कथित रूप से उपचार किया जाता था। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस अस्पताल पहुंची और मृतका मीनाक्षी से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी जुटाई। अस्पताल की ओर से बताया गया कि महिला को ब्रॉट डेड अवस्था में लाया गया था। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा है। पुलिस भी परिजनों से घटना की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार महिला की मौत का कारण जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हल्द्वानी समाचार : चार साल के लंबे अंतराल के बाद छात्र राजनीति में कमल पड़लिया की एक बार फिर सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली। छात्र राजनीति में अपनी पकड़ और रणनीतिक समझ के लिए पहचाने जाने वाले कमल पड़लिया इस बार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के समर्थन में खुलकर मैदान में उतरे। कमल पड़लिया भले ही अब तक छात्रसंघ का कोई चुनाव स्वयं नहीं लड़े हैं, लेकिन छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता और प्रभाव लंबे समय से चर्चा में रहा है। पूर्व में प्रधान पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने छात्र राजनीति से दूरी बना ली थी। हालांकि, इस साल हुए प्रधान पद के चुनाव में वे महज दर्जन भर वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। इसके बावजूद क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और लोगों का उनके प्रति विश्वास बरकरार बताया जाता है। छात्रसंघ चुनाव के दौरान कमल पड़लिया ने आर्यन बेलवाल के समर्थन में छात्रों के बीच पहुंचकर उनके पक्ष में मतदान की अपील की थी। चुनाव परिणाम में आर्यन बेलवाल की भारी जीत के बाद उन्होंने खुशी जताई है। उन्होंने महाविद्यालय के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर्यन बेलवाल और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। चार साल बाद छात्र राजनीति में कमल पड़लिया की सक्रिय वापसी ने स्थानीय छात्र राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं को तेज कर दिया है।

हल्द्वानी समाचार : एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की मतगणना में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने शुरुआती तीन राउंड में अपनी बढ़त बरकरार रखी है। तीसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद आर्यन बेलवाल को 338 वोट मिले हैं और वह एनएसयूआई के मेहुल शाह से 98 वोट आगे चल रहे हैं। मेहुल शाह को 240 और एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट को 167 वोट मिले हैं।इससे पहले पहले राउंड में भी आर्यन बेलवाल सबसे आगे रहे थे। उन्हें 146 वोट मिले थे, जबकि मेहुल शाह को 88 और धीरज बिष्ट को 85 वोट मिले थे। दूसरे राउंड के बाद आर्यन के खाते में 242 वोट पहुंचे, जबकि मेहुल शाह को 164 और धीरज बिष्ट को 126 वोट मिले। इस राउंड में आर्यन की बढ़त 78 वोट की थी। शुरुआती तीन राउंड के आंकड़ों में एबीवीपी के बागी निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल लगातार सबसे आगे बने हुए हैं। हालांकि मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।——तीन राउंड का आंकड़ाआर्यन बेलवाल (निर्दलीय): 338 वोटमेहुल शाह (एनएसयूआई): 240 वोटधीरज बिष्ट (एबीवीपी): 167 वोट

हल्द्वानी समाचार : एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। दोपहर दो बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिसके बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। कॉलेज के नौ पदों के लिए कुल 74 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतगणना पूरी होने के बाद मंगलवार को ही परिणाम घोषित किए जाएंगे और विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। अध्यक्ष पद के पहले राउंड में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल 146 वोट हासिल कर सबसे आगे चल रहे हैं। एनएसयूआई के मेहुल शाह को 88 और एबीवीपी के धीरज बिष्ट को 85 वोट मिले हैं। कॉलेज में कुल 12800 मतदाताओं में से 4063 विद्यार्थियों ने मतदान किया था। अध्यक्ष समेत उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि समेत विभिन्न पदों के लिए मतगणना जारी है। अगले राउंड के आंकड़ों के साथ मुकाबले की तस्वीर और साफ होगी। ——–अध्यक्ष पद : पहले राउंड का हालआर्यन बेलवाल (निर्दलीय) : 146 वोटमेहुल शाह (एनएसयूआई) : 88 वोटधीरज बिष्ट (एबीवीपी) : 85 वोट

हल्द्वानी समाचार : बैंक कर्मचारियों की 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल फिलहाल टल गई है। United Forum of Bank Unions (UFBU) ने Five-Day Banking, PLI समेत अन्य लंबित मांगों पर बातचीत आगे बढ़ाने को लेकर बनी सहमति के बाद हड़ताल को defer करने का फैसला लिया है। सबसे प्रमुख मांग Five-Day Banking को लेकर है। प्रस्तावित एमओयू के तहत IBA और UFBU के बीच एक हाई लेवल कमेटी गठित करने पर सहमति बनी है। यह कमेटी सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर समाधान तलाशेगी। हालांकि, फिलहाल Five-Day Banking लागू नहीं हुई है। PLI के तहत Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू व्यवस्था में संशोधन को लेकर भी द्विपक्षीय बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही पेंशन, NPS से OPS, ग्रेच्युटी, मेडिकल इंश्योरेंस, भर्ती, LTC/LFC मोनेटाइजेशन, फिटमेंट विसंगतियों, ग्रिड हॉलिडे और रेगुलेटेड वर्किंग आवर्स समेत अन्य लंबित मुद्दों को भी द्विपक्षीय एजेंडे में शामिल किया गया है। UFBU ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल स्थगित करने का फैसला मांगों से पीछे हटना नहीं है। संगठन इन मांगों पर हुए समझौतों और उनके क्रियान्वयन की निगरानी करेगा। आगे की प्रगति के आधार पर संगठनात्मक कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल नहीं होगी। हालांकि Five-Day Banking समेत प्रमुख मांगों का अंतिम क्रियान्वयन अभी बाकी है।

हल्द्वानी समाचार : बैंक ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इस दिन भी बैंकों की शाखाएं और कुछ अन्य बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के अनुरोध पर इस संबंध में मंजूरी दी है। आरबीआई के अनुसार, लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित न हों और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए 27 सितंबर रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की अनुमति दी गई है। आरबीआई के निर्देश के सामान्य रूप से काम करेंगे। आरबीआई ने यह मंजूरी इंडियन बैंक्स एसोसिएशन की ओर से 21 सितंबर को भेजे गए अनुरोध के बाद दी है। मुताबिक 27 सितंबर को बैंक की शाखाओं और कार्यालयों के साथ एटीएम लिंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी सामान्य सामान्य रूप से काम करेंगे। बैंकों को इस दौरान संबंधित कानूनी और नियामकीय प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आरबीआई ने यह मंजूरी इंडियन बैंक्स एसोसिएशन की ओर से 21 सितंबर को भेजे गए अनुरोध के बाद दी है।

हल्द्वानी। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। 26 और 27 सितंबर के weekend के बाद 28, 29 और 30 सितंबर को देशभर में बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में बैंक शाखाओं में लगातार 5 दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
5-Day Banking की मांग को लेकर UFBU ने फिलहाल हड़ताल वापस नहीं ली है। 22 सितंबर की conciliation meeting के बाद भी मांग पर कोई ठोस सकारात्मक फैसला नहीं हुआ और UFBU ने 28-30 सितंबर की हड़ताल जारी रखने का आह्वान किया है।
💳 ग्राहकों के लिए Advisory: जरूरी बैंकिंग काम हड़ताल से पहले निपटाने की सलाह दी जा रही है। UPI, ATM, Mobile Banking और Internet Banking जैसे वैकल्पिक माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
⚠️ और बड़ी बात—अगर 5-Day Banking की मांग पर समाधान नहीं हुआ, तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का प्रस्ताव है।
यानी सितंबर के अंत में जहां ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक branch banking में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं अक्टूबर में बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने की स्थिति बन सकती है।

हल्द्वानी समाचार : कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव की तिथि तय हो गई है। विवि की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना, परिणाम की घोषणा और निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। चुनाव की अधिसूचना आज बुधवार जारी होगी। विवि की ओर से जारी पत्र के अनुसार छात्रसंघ चुनाव के लिए 24 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। प्रत्याशी 25 सितंबर को नामांकन कर सकेंगे। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर एक से तीन बजे तक नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। 28 सितंबर को प्रशासन की अनुमति मिलने की स्थिति में छात्रों की आम सभा होगी। 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी। परिणाम घोषित करने के बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। चुनाव प्रचार 28 सितंबर की शाम चार बजे के बाद पूरी तरह बंद करना होगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की ओर से जारी आदेश के अनुसार विवि से जुड़े कॉलेजों में छात्रसंघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्र, उपाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित, सचिव, संयुक्त सचिव छात्राओं के लिए आरक्षित, कोषाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित, सांस्कृतिक सचिव, संकाय प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद होंगे।——————-इन्सेट-10 हजार से कम पर 25 हजार, इससे अधिक छात्रसंख्या वाले कॉलेज में 50 हजार तक खर्च। आदेश के मुताबिक चुनाव में प्रचार और खर्च की सीमा भी निर्धारित की गई है। 10 हजार से कम छात्र संख्या वाले कॉलेज में प्रत्याशी अधिकतम 25 हजार रुपये, जबकि 10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले कॉलेज में अधिकतम 50 हजार रुपये तक खर्च कर सकेंगे। चुनाव प्रचार सामग्री केवल हाथ से बनी हुई रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रचार सामग्री के रूप में किसी भी तरह की प्रिंटेड सामग्री व पोस्टर-बैनर नहीं इस्तेमाल होंगे। चुनाव कार्यक्रम एक नजर में 23 सितंबर : चुनाव अधिसूचना 24 सितंबर : नामांकन पत्रों की बिक्री25 सितंबर : नामांकन26 सितंबर : नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी28 सितंबर : आम सभा (प्रशासन की अनुमति पर)29 सितंबर : मतदान, मतगणना, परिणाम और शपथ ग्रहण

हल्द्वानी समाचार : नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध निर्वाचित होकर एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। खास बात यह है कि वर्ष 1996 से लगातार वह समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाते आ रहे हैं। दुग्ध समिति के चुनाव में मुकेश बोरा की लगातार 12वीं निर्विरोध जीत को उनकी संगठनात्मक पकड़ और समिति के सदस्यों के बीच मजबूत स्वीकार्यता के तौर पर देखा जा रहा है। निर्वाचन के बाद समर्थकों और समिति पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर बधाई दी।दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत दर्ज की। वहीं हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

हल्द्वानी समाचार : कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसर और उससे संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। विवि की ओर से जारी सूचना के अनुसार 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद एक अक्टूबर को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का चुनाव संपन्न होगा। विवि के कुलसचिव की ओर से 10 सितंबर को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और श्रीदेवसुमन विश्वविद्यालय से संबंधित कुलपतियों की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के बाद चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।कुलपति के निर्देशानुसार कुमाऊं विवि के परिसरों और संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में निर्धारित तिथियों पर छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे। विवि प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है।