हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बढ़ते बिजली बिलों को लेकर नाराज पार्षद मनोज जोशी ने किया मुख्य अभियंता का घेराव।

हल्द्वानी। लगातार बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। वार्ड 58 के पार्षद मनोज जोशी और पूर्व पार्षद मनोज मठपाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मुख्य अभियंता राजेंद्र सिंह गुंज्याल का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान पार्षद जोशी ने कहा कि पूर्व में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंताओं से वार्ता की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अब यदि बिना समाधान के मीटर लगाने की कोशिश हुई तो विरोध किया जाएगा और किसी भी विवाद की जिम्मेदारी विभाग की होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता अपने मीटर काटकर विभाग के कार्यालय में जमा कर देंगे। पूर्व पार्षद मनोज मठपाल ने भी आक्रोश जताते हुए कहा कि मीटर लगाने वाले कर्मचारी लोगों को चालान का डर दिखाकर जबरन मीटर लगा रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान हंगामेदार माहौल में महिलाओं ने भी विरोध जताकर पुराने मीटर वापस देने की मांग की। मुख्य अभियंता ने लोगों को आश्वस्त किया कि जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक नए मीटर नहीं लगाए जाएंगे और सभी उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा। कहा कि सभी लोग अपने बिल नंबर देकर समाधान प्रक्रिया में सहयोग करें। मुख्य अभियंता के आश्वासन पर लोग शांत हुए और बिल से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। घेराव करने वालों में पार्षद मनोज जोशी, पूर्व पार्षद मनोज मठपाल, कैलाश रौतेला, जीपी सुयाल, राम सिंह बसेरा, कौस्तुभ भट्ट, प्रीति, मनीष साहू, चंद्रा सैनी, प्रेम बल्लभ जोशी, गायत्री, सुनील, फरजान, परवीन, निशा, सपना, विद्या देवी, शकुंतला, सुनीता साहू, मंजू, ममता देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com