हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

चुनावी रण में उतरीं बेला तोलिया, कुल्हाड़ी चिन्ह पर मांगा समर्थन

हल्द्वानी। कुल्हाड़ी चुनाव चिन्ह के साथ जिला पंचायत सीट 21 रामडी आनसिंह पनियाली से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया ने धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। आज बेला अपने समर्थकों के साथ रामपुर लामाचौड़ क्षेत्र में घर घर पहुंची। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया क्षेत्र कि जनता को बता रही हैं कि उनके कार्यकाल में सबसे अधिक विकास कार्य रामडी आनसिंह क्षेत्र में करवाए गए, जिससे क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं मिलीं। भरोसा जताया कि इस बार भी रामडी आनसिंह पनीयाली की जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर सेवा का अवसर देगी। बेला तोलिया ने प्रतिद्वंदी प्रत्याशियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ प्रत्याशी खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताकर और पार्टी के चिन्ह व वरिष्ठ नेताओं के चित्रों का दुरुपयोग कर मतदाताओं को भ्रमित कर रहे हैं। इससे मतदाताओं में संशय की स्थिति पैदा हो रही है। बेला तोलिया ने इसकी शिकायत जिला संगठन और प्रदेश नेतृत्व से करने की बात कही है।

जंगल में छुपी थी चोरी की सवारी, पुलिस ने तीन शातिर चोरों संग किया पर्दाफाश

हल्द्वानी। शहर में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी की गई बाईकों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र और सीओ सिटी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में कोतवाल राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

टीम द्वारा चोरी की घटनाओं के आस पास के सैकड़ो सीसीटीवी कैमरे खंगालने और मुखबिर की सूचना पर 20 जुलाई 2025 को मुक्त विश्वविद्यालय के पास जीतपुर नेगी वाले जंगल से तीन अभियुक्तों आशीष राम उर्फ कांचा(21), हिमांशु सम्मल(20), मो०(30) को चोरी की मोटर साइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त आशीष और हिमांशु ने बताया कि वह दोनों मिल कर बाइक चोरी की हैं। बताया कि तीन दिन पूर्व उन्होंने बेस अस्पताल की पार्किंग से दो बाइक चुराई थी तथा एक बाइक नानक स्विट्स के पास से चुराई जिसमें से एक बाइक किच्छा ले जाकर मौ० हसन को रु 4000 में बेच दी थी तथा बची हुई दो बाईकों को बाद में बेचने के लिए जंगल में छुपा दिया था। तीनों अभियुक्त पूर्व में चोरी के इल्जाम में जेल जा चुके हैं जिनका आपराधिक इतिहास ज्ञात किया जा रहा है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा को मिला नया आयाम

पिथौरागढ़: भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार की संयुक्त पहल से कैलाश मानसरोवर यात्रा को नया आयाम मिला है। यात्रियों ने मानसखंड मंदिरमाला में सम्मिलित मंदिरों के दिव्य एवं भव्य दर्शन किए।कैलाश मानसरोवर यात्रियों के प्रथम दल ने पवित्र मानसखंड मंदिरमाला में स्थित अनेक प्राचीन, पौराणिक और ऐतिहासिक मंदिरों के दर्शन कर गहन आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। इस यात्रा के दौरान यात्रियों ने पिथौरागढ़ जनपद में स्थित पाताल भुवनेश्वर गुफा मंदिर, हाट कालिका मंदिर के दर्शन कर क्षेत्र की धार्मिक गरिमा, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक समृद्धि का साक्षात अनुभव किया। मानसखंड मंदिरमाला, उत्तराखंड सरकार द्वारा विशेष रूप से विकसित की जा रही एक व्यापक धार्मिक सर्किट योजना है, जिसमें कुमाऊं मंडल के प्रमुख देवस्थलों को आपस में जोड़कर एक सुव्यवस्थित तीर्थ यात्रा पथ तैयार किया गया है।

इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देना, और कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठित करना है।इस पहल के तहत मंदिरों तक बेहतर सड़क संपर्क, मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण, सूचना पटल एवं डिजिटल गाइडेंस जैसी आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को एक सुविधाजनक एवं समग्र आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।यात्रियों ने न केवल मंदिरों की अलौकिकता और पवित्रता का अनुभव किया, बल्कि पिथौरागढ़ जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी की।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन्हें हिमालय की गोद में स्थित देवभूमि की दिव्यता, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक यात्रा सिद्ध हुई है। अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार का यह प्रयास धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और स्थानीय कारीगरों व व्यापारियों के लिए आर्थिक संबल भी सृजित कर रहा है। निश्चित ही, मानसखंड मंदिरमाला परियोजना उत्तराखंड को भारत के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों की सूची में एक प्रमुख स्थान दिलाने की ओर अग्रसर है।

वैज्ञानिकों ने पहली बार किसी सौर मंडल को जन्म लेते देखा

नैनीताल। वैज्ञानिकों ने पहली बार किसी सौर मंडल को जन्म लेते देखा है। यह खोज हमारे सौर मंडल समेत पृथ्वी की उत्पत्ति के रहस्य को उजागर करती है। वैज्ञानिक, ग्रहों समेत किसी भी तारे के सौर मंडल के जन्म का यह पहला प्रमाण मान रहे है। यह खोज अपने सौर मंडल का निर्माण कर रहे नवजात स्टार हॉप्स 315 नामक तारे की खोज से संभव हो सकी है।

दरअसल, पूर्व में हमारे सौर मंडल की उत्पत्ति को लेकर तमाम सिद्धांत गढ़े गए हैं, लेकिन पहली बार खगोल वैज्ञानिक किसी सौर मंडल को अपनी आंखों के सामने बनता देख रहे हैं। यह खोज सौर मंडल की उत्पत्ति का पहला प्रमाण है और हमारे वैज्ञानिक जगत के सिद्धांतों की पुष्टि करती है। नीदरलैंड स्थित लीडेन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मेलिसा मैकक्लेर के नेतृत्व में यह खोज हुई है। स्टार हॉप्स-315 तारा पृथ्वी से 1,300 प्रकाश वर्ष दूर है। यह तारा हमारे सूर्य के समान चमकता है, जो अपने चारों ओर एक नई सौर प्रणाली के ग्रहों को अस्तित्व में ला रहा है। इस सौर मंडल में गर्म खनिज जमने लगे हैं। कार्बन मोनोऑक्साइड और सिलिकॉन मोनोऑक्साइड की जेट किरणें आगे बढ़ रही है और अपने तारे से दूर भाग रहे हैं। यह प्रक्रिया किसी भी ग्रह मंडल के निर्माण की पहली कड़ी होती है।

यह खोज वैज्ञानिकों को उत्साहित करने वाली है और दशकों के परिश्रम का प्रतिफल है, जिसे लेकर खोजी टीम के वैज्ञानिक प्रोफेसर मेरेल वैन कहते हैं कि जन्म लेते सौर मंडल की यह तस्वीर वैसी ही है, जैसा कि हमारे सौर मंडल की उत्पत्ति के दौरान हुआ होगा। इस सौर मंडल में हमारे अपने ग्रह मंडल के समान ग्रहों का जन्म हो रहा है जिसमें भविष्य में बृहस्पति जैसे ग्रह अस्तित्व में आएंगे। खोजकर्ता खगोलविदों का कहना है कि इस नए सौर मंडल में ग्रहों के बाद बौने ग्रह अस्तित्व में आएंगे और उसके लघु ग्रह अस्तित्व में आने लगेंगे, इनके साथ ही उल्कापिंडों का अस्तित्व सामने आएगा। इनके अलावा धूमकेतुओं को भी बनते देख सकेंगे। सबसे बड़ा तथ्य यह है कि हम इस सौर मंडल के निर्माण की प्रक्रिया को अपनी आंखों से देख सकेंगे। स्टार हॉप्स 315 के सौर मंडल की खोज चिली स्थित एटाकामा लार्ज मिलीमीटर/ सबमीतर एरे टेलीस्कोप और जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप के जरिए हुई है। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक डॉ. शशिभूषण पांडेय कहते हैं कि किसी सौर मंडल के निर्माण की प्रक्रिया को लेकर यह खोज आंखों देखी जैसी कही जा सकती है। सौर मंडल की उत्पत्ति को लेकर यह पहली खोज आश्चर्यजनक है। खगोल जगत इस खोज से उत्साहित है। अब जैसे जैसे तकनीक आगे विकसित होते जाएगी, ब्रह्मांड के छिपे रहस्य भी उजागर होते चले जाएंगे।

शेर नाले में बही फॉर्च्यूनर, 10 लोगों को पुलिस ने बचाया

हल्द्वानी: देर रात से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते हल्द्वानी क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। रविवार देर रात शेर नाले में आए तेज बहाव की चपेट में एक फॉर्च्यूनर कार बह गई, जिसमें 10 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस ने मौके पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जोखिम भरे हालातों के बावजूद, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी लोगों को सकुशल बाहर निकालने में सफलता हासिल की। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास न जाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। क्षेत्र में फिलहाल येलो अलर्ट जारी है और आपदा प्रबंधन टीम को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ओलंपिक की उड़ान भरेंगे उत्तराखंड के तीन सितारे

हल्द्वानी। लॉस एंजेलिस में वर्ष 2028 में होने वाले ओलंपिक के लिए उत्तराखंड के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के तीन अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों का चयन खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टाप्स) में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में रुद्रपुर के अर्जुन अवॉर्डी मनोज सरकार, बाजपुर की गोल्डन गर्ल मनदीप कौर और काशीपुर के चिराग बरेठा शामिल हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मिशन ओलंपिक सेल की ओर से किए गए चयन के बाद इन खिलाड़ियों को अब ओलंपिक की तैयारियों के लिए उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, संतुलित आहार, अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की एंट्री फीस और हवाई यात्रा की सुविधाएं पूरी तरह से निशुल्क मिलेंगी।इन खिलाड़ियों ने पूर्व में भी पेरिस ओलंपिक में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, तब ये पदक जीतने से चूक गए थे। लेकिन टोक्यो 2021 ओलंपिक में मनोज सरकार ने कांस्य पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया था। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन की नवीनतम रैंकिंग के अनुसार मनोज सरकार विश्व में पांचवें, मनदीप कौर तीसरे और चिराग बरेठा 13वें स्थान पर हैं।

मनदीप और चिराग वर्तमान में चेन्नई स्थित आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। बता दें कि खेल मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए टाप्स का लक्ष्य ओलिंपिक के संभावित पदक विजेताओं को तैयारी के लिए वित्तीय सहायता मुहैया कराना है। टाप्स में शामिल हुए खिलाड़ियों को बैडमिंटन ट्रेनिंग, हवाई यात्रा, आवासीय भोजन सुविधा के साथ ही टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की सभी वित्तीय सहायता खेल मंत्रालय उठाता है।हाल ही में 17 से 22 जून तक थाईलैंड में आयोजित एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में भी इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मनदीप कौर ने एकल वर्ग में रजत, जबकि युगल और मिश्रित युगल में दो कांस्य पदक जीते। वहीं, चिराग बरेठा ने मिश्रित युगल और युगल वर्ग में दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

शराब की लत ने ली जान, पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी

हल्द्वानी: शहर के जीतपुर नेगी इलाके में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय शुभम कश्यप निवासी शाहजहांपुर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शुभम तीन महीने पहले ही शादी कर जीतपुर नेगी में पत्नी के साथ किराए पर रह रहा था। स्थानीय राहगीरों ने रविवार शाम जंगल में शव को लटकता देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

टीपीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर होता था विवादयुवक के परिजन के अनुसार, शुभम को शराब की लत थी और इसी कारण पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। रविवार सुबह वह घर से रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शाम को उसकी मौत की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

डिलीवरी कर्मी पर हमला, दुष्कर्म की कोशिश कर तोड़ा मोबाइल

हल्द्वानी। रोजमर्रा के समान की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। कर्मी ने किसी तरहां वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र के भगवानपुर में किराना के समान की डिलीवरी करने वाले ई-कॉमर्स कंपनी के कर्मचारी ने अपनी ही कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों पर मार पीट और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मुखानी थाना क्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि 12 जुलाई को अपना काम खत्म कर वह घर जा रहा था। रास्ते में उसकी ही कंपनी के अधिकारियों और अन्य युवकों ने उसे घेर कर पीटा और उसका फोन भी तोड़ दिया, इतना ही नहीं उन्होंने युवक के साथ दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। किसी तरहां उसने वहां से भागकर अपनी जान बचाई और लिफ्ट मांग कर अपने घर पहुंचा। मुखानी पुलिस के अनुसार मामले की जानकारी मिली है।जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मौज-मस्ती करने गए युवक की वाटर फॉल में डूबने से युवक की मौत

नैनीताल। नदी, नालों, वाटर फॉलो में लगातार डूबने की घटनाओं के बावजूद भी युवा सबक नहीं ले रहे और ऐसी जगहों पर नहाने के दौरान अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रामगढ़ ढोकाने स्थित वाटर फॉल में डूबने से युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा मृतक युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।रविवार शाम लगभग चार बजे रामगढ़ के ढोकाने वाटर फॉल में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस और एसडीआरएफ घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ ने युवक को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चलाया। बारिश के कारण पानी में युवक को ढूंढने में बचाव दल को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ युवक का शव बरामद कर सकी। मृतक की पहचान अजय आर्य निवासी भड़गाव चौखुटिया अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में भी वाटर फॉल में नहाने आने के दौरान अपनी जान जोखिम में डाल रहे लोगों को रोकने के लिए कोई कार्यवाही नहीं होने पर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात किए जाने की मांग की है।

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर गिरी गाज़

हल्द्वानी: नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में आज देर शाम सड़क किनारे फुटपाथ पर अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई नगर निगम की टीम ने मंडी बाईपास से मंगल पड़ाव तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान 14,000 रुपये का चालान किया गया और एक गाड़ी सामान जब्त किया गया।अभियान रामपुर रोड क्षेत्र में भी चलाया गया, जहां सड़क किनारे और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती बरती गई। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com