हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

डॉ. शहजाद ने बच्चे के गले में फंसा सिक्का निकाला

हल्द्वानी: एक 11 साल के बच्चे के गले में सिक्का फंस गया। सिक्का फंसने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल लेकर आए। यहां ईएनटी विभाग के डॉ. शहजाद ने बच्चे के गले से सिक्का निकालकर उसकी जान बचाई।जानकारी के अनुसार चंपावत के गांव मनिहारगोठ निवासी आबिद सिद्दीकी के 11 साल के बेटे मो. सैफ के गले में 20 रुपये का सिक्का चला गया। सिक्का जाने के बाद वह परेशान हो उठा। परिजनों को पता चला तो उसे आनन-फानन में उपचार के लिए खटीमा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

यहां जब बच्चे को उपचार नहीं मिला तो परिजन उसे लेकर हल्द्वानी में एसटीएच में पहुंचे। ईएनटी विभाग के डॉ. शहजाद ने बच्चे की जांच की। डॉक्टर व उनकी टीम ने मंगलवार की सुबह एक्स-रे की मदद से गले में फंसे सिक्के की स्थिति को देखा। एक्स-रे में गले में फंसा सिक्का स्पष्ट तौर पर दिख रहा था। सिक्के की स्थिति जानने के बाद डॉक्टर ने बच्चे के गले से निकाल दिया। इससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली।

गौलापार स्टेडियम में क्रिकेट पिच के लिए लाई गई 90 लाख की मिट्टी पर उगी घास

हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का क्रिकेट मैदान अब खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि उपेक्षा और अनदेखी की मिसाल बनता जा रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों से पहले जिस मैदान को 2.23 करोड़ रुपये की लागत से फुटबॉल के लिए बदला गया था, वहां से हटाई गई क्रिकेट की तीन पिचों की काली मिट्टी अब परिसर में यूं ही पड़ी है। जिस पर अब घास जम चुकी है। यह वही मिट्टी है जिसे राजस्थान से विशेष रूप से मंगवाया गया था और जिस पर 90 लाख रुपये खर्च किए गए थे।राष्ट्रीय खेलों को संपन्न हुए 5 महीने और 6 दिन से भी अधिक बीत चुके हैं, लेकिन न तो पिच को दोबारा मैदान में लगाया गया और न ही मिट्टी को सुरक्षित रखने की कोई व्यवस्था की गई। अब तक भी क्रिकेट पिच की मिट्टी वैसे ही पड़ी होना खेल विभाग की गंभीर अनदेखी को दर्शाता है।

हालात ऐसे हैं कि अब इस महंगी मिट्टी पर कंटीली घास उग आई है, जिससे साफ हो गया है कि न तो खिलाड़ियों को इसका कोई लाभ मिल पाया और न ही विभाग ने इसे सहेजने की जहमत उठाई। खेल अधिकारियों का दावा था कि राष्ट्रीय खेलों के बाद मैदान को फिर से क्रिकेट के अनुकूल बनाया जाएगा, लेकिन अब तक न तो मैदान तैयार हुआ, न पिच बिछी, और न ही क्रिकेट की वापसी के कोई संकेत हैं। इसके उलट, फुटबॉल ने मैदान पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया है। सरकारी स्टेडियमों का यही हाल रहा तो स्थानीय प्रतिभाएं आगे बढ़ने से पहले ही दम तोड़ देंगी। स्टेडियम की बदहाली और खेल विभाग की बेरुखी के चलते क्रिकेट खिलाड़ियों को अब निजी एकेडमियों की शरण लेनी पड़ रही है। गौलापार, कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड, तीनपानी बाईपास रोड सहित शहर के कई इलाकों में करीब 15 निजी क्रिकेट एकेडमी सक्रिय हैं, जहां खिलाड़ियों को 1000 से 3000 रुपये मासिक फीस चुकानी पड़ रही है।

सवाल ये उठता है कि आखिर क्यों करोड़ों खर्च करने के बावजूद इस मिट्टी का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। क्यों पिच के पुनर्निर्माण की योजना ठंडे बस्ते में है और क्यों खिलाड़ियों को वह मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही जो उनका हक है।

गौलापार स्टेडियम में पड़ी क्रिकेट पिच की मिट्टी के विषय में हमें जानकारी है। यह मामला हमारी प्राथमिकता में है। खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है, और इस दिशा में शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। निर्मला पंत, जिला क्रीड़ा अधिकारी, नैनीताल

जंगल में मिला था सड़ा-गला शव, हाथ के टैटू से हुई पहचान

हल्द्वानी। जीतपुर नेगी के जंगल में मिले सड़े-गले शव की पहचान कर ली गई है। मॉर्चरी पहुंचे एक व्यक्ति ने शव के हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान अपने साले के रूप में की। शव जंगल में एक पेड़ के सहारे घुटने के बल जमीन पर टिका मिला था। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता लगेगा। हालांकि आत्महत्या की संभावनाएं ज्यादा मानी जा रही हैं। बता दें कि बीती 18 जुलाई (शुक्रवार) को जब पुलिस उत्तराखंड मुक्त विश्व विद्यालय के पास स्थित जीतपुर नेगी के जंगल में पहुंची तो जामातलाशी में सिर्फ एक तंबाकू रखने वाली चुनौटी मिली थी। पुलिस ने पहचान के लिए शव को मॉर्चरी में रख दिया था। जिसके बाद पुलिस ने अपने स्तर से शव की पहचान के प्रयास शुरू किए।

मंगलवार को कत्था फैक्ट्री निवासी एक व्यक्ति मोर्चरी पहुंचा। उसने मृतक के हाथ में दीपक नाम गुदा देखा। जिसके बाद उसे वह कपड़े दिखाए गए, जो मरने से पहले उसने पहने थे। इस पर पोस्टमार्टम पहुंचे व्यक्ति ने उसकी शिनाख्त अपने साले के रूप में की और बताया मृतक कत्था फैक्ट्री निवासी दीपक पुत्र दीवान सिंह है। दीपक टीपीनगर चौकी क्षेत्र में एक कार शोरूम में धुलाई का काम करता था। बीते रविवार से वह शोरूम नहीं पहुंचा था।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है।किच्छा में सड़क हादसे में घायल हुए युवक ने एसटीएच में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय वसीर अंसारी पुत्र जुम्मन 20 जुलाई को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए एसटीएच लाया गया। सोमवार की देर रात उसने दम तोड़ दिया। मंडी चौकी क्षेत्र के मोतीनगर इंटर कालेज के पास सिंचाई नहर में 10 दिन का भ्रूण मिला है। पुलिस ने भ्रूण का पोस्टमार्टम करा दिया है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किसने उसे सिंचाई नहर में फेंका था। पुलिस नहर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

टॉप-50 निवेशकों से करें नियमित संपर्क, बनाएं निवेश मित्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उद्योग विभाग की गेमचेंजर योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडिंग की दिशा में और अधिक तेजी से कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों की सुविधाओं और सहूलियतों का पूरा ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों को राज्य में निवेश करने वाले शीर्ष पचास निवेशकों से व्यक्तिगत रूप से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निवेशकों की सुविधा हेतु निवेश मित्रों की तैनाती की जाए। मुख्यमंत्री ने ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस, उद्यम रजिस्ट्रेशन से लेकर जमीन आवंटन तक की प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा सिंगल विंडो सिस्टम को अधिक सरल बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम स्वरोजगार योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या में और अधिक वृद्धि की जाए।

राज्य में यह योजना काफी कारगर साबित हो रही है। इस योजना से अभी तक लगभग पैंतीस हजार लोग लाभान्वित हो चुके हैं। राज्य में लाई गई सभी नई नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही अधिकाधिक युवाओं को इन नीतियों से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाए। एक्सपोर्ट पॉलिसी के तहत राज्य के उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही निर्यात से जुड़े लोगों को भी प्रोत्साहन दिया जाए। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय जिलों में हैंडलूम, होमस्टे और एग्रो-बेस्ड लघु उद्योगों को प्राथमिकता देने के साथ ही स्टार्टअप पॉलिसी को उद्योग विभाग के साथ जोड़कर यूथ इनक्यूबेशन सेंटर खोले जाने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय ने बताया कि अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत खुरपिया फार्म में 1002 एकड़ क्षेत्रफल में विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन के लिए एसपीवी का गठन हो चुका है। 1265 करोड़ की लागत की इस परियोजना के बन जाने से लगभग 22 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इस परियोजना के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 207 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। उद्यमिता को बढावा देने के लिए हरिद्वार में 280 यूनिट्स, पंतनगर में 18 यूनिट्स और सेलाकुई में 12 यूनिट्स की क्षमता वाली फ्लैटेड फैक्टरी निर्माण का कार्य प्रगति पर है।

हेली सेवाओं में सुरक्षा मानकों को दें शीर्ष प्राथमिकता देहरादून: मुख्यमंत्री

पुष्कर सिंह धामी ने नागरिक उड्डयन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने के साथ ही राज्य में हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।मंगलवार को सचिवालय में आयोजित नागरिक उड्डयन विभाग की गेमचेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक आवाजाही को सुगम बनाने के लिए हवाई सेवाओं का नेटवर्क बढ़ाया जाना जरूरी है, इसी के साथ हवाई सेवाओं में सुरक्षा मानकों का भी सख्ती से पालन कराया जाए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में एयरो स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा देने के प्रयास किए जाने के साथ ही चारधामों के लिए नियमित चार्टर सेवा शुरु करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव नागरिक उड्डयन सचिन कुर्वे ने बताया कि पायलट प्रशिक्षण के लिए पंतनगर में फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है।

नागरिक उड्डयन क्षेत्र में प्रशिक्षित पायलट की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह केन्द्र एक महत्वपूर्ण कदम है। हवाई यातायात को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए इसरो के साथ मिलकर डिजिटल मैपिंग की क्षमता विकसित की जा रही है। उकाडा के माध्यम से उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत देहरादून- जोशीमठ, जोशीमठ- बद्रीनाथ के बीच शटल सेवा और पिथौरागढ़- धारचूला और पिथौरागढ़- मुनस्यारी के बीच हवाई सेवा शुरु करने की तैयारी की जा रही है। इसी तरह आदि कैलाश क्षेत्र में तीर्थाटन ओर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गुंजी से सीधी हेलीकॉप्टर सेवा शुरु करने की योजना है।

केदारनाथ हेली सेवा को मजबूत बनाने के लिए, गरुड्चट्टी के पास अतिरिक्त हेलीपैड बनाया जा रहा है।बैठक में बताया गया कि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार कार्य 2027-28 तक पूरा होने की उम्मीद है। वर्ष 2026 तक जौलीग्रांट एयरपोर्ट को इंटरनेशनल मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है। गुंजी, मुनस्यारी, आदि कैलाश क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं पर्यटन विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पिथौरागढ़ हवाई पट्टी को रीजनल हब सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही, भारतीय सेना के सहयोग से सीमांत क्षेत्रों में नए हेलीपैड भी बनाए जाने की योजना है।

अनीता बेलवाल के समर्थन में डॉ. मोहन बिष्ट ने किया जनसंपर्क अभियान तेज

हल्द्वानी। गौलापार 19 चोरगलिया आमखेड़ा जिला पंचायत सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती अनीता बेलवाल के समर्थन में चुनावी प्रचार जोरों पर है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कुंवरपुर, लक्ष्मणपुर, सुंदरपुर रैकवाल, त्रिलोकपुर दानी, बसंतपुर और पश्चिमी खेड़ा गौलापार में जनसभाएं कर लोगों से समर्थन की अपील की।डॉ. बिष्ट ने कहा कि जब पंचायत, राज्य और केंद्र—तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होती है, तो विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में कोई बाधा नहीं आती। उन्होंने कहा कि अनीता बेलवाल जैसी कर्मठ और समर्पित उम्मीदवार को जिताना क्षेत्र की तरक्की के लिए आवश्यक है।जनसभाओं के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता “उगता सूरज” चुनाव चिन्ह के प्रचार में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता का रुझान पूरी तरह भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में है और अनीता बेलवाल को प्रचंड बहुमत से जीत मिलेगी।इस अवसर पर डॉ. मुकेश बेलवाल ने भी क्षेत्रवासियों का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि वे हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “उगता सूरज” पर मोहर लगाकर अनीता बेलवाल को विजयी बनाएं और क्षेत्र को विकास की नई दिशा दें।जनसभाओं में बड़ी संख्या में स्थानीय जनता की उपस्थिति ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में माहौल को और मजबूत किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह साफ झलक रहा है, और क्षेत्र में भाजपा की मजबूत पकड़ दिखाई दे रही है।

विकास और ईमानदारी की प्रतीक हैं बेला तोलिया, विधायक बंशीधर भगत

रामडी आनसिंह जिला पंचायत सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी बेला तोलिया ने आज पनियाली, बजूनिया हल्दू, और कुरियागांव में विशाल जनसभाओं का आयोजन कर अपने गढ़ में शक्ति प्रदर्शन किया। इन जनसभाओं में दो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों, कमलेश शर्मा और सुमित्रा प्रसाद, ने भी स्थानीय जनता से बेला तोलिया के पक्ष में मतदान करने की जोरदार अपील की।मुख्य वक्ता के रूप में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि पिछले तीन कार्यकाल से नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष उनके विधानसभा क्षेत्र से ही चुना गया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी रामडी आनसिंह की जनता कालाढूंगी विधानसभा से ही जिला पंचायत अध्यक्ष चुनेगी।विधायक भगत ने बेला तोलिया को अनुभवी, ईमानदार, और कर्तव्यनिष्ठ उम्मीदवार बताते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “बेला तोलिया ने अपने कार्यकाल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद की गरिमा को बनाए रखा। उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया। केंद्र, राज्य, और जिले में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को धरातल पर उतारना आसान होगा, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।”विधायक भगत ने कहा बेला तोलिया के पास वोट मांगने के लिए उनके द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य हैं वहीं सामने चुनाव लड़ रहे लोगों के पास नकारात्मक विचार ,छींटाकसी एवं बुराई करने के अलावा कुछ नहीं है , बेहतर समाज निर्माण के लिए सकारात्मक सोच वाले व्यक्तित्व के हाथों में नेतृत्व सौंपना चाहिए जिससे अपने क्षेत्र की तरक्की हो।

विधायक भगत ने लामाचौड़ मंडल के भाजपा के सभी मोर्चों—अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, युवा मोर्चा, और महिला मोर्चा—के पदाधिकारियों को बेला तोलिया की बंपर जीत के लिए घर-घर जाकर कुल्हाड़ी चुनाव चिन्ह का प्रचार अभियान तेज करने को कहा है ।जनसभाओं में भारी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने बेला तोलिया के प्रति समर्थन को दर्शाया। भाजपा कार्यकर्ताओं में बेला तोलिया की जीत को लेकर खासा उत्साह है ।इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट ,प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमलेश शर्मा , सुमित्रा प्रसाद ,महेश शर्मा , समाजसेवी बालम देवका, भुवन कर्नाटक , दिनेश सुयाल , लक्ष्मण सिंह बिष्ट , बालम सिंह रावत , बसंती राणा , कैलाश सिंह बिष्ट , रेखा जोशी , चंदन सिंह राणा , लाल सिंह गैंडा , मोहन पपनै, पुष्पा देवका , किशन भैसोड़ा , भावना भैसोड़ा , ममता जोशी , टीकम सिंह बोरा , धीरज जोशी ,तत्वगुरु सुरेश बहुगुणा , रमेश चंद्र सुयाल , गोविंद सिंह भैसोड़ा , त्रिलोक सिंह मेहरा समेत भारी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही ।

विकास के वादे के साथ मैदान में आशा उपाध्याय गोस्वामी, घर-घर जाकर मांगा समर्थन

हल्द्वानी। जिला पंचायत चुनाव को लेकर ज्योलीकोट खुर्पाताल -25 सीट से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी आशा उपाध्याय गोस्वामी ने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। उगता सूरज चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव मैदान में उतरी आशा उपाध्याय गोस्वामी खुर्पाताल क्षेत्र में अपने समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचीं और लोगों से संपर्क कर समर्थन मांगा। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा के उद्देश्य से मैदान में उतरी हैं और विकास की नई दिशा देने का संकल्प लेकर चल रही हैं। उन्होंने कहा, जनता का आशीर्वाद और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।

मुझे पूरा विश्वास है कि जनता उगता सूरज चिन्ह पर भारी मतों से विजयी बनाएगी और मुझे सेवा का अवसर देगी। आशा उपाध्याय गोस्वामी ने स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और जल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। क्षेत्र में उनके जनसंपर्क अभियान को जनता का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों ने भी उनका स्वागत कर समर्थन जताया।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा, स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे एक पत्र में स्वास्थ्य कारणों और चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए संविधान के अनुच्छेद 67(a) के अंतर्गत त्यागपत्र सौंपा।धनखड़ ने अपने पत्र में लिखा, “स्वास्थ्य की प्राथमिकता और चिकित्सा सलाह को ध्यान में रखते हुए, मैं भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं।” उन्होंने राष्ट्रपति को सहयोग और सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के प्रति भी कृतज्ञता प्रकट की।उपराष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे संसद के सभी माननीय सदस्यों से जो स्नेह, विश्वास और सम्मान मिला, वह मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। इस महान लोकतंत्र की सेवा करते हुए भारत के अभूतपूर्व विकास और वैश्विक उभार का साक्षी बनना मेरे लिए गर्व की बात रही है।

2022 में बने थे देश के 14वें उपराष्ट्रपति

जगदीप धनखड़ ने 6 अगस्त, 2022 को हुए चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराकर भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। उन्हें 528 वोट मिले थे, जबकि अल्वा को 182 वोटों पर संतोष करना पड़ा था।धनखड़ इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका जन्म 18 मई, 1951 को राजस्थान के झुंझुनू जिले के एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही स्कूल से प्राप्त करने के बाद उन्होंने चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल और फिर उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ते हुए कानून के क्षेत्र में अपना स्थान बनाया।उनके इस्तीफे के साथ ही देश में नए उपराष्ट्रपति की तलाश तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि अगला नाम कौन होगा, जो इस संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालेगा।

रामडी में बंशीधर भगत की हुंकार, बेला तोलिया के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

हल्द्वानी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की रामडी आनसिंह (पनियाली) जिला पंचायत सीट पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। सोमवार को भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने पार्टी प्रत्याशी बेला तोलिया के समर्थन में पांच ग्राम सभाओं में शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।लामाचौड़ मंडल की भरतपुर, बच्चीनगर, पीपलपोखरा, घुनी एवं रामडी ग्राम सभाओं में आयोजित विशाल जनसभाओं में भगत ने जनता से बेला तोलिया को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “बेला तोलिया के पिछले कार्यकाल में क्षेत्र में विकास की जो लहर चली, उसे जनता भूली नहीं है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।

दीप जोशी के निवास पर आयोजित एक सभा में भगत ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार मुकाबला एकतरफा है और विपक्षी प्रत्याशियों की जमानत जब्त होना तय है।सभा में मौजूद ग्रामीणों ने भी बेला तोलिया के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। भगत ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास कार्य हो रहे हैं, बेला तोलिया उसी विज़न की सशक्त प्रतिनिधि हैं। उन्हें एक बार फिर मौका देकर क्षेत्र की विकास यात्रा को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

“सभा के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, चुनाव प्रभारी प्रताप बोरा, संयोजक परमवीर पम्मा, जिला महामंत्री नवीन भट्ट, राज्य मंत्री नवीन वर्मा, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।जनता के जोश और समर्थन ने साफ संकेत दे दिया कि इस बार बेला तोलिया की जीत का रास्ता पहले से कहीं अधिक मजबूत नजर आ रहा है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com