हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गंगा समिति की बैठक में एडीएम का स्वच्छता, एसटीपी निर्माण पर जोर, प्रदूषण बोर्ड को सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश।

हल्द्वानी : एडीएम विवेक राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम सभागार में गंगा समिति की बैठक हुई। जिस दौरान उन्होंने नगर निगम हल्द्वानी, सभी स्थानीय निकाय के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्वच्छता को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होने विभिन्न कार्यों की प्रगति समीक्षा के दौरान कैंचीधाम में एसटीपी का कार्य मार्च से शुरू करने के निर्देश दिए। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और नदी, सड़क किनारे कूड़ा नहीं दिखाई दे। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में एसपीटी के लिए 15 नाली भूमि राजस्व विभाग से पेयजल निगम को हस्तांतरित कर दी गई है और एसटीपी का कार्य मार्च से शुरू किया जाएगा। वीसी के माध्यम से जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल संस्थान के स्तर से जो भी एसटीपी के कार्य किये जा रहे हैं, उन्हें एक साथ ही किया जाए। इसके साथ ही प्रदूषण बोर्ड को लगातार मॉनिटरिंग करने और होटल कारोबारियों या किसी संस्थान की ओर से नदियों में कूड़ा और गंदा पानी छोड़ने पर कार्यवाही की जाए।बैठक में वीसी के माध्यम से अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान जारी है। शासन की ओर से 10 लाख की धनराशि की स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत ने 8 ब्लॉक में कूड़ा निस्तारण के लिए कूड़ा गाडियों की व्यवस्था की गई है। मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि एग्रीकल्चर सेक्टर में 28 किसान सखियों के माध्यम से प्राकृतिक व जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों की आय को दोगुना किए जाने के लिए ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इसके लिए किसान सखियों के माध्यम से ऐसे किसानों को सम्मिलित किया जाएगा जो जैविक व प्राकृतिक खेती में रूचि रखते हैं। उनके नंबर लोगों को शेयर किए जाएंगे। जिससे जैविक खेती करने के लिए किसानों को प्रेरित किया जायेगा।बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम कैंचीधाम मोनिका, अध्यक्ष शिप्रा नदी समिति जगदीश नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यूयूएसडीए के अपर प्रोजेक्ट निदेशक ने किया सीवर व पेयजल कार्यों का निरीक्षण।

हल्द्वानी : उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) देहरादून के अपर कार्यक्रम निदेशक ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) वित्तपोषित हल्द्वानी पेयजल एवं सीवरेज प्रोजेक्ट के अंतर्गत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।निरीक्षण में कार्यस्थलों पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। गहरी खुदाई वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने और चेतावनी बोर्ड, सूचना पट्ट, नाइट रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर संकेतक निर्धारित दूरी पर लगाने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए हैं।परियोजना के अंतर्गत एसओपी में आंशिक संशोधन करते हुए फिलहाल नई पाइपलाइन खुदाई के कार्यों को अस्थायी रूप से स्थगित कर सड़क पुनर्निर्माण में तेजी लाने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में 152 किमी सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 85 किमी डामर सड़कों पर सब-सर्फेसिंग का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। मुखानी रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए तैयार किए गए ट्रेंचलेस पिट के आसपास सड़क चौड़ाई बढ़ाने के लिए फुटपाथ और नहर क्षेत्र का उपयोग करते हुए अस्थायी निर्माण किया गया है, जिससे यातायात सुचारु बना रहे। वहीं होली पर्व से पूर्व पनचक्की रोड पर ट्रेंचलेस पिट का कार्य पूर्ण कर मार्ग को सामान्य करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।यूयूएसडीए द्वारा वर्तमान में उन क्षेत्रों पर विशेष रूप से कार्य केंद्रित किया जा रहा है, जहां पेयजल आपूर्ति शीघ्र प्रारंभ की जा सकती है, ताकि नागरिकों को परियोजना का लाभ जल्द मिल सके।

हल्द्वानी में सड़क निर्माण कार्यों को मिली नई रफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था भी हुई मजबूत।

हल्द्वानी : सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के साथ हुए स्थलीय निरीक्षण के बाद यूयूएसडीए ने कार्ययोजना में महत्वपूर्ण सुधार करते हुए सड़क निर्माण कार्यों को नई दिशा दी है। निरीक्षण में मिले निर्देशों के क्रम में एडीबी परियोजना के अंतर्गत नई खुदाई के कार्यों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और अब प्राथमिकता सड़क पुनर्निर्माण को तेज गति से पूरा करने पर दी जा रही है। परियोजना के तहत अब तक 152 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85 किलोमीटर सब-सर्फेसिंग पूर्ण हो चुकी डामर सड़कों पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।मुखानी रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए बनाए गए ट्रेंचलेस पिट के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ाने हेतु फुटपाथ तोड़कर अस्थायी निर्माण किया गया है, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसी प्रकार ट्रेंचलेस पिट स्थलों पर यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गहरी खुदाई वाले कार्यस्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जा रही है। साथ ही, कार्यस्थल से पहले निर्धारित दूरी पर गति नियंत्रण हेतु अतिरिक्त चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। कठगरिया से चौफुला के बीच नहर कवरिंग कार्य के दौरान पाइप लाइन बिछाने के पश्चात सड़क की ड्रेसिंग कर समतलीकरण किया गया है, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। वहीं, 22 फरवरी को पनचक्की रोड पर घटित घटना स्थल पर भी फुटपाथ तोड़कर अस्थायी चौड़ीकरण किया गया है। प्रशासन ने होली पर्व से पूर्व दो ट्रेंचलेस पिट का कार्य पूर्ण कर उन्हें बंद करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

बनभूलपुरा रेलवे प्रकरण : सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई, 19–31 मार्च तक होगा बड़ा सर्वे अभियान।

हल्द्वानी। बनभूलपुरा के बहुचर्चित रेलवे प्रकरण में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई ने मामले को नया मोड़ दे दिया। अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को क्षेत्र में विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत के आदेशानुसार रमजान के बाद 19 मार्च से 31 मार्च तक विशेष सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संयुक्त टीमें क्षेत्र में रह रहे लोगों का सत्यापन करेंगी और उनके दस्तावेजों की गहन जांच करेंगी। सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि बनभूलपुरा क्षेत्र में कितने परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हैं।
अदालत के निर्देशानुसार 31 मार्च के बाद सर्वे की विस्तृत रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय होगी। अब यह सर्वे पूरी तरह अदालत की निगरानी में होगा, जिसे आगामी निर्णय के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों की निगाहें सर्वे प्रक्रिया और उसके निष्कर्षों पर टिकी हैं। बनभूलपुरा का यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है और आने वाले दिनों में सर्वे की रिपोर्ट ही तय करेगी कि आगे की तस्वीर क्या होगी।

बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले की सुनवाई आज, अलर्ट पर पुलिस व प्रशासन।

हल्द्वानी : बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई प्रस्तावित है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हल्द्वानी का बनभूलपुरा क्षेत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स मंगाई है, जबकि आईआरबी और पीएसी की टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।गौरतलब है कि रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताते हुए उसे खाली कराने की मांग की है। इस संबंध में मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है और इस पर लगातार सुनवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करीब 4300 भवन स्थित हैं, जिनमें हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में आज की सुनवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल तेज है और हजारों परिवारों की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं।

वन भूमि पर मालिकाना हक की मांग, देहरादून में धरने में शामिल होंगे बागजाला वासी।

हल्द्वानी : गौलापार के बागजाला में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला ने कल बुधवार को गांधी पार्क, देहरादून में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का निर्णय लिया। बताया कि बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल बैठक में वन भूमि पर बसी आबादी को राजस्व गांव घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। इस प्रस्ताव में वन भूमि पर बसे सभी लोगों को विधिसम्मत रूप से राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन ने संयुक्त धरने का आह्वान किया है। सोमवार को आयोजित बैठक में तय हुआ कि बागजाला गांव को भी प्रस्ताव में शामिल कराने के लिए महासभा के नेतृत्व में ग्रामीण बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचेंगे। भाकपा (माले) के जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडे ने चेतावनी दी कि यदि बागजाला समेत वन व नजूल भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक नहीं दिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। महासभा अध्यक्ष डॉ. उर्मिला रैस्वाल ने कहा कि अब संगठित संघर्ष से ही अधिकार हासिल किए जा सकते हैं।

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने बुजुर्ग की मौत पर यूयूएसडीए पर मुकदमा करने की मांग की।

हल्द्वानी : प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने बुजुर्ग सुरेश चंद्र पांडे की मौत के मामले में यूयूएसडीए को जिम्मेदार ठहराते हुए डीएम से स्वतः संज्ञान लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता और महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने आरोप लगाया कि यूयूएसडीए की कार्यशैली लापरवाहीपूर्ण है, जिससे आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतें उजागर होने के बावजूद अधिकारी जिम्मेदारी से बचते रहे हैं। मांग का समर्थन संगठन के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भी किया।

राजपुरा वार्ड 12 में हुआ विराट हिंदू सम्मेलन

हल्द्वानी : राजपुरा वार्ड 12 में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शास्त्री राधेश्याम महतोलिया ने स्वास्तिय वाचन और हनुमान चालीसा का पाठ किया। वक्ताओं ने बौद्धिक में धर्म रक्षा राष्ट्र रक्षा परिवार कुटुंबकम सहित कई अन्य विषयों के बारे में बोला। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ज्योति अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष, सशक्त एकता व्यापार मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख प्रदीप लोहनी, राम मंदिर से पंडित विवेक शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र बाली आर्य ने किया। इस दौरान अतिथि के रूप में नगर प्रचारक प्रभाकर तत्तारी नगर कारवां हल्द्वानी तनुज गुप्ता, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, हितेश शर्मा, राधेश्याम रावत, सोनू शर्मा, नन्हे कश्यप, विक्रम रंधावा, जानकी प्रसाद, नंदकिशोर आर्य, नितेश कश्यप, राहुल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।

हल्द्वानी में खौफनाक डबल मर्डर: गल्ला मंडी में युवक-युवती की पत्थरों से कुचलकर हत्या, शहर में दहशत

हल्द्वानी। शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में देर रात हुए सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। बरसों बाद इस तरह की जघन्य वारदात सामने आने से शहरवासी स्तब्ध हैं। अज्ञात हमलावरों ने युवक और युवती की पत्थरों से सिर व चेहरा कुचलकर हत्या कर दी।स्थानीय पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास दो शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक और युवती के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। दोनों के पास खून से सने पत्थर बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचले गए थे।अब तक मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा निवासी तल्ला खोलटा, लोहर माल रोड, अल्मोड़ा और 19 वर्षीय लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल के रूप में की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। बरसों बाद इस तरह की जघन्य वारदात सामने आने से शहरवासी स्तब्ध हैं। अज्ञात हमलावरों ने युवक और युवती की पत्थरों से सिर व चेहरा कुचलकर हत्या कर दी।स्थानीय पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास दो शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक और युवती के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। दोनों के पास खून से सने पत्थर बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचले गए थे। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

प्रबंधन के दबाव में आकर हड़ताल को न करें कमजोर -AIPNBOA

हल्द्वानी: 12 फरवरी 2026 को केंद्रीय श्रमिक संगठनों एवं AIBEA के आह्वान पर प्रस्तावित अखिल भारतीय हड़ताल बैंकिंग क्षेत्र और श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। AIPNBOA के अधिकारियों से अपील की गई है कि वे हड़ताल का समर्थन करें, शाखा में कैश की चाबी न लें और प्रबंधन के दबाव में आकर हड़ताल को कमजोर न करें। हालांकि AIPNBOA स्वयं हड़ताल पर नहीं है, फिर भी संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया गया है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com