हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

परिवहन मंत्री से मिले रोडवेज कर्मचारी यूनियन पदाधिकारी।


हल्द्वानी,
अमृत विचार : उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी के नेतृत्व में नव नियुक्त परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से देहरादून में भेंट कर उन्हें बधाई दी। बैठक में यूनियन ने परिवहन निगम की तरक्की के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने विशेष श्रेणी व संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, कर्मचारियों को वेतन समय पर देने और नया बस बेड़ा बढ़ाए जाने की मांग भी रखी। प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने बताया कि मंत्री ने शीघ्र एक बैठक बुलाकर परिवहन निगम सुधार के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर प्रतिनिधि मंडल में हरेंद्र कुमार, केपी सिंह, परमजीत सिंह और अवनीश भी मौजूद रहे।

आबकारी विभाग की नाक के नीचे फल-फूल रहा अवैध शराब का धंधा, कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति।

हल्द्वानी: जिले में अवैध शराब की बिक्री बेखौफ तरीके से जारी है, जबकि आबकारी विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। हालात यह हैं कि विभाग को सब कुछ पता होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे सवाल उठने लगे हैं कि कहीं विभाग जानबूझकर अनदेखी तो नहीं कर रहा। अवैध शराब कारोबार अब भयावह रूप लेता जा रहा है। युवाओं को सुनियोजित तरीके से नशे की ओर धकेला जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस गैरकानूनी धंधे में लिप्त होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग और लाइसेंसी धारियों की मिलीभगत से यह कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि शराब बिक्री अब तय दुकानों तक सीमित न रहकर गली-मोहल्लों तक पहुंच गई है। खुलेआम परोसी जा रही शराब ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब हर जगह अवैध बिक्री हो रही है तो फिर लाइसेंस देने का औचित्य क्या है।इतना ही नहीं, हरियाणा और पंजाब जैसे बाहरी राज्यों की शराब भी बड़े पैमाने पर खपाई जा रही है, जिससे उत्तराखंड सरकार को राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की निष्क्रियता से जनता में रोष बढ़ता जा रहा है।। चौंकाने वाली बात यह है कि दोपहिया वाहनों के जरिए खुलेआम शराब ढोई जा रही है और सप्लाई का यह नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को इसकी पूरी जानकारी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल कच्ची शराब पकड़कर खानापूर्ति की जा रही है।

व्यापारियों के हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें : सुभाष मोंगा।

हल्द्वानी: प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की बैठक गल्ला मंडी स्थित कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रियता से आवाज उठाएं। उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ खुलकर विरोध और प्रदर्शन करने का आह्वान किया।बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह ने मार्च तक संगठन के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। संगठन को प्रदेशभर में मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझाव भी दिए गए। साथ ही, हल्द्वानी में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम की सफलता पर युवा पदाधिकारियों को बधाई दी गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह, संयोजक धर्म यादव, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, रणनीति सलाहकार दीपक माहेश्वरी, प्रदेश सचिव राकेश गुप्ता, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महामंत्री रिषभ पाठक, जिलाध्यक्ष कुंदन बिष्ट, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, ट्रांसपोर्ट नगर प्रभारी अश्मित, गुजराल, युवा अध्यक्ष कुंदन रावत, युवा महामंत्री ललित जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

घरों में सिलेंडर के लाले, कालाबाजारी कर होटल – रेस्टोरेंट को चार गुना कीमत पर सिलेंडर बेच रहे एजेंसियां।

हल्द्वानी : एक तरफ पूरे देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत चल रही है। आपूर्ति प्रभावित होने से जहां घरों में लोगों को खाना बनाने के लिए सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ हल्द्वानी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का खेल खूब चल रहा है। इस खेल को रोकने की जिम्मेदारी जिस विभाग की है, वह आंखें मूंदकर सोया हुआ है। गैस की किल्लत को करीब दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन जिला पूर्ति विभाग की ओर से अभी तक कालाबाजारी के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। इस कारण आम जनता को घरेलू एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। दरअसल बीते दिनों कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति को आंशिक रूप से शुरू किया गया था, जिसके बाद जिले में 13 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति की अनुमति मिली थी। जिसके बाद छोटे मोटे ढाबे और होटल रेस्टोरेंट कारोबारियो को उम्मीद थी कि उन्हें निर्धारित कीमत पर आसानी से सिलेंडर मिल जाएगा। लेकिन गैस एजेंसियों के कालाबाजारी के खेल और आपदा में अवसर वाली सोच के कारण कारोबारी तीन से चार गुना अधिक कीमतों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। कई होटल रेस्टोरेंट कारोबारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें मजबूरन वास्तविक कीमत से अधिक रेट पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने के दौरान भी उन्होंने चार गुना अधिक रेट पर सिलेंडर खरीदा। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी में, उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर कार्यक्रम में होंगे शामिल।

हल्द्वानी : जनपद नैनीताल में शनिवार को राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर जनपद में आ रहे हैं। कार्यक्रम के तहत रक्षा मंत्री पूर्वाह्न 11:10 बजे पालम एयरपोर्ट, दिल्ली से प्रस्थान कर दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे 12:20 बजे हेलीकॉप्टर की ओर से रवाना होकर 12:40 बजे आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे।इसके बाद वे कार द्वारा 12:55 बजे एमबी इंटर कॉलेज पहुंचकर उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल जनसभा में प्रतिभाग करेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत रक्षा मंत्री अपराह्न 2:15 बजे पुनः आर्मी हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां से 2:55 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे अपराह्न 3:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। डीएम ने बताया कि प्रशासन ने दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल हल्द्वानी में। तैयारियों में जुटा प्रशासन।

हल्द्वानी : देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल शनिवार को जनपद नैनीताल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हल्द्वानी सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने उनके प्रस्तावित दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीएम ललित मोहन रयाल के अनुसार, रक्षा मंत्री पूर्वाह्न 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड पहुंचेंगे। वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत रक्षा मंत्री दोपहर 1:10 बजे घोड़ाखाल से प्रस्थान कर 1:30 बजे हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे, जहां उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री अपराह्न 3:25 बजे त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सुशीला तिवारी अस्पताल बना लूट व कमीशनखोरी का अड्डा, बाहर से दवा खरीदने व जांच कराने को मजबूर मरीज।

हल्द्वानी : कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी अस्पताल में दवा और जांच के नाम पर खुलेआम कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। अस्पताल में दूर दराज से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों की जेब पर कमीशनखोरी का बोझ भारी पड़ रहा है। मरीज बाहर स्थित निजी मेडिकल शॉप से ऊंची कीमतों पर दवा खरीदने को मजबूर हैं। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि यहां इलाज के नाम पर खुली लूट हो रही है। अस्पताल प्रबंधन के दावों के बावजूद डॉक्टर बाहर की दवाएं लिख रहे हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। मजबूरी में मरीजों को अस्पताल परिसर के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ती है। डॉक्टरों के साथ ही अस्पताल का दवा केंद्र भी इस खेल में शामिल है। डॉक्टर की ओर से निशुल्क वाला पर्चा दिए जाने के बाद भी दवा केंद्र कर्मचारी बड़े अदब से बाहर से दवा खरीदने और अस्पताल के मेडिकल स्टोर में दवा उपलब्ध नहीं होने की बात कहता है। सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि जांचों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई जांचें अस्पताल में संभव होने के बावजूद मरीजों को निजी लैब्स में जांचें कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्हें निजी लैब्स में बेहतर जांच होने का प्रलोभन दिया जाता है, जहां मजबूरी में उन्हें दो से तीन गुना ज्यादा कीमतों पर जांचें करानी पड़ती हैं। अस्पताल प्रबंधन अक्सर यह दावा करता रहा है कि सभी आवश्यक दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जब इस मामले में अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करना चाहा तो उनसे बात नहीं हो पाई।

घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति संकट ने बढ़ाई आम आदमी की मुश्किलें, बागजाला के लोगों ने किया प्रदर्शन।

हल्द्वानी : अखिल भारतीय किसान महासभा ने धरना स्थल बागजाला में खाली सिलेंडर के साथ प्रदर्शन कर गैस सिलेंडर संकट को जनता की रसोई पर बढ़ता हमला बताया। भाकपा माले के जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, घरेलू और व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की कई जगहों पर आपूर्ति संकट और लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग के परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तु का महंगा और दुर्लभ होना सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों को उजागर करता है।डॉ उर्मिला रैस्वाल ने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी को लगभग समाप्त कर दिया गया है। परिणामस्वरूप गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ा है। दूसरी ओर व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों ने छोटे होटल, ढाबे, चाय की दुकानों और अन्य लघु कारोबारों को गंभीर संकट में डाल दिया है। सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को मुनाफा कमाने के तर्क पर चलाने की नीति अपना रही है, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दीवान सिंह बर्गली ने कहा कि, रसोई गैस कोई विलासिता नहीं बल्कि आम लोगों की बुनियादी जरूरत है। सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर जनता को राहत देनी चाहिए।किसान महासभा ने सरकार से मांग की कि घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, रसोई गैस पर सब्सिडी को बहाल किया जाए, कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए और गैस सिलेंडरों की जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में विमला देवी, पंकज चौहान, दीवान सिंह बर्गली, ललित प्रसाद, हेमा आर्य, चन्दन सिंह मटियाली, दौलत सिंह कुंजवाल, ललित प्रशाद, दिनेश चंद्र, ललित मोहन गोस्वामी, प्रकाश, रामलाल, शहजाद, हरि गिरी, भगवती देवी आदि शामिल रहे।

116 वाहनों के चालान, 5 सीज -लालकुआं में परिवहन विभाग की 5 प्रवर्तन टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान

हल्द्वानी : परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने शनिवार को लालकुआं क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। गौला नदी से लालकुआं गेट से खनिज सामग्री की निकासी में ओवरलोडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की। अभियान के तहत बरेली रोड और रामपुर रोड पर विशेष रूप से सघन चेकिंग की गई। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन जितेन्द्र सिंगवान ने किया। जिसमें कुल 5 टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान कुल 116 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर 5 वाहन सीज किए गए। इसके अलावा एआरटीओ ने वन विकास निगम की चौकी का निरीक्षण कर वहां मौजूद कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज सामग्री का लदान नहीं किया जाए। साथ ही चौकी के रिकॉर्ड की भी जांच की गई। अन्य टीमों ने भी पैसेंजर वाहनों की जांच की, जिसमें ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। डीएम ललित रयाल के आदेश पर आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे की ओर से गठित टीमों ने अभियान चलाया। अभियान में अनुभा आर्य (परिवहन कर अधिकारी), अपराजिता पांडे (परिवहन कर अधिकारी), आरसी पवार (परिवहन उपनिरीक्षक), गिरीश कांडपाल (परिवहन उपनिरीक्षक) और नंदन (परिवहन उपनिरीक्षक) आदि शामिल रहे।

यूओयू में 15 मार्च तक ले सकेंगे ऑनलाइन प्रवेश।

हल्द्वानी : यूजीसी के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो के दिशानिर्देश पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शीतकालीन सत्र के ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च कर दी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि विवि का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक शिक्षार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें और किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष खराब न हो। विवि प्रशासन ने सभी अध्ययन केंद्रों को निर्देशित किया है कि वे केंद्रों में अध्ययनरत शिक्षार्थियों को अगले सेमेस्टर/वर्ष में प्रवेश लेने के लिए समय पर सूचित करें। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व ही ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com