हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

पनचक्की की जमीन कब्जामुक्त, बनेगा आधुनिक पार्क

हल्द्वानी। वार्ड 60 स्थित पनचक्की की भूमि को सोमवार को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर निगम और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने जिलाधिकारी के निर्देश पर अंजाम दी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि उक्त भूमि पूर्व में ही नगर निगम को पार्क निर्माण के लिए आवंटित की जा चुकी थी। अवैध कब्जा हटने के बाद निगम यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक पार्क बनाएगा। नगर निगम के अनुसार, पार्क तैयार होने पर स्थानीय लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण का लाभ मिलेगा। निगम ने स्पष्ट किया कि हरित विकास और सार्वजनिक स्थलों का पुनरुद्धार उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

भीतरघात का बिगुल! भाजपा विधायक की पत्नी ने पार्टी को दी चुनौती

भीमताल। नैनीताल जिले में पंचायत चुनावी सरगर्मी चरम पर है। ओखलकांडा ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में सोमवार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ, जब भीमताल के भाजपा विधायक राम सिंह कैड़ा की पत्नी कमलेश कैड़ा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया।कमलेश कैड़ा ने हाल ही में ओखलकांडा क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव निर्विरोध जीता था। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा उन्हें ही ब्लॉक प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाएगी। लेकिन पार्टी ने टिकट पूर्व ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली की पत्नी को दे दिया। टिकट वितरण के बाद से ही विधायक और पार्टी नेतृत्व के बीच खटास की चर्चाएं तेज हो गईं। अब कमलेश के निर्दलीय मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। एक ओर भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी रुवाली हैं, दूसरी ओर पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी के समर्थक उम्मीदवार, और अब विधायक की पत्नी भी चुनावी समर में हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम भाजपा के लिए भीतरघात का संकेत हो सकता है, जो चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है।

अंतरराष्ट्रीय वूशु चैंपियनशिप में प्रदेश के सितारों की चमक, रोहित ने जीता गोल्ड

हल्द्वानी : बातूमी (जॉर्जिया) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वूशु चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर परचम लहराया। अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में पहली बार प्रतिभाग कर रहे धान मिल, रामपुर रोड निवासी रोहित यादव ने सांडा इवेंट (फाइटिंग इवेंट) में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, प्रदेश के दो अन्य खिलाड़ियों मौलिकता ने सांडा में रजत पदक और हर्षित शर्मा ने टाउलु इवेंट में दो कांस्य पदक अपने नाम किए। रोहित ने भी अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश के लिए गोल्ड लाना सपना था, जिसे उन्होंने मेहनत से पूरा किया। यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि मेरे कोच, परिवार, और प्रदेश के युवाओं की है।


बीते दिनों देहरादून लौटने पर खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। कोच अंजना रानी सपकाल ने इसे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों का अनुशासन और समर्पण ही उनकी सफलता की असली कुंजी है। गौरतलब है कि 2 से 6 मई 2025 तक देहरादून में हुए इंडियन टीम ट्रायल्स में उत्तराखंड के इन खिलाड़ियों ने चयन पाकर भारतीय टीम में स्थान बनाया था। इस मौके पर वूशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन भूपिंदर सिंह बाजवा, अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बाजवा और सीईओ सुहेल अहमद, लक्ष्मण भट्ट, अंकित बिष्ट , बलवान सिंह , सूरज रावत, नीरज बगड़वाल, हिमांशु, यज्ञेश सपकाल, लवीश कुंवर व आदित्य सिंह आदि ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

महिला ने नंधौर नदी में कूद कर जान दी, दो किमी दूर मिली लाश

हल्द्वानी: नंधौर नदी के तेज बहाव में कूदकर एक महिला ने जान दे दी। उसका शव घर से दो किलोमीटर दूर बरामद किया गया। महिला सुबह करीब 3 बजे घर से निकली थी और उस वक्त परिवार सोया हुआ था। सुबह करीब 5 बजे परिजनों को पता लगा कि महिला घर से गायब है। इसी के कुछ देर बाद महिला का शव बरामद किया गया। लाखनमंडी चोरगलिया निवासी ममता पोखरिया (45 वर्ष) पत्नी राम दत्त पोखरिया यहां परिवार के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक, ममता रोजाना सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच घर से दूध लेने निकलती थी। रविवार की सुबह भी वह घर से निकली, लेकिन किसी को बता कर नहीं गई और न ही घर लौटी। सुबह करीब पांच बजे राम दत्त की आंख खुली तो ममता घर पर नहीं थी। इधर, घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर सुनारखेड़ा स्थित नंधौर नदी में ममता का शव एक स्थानीय व्यक्ति ने देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस मौके पर पहुंची और तेज बहाव के बीच से ममता के शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि महिला ने नदी में कूद कर जान दी है। चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी ने बताया कि नंधौर नदी से महिला का शव बरामद किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को तोहफा: राउंड ट्रिप टिकट पर 20 प्रतिशत किराया छूट

हल्द्वानी: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को कम करने के लिए एक नई राउंड ट्रिप पैकेज योजना की घोषणा की है। यह योजना प्रायोगिक आधार पर लागू की जा रही है और इसका उद्देश्य दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करना है। इस योजना के तहत यदि यात्री एक साथ आगे और वापसी यात्रा की बुकिंग करते हैं, तो वापसी टिकट के मूल किराए पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। ट्रायल के तौर पर पैकेज की बुकिंग की शुरुआत 14 अगस्त से होगी जबकि यह योजना 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच की जाने वाली यात्राओं और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच की वापसी यात्रा पर लागू होगी। रेलवे से जारी निर्देशों के मुताबिक छूट केवल समान यात्रियों के समूह, समान श्रेणी व स्टेशनों के लिए बुक की गई राउंड ट्रिप पर लागू होगी। आने-जाने के टिकट कन्फर्म होने पर ही योजना मान्य होगी।
वापसी टिकट की बुकिंग के लिए अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) लागू नहीं होगी।

साथ ही बुकिंग के बाद टिकट में संशोधन या रिफंड की अनुमति नहीं होगी। फ्लेक्सी किराया वाली ट्रेनों को छोड़कर सभी विशेष ट्रेनों में योजना लागू रहेगी। टिकट बुकिंग ऑनलाइन या रेलवे काउंटर दोनों माध्यमों से की जा सकती है। रेलवे ने यह स्पष्ट किया है कि इस रियायती योजना के साथ कोई अन्य छूट या वाउचर मान्य नहीं होगा। त्योहारों के समय यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक और किफायती बनाने के उद्देश्य से यह कदम यात्रियों के लिए राहतभरा साबित हो सकता है।

गुलाबघाटी में भूस्खलन से यातायात ठप, वाहनों की लंबी कतार

हल्द्वानी। काठगोदाम के पास गुलाबघाटी में भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि मलबा अधिक होने के कारण सड़क को पूरी तरह साफ करने में समय लग रहा है, लेकिन जल्द ही यातायात बहाल कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गुलाबघाटी क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गौलापारः शव से बाल और अंगुलियां गायब, परिजनों ने तंत्र-मंत्र में हत्या का लगाया आरोप

हल्द्वानी : गौलापार क्षेत्र में बच्चे की हत्या का भले ही पुलिस ने खुलासा कर दिया हो, लेकिन ये खुलासा अब परिजनों के गले नहीं उतर रहा और इसकी वजह है बच्चे के सिर से बालों का गायब होना। रविवार को राजपुरा स्थित श्मशान घाट में जैसे ही बच्चे के शव से कफन उठा तो लोगों का आक्रोश भड़क उठा। क्योंकि न तो उन्हें बच्चे के हाथ अंगुलियां दिखीं और न ही सिर पर बाल। परिजनों ने पुलिस के खुलासे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमित की हत्या तंत्र-मंत्र के चक्कर में की गई, न कि दुष्कर्म को छिपाने के लिए। इस दौरान तीन घंटे तक अमित के शव को दफनाया नहीं जा सका।


बता दें कि बीती 4 अगस्त को गौलापार निवासी 10 वर्षीय बच्चे की हत्या हो गई थी मामले में पुलिस ने आरोपी निखिल जोशी को दबोच लिया। परिजन पहले ही दिन से बच्चे की हत्या तंत्र-मंत्र के चक्कर में किए जाने का आरोप लगा रहे थे। सिर व हाथ बरामद करने के बाद शनिवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया गया। रविवार को शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
दोपहर को परिजन शव को दफनाने के लिए राजपुरा स्थित मुक्ति धाम पहुंचे। यहां जैसे ही शव से कफन उठाया तो लोगों का दिल दहल उठा। बच्चे के सिर पर बाल और हाथ की दो अंगुलियां गायब थीं। यह देख पिता ने पुलिस के खुलासे को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सिर पर बाल न होना साबित करता है कि बच्चे की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए की गई है न कि दुष्कर्म को छिपाने के लिए। आरोप लगाया कि हत्या में निखिल के साथ परिवार भी शामिल है। कहा, आखिर दुष्कर्म की बात को छिपाने के लिए कोई क्यों किसी के सिर और हाथ को धड़ से अलग कर करेगा? क्यों कटे हुए हाथ से अंगुलियां अलग करेगा और क्यों सिर के बाल निकालेगा? उन्होंने पुलिस पर भी आरोपियों की बचाने का आरोप भी लगाया। कहा, इसकी वजह उनकी गरीबी और आरोपियों का पहुंच वाला होना है।

तलवारबाजी का महासंग्राम: गौलापार में जुटेंगे देशभर के नौनिहाल फेंसर

हल्द्वानी: गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर 8 से 13 सितंबर तक तलवारबाजी के रोमांच से गूंजेगा। यहां होने जा रही 20वीं कैडेट राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप में देशभर से अंडर-17 आयु वर्ग के तलवारबाज अपनी कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। उत्तराखंड की ओर से 24 बालक और बालिका खिलाड़ी इस राष्ट्रीय मुकाबले में चुनौती पेश करेंगे। जल्द ही उत्तराखंड फेंसिंग एसोसिएशन खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी करेगी। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता ने सभी राज्यों को निर्देशित किया है कि खिलाड़ी पंजीकरण प्रक्रिया डीएमएस पोर्टल पर तत्काल शुरू की जाए, ताकि अधिकतम प्रतिभाग सुनिश्चित हो सके। जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के बाद गौलापार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स देशभर के तलवारबाजों के लिए प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।

यहां खेल विभाग के पास तलवारबाजी के सभी आधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिनका उपयोग चैंपियनशिप में किया जाएगा। फेंसिंग एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के लिए बहुउद्देशीय हॉल की बुकिंग भी कर ली है। यह आयोजन न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के उभरते तलवारबाजों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका साबित होगा।

हल्द्वानी: वेद बंधु विहार सहित अन्य कॉलोनियों में तीन दिन से पेयजल संकट

हल्द्वानी। रामपुर रोड के देवलचौड़ स्थित वेद बंधु विहार कॉलोनी सहित आसपास की कॉलोनियों में पिछले तीन दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को पीने के पानी के लिए 800 से 1000 रुपए खर्च कर निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि जल संस्थान की ओर से कोई टैंकर नहीं भेजा गया है।

स्थानीय निवासी भावना ने बताया कि तीन दिनों से पानी नहीं आने से घरों में बने अंडरग्राउंड टैंक भी पूरी तरह खाली हो चुके हैं और लोग एक-दो बाल्टी पानी के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को मजबूरन 1 से 2 किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं इस संबंध में जल संस्थान के अवर अभियंता अशोक नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति वॉल्व खराब होने के कारण बाधित हुई थी। ओवरहेड टैंक खाली होने के चलते वॉल्व बदलने में देरी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि आज सोमवार दोपहर तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। फिलहाल लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही राहत मिलेगी, लेकिन लगातार पानी न आने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

कान्हा के रंग, बच्चों के संग: जन्माष्टमी पर हल्द्वानी में होगा रंगारंग आयोजन

हल्द्वानी: महिला लायनेस क्लब द्वारा शहर के एक प्रतिस्तिथ रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी, जिसमे महिला लायनेस क्लब की अध्यक्षा कुसुम दिगारी ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि हमारी संस्था द्वारा जन्माष्टमी के अवसर शुभ पर 13 अगस्त 2025 बुधवार को एक भव्य प्रतियोगिता का आयोजन जिसका शीर्षक “कान्हा के रंग बच्चों के संग” का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम रुद्राक्ष बैंक्वेट हॉल, नवाबी रोड में दिन 3:00 बजे से प्रारंभ होगाl उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की महिओलाओं द्वारा सरस्वती वंदना से आरंभ होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता रखी गयी हैं।जैसे –• जिसमें 1 दिन से लेकर से 2 वर्ष तक के बच्चे वेशभूषा के आधार पर चयन किया गया जाएगा• 3 से पांच वर्ष तक v के बच्चे मन्त्रोच्चर व वेषभूषा के आधार पर चयन किया गया जाएगा।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com