हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

दमुवादूंगा में भूमि सर्वेक्षण प्रक्रिया शुरू, नए निर्माण और खरीद-फरोख्त पर रोक

नैनीताल। तहसील क्षेत्र के ग्राम जवाहर ज्योति, दमुवादूंगा में अब भूमि सर्वेक्षण और अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया (रिकॉर्ड ऑपरेशन) शुरू हो गई है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1901 की धारा-48 के अंतर्गत शासन द्वारा 21 अगस्त 2025 को जारी अधिसूचना और जिलाधिकारी नैनीताल की स्वीकृति के बाद की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य भूमि का सही चिन्हांकन करना, नालों और ड्रेनेज मार्गों की सुरक्षा करना तथा सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित भूमि को संरक्षित करना है। इसके साथ ही अवैध कब्जों और अनाधिकृत निर्माणों पर रोक लगाने के लिए भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जारी आदेश के अनुसार, जब तक रिकॉर्ड ऑपरेशन और भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नया निर्माण कार्य, भूमि का अतिक्रमण, क्रय-विक्रय या सीमांकन (Demarcation) में बदलाव पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक और लेखपाल नियमित निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं भी अवैध गतिविधि पाई जाती है तो तत्काल प्रशासन को रिपोर्ट करेंगे।

स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी आदेश का कड़ाई से पालन कराने और अनधिकृत गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भू-राजस्व अधिनियम, 1901, उत्तराखण्ड नगर निकाय अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है और आगे की सूचना तक यह प्रभावी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और चल रही भूमि सर्वेक्षण प्रक्रिया में सहयोग करें ताकि क्षेत्र में पारदर्शिता और सुव्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com