हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

49 रुपये का पिज्जा बना 1.93 लाख का झटका!

हल्द्वानी। महज 49 रुपए की कीमत से शुरू होने वाला पिज्जा एक व्यक्ति को 1 लाख 93 हजार रुपये का पड़ गया। हुआ यूं कि एक व्यक्ति ने पिज्जा ऑर्डर किया और फिर ऑर्डर कैंसिल भी कर दिया। पिज्जा के लिए दी गई रकम वापसी के लिए उसने कस्टमर केयर को फोन किया और कॉल जालसाज को लग गई। उसने पीड़ित को झांसे में लिया और पलभर में खाते से 1.93 लाख रुपए साफ कर दिए। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवलचौड़ बंदोबस्ती महाकालिका विहार कालोनी निवासी भगवान सिंह पुत्र बली सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मदान फार्मा में काम करते हैं, जहां तिकोनिया नवाबी रोड निवासी दिनेश चौहान पुत्र हरीश सिंह चौहान भी काम करता हैं। बीती 15 जुलाई को दिनेश ने ऑन लाइन पिज्जा आर्डर किया था, जिसे थोड़ी देर बाद कैंसिल कर दिया गया। रिफंड पाने के लिए दिनेश ने गूगल पर उस कंपनी का कस्टरमर केयर नम्बर खोजा, जिसके जरिये उसने पिज्जा ऑर्डर किया था। कस्टमर केयर के लिए जिस पर नंबर पर दिनेश ने फोन किया, वो साइबर क्रिमिनल को लग गया।

खुद को कस्टरमर केयर अधिकारी बता कर जालसाज ने वीडियो कॉल कर स्क्रिन शेयर करने, फिर गूगल पे पर बैलेंस चेक करने को कहा। फिर बोला कि आपके गूगल पे पर दिक्कत आ रही है, आप किसी और की यूपीआई आईडी दो। दिनेश ने भगवान सिंह की यूपीआई आईडी दे दी। इसके बाद फिर मोबाइल की स्क्रीन शेयर हुई, फोन पे ओपन पर बैलेंस चेक करने को कहा गया और इसके बाद खाते से 7 बार मे 1,93,000 रुपये कट गए। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिली थी, जिसे साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया है।

उत्तराखंड: भारी बारिश के अलर्ट के चलते कल इस जनपद में अवकाश

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा निर्गत मौसम पूर्वानुमान दिनांक 10 अगस्त, 2025 के अनुसार दिनांक 11 अगस्त, 2025 को जनपद में कहीं-कहीं भारी वर्षा से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त करते हुए अलर्ट जारी किया गया है। तदक्रम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत दिनाक 11 अगस्त, 2025 को जनपद अन्तर्गत समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एव निजी विद्यालय (कक्षा-1 से 12 तक) एव ऑगनबाडी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया जाता है।अतः मौसम विभाग देहरादून द्वारा चेतावनी के दृष्टिगत दिनांक 11 अगस्त, 2025 (सोमवार) को जनपद बागेश्वर अन्तर्गत समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में (कक्षा-1 से 12 तक) एवं ऑगनबाड़ी केन्द्र बन्द रहेंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी, बागेश्वर तद्‌नुसार आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

हल्द्वानी में पुलिसिया जुल्म के खिलाफ बगावत, तीन दिन का अल्टीमेटम

हल्द्वानी। हल्द्वानी में कोतवाल को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। पहाड़ी आर्मी के जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल के नेतृत्व में मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने कोतवाल का पुतला दहन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही।यह मामला 8 अगस्त 2025 की उस घटना से जुड़ा है, जब ज्योति मेर और मासूम अमित हत्याकांड के संबंध में पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत व पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से मिलने का प्रयास किया था। आरोप है कि इस दौरान कोतवाल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कॉलर पकड़कर घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, न कि उनके साथ गुंडागर्दी करने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर कोतवाल को पद से नहीं हटाया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन राज्यव्यापी रूप लेगा।मोहन कांडपाल ने कहा कि यह सिर्फ व्यक्तिगत अपमान का मामला नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और पहाड़ की अस्मिता का प्रश्न है। उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की।

इस मौके पर जिला महामंत्री राजेंद्र कांडपाल, जिला प्रभारी हिमांशु शर्मा, सूबेदार मेजर दिनेश जोशी, फौजी कमलेश जेठी, युवा नगर अध्यक्ष विनोद नेगी, सतीश फुलारा, दीपा पांडे, इंजीनियर गोकुल मेहरा, हिमांशु जोशी, एडवोकेट मोहन कांडपाल, दीपक चंद गोस्वामी, कैलाश डाला कोठी, विजय भंडारी, एडवोकेट नवीन चंद तिवारी, पवन सिंह जाला, प्रेम मेर, मुन्नी देवी, गीता बिष्ट, रुचि भंडारी, हरेंद्र राणा, कल्पना चौहान, लोकेश कंवल, त्रिलोक सिंह मटियाली, धन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऑनलाइन प्रवेश की तिथि 25 अगस्त तक बढ़ी

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन प्रवेश की अन्तिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर अब 25 अगस्त कर दी है। यह जानकारी प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि इस विस्तार का लाभ न केवल नए छात्रों को मिलेगा, बल्कि पुराने छात्र भी अगली कक्षा या अगले सेमेस्टर में प्रवेश ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें परीक्षा परिणाम का इंतजार नहीं करना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि तिथि बढ़ाने से अधिक से अधिक छात्रों को समय पर प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जा सकते हैं।

उत्तराखंड में गूंजेगी देववाणी: 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रा.प्र. विद्यालय, भोगपुर, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए राज्य के 13 जिलों के 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इन सभी आदर्श संस्कृत ग्रामों में संस्कृत भवनों के निर्माण के साथ ही राजकीय प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों की भी स्थापना करेगी। मुख्यमंत्री ने देहरादून में भोगपुर गांव, टिहरी गढवाल के मुखेम गांव, उत्तरकाशी के कोटगाँव, रुद्रप्रयाग के बैंजी गांव, चमोली के डिम्मर गांव, पौड़ी गढ़वाल के गोदा गांव, पिथौरागढ के उर्ग गांव, अल्मोड़ा के जैंती पाण्डेकोटा गांव, बागेश्वर के शेरी गांव, चम्पावत के खर्ककार्की गांव, हरिद्वार के नूरपुर पंजनहेडी गांव , नैनीताल के पाण्डे गाँव एवं ऊधमसिंहनगर के नगला तराई गांव को आदर्श संस्कृत ग्रामों के रूप में उनका शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्कृति ग्रामों के लोगों से वर्चुअल माध्यम से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी और पौड़ी में आई आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्यों को पूरी संवेदना और तेज गति से करेगी। उन्होंने कहा राज्य सरकार, उत्तराखंड के प्रत्येक जनपद में आदर्श संस्कृत ग्राम की स्थापना कर देववाणी संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। देवभूमि उत्तराखंड सदियों से देववाणी संस्कृत के अध्ययन और शोध का केंद्र रही है।राज्य सरकार का प्रयास है कि देववाणी संस्कृत की पवित्र ज्योति को उत्तराखंड में प्रज्ज्वलित रखा जाए।उत्तराखंड वन्यजीव सफारी

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड पहला राज्य है। जो इस तरह की पहल से देववाणी संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन पर कार्य कर रहा है। संस्कृत भाषा हमारी संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और विज्ञान का मूल आधार है। संस्कृत भाषा के आधार पर ही प्राचीन मानव सभ्यताओं का विकास संभव हो सका है। सनातन संस्कृति में वेदों, ग्रंथों, पुराणों और उपनिषदों की रचना संस्कृत में ही की गई है। संस्कृत भाषा अनादि और अनंत है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति में संस्कृत को आधुनिक और व्यवहारिक भाषा के रूप में स्थापित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। संस्कृत विश्वविद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ा जा रहा है। संस्कृत साहित्य को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स, ई-संस्कृत शिक्षण प्लेटफॉर्म एवं संस्कृत ऐप्स विकसित किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने लोकसभा की कार्यवाही का अनुवाद संस्कृत भाषा में भी किए जाने की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने कहा आदर्श संस्कृत ग्रामों में लोग अपने दैनिक जीवन में संस्कृत का प्रयोग करेंगे जिससे देववाणी पुनः हमारे जीवन में बोलचाल, व्यवहार और संवाद का हिस्सा बन सकेगी। राज्य सरकार प्रदेश के विद्यालयों में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है। संस्कृत भाषा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृत छात्र प्रतिभा सम्मान योजना से सम्मानित किया जा रहा है। संस्कृत के प्रचार – प्रसार के लिए उत्तराखंड संस्कृत अकादमी, हरिद्वार के माध्यम से अखिल भारतीय शोध सम्मेलन, अखिल भारतीय ज्योतिष सम्मेलन, अखिल भारतीय वेद सम्मेलन जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं। देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता को हमारे राज्य में लागू किया गया है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद लगभग 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को भी संरक्षित रखा जा रहा है। राज्य में ऑपरेशन कालनेमि के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वाले पाखंडियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संस्कृत भाषा हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। उत्तराखंड भारत का पहला राज्य है, जिसने संस्कृत भाषा को अपनी दूसरी आधिकारिक भाषा घोषित किया है। उन्होंने कहा अगले वर्ष से संस्कृत विद्यालयों में एनसीसी, एन.एस.एस का शुभारंभ के साथ ही शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने संस्कृत विश्वविद्यालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा 75 करोड़ दिए जाने पर भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि 13 संस्कृत ग्रामों में संस्कृति भाषा के प्रचार प्रसार के लिए आगे काम किया जाएगा।

नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने पुष्पा नेगी को बनाया प्रत्याशी

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कांग्रेस ने भी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष सीट से अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया है। पार्टी ने रामगढ़ सीट से चुनाव जीतीं पुष्पा नेगी को अध्यक्ष पद के लिए और देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है।

हल्द्वानी के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रत्याशियों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दावा किया कि जिला एवं क्षेत्र पंचायत में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बड़ी संख्या में जीते हैं और अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख पद पर भी कांग्रेस का कब्जा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और पंचायत चुनाव में हार से घबरा कर हर तरह के हथकंडे अपना रही है। आर्य ने कहा कि भाजपा धनबल का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने और आरक्षण में हेरफेर कर चुनाव पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी और आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल, जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।पुष्पा नेगी ने कहा कि उन्हें बड़े पैमाने पर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है और वह निश्चित रूप से अध्यक्ष पद जीतेंगी।

10 साल का मासूम, पड़ोसी बना जल्लाद… पुलिस अब तक ढूंढ रही है आलाकत्ल

हल्द्वानी समाचार: काठगोदाम थानाक्षेत्र के गौलापार में हुए 10 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या कांड का पुलिस ने खुसाला तो कर दिया, लेकिन अधूरा। पुलिस ने किशोर की हत्या के आरोप में पड़ोसी निखिल जोशी को गिरफ्तार किया है, लेकिन उससे आलाकत्ल बरामद नहीं कर सकी। घटना को तंत्र-मंत्र के चक्कर में अंजाम नहीं दिया गया, बल्कि हत्यारोपी ने दुष्कर्म में नाकाम होने के बाद पहले किशोर का गला घोंटा और फिर धारदार हथियार से उसके पांच टुकड़े कर दिए। अब पुलिस को उस हथियार को तलाश कर रही है, जिससे शव के टुकड़े किए गए।

शनिवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार (4 अगस्त) की दोपहर पश्चिमी खेड़ा गौलापार में रहने वाला 10 किशोर उस वक्त लापता हो गया, जब वह घर से कोल्ड ड्रिंक खरीदने निकला था। मामले में तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। बच्चे के गायब होने के कुछ घंटों के भीतर ही उसे पश्चिमी खेड़ा में रहने वाले निखिल जोशी पुत्र मोहन चंद्र जोशी के साथ सीसीटीवी में जाते देखा गया। निखिल बच्चे को लेकर अपने घर की ओर जा रहा था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे से बिना हाथ और सिर के किशोर का धड़ बरामद किया, जिसे निखिल ने दफना दिया।

निखिल पहले दिन से ही पुलिस की हिरासत में था, लेकिन मुंह नहीं खोल रहा था। वह तंत्र-मंत्र का नाम लेकर पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस को ऐसे में मनोचिकित्सक डॉ.युवराज पंत का सहारा लेना पड़ा। जैसे-जैसे तफ्तीश आगे बढ़ी, निखिल के खिलाफ सुबूत मिलते गए और निखिल टूटने लगा। शुक्रवार की रात करीब दो बजे निखिल, पुलिस को घटना स्थल पर लेकर पहुंचा। वह घर के पीछे गौशाला लेकर पहुंचा और वह स्थान दिखाया, जहां उसने सिर और हाथ को दफना रखा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सिर और हाथ बरामद कर लिया।निखिल ने पुलिस को बताया कि वह किशोर के साथ दुष्कर्म करना चाहता था और बहला-फुसला कर वह उसे अपने साथ घर ले गया था। उस वक्त घर पर कोई नहीं था। बड़ा भाई, भाई और पिता बाहर थे, जबकि मां खेत में काम कर रही थी। उसने किशोर से दुष्कर्म का प्रयास किया तो वह चीखने-चिल्लाने लगा। पकड़े जाने के डर से उसने किशोर का गला घोंट दिया। फिर शव के पांच टुकड़े किए और दो अलग-अलग स्थानों पर दफना दिया। हालांकि पुलिस निखिल के मुंह से यह अभी तक उगलवा नहीं सकी है कि उसने जिस हथियार से किशोर के टुकड़े किए, वह कहां है? एसएसपी ने बताया कि आरोपी पर हत्या के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

व्हाट्सएप लिंक बना जाल, पलक झपकते खाते से 3.64 लाख साफ

पिथौरागढ़। चेतावनी और जागरूकता के बाद भी लोग साइबर ठगों के झांसे में आकर अपनी जमा पूंजी गंवा बैठ रहे हैं। ऐसा ही मामला पिथौरागढ़ जिले के थल में आया है। वर्कशॉप संचालक ने यूनियन बैंक का फर्जी एप डाउनलोट कर दिया। एप डाउनलोड करते ही उसके खाते से 3.64 लाख रुपये उड़ गए।जानकारी के मुताबिक थल मुख्य बाजार में वर्कशॉप संचालक गुरमुख पाल के मोबाइल पर शुक्रवार को यूनियन बैंक का एप व्योम डाउनलोड करने के लिए व्हाट्सएप मैसेज से लिंक भेजा गया।

जैसे ही उसने एप डाउनलोड किया, उसका गूगल एकाउंट और व्हाट्सएप हैक हो गया। कुछ ही सेकेंड में साइबर ठगों ने उसके यूनियन बैंक के खाते से 3.64 लाख रुपये उड़ा लिए।खाते से रकम गायब होने से उसके होश उड़ गए। उसने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कर डूबी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के कई लोगों के मोबाइल पर यह मैसेज आया था।

हल्द्वानी- गौलापार में नाबालिग अमित हत्याकांड का खुलासा, आरोपी निखिल जोशी गिरफ्तार

हल्द्वानी – गौलापार क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद मीणा ने बताया कि कल देर रात घटना स्थल के पास से बच्चे के कटे हुए अंग और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। इस मामले में आरोपी निखिल जोशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेजा गया है।घटना 4 अगस्त की है, जब बच्चा अपने घर से लापता हो गया था। अगले दिन सुबह उसका शव आरोपी के घर के पास खेत में दबा मिला, हालांकि उस समय शव के कुछ अंग बरामद नहीं हो पाए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि तांत्रिक क्रियाओं के चलते आरोपी ने मासूम की हत्या की। पुलिस ने बताया की बच्चे को घिनौनी हरकत सेक्सुअल अरेस्मेंट के लिए आरोपी लाया था बच्चे द्वारा मना करने पर उसकी हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मनोचिकित्सक की मदद से आरोपी से पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी सच्चाई सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी को सबूत मिटाने की पूरी जानकारी थी, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण रही।शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था, जिसके चलते काठगोदाम चौकी का घेराव हुआ और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अब पूरे मामले में चार्जशीट की तैयारी कर रही है।

गौलापार हत्याकांड: मासूम अमित का सिर और हाथ बरामद, पड़ोसी निकला हत्यारा

हल्द्वानी के गौलापार इलाके में मासूम अमित मौर्या की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को हिला के रख दिया। हर तरफ एक ही सवाल लोगों के जहन में क्यों, कैसे, कौन है हत्यारा। मामले में पुलिस ने छह दिन की लगातार खोजबीन के बाद कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मासूम का सिर और हाथ बरामद किया है। इस वारदात से लोगों में आक्रोश देखने को मिला ,प्रदर्शन भी हुए पुलिस के लिए चुनौतियां बढ़ती गईं। घटना बीते सोमवार की है, जब अमित अपने घर के पास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। अगले दिन खेतों के पास एक कट्टे में उसका धड़ बरामद हुआ, लेकिन सिर और हाथ गायब थे। इस वीभत्स घटना से परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए तेज़तर्रार खुफिया स्पेशल टीम का गठन किया। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि हत्या मासूम के पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने की थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर मासूम का सिर और हाथ बरामद किए गए। सूत्रों की मानें तो पुलिस आज अमित हत्याकांड का बड़ा खुलासा कर सकती है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com