हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

पत्नी थाली सजाती रही, कमरे में पति ने खुद को गोली मार ली

हल्द्वानी। टीपीनगर चौकी क्षेत्र के गन्ना सेंटर इलाके में दोपहर दिल-दहला देने वाली घटना घटी। पत्नी, पति के लिए थाली में खाना परोस रही थी कि तभी कमरे से गोली चलने आवाज आई। पत्नी अंदर पहुंची तो कमरे की दर-ओ-दीवार खून से रंगी पड़ी थी और जमीन पर पति की लहूलुहान लाश पड़ी थी। यह देख वह चीख पड़ी और कुछ ही देर में पूरा गांव वहां जमा हो गया। पुलिस के आलाधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान कर कई तथ्यों पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल से वो 12 बोर का वो अवैध असलहा (बंदूक) बरामद की है, जिससे गोली चली है।


मूलरूप से गंगोलीहाट पिथौरागढ़ निवासी कुंदन सिंह बोरा (64 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह कोतवाली क्षेत्र के हरिपुर लालमणि निवाड़ में पत्नी हीरा देवी, तीन बेटे जगदीश, तारा और लक्ष्मण के साथ रहते थे। पड़ोस में कुंदन के भाई मोती सिंह बोरा का घर है। जबकि कुछ ही दूरी पर उनके अन्य दो भाई होशियार और मनोहर रहते हैं। परिजनों के मुताबिक गांव में नई इलेक्ट्रिक बंचिंग लाइन पड़ रही है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कुंदन लाइन बिछा रहे लोगों से बात कर रहे थे। पूछ रहे थे कि मीटर में यह लाइन कैसे जुड़ेगी। तभी पत्नी हीरा ने खाना खाने के लिए आवाज लगाई। उन्होंने दाल-भात पकाया था।
इधर, हीरा थाली में खाना परोस रहीं थी और उधर, कुंदन अपने कमरे में चले गए। हीरा थाली लेकर पति कुंदन के पास पहुंचती, इससे पहले ही उन्हें कमरे से गोली चलने की आवाज आई। वह थाली छोड़ कर कमरे की ओर दौड़ीं तो चीख पड़ीं। जमीन पर कुंदन की लाश पड़ी थी। सिर का आधा हिस्सा गायब था, फर्श, दीवार और कमरे की छत खून से सनी थी। हीरा की चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाला कुंदन के भाई का परिवार और सामने रहने वाले तीनों बेटों के परिवार दौड़ पड़े। कमरे का नजारा जिसने भी देखा वह उल्टे पांव भागा।


आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी नितिन लोहनी, कोतवाल राजेश कुमार यादव, टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज यादव और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। बावजूद इसके विभिन्न पहलुओं पर जांच की रही है। घटना स्थल से 12 बोर का अवैध असलहा बरामद किया गया है, साथ ही एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस भी मिला है।

नौकरी और परिवार खोने के बाद टूटा कोरोना वॉरियर, खंडहर में मिली लाश

हल्द्वानी : सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में एंबुलेंस चलाने वाले कोरोना वॉरियर्स की लाश रविवार को तहसील के खंडहर में पड़ी मिली। घटना का पता तब चला, तब तेज दुर्गंध आने लगी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव में कीड़े पड़ चुके थे। माना जा रहा है कि शव करीब सात दिन पुराना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि नौकरी जाने और पत्नी की मौत के बाद से कोरोना वॉरियर्स मनोज बेलवाल का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। मूलरूप से बेतालघाट के रहने वाले 43 वर्षीय मनोज बेलवाल को बेस अस्पताल में रहने के लिए एक कमरा मिला था। वर्ष 2020 में जब कोरोना आया तो उन्होंने अकेले ही कोरोना की चपेट में आए लोगों के शव उठाए। पांच साल पहले कैंसर की वजह से उनकी पत्नी का देहांत हुआ, जिसके बाद से वह अवसाद में चले गए और शराब के आदी हो गए। ऐसे में उनकी इकलौती बेटी को उसके ननिहाल मेरठ भेज दिया गया। वर्ष 2022 में उनका तबादला हुआ, लेकिन वह ड्यूटी ज्वाइन करने नहीं गए। इस पर तीन साल पहले उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया और बेस में मिला कमरा भी छीन लिया गया। जिसके बाद वह सड़क पर यहां-वहां रहने लगे। शनिवार को रोडवेज परिसर में तेज दुर्गंध उठने लगी। लोगों को वहां खड़ा होना मुश्किल हो गया। इस पर सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पड़ताल की तो रोडवेज से लगी तहसील के खंडहर से मनोज की लाश बरामद की गई। भोटियापड़ाव पुलिस की सूचना पर मनोज का भाई प्रेम और चचेरा भाई भरत मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव की शिनाख्त की। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव पुराना है और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असल वजह पता लगेगी।

नैनीताल में आज स्कूल बंद, ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश

नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा 24 अगस्त को जारी भारी बारिश के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है। जिले में आज, 25 अगस्त (सोमवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय एक दिन के लिए बंद रहेंगे।जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारी बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालयों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें और आवश्यक कार्य के बिना घर से बाहर न निकलें।

कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को बनी रणनीति

नैनीताल। मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसियेशन उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग जनपद नैनीताल की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को इण्डो डच मशरूम परियोजना ज्योलीकोट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य मशरूम विकास अधिकारी जगदीश चन्द्र भट्ट ने की। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और शीघ्र निस्तारण के लिए ठोस रणनीति बनाई गई। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राहुल भट्ट, जिलाध्यक्ष प्रमोद जोशी, संरक्षक बीएस जीना, कृष्णा बिष्ट, गीता सरन, गिरीश चन्द्र सनवाल, नरेन्द्र नेगी, शिवम् साह, भुवन चन्द्र मुगली, संदीप जोशी, सपना मेहरा सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

बेतालघाट फायरिंग: गैंग लीडर अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत 16 पर गैंगस्टर

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर गैंग लीडर अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत 16 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक चुनाव के दिन एक प्रत्याशी के समर्थक द्वारा प्रतिद्वंदी समर्थकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सशस्त्र विद्रोह जैसी स्थिति पैदा की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बेतालघाट में धारा 109, 190, 191(2), 191(3), 351(2), 351(3), 3(5) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था।

एसएसपी ने मामले की विवेचना के बाद अमृतपाल उर्फ पन्नू पुत्र निंदर सिंह निवासी रोशनपुर, थाना गदरपुर, जिला उधम सिंह नगर के नेतृत्व वाले गिरोह को उत्तर प्रदेश समाजविरोधी गिरोहबन्द क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत चिह्नित करते हुए गैंग चार्ट तैयार कराया। इसके आधार पर 23 अगस्त 2025 को थाना बेतालघाट में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

गैंग के जिन 16 सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है, उनमें अमृतपाल उर्फ पन्नू (30), गुरजीत सिंह उर्फ पारस (28), प्रदीप सिंह उर्फ सोकर (32), वीरेंद्र उर्फ विक्की आर्य (39), पंकज पपोला (29), प्रकाश भट्ट (28), रविंद्र कुमार उर्फ रवि (28), यश भटनागर उर्फ यशु (19), दीपक सिंह रावत (28), हेमंत बलोदी (36), रोहित पांडे, संदीप खोलिया, मनोज खोलिया, निक्कू शाही, संदीप बधानी और राहुल बधानी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से मारपीट, फायरिंग, तलवारबाजी/चाकूबाजी, लूटपाट, जनता को डराना-धमकाना और भय का वातावरण बनाने जैसे अपराधों में सक्रिय था। इनके स्वतंत्र विचरण से जनहित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

कठघरिया में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का हुआ शुभारंभ



हल्द्वानी: भारत की आर्थिक समृद्धि का सशक्त स्तंभ और 119 वर्षों की सेवा परंपरा के प्रतीक बैंक ऑफ इंडिया ने कठघरिया क्षेत्र में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया है। शाखा का उद्घाटन समारोह बैंक के फील्ड महाप्रबंधक अनिल कुमार वर्मा, आंचलिक प्रबंधक विवेक तिवारी, उप आंचलिक प्रबंधक भानु प्रताप नबियाल, शाखा प्रबंधक हल्द्वानी संध्या रायपा और कठघरिया शाखा प्रबंधक जीवन सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैंक के उच्चाधिकारियों ने बताया कि बैंक की ओर से ग्राहकों को विशेष बैंकिंग सेवाएं दी जाएंगीजिसमें खुदरा, कॉर्पोरेट, कृषि एवं एमएसएमई बैंकिंग सेवाएं, गृह, वाहन, शिक्षा और व्यक्तिगत ऋण पर आकर्षक ब्याज दरें, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाएं, नेट बैंकिंग, यूपीआई, मोबाइल और व्हाट्सएप बैंकिंग सुविधाएं दी जाएंगी।

इसके साथ ही सरकारी योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी सेवाओं की आसान पहुंच,
डिजिटल और पारदर्शी बैंकिंग अनुभव और ग्रामीण व अर्ध-शहरी ग्राहकों के लिए वित्तीय समावेशन योजनाएं चलाई जाएंगी। महाप्रबंधक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शाखाओं के माध्यम से कार्यरत है, अब कठघरिया में भी स्थानीय स्वरोजगार, लघु उद्योगों और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेगा। साथ ही, बैंक अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी योगदान देता रहेगा। इधर, जीवन सिंह, शाखा प्रबंधक ने कहा कि हमारी शाखा क्षेत्रवासियों को न सिर्फ बेहतर बैंकिंग अनुभव देगी, बल्कि हर ग्राहक को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सम्मानपूर्वक सेवा

बस और स्कूटी में भीषण टक्कर, दमकल ने कटर से निकाला शव

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के गौलापार में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। बिंदुखत्ता निवासी एक युवक की स्कूटी सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बस की बॉडी फाड़कर अंदर जा घुसी और युवक मौके पर ही मौत के आगोश में समा गया। शव को बाहर निकालने के लिए दमकल की मदद लेनी पड़ी।थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी 28 वर्षीय पूरन सिंह टाकुली पुत्र कुंदन सिंह टाकुली स्कूटी लेकर गौलापार से लालकुआं की ओर जा रहा था। खेड़ा के पास सामने से आ रही बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के समय बस खाली थी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कूटी बस की बॉडी को चीरते हुए अंदर घुस गई। पूरन का शरीर भी बुरी तरह बस में फंस गया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव निकालना संभव नहीं हो पाया। बाद में दमकल टीम को बुलाया गया। कटर से बस को काटकर शव को बाहर निकाला गया।गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मोटी कहकर चिढ़ाया तो पड़ोसन को चाकू घोंपा

हल्द्वानी। मोटी कहकर चिढ़ाना एक महिला को इतना नागवार गुजरा कि उसने योजनाबद्ध तरीके से पड़ोसन के पेट में चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ महिला को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, हाथीखाल गोरापड़ाव बरेली रोड निवासी पुष्पा देवी पत्नी निर्मल सिंह ने कुछ दिन पूर्व पड़ोसन दीपा देवी पत्नी नंदन सिंह को मजाक में मोटी कह दिया था। उस दिन तो कुछ नहीं हुआ, लेकिन यह बात पड़ोसन के दिल-ओ-दिमाग में घर गई। शुक्रवार देर शाम पुष्पा अपनी देवरानी हेमा और मोहिनी के साथ घर से निकली तो आरोप है कि पड़ोसन दीपा वहां पहुंच गई और दोनों में गाली-गलौज व मारपीट हो गई। इससे पहले पुष्पा और उसके परिजन कुछ समझ पाते, आरोपी महिला ने कपड़े में लिपटा चाकू निकाला और पुष्पा के पेट में घोंप दिया।

चाकू के 3-4 वार से पुष्पा लहूलुहान होकर दर्द से चीखने लगी। परिजनों ने पुष्पा को एसटीएच पहुंचाया, जहां आईसीयू में उसका उपचार शुरू किया गया। शनिवार को कोतवाली पहुंचे पीड़ित पक्ष की महिला सिपाही से तीखी तकरार हो गई। पुष्पा के परिजनों के अनुसार, उन्होंने कार्रवाई के लिए महिला सिपाही को तहरीर दी। तहरीर पढ़ने के बाद बजाय मामले को गंभीरता से लेने के महिला सिपाही ने यह कह दिया कि ये कोई बड़ी बात नहीं और ऐसा तो होता रहता है। इस पर पीड़ित पक्ष बिफर गया और उनकी महिला सिपाही से तीखी बहस हो गई। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि घायल की देवरानी हेमा की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में अभियोग दर्ज कर जांच की जा रही है।

हल्द्वानी में एनसीसी कैडेट की संदिग्ध मौत, मोमो खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

हल्द्वानी। नैनीताल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी 19 वर्षीय मीनू मौर्या, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा और एनसीसी कैडेट, की शुक्रवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मीनू सुबह रोज की तरह एनसीसी ट्रेनिंग में गई थी और दोपहर तक घर लौट आई। लौटने के कुछ समय बाद ही उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तेज पेट दर्द, जलन और उल्टियों की शिकायत हुई। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

लेकिन थोड़ी देर बाद हालत और गंभीर होने पर उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों के अनुसार रास्ते में मीनू ने बताया था कि एनसीसी से लौटते समय उसने मोमो खाए थे, जिसके बाद से वह अस्वस्थ महसूस करने लगी।कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

20 साल तक चल सकेंगी पुरानी गाड़ियां, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए पुराने वाहनों को लेकर अहम फैसला लिया है। अब देशभर में 20 साल तक पुराने निजी वाहन सड़क पर चल सकेंगे। इससे पहले इस पर कई तरह की पाबंदियां लगाई जा रही थीं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, 20 साल पूरे कर चुके वाहनों का फिटनेस सर्टिफिकेट हर साल नवीनीकरण करना होगा। फिटनेस जांच में सफल होने पर ही उन्हें सड़क पर चलाने की अनुमति मिलेगी। वहीं, व्यावसायिक वाहनों के लिए यह सीमा 15 साल तय की गई है, जिन्हें हर साल फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। सरकार का कहना है कि इस फैसले से एक ओर वाहन मालिकों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर फिटनेस टेस्ट की अनिवार्यता के कारण प्रदूषण और सड़क सुरक्षा को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

क्या होगी नई रजिस्ट्रेशन फीस?

नए नियमों के तहत अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों की फीस इस प्रकार से तय की गई है,

इनवैलिड कैरिज – 100 रुपयेमोटरसाइकिल – 2,000 रुपयेथ्री-व्हीलर/क्वाड्रिसाइकिल – 5,000 रुपयेलाइट मोटर व्हीकल (कार आदि) – 10,000 रुपयेइंपोर्टेड मोटर वाहन (2 या 3 पहिया) – 20,000 रुपयेइंपोर्टेड मोटर वाहन (4 या अधिक पहिया) – 80,000 रुपयेअन्य वाहन – 12,000 रुपये आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इन दरों में GST शामिल नहीं है।

कब तक चल पाएंगे पुराने वाहन?

नए नियमों के मुताबिक, कोई भी वाहन पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख से अधिकतम 20 साल तक रजिस्टर किया जा सकता है। यानी 15 साल पूरे होने के बाद वाहन मालिक को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा, लेकिन उसके लिए भारी फीस देनी होगी।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com