हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

सीसीटीवी में कैद चोर: मंदिर में माथा टेका, फिर बैग लेकर फरार

हल्द्वानी। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में बीमार बेटे की तीमारदारी में लगे पिता को चोरों ने अपना शिकार बना लिया। दस्तावेजों और हजारों की नगदी से भरा बैग लेकर शातिर रफूचक्कर हो गए। जाते-जाते चोर अस्पताल में बने मंदिर में माथा भी टेकते गए और यहीं शातिरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। मेडिकल चौकी पुलिस अब शातिरों की तलाश में है। गरमपानी खैरना निवासी श्याम सिंह यहां परिवार के साथ रहते हैं और बेटा तनुज रावत गंभीर बीमारी से ग्रसित है। बीती 22 अगस्त को तनुज को ऑपरेशन के लिए में भर्ती कराया।

श्याम सिंह का कहना है कि वह बेटे के ऑपरेशन के लिए अपने साथ 25 हजार रुपए नगद और तमाम जरूरी दस्तावेज लेकर आए थे। रुपए और दस्तावेज उन्होंने बैग में रखे थे। आरोप है कि शनिवार रात वह वार्ड में सोए थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे दो शातिर वार्ड में पहुंचे और नोटों भरा बैग लेकर चलते बने। सुबह उनकी आंख खुली और बैग न पाकर उनके होश फाख्ता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो शातिर नजर आए। इनमें से एक के कंधे पर श्याम का नोटों भरा बैग था और शातिर जाते वक्त मंदिर में शीश नवाते में नजर आ रहे हैं। कोतवाल राजेश कुमार यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नैनीताल पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई निरीक्षक और उप निरीक्षक स्थानांतरित

नैनीताल। जिले में पुलिस प्रशासन ने कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। सोमवार को जारी सूची के अनुसार विभिन्न थानों व चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं।

तबादला सूची के अनुसार –

निरीक्षक सुशील कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा बनाया गया है।

निरीक्षक उमेश कुमार मलिक को प्रभारी निरीक्षक भवाली से प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ भेजा गया है।

निरीक्षक प्रकाश मेहरा को प्रभारी चौकी खैरना से प्रभारी निरीक्षक भवाली की जिम्मेदारी दी गई है।

निरीक्षक विजय मेहता को कालाढूंगी थानाध्यक्ष से प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी ही रखा गया है।

निरीक्षक हरपाल सिंह को साइबर सेल डीसीआरबी से प्रभारी एसओजी/एएनटीएफ/साइबर सेल का दायित्व मिला है।

निरीक्षक ललिता पांडे को प्रभारी एएचटीयू से प्रभारी एएचयू/डीसीआरबी भेजा गया है।

उप निरीक्षकों में –

मनोज नयाल को वरिष्ठ उप निरीक्षक रामनगर से थानाध्यक्ष तल्लीताल बनाया गया है।

विजय नेगी को पुलिस लाइन से थानाध्यक्ष बेतालघाट तैनात किया गया है।

विमल मिश्रा को थानाध्यक्ष भीमताल से थानाध्यक्ष काठगोदाम,

संजीत राठौड़ को प्रभारी SOG से थानाध्यक्ष भीमताल,

पंकज जोशी को काठगोदाम से व0उ0नि0 कालाढूंगी,

विजय कुमार को धानाचुली चौकी प्रभारी से राजपुर चौकी प्रभारी (थाना हल्द्वानी) बनाया गया है।

इसके अलावा हरजीत सिंह, मनोज सिंह, नरेंद्र कुमार, हर्ष बहादुर पाल, रमेश चंद्र पंत, मोहन सिंह सोन, देवेंद्र सिंह राणा, नीरज कुमार, सुनील गोस्वामी, सुशील जोशी, फिरोज आलम, भुवन सिंह राणा, रविंद्र सिंह राणा, राजवीर सिंह नेगी, प्रवीण कुमार और निधि शर्मा के भी तबादले किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल कार्यप्रणाली में तेजी लाने और प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया है।

कांग्रेस की सरकार के लिए हरीश–गणेश–करन के पैर छूने को तैयार हरक

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार लाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के पैर भी छू सकते हैं। हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 में प्रदेश में सत्ता वापसी करना है और इसके लिए हर नेता और कार्यकर्ता को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर काम करना होगा। उन्होंने पार्टी एकता पर जोर देते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर सभी नेताओं को जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस ही उसका विकल्प है।

पौड़ी में गुलदार का आतंक, टेंट फाड़कर सो रहे मासूम पर हमला

पौड़ी। जनपद पौड़ी में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार देर रात सतपुली मल्ली में गुलदार ने टेंट के अंदर सो रहे सात वर्षीय बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। गुलदार ने टेंट फाड़कर भीतर सो रहे सूरज सिंह (7) पुत्र तिलक सिंह, मूल निवासी नेपाल पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा लहूलुहान हो गया और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ देख गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल सूरज को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के हाथ पर गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। क्षेत्र में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने बताया कि इलाके में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए गश्त तेज कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

चिन्यालीसौड़ व गौचर हवाई पट्टियों का संचालन वायुसेना करेगी, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का होगा विस्तार

देहरादून। प्रदेश सरकार सीमांत जनपदों में हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) हवाई पट्टियों के संचालन की जिम्मेदारी इंडियन एयरफोर्स को सौंपने का निर्णय लिया गया है। वहीं पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के हवाले किया जाएगा। सरकार और एएआई के बीच इसके लिए एमओयू पर सहमति बन चुकी है। पिथौरागढ़ एयरपोर्ट पर बढ़ती हवाई सेवाओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सरकार यहां विस्तार कार्य भी करने जा रही है। एयरपोर्ट विस्तार पर लगभग 450 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गुंजी से आदि कैलाश क्षेत्र में हवाई सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी है। यहां एक किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें तकनीकी सहयोग वायुसेना द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि सीमांत जिलों में हवाई सेवाओं का विस्तार जहां स्थानीय निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा देगा, वहीं सामरिक दृष्टि से भी यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

पूजा के लिए पीरियड रोकने की खाई गोली, 18 साल की युवती की मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 18 साल की एक युवती की हार्मोनल दवाइयां खाने के बाद मौत हो गई। दरअसल घर में पूजा होने के कारण युवती ने पीरियड रोकने के लिए गोलियां ली थीं। लेकिन इन दवाओं के दुष्प्रभाव से उसे डीप वेन थ्रोम्बोसिस (Deep Vein Thrombosis) नामक गंभीर बीमारी हो गई, जिसने उसकी जान ले ली।

वैस्कुलर सर्जन डॉ. विवेकानंद ने अपने पॉडकास्ट रीबूटिंग द ब्रेन में इस मामले का खुलासा किया। डॉक्टर के मुताबिक, युवती अपने दोस्तों के साथ क्लिनिक पहुंची थी। उसके पैर और जांघ में दर्द व सूजन थी और वह काफी बेचैन थी। जांच में पता चला कि उसकी नसों में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन गया था, जो नाभि तक फैल चुका था।

डॉ. विवेकानंद ने पिता को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने अगले दिन बेटी को मां के साथ लाने की बात कहकर मना कर दिया। दुर्भाग्यवश उसी रात दो बजे युवती को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहां उसकी सांसें रुकी हुई थीं। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

क्या है डीप वेन थ्रोम्बोसिस?
डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) एक खतरनाक स्थिति है जिसमें शरीर की गहरी नसों, खासकर पैरों में, खून का थक्का बनने लगता है। अगर यह थक्का टूटकर फेफड़ों या दिल तक पहुंच जाए तो यह जानलेवा साबित हो सकता है।

चेतावनी
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बिना विशेषज्ञ की राय लिए किसी भी तरह की हार्मोनल दवा का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है। छोटी-सी लापरवाही बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।

एक सितंबर से डाकघरों में बंद होगी रजिस्ट्री सेवा

हल्द्वानी। डाक विभाग ने एक बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अगले माह एक सितंबर से देशभर के डाकघरों में रजिस्ट्री सेवा बंद कर दी जाएगी। इसके बाद उपभोक्ता अपनी चिट्ठी, दस्तावेज और पार्सल केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही भेज पाएंगे। डाक विभाग के अनुसार रजिस्ट्री सेवा के कारण स्पीड पोस्ट का उपयोग अपेक्षाकृत कम हो रहा था, जिससे विभाग को राजस्व की लगातार हानि हो रही है। इसी वजह से अब दोनों सेवाओं को अलग-अलग संचालित करने की बजाय केवल स्पीड पोस्ट को ही जारी रखने का निर्णय लिया गया है। विभाग का मानना है कि इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और कर्मचारियों का फोकस एक ही सेवा पर केंद्रित रहेगा। बता दें कि 80 और 90 के दशक में रजिस्ट्री पत्राचार डाकघरों की प्रमुख सेवा हुआ करती थी। रजिस्टर्ड चिट्ठी भेजने के लिए अलग से काउंटर भी होते थे और पत्र पहुंचने के बाद प्राप्तकर्ता से पावती मिलती थी। उपभोक्ताओं के बीच इसे डाकघर की प्रीमियम सेवा माना जाता था। इस संबंध में महानिदेशक स्तर से पत्र जारी हो चुका है और नैनीताल मंडल के 285 डाकघरों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर गौरव जोशी ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए स्पीड पोस्ट सेवा को और सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

27 अगस्त को मनाई जाएगी गणेश चतुर्थी, जानें शुभ मुहूर्त

हल्द्वानी: भादो शुक्ल चतुर्थी से शुरू होकर चतुर्दशी तक चलने वाला गणेश महोत्सव इस वर्ष 27 अगस्त से 6 सितंबर तक मनाया जाएगा। शास्त्री गोपाल दत्त भट्ट के अनुसार, गणेश चतुर्थी की तिथि 26 अगस्त दोपहर 1:54 बजे से शुरू होकर 27 अगस्त दोपहर 3:44 बजे तक रहेगी। उदिया तिथि के कारण गणेश चतुर्थी 27 अगस्त को ही मनाई जाएगी। गणपति स्थापना का शुभ मुहूर्त 27 अगस्त को सुबह 11:05 बजे से दोपहर 1:40 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि गणेश जी की मूर्तियों का अलग-अलग महत्व होता है। पीले और लाल रंग की प्रतिमा की पूजा शुभ मानी जाती है। हल्दी से बनी मूर्ति हरिद्रा गणपति कहलाती है, जो विशेष मनोकामनाओं के लिए पूजनीय है। सफेद गणपति ऋणमोचन कहलाते हैं और इनकी पूजा से कर्ज मुक्ति होती है। वहीं रक्तवर्ण, चार भुजाधारी गणपति संकष्टहरण के रूप में संकटों का नाश करते हैं। घरों में पीले या रक्तवर्ण की मध्यम आकार की मूर्ति स्थापित करनी चाहिए। पूजन विधि के बारे में शास्त्री भट्ट ने बताया कि घर के उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा में चौकी रखकर उस पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं और स्वस्तिक बनाकर मूर्ति स्थापित करें। स्थापना से पूर्व मूर्ति को पंचामृत से स्नान कराएं और ॐ गं गणपतये नमः मंत्र का जाप करें। दूर्वा, फल, फूल, मोदक अर्पित करने के बाद आरती करें। पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम गणपति की पूजा व आरती करनी चाहिए और सात्विकता का पालन करना चाहिए। अनंत चतुर्दशी के दिन उपवास रखकर गणेश विसर्जन किया जा सकता है।

प्रेमी बना दरिंदा, दोस्तों संग मिलकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म


हरिद्वार: पिरान कलियर क्षेत्र में एक महिला से उसके प्रेमी और उसके दोस्तों द्वारा सामूहिक रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के छह घंटे के अंदर ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला सिडकुल की एक फैक्ट्री में कर्मचारी है, जिसका भगवानपुर थाना क्षेत्र के निवासी अनीश अहमद से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा है। बताया गया कि शनिवार देर शाम अनीश ने महिला को मिलने के लिए क्षेत्र के ही एक स्कूल में बुलाया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूल जाने से पहले अनीश शराब लेने के लिए सोहलपुर ठेके पर रुका था जहां उसे उसका दोस्त हिमांशु मिला। दोनों के बीच कुछ बात होने के बाद शराब खरीदने के बाद कुछ जरूरी काम बताकर हिमांशु भी उनके साथ स्कूल में पहुंच गया। पीड़िता के अनुसार, स्कूल में पहले से ही तीन लोग मौजूद मिले।


आरोप है कि अनीश और उसके दोस्तों ने जमकर शराब पी और जबरन उसे भी शराब पिलायी और फिर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। उसके बाद उसे स्कूल में ही बदहवास छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने इसकी सूचना रात करीब 2:48 बजे पुलिस को दी। थानाध्यक्ष पीरान कलियर रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़िता को रेस्क्यू कर मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। पीड़िता की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा में अभियोग दर्ज कर नामजद आरोपी अनीश अहमद, हिमांशु, रजत और नीरज निवासी पीरान कलियरv को गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी थाली सजाती रही, कमरे में पति ने खुद को गोली मार ली

हल्द्वानी। टीपीनगर चौकी क्षेत्र के गन्ना सेंटर इलाके में दोपहर दिल-दहला देने वाली घटना घटी। पत्नी, पति के लिए थाली में खाना परोस रही थी कि तभी कमरे से गोली चलने आवाज आई। पत्नी अंदर पहुंची तो कमरे की दर-ओ-दीवार खून से रंगी पड़ी थी और जमीन पर पति की लहूलुहान लाश पड़ी थी। यह देख वह चीख पड़ी और कुछ ही देर में पूरा गांव वहां जमा हो गया। पुलिस के आलाधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान कर कई तथ्यों पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल से वो 12 बोर का वो अवैध असलहा (बंदूक) बरामद की है, जिससे गोली चली है।


मूलरूप से गंगोलीहाट पिथौरागढ़ निवासी कुंदन सिंह बोरा (64 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह कोतवाली क्षेत्र के हरिपुर लालमणि निवाड़ में पत्नी हीरा देवी, तीन बेटे जगदीश, तारा और लक्ष्मण के साथ रहते थे। पड़ोस में कुंदन के भाई मोती सिंह बोरा का घर है। जबकि कुछ ही दूरी पर उनके अन्य दो भाई होशियार और मनोहर रहते हैं। परिजनों के मुताबिक गांव में नई इलेक्ट्रिक बंचिंग लाइन पड़ रही है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कुंदन लाइन बिछा रहे लोगों से बात कर रहे थे। पूछ रहे थे कि मीटर में यह लाइन कैसे जुड़ेगी। तभी पत्नी हीरा ने खाना खाने के लिए आवाज लगाई। उन्होंने दाल-भात पकाया था।
इधर, हीरा थाली में खाना परोस रहीं थी और उधर, कुंदन अपने कमरे में चले गए। हीरा थाली लेकर पति कुंदन के पास पहुंचती, इससे पहले ही उन्हें कमरे से गोली चलने की आवाज आई। वह थाली छोड़ कर कमरे की ओर दौड़ीं तो चीख पड़ीं। जमीन पर कुंदन की लाश पड़ी थी। सिर का आधा हिस्सा गायब था, फर्श, दीवार और कमरे की छत खून से सनी थी। हीरा की चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाला कुंदन के भाई का परिवार और सामने रहने वाले तीनों बेटों के परिवार दौड़ पड़े। कमरे का नजारा जिसने भी देखा वह उल्टे पांव भागा।


आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी नितिन लोहनी, कोतवाल राजेश कुमार यादव, टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज यादव और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। बावजूद इसके विभिन्न पहलुओं पर जांच की रही है। घटना स्थल से 12 बोर का अवैध असलहा बरामद किया गया है, साथ ही एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस भी मिला है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com