
हल्द्वानी। शहर में गुरुवार सुबह बीएलएम एकेडमी की एक निजी स्कूल बस गोरापड़ाव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 24 से अधिक बच्चे सवार थे, इनमें से 12 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए।घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद को दौड़े और उन्होंने बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को खतरे से बाहर बताया गया है। बस के परिचालक का पैर फ्रैक्चर हुआ है। स्कूल प्रबंधन हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया और बच्चों के परिजनों को सूचित किया गया। बताया जा रहा है कि बस विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर पलट गई। गनीमत रही कि बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और ट्रैफिक अनुशासन पर गंभीर सवाल जरूर खड़े करती है।
परिवहन विभाग की ओर से जांच की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें। आरटीओ प्रवर्तन गुरदेव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि सामने से गलत दिशा में आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। बताया कि वाहन की फिटनेस सहित सभी जरूरी दस्तावेज वैध हैं।

नैनीताल । मल्लीताल के मोहनको चौराहे में बुधवार देर रात्रि एक भवन के प्रथम तल में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया देर रात दमकल की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास करती रही। जानकारी के अनुसार रात्रि दस बजे घर के अंदर से अचानक धमाका हुआ और धुएं के साथ आग लग गई। पल भर में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घर के अंदर फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और रेस्क्यू अभियान जारी है। घर में एक महिला के फंसे होने की भी सूचना है। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली करा दिया है। साथ ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी गई है।

हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज मंगलवार को छात्र राजनीति के चलते अखाड़ा बन गया, जब छात्रसंघ चुनाव को लेकर दो छात्र गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने कॉलेज परिसर को जंग का मैदान बना दिया। पहले नैनीताल रोड पर जमकर मारपीट हुई, उसके बाद कॉलेज कैंपस के भीतर भी गुंडागर्दी का नजारा देखने को मिला। इस दौरान अराजक तत्वों ने छात्र नेताओं को पीटा जिस दौरान एक छात्र के कपड़े फट गए। करीब दो घंटे तक कॉलेज परिसर में अफरातफरी और अराजकता का माहौल बना रहा। स्थिति पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने छात्र नेताओं पर हल्का बल का प्रयोग किया। छात्र नेताओं के बीच पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा तनाव मंगलवार को खुले टकराव में तब्दील हो गया। हंगामे की सूचना पर भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने कहा कि आज बुधवार से कॉलेज परिसर में पुलिस की टीम नियमित निगरानी करेगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इधर, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि कॉलेज का माहौल बाहरी छात्रों की ओर से खराब किया जा रहा है। उन्होंने अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। भविष्य में इस तरह की घटना होने पर कॉलेज प्रशासन छात्रों की पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा। यह घटना सिर्फ एक कॉलेज की नहीं, बल्कि युवा राजनीति की बिगड़ती दिशा की तस्वीर है।
एमबीपीजी कॉलेज में बुधवार से छात्रों की सख्त जांच शुरू की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला किया है। चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट ने बताया कि 32 सदस्यीय प्राध्यापक टीम कॉलेज के विभिन्न स्थानों पर छात्रों की जांच करेगी। इसके साथ ही 1 सितंबर से बिना वैध आईडी कार्ड के किसी भी छात्र को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मिल थे।

हल्द्वानी। कॉलटैक्स क्षेत्र के पास मंगलवार दोपहर एक युवक नहर में जा गिरा। सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कांठ मुरादाबाद निवासी 30 वर्षीय रवि कुमार उर्फ मोनू बीते कुछ समय से इंद्रानगर, काठगोदाम में अपनी बहन मंजू लता और जीजा प्रदीप के साथ रह रहा था। परिवार के अनुसार, मोनू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों ने कॉलटैक्स के पास युवक के नहर में गिरने की सूचना पुलिस को दी। मौके से मोनू की चप्पल बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है।

हल्द्वानी: जयपुर पाडली गांव में ग्राम प्रधान हेमू पडलिया के सौजन्य से मंगलवार को निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 110 ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच कराई और स्वास्थ्य लाभ लिया। जांच के दौरान 10 से अधिक ग्रामीणों में मोतियाबिंद और नखूना जैसी आंखों की गंभीर समस्याएं पाई गईं, जिनका निशुल्क ऑपरेशन कराया गया। ग्राम प्रधान हेमू पडलिया ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए समस्त ग्रामवासियों और ज्योति नेत्रालय हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

हल्द्वानी। पुलिस ने चरस की तस्करी कर रहे एक युवक को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी चौकी टीपी नगर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 25 अगस्त को उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को रोका। उसकी स्कूटी की डिग्गी से 497 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान प्रकाश सिंह नैनवाल पुत्र महेंद्र सिंह नैनवाल निवासी धौलखेड़ा, बरेली रोड हल्द्वानी, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में NDPS अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी टीम –

देहरादून। राजधानी में सोमवार सुबह रेबीज का एक दर्दनाक मामला सामने आया। कुत्ते के काटने के छह महीने बाद एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को पहले दून अस्पताल लाया गया, जहां रेबीज के गंभीर लक्षण दिखने के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बावजूद हालत बिगड़ती गई और परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, लेकिन सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मरीज को पानी और उजाले से डर लगना, मुंह से लगातार लार गिरना और तीव्र आक्रामकता जैसे लक्षण थे, जो रेबीज के गंभीर चरण को दर्शाते हैं। मृतक की मां शशि शर्मा ने बताया कि छह महीने पहले युवक को कुत्ते ने काटा था, लेकिन उसने एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई थी। यही लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ गई। डॉ. बिष्ट ने कहा कि रेबीज का कोई इलाज नहीं है। अगर कोई व्यक्ति इसकी चपेट में आ जाए तो उसे बचाना असंभव हो जाता है। ऐसे में समय पर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना ही बचाव का एकमात्र उपाय है।

हल्द्वानी। महापौर गजराज बिष्ट ने मंगलवार को वार्ड नंबर 7 से पर्यावरण मित्रों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक मशीन की व्यवस्था की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य पारदर्शिता लाना और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। महापौर ने बताया कि पार्षदों और जनता द्वारा लगातार यह शिकायत सामने आती रही है कि कई वार्डों में पर्यावरण मित्र नियमित रूप से कार्य नहीं करते और अनुपस्थित रहते हैं, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में सभी 60 वार्डों में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जा रही हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में भूतपूर्व एमएलसी एवं पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका नवीन तिवारी, पार्षद सचिन तिवारी, नगर आयुक्त रिचा सिंह, लेखाकार गणेश भट्ट, डॉ. जितेश, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा ज़िले के दुगालखोला क्षेत्र के मयंक लोहनी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ा मुकाम हासिल किया है। हाल ही में घोषित एसएससी (एनसीसी) स्पेशल एंट्री-58 (पुरुष) कोर्स (अक्टूबर 2025) की मेरिट सूची में मयंक ने ऑल इंडिया रैंक 3 प्राप्त कर अल्मोड़ा सहित पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। इस प्रवेश योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद मयंक भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होंगे। मयंक की प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा में हुई, जहाँ उन्होंने कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा से बी.एससी. की डिग्री प्राप्त की। मयंक के पिता नीरज लोहनी स्वयं भारतीय सेना में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं, जबकि माता चंचल लोहनी ने बेटे की इस सफलता पर गर्व जताया। मयंक मूलतः ग्राम खडकुना के निवासी हैं। उनके ताऊजी शास्त्री गिरीश चन्द्र लोहनी पं. गोवर्धन शर्मा इंटर कॉलेज में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। मयंक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे परिवार, क्षेत्रवासियों और जनपद में हर्ष की लहर है।

हल्द्वानी। देर रात रामपुर रोड बेल बाबा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग अपनी बहन से मिलने रुद्रपुर गए थे। देर रात लौटते समय उनकी ऑल्टो कार और स्कॉर्पियो में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हाफिज शाजिद, शाहजहां और अफसरी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में जाहिद और मुस्कान शामिल हैं। सभी मृतक और घायल हल्द्वानी के बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 और 18 के रहने वाले हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से जोरदार टक्कर मारी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। रात करीब दो बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली। पुलिस और स्थानीय लोग घायलों व मृतकों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे।फिलहाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।