हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गर्दन के दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला की मौत, मालिश के बाद गर्दन हिलाने का आरोप। -कालाढूंगी रोड पर संदिग्ध हालात में गई जान, स्वास्थ्य विभाग ने कथित झोलाछाप की दुकान का किया निरीक्षण; दुकान मिली बंद।

हल्द्वानी समाचार : गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति पर मालिश करने के बाद महिला की गर्दन जोर से हिलाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर महिला को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ब्रॉड डेड (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया। महिला की मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में काफी समय से दर्द था। करीब चार-पांच महीने से उसका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार शनिवार को परिचितों की सलाह पर वे मीनाक्षी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर गए थे। आरोप है कि वहां मालिश करने के बाद व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार दुकान पर कथित रूप से उपचार किया जाता था। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस अस्पताल पहुंची और मृतका मीनाक्षी से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी जुटाई। अस्पताल की ओर से बताया गया कि महिला को ब्रॉट डेड अवस्था में लाया गया था। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा है। पुलिस भी परिजनों से घटना की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार महिला की मौत का कारण जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com