हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

कम उम्र के बच्चों को दाखिला देने वाले स्कूल चिन्हित, मान्यता होगी निरस्त

हल्द्वानी : प्रदेश में कक्षा एक में प्रवेश के लिए शासन की ओर से न्यूनतम आयु सीमा 6 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें यह जरूरी है कि बच्चा शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से पूर्व 5 वर्ष 12 महीने यानी 6 वर्ष का हो चुका हो। बावजूद इसके शिक्षा विभाग को जानकारी मिली है कि कुछ स्कूल इस नियम का उल्लंघन कर कम उम्र के बच्चों को प्रवेश दे रहे हैं। अब ऐसे स्कूलों को विभाग की ओर से चिन्हित किया जा रहा है। इसके लिए सभी जनपदों की ओर से चिन्हीकरण के बाद इस तरह के स्कूलों की रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जाएगी, जिसके बाद निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग की इस सख्ती से उन स्कूलों में हडकंप मच गया है, जो मानकों की अनदेखी कर प्रवेश दे रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही का संज्ञान लेते हुए विभागीय सचिव रविनाथ रामन ने समस्त जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे स्कूलों को चिन्हित कर उनकी मान्यता निरस्त करने के लिए रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाए। शिक्षा सचिव ने साफ कहा है कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभिन्न कक्षाओं के लिए निर्धारित आयु सीमा

पूर्व प्राथमिक-1 नर्सरी 3 साल पूर्ण यानी 2 साल 12 माह की अवधि पूरी
पूर्व प्राथमिक-2 नर्सरी 4 साल पूरे यानी 3 साल 12 माह की अवधि पूरी
पूर्व प्राथमिक-3 नर्सरी 5 साल पूरे यानी 4 साल 12 माह की अवधि पूरी
कक्षा-1 6 साल पूरे यानी 5 साल 12 माह की अवधि पूरी

खेत-खलिहान की सब्ज़ी नहीं, मौत का निवाला है जंगली मशरूम

हल्द्वानी: जानकारी के अभाव जंगली मशरूम जान ले रहा है और ये बेहद कम लोग जानते हैं कि दुनिया भर में पैदा होने वाले मशरूम की प्रजातियों में सिर्फ 18 फीसद ही खाने लायक होती है। ऐसे में जंगल में पैदा होने वाला मशरूम न ही खाया जाए तो बेहतर है। पुलिस ने भी अब लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठा लिया है। आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने पहाड़ी जिलों में गांव-गांव में मुनादी शुरू करा दी है।

कुमाऊं में बीते कुछ माह के भीतर जंगली मशरूम और लिंगुड़ा खाने के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग बीमार भी हुए हैं। जंगली मशरूम के सेवन से पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी निवासी लोकगायक गणेश मर्तोलिया की सगी बहन और नानी की मौत हो गई थी। रानीखेत में एक महिला की जहरीले लिंगुड़ा के सेवन मौत हुई थी। बागेश्वर में भी जंगली मशरूम के सेवन से बीते दिनों दो लोग बीमार हुए और अस्पताल में भर्ती हुए। जंगली सब्जियों के सेवन से लगातार हो रही घटनाओं को देख पुलिस ने लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। विशेष रूप से पहाड़ी जिलों में पुलिस ने गांव-गांव जाकर मुनादी अभियान शुरू किया है। इसके तहत पुलिस कर्मी लोगों से जंगली मशरूम और लिंगुड़ा के सेवन से बचने की अपील कर रहे हैं। आईजी कुमाऊं ने इसको लेकर सभी कप्तानों को निर्देश दिए हैं। विभिन्न रिसर्च पेपर्स में प्रकाशित शोध के अध्ययन में पाया है कि विश्वभर में पाए जाने वाले मशरूम में से केवल 18 फीसदी प्रजाति ही खाने योग्य होती हैं।

जहरीले मशरूम में अक्सर गहरे रंग के गिल्स होते हैं, जो छूने पर जल्दी काले पड़ जाते हैं। कुछ जहरीले मशरूमों में दूधिया रस निकलता है, जो कड़वा या जलन पैदा करने वाला होता है। कुछ जहरीले मशरूम चमकीले रंग के होते हैं, जैसे कि लाल, नारंगी, पीले और कुछ में सफेद या चमकदार धब्बे हो सकते हैं।

अपराध रोकने के साथ ही पुलिस की जिम्मेदारी गांव में बढ़ गई है। मानसून सीजन में जंगली मशरूम और लिंगुड़ा काफी मात्रा में हो रहा है। इसके सेवन से लोगों की मौत के मामले भी सामने आए हैं। लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए मुनादी कराई जा रही है। रिद्धिम अग्रवाल, आईजी कुमाऊं।

फर्जी ट्रस्ट और शेयर कम्पनी बनाकर 44.50 लाख की साइबर ठगी

देहरादून। एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी ट्रस्ट और शेयर ट्रेडिंग कम्पनी के नाम पर देहरादून निवासी वरिष्ठ नागरिक से 44.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय त्रिपाठी निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम एप पर बैंक खातों और पैसों के लेन-देन से संबंधित संदिग्ध चैट मिली हैं। जांच में उसके तार कंबोडिया और थाईलैंड स्थित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह से जुड़े पाए गए हैं। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी अजय त्रिपाठी के खिलाफ हैदराबाद और उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

पीएम मोदी को अपशब्द करने वालों पर मुकदमा

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को अपशब्द कहने वाले कांग्रेस नेताओं पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत मंच पर उपस्थित नेताओं पर सख्त धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक के नेतृत्व में पार्टी महिला कार्यकर्ताओं ने एसएसपी अजय सिंह से मिलकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 28 अगस्त को बिहार के दरभंगा जिले के अंतरबेल में कांग्रेस की वोट अधिकार रैली के दौरान, आयोजित कार्यक्रम में मंच से प्रधानमंत्री और उनकी माता के प्रति अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया। इस दौरान मंच से ‘नौशाद’ नाम बोलते हुए किसी की आवाज आ रही थी, जो यूथ कांग्रेस का नेता है। उसी मंच से पीएम मोदी के लिए अपशब्द कहे गए। पहले भी कितनी बार राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए तू-तड़ाक वाली भाषा उपयोग किया है लेकिन मोहम्मद नौशाद के सहयोगी और समर्थकों का मंच के माइक पर पीएम मोदी को माता के प्रति अपशब्द कहना और उस पर आधारित नारे लगवाना अभद्रता की पराकाष्ठा है।

सलड़ी में भूस्खलन, हल्द्वानी-भीमताल मार्ग बंद

हल्द्वानी। शनिवार सुबह हल्द्वानी-भीमताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सलड़ी के पास भारी भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा आ गया। मलबा गिरने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। तब तक यातायात को वाया ज्योलीकोट होते हुए भीमताल व अल्मोड़ा की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षित मार्गों का ही प्रयोग करें और धैर्य बनाए रखें। साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से गुजरते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लापरवाही पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सैल की पूरी टीम लाइन हाजिर!

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सैल की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने सैल के पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर सख्त संदेश दिया है कि जिम्मेदारियों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सूत्रों के अनुसार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सैल को बच्चों की रिकवरी, भिक्षावृत्ति और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए बार-बार निर्देश दिए जा रहे थे। लेकिन टीम की ओर से अपेक्षित कार्यवाही न होने और मामलों में बढ़ती लापरवाही ने एसएसपी को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।आज 29 अगस्त 2025 को उ0नि0 मंजू ज्याला, हे0का0 गीता कोठारी, म0का0 दीपा सिंह, का0 महेंद्र सिंह, का0 मनोज यादव और म0का0 इंद्रा जोशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी मीणा ने साफ कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मौत के बाद बजे फोन ने खोला पत्नी की दूसरी शादी का राज

हल्द्वानी। एक युवक को कुछ लोग हल्द्वानी स्थित डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करा गए और उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। मौत के बाद उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया, जिसने बताया कि वह मृतक की पत्नी थी, लेकिन अब उसने दूसरी शादी कर ली है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता के मुताबिक, बीते बुधवार को कुछ लोग एक युवक को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे थे। उसकी हालत नाजुक थी, जिस पर चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।

हालांकि बुधवार देर शाम की युवक की मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल में उसे भर्ती कराने वालों की खोज शुरू हुई तो पता लगा कि उसके साथ कोई नहीं है। मरने वाले के पास एक मोबाइल फोन था। मौत के कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन बजा। फोन उठाया गया तो महिला की आवाज सुनाई दी। महिला ने बताया कि मरने वाला उसका पति था। लेकिन अब वह दूसरी शादी कर चुकी है। उक्त महिला के बताने पर ही मृतक की शिनाख्त पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी प्रेम शंकर (34 वर्ष) के रूप में हुई। जिसके बाद परिजनों ने प्रेम के परिजनों से संपर्क साधा। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

हल्द्वानी-भीमताल-कैंचीधाम मार्ग ट्रैफिक के लिए खुला, नया पुल अभी बंद

हल्द्वानी। रानीबाग के पास भूस्खलन से बंद हुआ हल्द्वानी-भीमताल-कैंचीधाम मार्ग अब ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, नया पुल अभी भी यातायात के लिए बंद रखा गया है, क्योंकि लैंडस्लाइड का मलबा इसी पुल के मुहाने पर जमा है।कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने ताज़ा जानकारी देते हुए बताया कि एहतियातन नया पुल फिलहाल बंद है, जबकि उसके बगल में मौजूद पुराने पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। मलबा हटाने का काम जारी है और संभावना है कि दोपहर बाद नया पुल भी ट्रैफिक के लिए सुचारु कर दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतते हुए मार्ग का उपयोग करें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।

भीमताल मार्ग पर मलबा आने से यातायात बंद, पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की

भीमताल। काठगोदाम-रानीबाग-भीमताल मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को भीमताल पुल के पास अचानक मलबा आ जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि फिलहाल वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, ताकि जाम और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।अधिकारियों के अनुसार मार्ग को शीघ्र सुचारु करने का प्रयास जारी है, लेकिन जब तक मलबा पूरी तरह नहीं हट जाता, तब तक यातायात डायवर्ट रहेगा। प्रशासन ने लोगों से धैर्य और सहयोग की अपील की है।

छात्र संघ का पूर्व उप सचिव बना विवादों का पर्याय, अब तिरंगे के अपमान का केस दर्ज

हल्द्वानी। साइबर क्राइम में फंस चुके छात्र संघ के पूर्व उप सचिव करन अरोरा की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। उन पर भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का आरोप लगा है। उन पर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के साथ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप है। छात्र संघ चुनाव के दौरान हमेशा विवादों में रहने वाले करन अरोरा समेत पुलिस ने उसके चार साथियों के खिलाफ नामजद और करीब 70 अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज किया है। ये घटना 15 अगस्त की है।

कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में यातायात सेल के एएसआई प्रदीप सिंह राणा ने लिखा बीती 15 अगस्त को उनकी ड्यूटी सिटी चौराहे पर थे और उनके साथ सीटी सुखदेव, होमगार्ड निर्मला, एएसआई सुरेश पाठक और प्रकाश नगरकोटी ड्यूटी पर थे। उनका कहना है कि यातायात ड्यूटी के दौरान दोपहर करीब 3 बजे नैनीताल रोड से झंडा रैली को निकाली जा रही थी। तभी रामपुर रोड की ओर से जुलूस की शक्ल में लगभग 60-70 लोग अपनी-अपनी गाड़ियों में बोनट, छत व खिड़कियों में बैठकर शोरगुल अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए आ रहे थे। उनकी इस हरकत के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। जब एएसआई प्रदीप सिंह राणा ने अपने साथियों की मदद से उक्त लोगों को रोकने का प्रयास किया तो वह लोग पत्थरबाजी करने लगे। इससे राजकार्य में बांधा पहुंची और उक्त लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को भी रोड पर गिराकर अपमानित किया। एएसआई के मुताबिक, जुलूस के बारे में पूछने पर पता चला कि जुलूस का संचालनकर्ता करन अरोरा, अमन गुप्ता, शुभम गोस्वामी, हर्षित जोशी सहित 60-70 अज्ञात लोग थे। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2, बीएनएस की धारा 125, 126(2), 221, 351(2), 351(3) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धर-पकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।

बनभूलपुरा थाना में बीते मई माह में नोएडा पुलिस पहुंची थी। मामला साइबर क्राइम से जुड़ा था। इस मामले में करन अरोरा समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। साइबर क्राइम से जुड़े इस मामले का मास्टर माइंड करन अरोरा और इसके दुबई में बैठे भाई को बताया गया। मामले में सावित्री कालोनी मंगलपड़ाव निवासी रमेश चंद्र पुत्र स्व.देवीदत्त ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उसके पुराने दोस्त साजिद ने उससे कहा कि वह क्रिप्टो करेंसी में काम करता है और अगर वह भी खाता खोले तो अच्छा मुनाफा होगा। साजिद और उसके दोस्त अनस मलिक ने उद्यम विभाग में आरसी इंटर प्राइजेज के नाम से रमेश का पंजीकरण करा कर करंट एकाउंट खुलवा दिया और खाते का संचालन अपने हाथ में ले लिया। साथ ही बताया कि वह लोग करन अरोरा और उसके भाई प्रियांशु ठाकुर, मोनिस व नितिन अटवाल के साथ मिलकर क्रिप्टो करेंसी का काम करते हैं। मामले में पहली कार्रवाई नोएडा पुलिस ने की और बनभूलपुरा पहुंची। ये प्रकरण तब सामने आया जब पता लगा कि 8 से 10 दिनों के भीतर रमेश के करंट एकाउंट में एक करोड़ 20 लाख रुपए जमा हो चुके है, जो विभिन्न खातों से आए थे। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) व 61(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com