हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

राम भरोसे वार्डों की सफाई व्यवस्था, सफाई नायकों की मिलीभगत से सफाई कर्मी काटते हैं मौज।

हल्द्वानी। नगर निगम के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जरूरत से ज्यादा सफाई कर्मी तैनात होने के बावजूद सफाई नहीं हो रही है। कई वार्डों में सफाई नायक की मिलीभगत से आधे से भी कम कर्मचारी काम पर पहुंचते हैं, जबकि बाकी की फर्जी उपस्थिति दर्ज कर दी जाती है। कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक सालों से एक ही वार्ड में जमे हुए हैं। सितंबर में करीब 250 सफाई कर्मियों का तबादला किया गया था, लेकिन कई अब तक नए वार्ड में नहीं पहुंचे। ट्रांसफर आदेश रुकवाने के लिए कई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। वार्ड 8 में कार्यरत एक महिला सफाई कर्मी ने सफाई नायक के बेटे पर अभद्रता का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वार्ड में 28 कर्मचारियों में से केवल 10-11 ही रोजाना काम पर आते हैं। लेकिन सफाई नायक का पुत्र जो कि सफाई कर्मचारी के तोर पर कार्यरत है लेकिन सफाई के कार्य से इतर सफाई नायक कार्य करता है जिसकी जानकारी सफाई निरीक्षक के साथ साथ साथ ही वार्ड वासी इसकी पुष्टि करते है वहीं वार्ड 60 के एक कर्मी का मामला भी चर्चा में है, जो 10 दिनों से ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। अब देखना होगा कि वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के संज्ञान में मामला होने पर क्या कार्रवाई होती है। जनता का कहना है कि उन्होंने महापौर और पार्षदों को चुना है ताकि वार्डों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो। लेकिन वे भी अब निष्क्रिय नजर आ रहे हैं। यदि नगर निगम जमे हुए निरीक्षकों और नायकों के स्थानांतरण पर अमल नहीं करता, तो सफाई व्यवस्था सुधारना मुुश्किल होगा। इधर, नगर आयुक्त परितोष वर्मा का कहना है कि शीघ्र ही शहर की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की ड्यूटी को लेकर बैठक की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वह स्वयं वार्डों में जाकर निरीक्षण करेंगे और कार्य नही करने वाले कर्मचारी की सेवा समाप्त की जाएगी।

नहर में मिला राजमिस्त्री का शव, कल से ढूंढ रही थी पुलिस।

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में राजमिस्त्री की नहर में बहकर मौत हो गई। 40 वर्षों से राजमिस्त्री का काम कर रहे बेचेलाल कल दोपहर कालटेक्स के पास सिंचाई नहर में गिर गए थे। पुलिस और जल पुलिस की टीम कल से ही उनकी तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। आज सुबह मुखानी चौराहे पर मंदिर के नीचे नहर में उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक, बेचेलाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से हल्द्वानी में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। कल दोपहर वे कालटेक्स के पास बाथरूम करने नहर किनारे गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिरकर बह गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

राज्य स्थापना दिवस से पहले विधायक सुमित ने उठाए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल।

हल्द्वानी। कांग्रेस के हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश ने राज्य स्थापना की रजत जयंती से पहले सरकार की कार्यशाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमारा राज्य 25 साल का हो गया है। लेकिन अब तक हम मूलभूत सुविधाओं से वंचित है पहाड़ में गांव के गांव खाली हो रहे हैं पलायन लगातार जारी है। इस पर सरकार का कोई ध्यान नहीं प्रदेश में आम आदमी आज पूरी तरह परेशान है। बेतहाशा बढ़े हुए सर्किल रेट ने आम आदमी का शहरों में जमीन लेने का सपना चकनाचूर कर दिया है, इसके साथ ही रोजगार देने की बात करने वाली सरकार ने गौला खनन को भी निजी हाथों में दे दिया है आज राज्य के अंदर केवल बाहर की कंपनियां काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी तीन और चार नवंबर को होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस कई महत्वपूर्ण सवाल सदन में उठाएगी।

बागजाला में ग्रामीणों का संघर्ष 76वें दिन भी जारी, सरकार पर जनविरोधी नीतियों के आरोप।

हल्द्वानी। बागजाला के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना 76वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने सरकार से जहां काबिज हैं वहीं मालिकाना हक देने, बागजाला को राजस्व गांव घोषित करने, नए निर्माण व बिजली कनेक्शन पर लगी रोक हटाने जैसी आठ प्रमुख मांगों पर अडिग रहते हुए आंदोलन जारी रखा। धरने को संबोधित करते हुए मोहम्मद सुलेमान ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियां गरीबों के आशियाने उजाड़ रही हैं, इसलिए सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। वहीं, महिला संगठन एपवा की नेता विमला रौथाण ने कहा कि भाजपा सरकार न सिर्फ किसान-मजदूर विरोधी है, बल्कि महिला उत्पीड़न के मामलों में भी आगे है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को तोड़ने के लिए ग्रामीणों में फूट डाल रही है। धरने में अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, हरक सिंह बिष्ट, विमला रौथाण समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

नहर में व्यक्ति के गिरने से हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस।

हल्द्वानी। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति नहर में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नहर में गिरने वाले व्यक्ति की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल जल पुलिस और थाना पुलिस की टीम मिलकर तलाशी अभियान चला रही हैं। अब तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और व्यक्ति की पहचान की भी कोशिश की जा रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय नहर में पानी का बहाव तेज था, जिससे व्यक्ति को बचाना मुश्किल हो गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सूचना दे दी है और मौके पर लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है।

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की रामनगर इकाई के अध्यक्ष बने प्रेम मेहरा, शुभम महामंत्री और रिषभ कुमार बने उपाध्यक्ष।

हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश भर में गठन की प्रक्रिया के तहत आज रामनगर इकाई का गठन किया गया। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष कुंदन बिष्ट और जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज की संस्तुति पर व्यापारी प्रेम मेहरा को रामनगर इकाई का अध्यक्ष, शुभम अग्रवाल को महामंत्री और रिषभ कुमार को उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया हैं। जिलाध्यक्ष बिष्ट और जिला महामंत्री प्रज्ञान ने नियुक्त किए गए पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आपसी सामंजस्य से व्यापारी हितों की सोच रखने वाले और संघर्षशील व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगे। कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों की संस्तुति पर अति शीघ्र कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। रामनगर इकाई के गठन पर संगठन के संयोजक धर्म यादव, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेन्द्र गुप्ता, दयाकिशन उपाध्याय, पूरन लाल साह, राकेश ,टीटू, शकील अहमद, चमन गुप्ता ,रिषभ पाठक, कुंदन रावत ,ललित जायसवाल, दीपक माहेश्वरी आदि ने खुशी व्यक्त की है।

टैक्स चोर बेखौफ, विभागीय अफसर बेखबर, खाली हाथ लौटे सिटी मजिस्ट्रेट।

हल्द्वानी। नैनीताल जिले समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र में टैक्स चोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। हाल ही में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान सूचना तंत्र के जरिए मिली जानकारी पर टैक्स चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। लेकिन टैक्स चोरी में लिप्त लोगों का नेटवर्क इतना मजबूत निकला कि प्रशासनिक कोशिशें भी नाकाम रहीं। सूत्रों के अनुसार, टैक्स चोरी के इस धंधे में विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। जब इस मामले में जॉइंट कमिश्नर रोशन लाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने केवल समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी मिलने की बात कही। वहीं एसआईबी और सचल दल भी जिम्मेदारी से कन्नी काटते दिखे। विभागीय अधिकारियों की चुप्पी ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी मिली है कि टैक्स चोरी के इस अवैध कारोबार पर नियंत्रण पाने के लिए कई गुट आपस में वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें विभाग के कुछ अधिकारियों के साथ ही कुछ अन्य लोग भी टैक्स चोरों को संरक्षण दे रहे हैं। जनता अब यही पूछ रही है कि जब जिम्मेदार ही जवाबदेही से भागेंगे, तो टैक्स चोरी पर लगाम कौन लगाएगा?

हरिद्वार की प्रथम निर्वाचित इकाई का प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विलय।

हल्द्वानी : प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने हरिद्वार जिले के पदाधिकारियों के साथ ही हरिद्वार तहसील के पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए हरिद्वार की प्रथम निर्वाचित इकाई का अपने संगठन में विलय किया है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष और हरिद्वार के जिला प्रभारी शिव कुमार कश्यप की संस्तुति पर डॉ. विशाल गर्ग को हरिद्वार जिलाध्यक्ष, अश्विनी शर्मा जिला महामंत्री और अजय अरोड़ा को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हरिद्वार तहसील के लिए पंडित अधीर कौशिक को अध्यक्ष, आदेश माखाडी को तहसील महामंत्री और मनोज सिरोही को तहसील कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वीरेंद्र गुप्ता ने कहा जिला प्रभारी शिव कश्यप के प्रयासों से ही व्यापारी एकता और व्यापारियों के हितों के संघर्ष के लिए हरिद्वार शहर की प्रथम निर्वाचित इकाई के समस्त पदाधिकारियों ने प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विलय कर लिया है। बताया कि शहर इकाई के सभी निर्वाचित पदाधिकारी पंडित प्रवीण शर्मा अध्यक्ष, विमल सक्सेना महामंत्री और अनुज गुप्ता कोषाध्यक्ष के नेतृत्व में ही सभी पदाधिकारी पूर्व की तरह ही प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विधिवत कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण ने कहा कि सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यापारी हितों की सोच रखने वाले व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगे और शीघ्र ही प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी हरिद्वार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे।

हादसों का शहर बना हल्द्वानी, सड़कें हुई लाल। दुर्घटना में मौत।

हल्द्वानी। रोजाना हो रही सड़क दुर्घटनाओं से शहर की सड़केँ खून से लाल हो रही हैं। रविवार को हुई एक और दिल दहला देने वाली घटना ने एक परिवार को गम के समंदर में डूबो दिया। नैनीताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने बरेली रोड स्थित गांधी इंटर कॉलेज के पास सड़क पार कर रही 23 वर्षीय शहनाज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती कार के बोनट से टकराकर कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरी।गंभीर रूप से घायल शहनाज को तत्काल एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।शहर के उजाला नगर निवासी लईक अहमद ने बताया कि पिता के निधन के बाद वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार पालते हैं। गुरुवार को उनकी बहन शहनाज बरेली रोड स्थित दुकान से गुल्लक खरीदने गई थी। घर लौटते वक्त सड़क पार करते समय इनोवा ने उसे टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन इतनी तेज रफ्तार में था कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसकेएम स्कूल में हुआ आईएमए का जन जागरूकता कार्यक्रम।

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एसकेएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज प्रातः कालीन प्रार्थना सभा के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), हल्द्वानी के तत्वावधान में एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. कैलाश चंद शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशा करने के लिए उकसाए तो कैसे इंकार किया जाए। साथ ही उन्होंने नशे से शरीर और मन पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके बाद डॉ. अखिलेश जोशी ने कक्षा 9वीं व 11वीं के विद्यार्थियों को हार्ट अटैक, चक्कर आना और दौरा पड़ने जैसी आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सीपीआर की विधि का प्रदर्शन कर बताया कि हृदयगति रुकने की स्थिति में व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा, उप प्रधानाचार्या भामिनी चौहान जोशी, प्रशासक ऋषभ जोशी समेत समस्त शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, हल्द्वानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक चेतना के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com