हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

महिला कॉलेज की अंजली भारत सरकार के अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम में करेंगी प्रतिभाग

हल्द्वानी: राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की छात्रा अंजली का चयन अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय की ओर से शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य उत्तर-पूर्वी राज्यों और देश के अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के बीच पारस्परिक समझ, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। एनएसएस प्रभारी डॉ. रितुराज पंत ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में प्रदेश से कुल 20 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है, जिनमें से एक राजकीय महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी की छात्रा अंजली भी शामिल है। चयनित विद्यार्थियों को उत्तर-पूर्वी राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों में 14 दिवसीय अध्ययन और सांस्कृतिक भ्रमण का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर कॉलेज की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने अंजली को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रा को कार्यक्रम में प्रतिभाग कर कॉलेज का नाम रोशन करने और उत्तराखंड की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विभिन्न शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने छात्रा को शुभकामनाएं दी।

हे जनम भूमि तेरी जय-जयकारी हो…-संगीत संध्या में गायकों ने गाये भजन और कुमाऊनी गीत


हल्द्वानी : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आनंद सिंह की स्मृति में छवि मेमौरियल ट्रस्ट की ओर से संगीत संध्या का आयोजन हुआ। गायकों ने लोकगीतों के साथ ही भजनों से श्रोताओं का मन मोह लिया। इस दौरान गरीब महिलाओं को सिलाई मशीन भी दी गई। छोटी मुखानी, जोशी कॉलोनी में गाजियाबाद के पंख्यारू ग्रुप ने शकुनांखर, माता को रेशमी डोला, के संध्या झूली रै, चकोट की पार्वती, हे जनम भूमि तेरी जय जयकारी हो, बेड़ू पाको बारा मासा आदि गीत और भजन गाए। किरन पंत, रमेश उप्रेती के नेतृत्व दीक्षा, सिद्धार्थ, भानु ने मंच से प्रदर्शन किया। इस दौरान छह गरीब महिलाओं को निशुल्क सिलाई मशीन दी गईं। मुख्य अतिथि द्ववै सिंह ने कहा कि कुमाऊनी संस्कृति को बढ़ावा देना हर किसी की जिम्मेदारी है। मुख्य ट्रस्टी बीसी जोशी और पूर्व विधायक रुद्रपुर राजकुमार ठुकराल ने कहा कि हमें अपनी परंपरा को बचाने के लिए गली-मोहल्लों में मिलकर कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए। इस दौरान आलोक पांडे, आईडी बेलवाल, जेसी बेलवाल, भुवन जोशी, मोहन वर्मा, पीयूष पंत, यजुवेंद्र सिंह, अरविंद मेहरा, रमन फुटेला, अतुल कांडपाल, नवीन पांडे, नवीन रजवार, भूपेश पंत, भुवन चंद्र जोशी, खिलानंद, संजू आदि रहे।

थार की टक्कर से गंवाई जान, सीसीटीवी में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना ।

हल्द्वानी। देवलचौड़ क्षेत्र से आज सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति बुरी तरह कुचल गया।यह पूरा घटनाक्रम पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो गई । टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि वाहन चालक ने अधेड़ व्यक्ति के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी जिस कारण उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की ओर से अभी तक थार वाहन चालक की पहचान उजागर नहीं की गई है।

66 दिन बाद भी बागजाला के ग्रामीणों को नहीं मिला मलिकाना हक, धरना जारी।

हल्द्वानी : गौलापार के बागजाला में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 66वें दिन भी जारी रहा। बागजालावासी भूमि पर मालिकाना अधिकार देने, नए निर्माण पर लगी रोक हटाने, पंचायत चुनाव के अधिकार को बहाल करने, विकास कार्य शुरू करने, जल जीवन मिशन योजना पुन: चालू करने समेत 8 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। धरना प्रदर्शन के दौरान मो. सुलेमान मलिक ने कहा कि बागजाला का किसान संगठन गांव के घर-जमीन को बचाने के लिए ग्रामीणों की ताकत के बल पर सरकार के उजाड़ने के षड्यंत्र के खिलाफ आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है जनता जीतेगी। सभा का संचालन किसान महासभा बागजाला के सचिव वेद प्रकाश ने किया। धरना प्रदर्शन में हरक सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दौलत सिंह कुंजवाल, गोपाल सिंह बिष्ट, मोहम्मद परवेज, विनोद, हरि गिरी, भगवती देवी, पुष्पा देवी, भोला सिंह, रेवाधर, प्रेमा देवी, हेमा देवी, विमला देवी, वेद प्रकाश, गणेश राम, चंद्र प्रकाश, हरिश्चंद्र, मंजू देवी, ललित मोहन, लीला देवी, मुन्नी देवी, हेमा आर्य आदि मौजूद रहे।

महालक्ष्मी पूजन के साथ झिलमिलाई देवभूमि, रोशनी और खुशियों में नहाया प्रदेश।

हल्द्वानी। प्रदेशभर में दिवाली का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहरों से लेकर गांवों तक दीपों की रौशनी से वातावरण जगमगा उठा। अधिकांश क्षेत्रों में आज महालक्ष्मी पूजन संपन्न हुआ, वहीं कुछ इलाकों में कल मां लक्ष्मी की आराधना की जाएगी। लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों को दीपों, झालरों और फूलों से सजाया। महालक्ष्मी पूजन के बाद बच्चों और युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।पूरे प्रदेश में उल्लास और रोशनी के इस पर्व ने खुशियों का माहौल बना दिया।

पटाखा बाजार में ‘बारूद’ नहीं, मचा किराये का धमाका — ठेकेदार पर मनमानी वसूली के आरोप, दुकानदारों में रोष।

हल्द्वानी। दिवाली का त्यौहार नजदीक है। शहर में आतिशबाजी का बाजार सज रहा है। हल्द्वानी में रामलीला ग्राउंड और एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में पटाखा बाजार लगाया जाता है। जिसके लिए प्रशासन, अग्निशमन विभाग और पुलिस की ओर से एनओसी जारी की जाती है। इस बार भी दोनों जगहों पर पटाखे की दुकानें लगाई जा रही हैं। दिवाली जैसा त्यौहार हो और आतिशबाजी न हो, ऐसा हो नहीं सकता। लक्ष्मी पूजन के साथ ही इस त्यौहार को आतिशबाजी के लिए भी जाना जाता है। लेकिन हल्द्वानी में आतिशबाजी की दुकानों में बड़ा खेल देखने को मिल रहा है। यहां दुकानें लगने से पहले ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। जहां पटाखे लगाने वाले दुकानदार ठेकेदार पर मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगा रहे हैं, तो वहीं, ठेकदार की ओर से किराया बढ़ाने का कारण चौंकाने वाला है। दुकानदारों का कहना है कि ठेकेदार ने किराया 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार प्रति दुकान कर दिया है और उसकी ओर से हवाला दिया जा रहा है कि उसे प्रशासन को भी हिस्सा देना पड़ता है। ठेकेदार की ओर से सीधे-सीधे प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इधर दुकानदारों का कहना है कि एक तरफ रुद्रपुर जैसे शहर में 10 हजार रुपए किराए में दुकानें लगाई जा रही हैं, लेकिन हल्द्वानी में इसके उलट 5 गुना ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि इतने महंगे किराए में वह कैसे दुकानें चला पाएंगे। दुकानदार सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे।

जिलाधिकारी वंदना सिंह का कार्यकाल रहेगा यादगार, विकास, सौंदर्यीकरण और जनसेवा का प्रतीक : व्यापार मंडल

हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने पूर्व जिलाधिकारी वंदना सिंह के कार्यकाल को नैनीताल जनपद के लिए सौभाग्यशाली और ऐतिहासिक बताया है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि वंदना सिंह ने अपने कार्यकाल में जनहित के प्रति असाधारण संवेदनशीलता दिखाते हुए विकास, सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे हल्द्वानी शहर को राहत दिलाने के लिए जिलाधिकारी ने एक वृहद चौड़ीकरण योजना तैयार की, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही शहर में सौंदर्यीकरण के अनेक कार्य संपन्न कराए गए, जिनकी सराहना आम जनमानस कर रहा है। वीरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राज्य के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कैंची धाम को सुनियोजित रूप देने की जो योजना वंदना सिंह ने बनाई है, उसका लाभ आने वाले वर्षों तक श्रद्धालु उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के सभी कार्य उन्होंने बिना किसी भेदभाव के किए। तिकोनिया से लेकर रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण, शारदा मार्केट की 45 वर्षों बाद बनी सड़क समेत अनेक कार्य उनकी दक्षता के प्रतीक हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया में फैली अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि जिलाधिकारी वंदना सिंह हमेशा जनप्रतिनिधियों और संगठनों से संवाद बनाए रखती थीं। जब भी व्यापार मंडल ने उनसे संवाद किया, उनकी समस्याओं का निस्तारण हुआ। संगठन ने उनके सफल और जनसमर्पित कार्यकाल के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। डीएम की सराहना करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह, संयोजक धर्म यादव, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कुंदन बिष्ट, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, दीपक माहेश्वरी, गौरव अग्रवाल, राकेश टीटू, कुंदन रावत, ललित जायसवाल, चमन गुप्ता, नुशरत सिद्दीकी, अश्मित गुजराल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने किया कार्यभार ग्रहण, पहले दिन ही निरीक्षण करने पहुंचे ट्रंचिंग ग्राउंड।

हल्द्वानी : नगर निगम में नए नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण किया। बीते दिनों प्रदेश भर में हुए आईएएस-पीसीएस अधिकारियों के तबादले के बाद नगर आयुक्त ऋचा सिंह को ऊधमसिंह नगर जिले में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया, जबकि पूर्व में एसडीएम हल्द्वानी रह चुके पारितोष वर्मा ने नगर आयुक्त के रूप में नगर निगम की कमान संभाली है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम में सबसे बड़ा मुद्दा ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा लाखों मीट्रिक टन कूड़े के पहाड़ का निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां कूड़े के निस्तारण के लिए एक प्लांट लगाया गया है। जबकि एक अन्य प्लांट लगना शेष है। बताया कि दूसरा प्लांट लगने के बाद कूड़े के निस्तारण में तेजी आएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने व नई स्ट्रीट लाइटों को लगाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम के शिकायत सेल को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। कहा कि पेंडिंग शिकायतों का निस्तारण और तेजी से किये जाने की जरूरत है। इधर, शाम को उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड और एमआरएफ प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित को शीघ्र लीगेसी वेस्ट निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शीघ्र एमआरएफ प्लांट चालू किए जाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिससे कूड़ा निस्तारण होने पर खाली जगह पर प्लांट लगाया जा सके। इस दौरान वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेश, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल मौजूद रहे।

लिटरेसी फेस्ट में दीक्षांत के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन।

हल्द्वानी : दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटरेटी फेस्ट में स्कूल का नाम रोशन किया है। सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित इंटर-स्कूल प्रतियोगिता में दीक्षांत स्कूल की टीम ने कई श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस टीम में अन्वि भट्ट, एंजेल शाह, रिद्धि शर्मा, रितिका बजेठा, प्रीत कौर, मनसिमर कौर, मिनर्वा धपोला, वैष्णवी जोशी और आराध्या भट्ट शामिल रहीं। वहीं टाइमलेस एनकाउंटर (ड्रामा) में प्रथा बिष्ट, वैदेही, तृषा भट्ट, अश्विन सांगुरी, प्रियांश जोशी, हर्षवर्धन तिवारी, अर्चित बोरा और आद्या भट्ट ने शानदार प्रस्तुति देकर द्वितीय उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और सभी स्टाफ सदस्यों को उनके समर्पण और मेहनत के लिए बधाई दी। इस उपलब्धि से दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी अलग पहचान भी बनाई है।

जगह-जगह सजी आतिशबाजी की दुकानें, अग्निशमन विभाग की अनदेखी से बड़ा हादसा संभव।

हल्द्वानी। दीपावली पर्व नजदीक है और शहर के बाजारों में चारों ओर आतिशबाजी की दुकानों की रौनक दिखाई दे रही है। हिंदुओं के इस प्रमुख त्यौहार पर लोग जमकर पटाखों की खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन इन दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार शहर में कई जगह आतिशबाजी की बिक्री आबादी वाले इलाके और भीड़भाड़ वाले वाले बाजारों में की जा रही है। इन स्थानों पर न तो अग्निशमन विभाग की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं और न ही मानकों का पालन होता नजर आ रहा है। कई गोदाम ऐसे हैं, जहां पटाखों का भंडारण गुपचुप तरीके से किया गया है। बाहर से अन्य कारोबार दिखाकर भीतर आतिशबाजी का सामान रखा गया है। जानकारों का कहना है कि प्रशासन और स्थानीय इंटेलिजेंस की ओर से इन स्थानों की जानकारी होते हुए भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। यदि भविष्य में कोई आगजनी या विस्फोट जैसी घटना घटती है, तो उसे संभालना मुश्किल होगा। सूत्रों के मुताबिक रामलीला मैदान, हल्द्वानी में लगाया गया आतिशबाजी मेला भी सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता। अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट यदि ईमानदारी से दी जाए तो यह स्थान आतिशबाजी के लिए उपयुक्त नहीं ठहरता। फिलहाल सारी व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है और आम जनता के जान-माल की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट: पवन नेगी

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com