हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गोवंश अवशेष मामले में निष्पक्ष जांच व कानून हाथ में लेने वालों पर हो सख्त कार्रवाई – प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल।

हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने शहर में सामने आए गोवंश अवशेष मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से पारदर्शी और तथ्य आधारित जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस संवेदनशील घटना की सच्चाई जल्द से जल्द सामने लाई जाए, ताकि शहर का माहौल खराब न हो।प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण और प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि घटना कैसे हुई और इसमें दोषी कौन हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, साथ ही कानून को अपने हाथ में लेने वालों को भी बिल्कुल बख्शा न जाए, जिससे शहर की शांति और सौहार्द बना रहे।संगठन ने मांग की है कि जांच का खुलासा शीघ्र किया जाए, जिससे अफवाहों और तनाव की स्थिति न बने।निष्पक्ष जांच की मांग करने वालों में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, प्रदेश सचिव राकेश गुप्ता, अश्मित गुलेरिया, गौरव अग्रवाल, भुवन जोशी, कुंदन रावत, ललित जायसवाल आदि शामिल रहे।

अजब – गजब : 96 लाख उड़ाए, पुल अब भी हवा में।

पिथौरागढ़। लंबे समय तक विवादों में रहा बेलतड़ी-क्वारबन सड़क पर पुल फिर से चर्चाओं में है। यहां पांच साल बाद भी पुल तो बना नहीं लेकिन इसके नाम पर 96 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। इसके खिलाफ खुद भाजपा सवाल उठा रही है। बेतलड़ी, क्वारबन, धारीऐर क्षेत्र की 15 हजार की आबादी की आवाजाही सुगम बनाने के दावे कर वर्ष 2020 में आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया। इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए क्वारबन गधेरे में 3.78 करोड़ रुपये की लागत से 48 मीटर स्पान के पुल का निर्माण होना था। साल 2022 में सड़क तो बना दी लेकिन अब तक पुल न बनने से इस पर वाहनों का संचालन न होने से यह क्षेत्र के लोगों के काम नहीं आ रही है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई बार आंदोलन भी हुए। लंबे समय से विवादों में रहा यह पुल फिर से चर्चाओं में है। यहां पुल तो कहीं धरातल पर नजर नहीं आ रहा है लेकिन इसके निर्माण के नाम पर 96 लाख रुपये का विभाग ने भुगतान भी कर दिया है। बीते मार्च महीने में पुल निर्माण के नाम पर यह धनराशि निकाल दी गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि सड़क पर बगैर पुल का निर्माण किए ही भुगतान करने के मामले की जांच के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। वहीं, पीएमजीएसवाई के एई दौलत चंद ने बताया कि पूर्व में प्रस्तावित पुल की नाले के कटाव से लंबाई बढ़ गई है। अब यहां इससे अधिक लंबे पुल की जरूरत है, इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पूर्व में पुल के फैब्रिकेशन के लिए भुगतान किया गया है।

सांसद नरेश बंसल ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ।

हल्द्वानी। हरिद्वार में प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की जिला, शहर और तहसील इकाईयों के शपथ ग्रहण समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई और कहा कि पदाधिकारी अपने पद और गरिमा के अनुरूप कार्य करें और प्रत्येक व्यापारी की समस्या के निराकरण में तत्पर रहें। कहा कि राज्य स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए संगठन के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि हरिद्वार में लगभग 40 वर्ष पूर्व व्यापारी वर्ग प्रशासनिक उत्पीड़न और असामाजिक तत्वों से परेशान था, तब वरिष्ठ लोगों ने व्यापारियों को एकजुट कर व्यापार मंडल का गठन किया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप आज संगठन आगे बढ़ रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह मे संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव कुमार कश्यप, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरन लाल शाह, रणनीति सलाहकार दीपक माहेश्वरी, प्रदेश सचिव मयंकमूर्ति भट्ट, अश्वनी शर्मा, अजय अरोड़ा, अधीर कोशिक सहित करीब 250 व्यापारी मौजूद रहे।

काम के बदले रुपए का खेल, सफाई नायक के वीडियो से स्वच्छता समिति पर उठे सवाल।

हल्द्वानी। नगर निगम की स्वच्छता समिति पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड नंबर 8 में सफाई कर्मियों और सफाई नायक के बीच चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। हल्द्वानी समाचार को उपलब्ध एक वीडियो में सफाई नायक को साफ तौर पर सफाई कर्मचारी से “काम पर न आने के बदले रुपए” मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि नगर निगम में स्वच्छता समिति के तहत चल रहा कार्य “काम के बदले रुपए” के चलन से प्रभावित है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से आधे से भी कम सफाई कर्मी वास्तविक रूप से फील्ड में काम करते हैं। गौरतलब है कि पूर्व में भी एक महिला सफाई कर्मी ने वार्ड के सफाई नायक के पुत्र रोहित मसीह पर महिला कर्मियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायत सौंपी थी। शिकायत में यह भी उल्लेख था कि रोहित मसीह स्वयं सफाई कर्मी होते हुए सफाई नायक का कार्य कर रहा है।

नैनीताल से उधमसिंह नगर तक जीएसटी चोरी का खेल जारी, धड़ल्ले से आ रहा बिना जीएसटी का माल।

हल्द्वानी। नैनीताल और उधमसिंह नगर जिले में टैक्स चोरी का माल खुलेआम धड़ल्ले से आ रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी कार्रवाई के नाम पर पूरी तरह खामोश हैं। जिले की एसआईबी और मोबाइल टीम भी जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं दिख रही है। चर्चित बेग ब्रांड के गुटका मसाले के साथ ही यूपी – दिल्ली ट्रांसपोर्ट, वसुंधरा ट्रांसपोर्ट, मणी महेश ट्रांसपोर्ट और उत्तरांचल ट्रांसपोर्ट के जरिए बिना जीएसटी का माल लगातार आ रहा है। उधमसिंह नगर में बीते माह नवनियुक्त डिप्टी कमिश्नर ने हल्द्वानी पहुंचकर जीएसटी चोरी का बड़ा माल पकड़ा था। शुरुआत में तेज-तर्रार दिखे अधिकारी अब सुस्त नजर आने लगे हैं या फिर जानबूझकर कार्रवाई से परहेज कर रहे हैं — ऐसा माना जा रहा है। वहीं, जिले में असिस्टेंट कमिश्नर के तबादलों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विभागीय अधिकारियों का ट्रांसफर नहीं हुआ है। नतीजतन, फील्ड में ढिलाई और कार्रवाई के अभाव का सीधा असर जीएसटी चोरी पर दिखाई दे रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद का गुटका मसाले का कारोबारी बेग जो पूरे राज्य मे सप्लाई करता है उसने विभाग के अधिकारियो से गुपचुप सेटिंग गेटिंग कर ली है । इसमें एक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सूत्रों के अनुसार, विभागीय स्तर पर मिलीभगत के कारण करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान सरकार को हो रहा है, जबकि टैक्स चोरी में भी बढावा हो रहा है।

राष्ट्रीय गीत के 150वीं वर्षगांठ पर एमआईईटी कॉलेज में हुआ वंदे मातरम का गायन।

हल्द्वानी : लामाचौड़ स्थित एमआईईटी कॉलेज में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस मौके पर कराओके विद वंदे मातरम- ए स्प्रिचुअल एंड पैट्रिऑटिक ओड टू मदर इंडिया विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम एमआईईटी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. बीएस बिष्ट और निदेशक तरुण सक्सेना के मार्गदर्शन और प्रेरणा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शेफाली कपूर ने की। उन्होंने वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्रों ने वंदे मातरम का कराओके गायन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्या डॉ. शेफाली ने सभी छात्रों और शिक्षकों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होती है। डॉ. बीएस बिष्ट और तरुण सक्सेना ने आयोजन समिति और प्रतिभागियों को बधाई दी।

एमएससी गोल्ड मेडेलिस्ट तमन्ना का हुआ स्वागत।

हल्द्वानी : राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में बॉटनी विभाग की छात्रा तमन्ना भट्ट ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में एमएससी बॉटनी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिस पर उन्हें विवि के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से गोल्ड मेडल प्रदान किया। कॉलेज में शुक्रवार को उन्हें कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आभा शर्मा, बॉटनी विभाग की प्रभारी डॉ. सरस्वती बिष्ट, प्राध्यापक डॉ. विवेक कुमार और डॉ. संजू ने सम्मानित किया। इस मौके पर कॉलेज के समस्त प्राध्यापक और कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी और रामनगर दौरे पर।

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल गुरुवार को हल्द्वानी और रामनगर के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर 10:55 बजे हल्द्वानी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री 11 बजे एमबीपीजी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘पूर्व सैनिक सम्मेलन’ में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे रामनगर पहुंचकर ‘जन वन महोत्सव’ में प्रतिभाग करेंगे। दोपहर बाद 2:10 बजे वे डिग्री कॉलेज, रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, जिसके बाद वे देहरादून लौट जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर कैंची धाम में सुबह के दर्शन स्थगित, श्रद्धालु दोपहर 12 बजे बाद ही कर सकेंगे प्रवेश।

नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी कैंची धाम आगमन को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है। सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से 4 नवंबर 2025 (मंगलवार) को सुबह के समय कैंची धाम में दर्शन अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगे। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, श्रद्धालु दोपहर 12 बजे के बाद ही मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप शाह ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की ओर से विस्तृत तैयारियां की जा रही हैं, ताकि दर्शनार्थियों और आगंतुकों की सुविधा बनी रहे। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय के बाद ही दर्शन के लिए पहुंचें।

बागजाला में अधिकारों की लड़ाई 77वें दिन भी जारी, ग्रामीणों ने कहा कारपोरेट के गुलाम शासक वर्ग को सिर्फ कुर्सी की चिंता।

हल्द्वानी। अपना घर–जमीन बचाने और मूलभूत सुविधाओं की बहाली की मांग पर बागजाला में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 77वें दिन भी जारी रहा।धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) पिथौरागढ़ जिला सचिव कामरेड गोविन्द कफलिया ने कहा कि भाजपा की धामी सरकार ने केवल प्रचार और दिखावे पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए, लेकिन जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रखा। उन्होंने कहा, “यह सरकार हमेशा चुनावी मोड में रहती है, इसकी निष्ठा जनता के प्रति नहीं बल्कि पूंजीपतियों और कारपोरेट घरानों के प्रति है। शासक वर्ग जनता की आवाज तभी सुनता है जब उसे अपनी कुर्सी खतरे में दिखती है।”उन्होंने आश्वासन दिया कि लाल झंडे की ताकत और मजदूर–किसान–मेहनतकशों की एकता ही हक और अधिकार दिलाएगी।धरना स्थल पर वक्ताओं ने बागजाला को मालिकाना अधिकार देने, निर्माण कार्यों पर लगी रोक हटाने, पंचायत चुनाव के अधिकार बहाल करने, विकास कार्य शुरू करने और पेयजल योजना चालू करने समेत 8 सूत्री मांगों को दोहराया।धरना सभा में अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनन्द सिंह नेगी, डा. उर्मिला रेंशवाल, चन्दन सिंह मटियाली, हरक सिंह बिष्ट, भोला सिंह, वेद प्रकाश, मीना भट्ट, सुनीता देवी, हेमा देवी, सुलेमान, गंगा कफलिया, मारूफ अली, देवकी देवी समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com