हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले की सुनवाई आज, अलर्ट पर पुलिस व प्रशासन।

हल्द्वानी : बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई प्रस्तावित है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हल्द्वानी का बनभूलपुरा क्षेत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स मंगाई है, जबकि आईआरबी और पीएसी की टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।गौरतलब है कि रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताते हुए उसे खाली कराने की मांग की है। इस संबंध में मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है और इस पर लगातार सुनवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करीब 4300 भवन स्थित हैं, जिनमें हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में आज की सुनवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल तेज है और हजारों परिवारों की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com