
हल्द्वानी। बनभूलपुरा में रेलवे अतिक्रमण पर सुप्रीम कोर्ट ने दी अगली तारीख अब 10 दिसंबर को होगी मामले में बड़ी सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि बनभूलपुरा अतिक्रमण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज मंगलवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन शाम तक इस मामले पर सुनवाई नहीं हो पाई। अब सुप्रीम कोर्ट ने 10 दिसंबर को अगली सुनवाई की तिथि तय की है।

हल्द्वानी : बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे भूमि पर किए गए निर्माण से जुड़ा मामला लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट में आज इस पर महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है, जिसे लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और रेलवे अधिकारी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। सोमवार को प्रशासन और पुलिस के साथ ही रेलवे भी अपनी तैयारी में जुटे रहा। हल्द्वानी रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शाम तक करीब 20 सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी रखी गई, जबकि देर शाम तक अतिरिक्त कैमरे इंस्टॉल करने का कार्य जारी रहा। रेलवे ने रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) को अलर्ट मोड में रखा है। हल्द्वानी रेलवे स्टेशन मास्टर अनिल कुमार ने बताया कि उनका पूरा फोकस स्टेशन परिसर की सुरक्षा है। उन्होंने बताया कि यात्रियों और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। बताया कि आरपीएफ के पास रेलवे स्टेशन परिसर और यात्रियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी है, जिसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। रेलवे के अनुसार, बनभूलपुरा में रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 29 एकड़ भूमि पर 4365 अतिक्रमण हुए हैं। क्षेत्र में 3660 से अधिक मकान और 5236 परिवार निवास करते हैं। उल्लेखनीय है कि यह विवाद 2022 में हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका से शुरू हुआ था। 2023 में हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे, जिसके बाद रेलवे और प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की, लेकिन विरोध और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल होने से कार्रवाई रुक गई। तब से मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है। आज सुप्रीम कोर्ट में बड़ा फैसला आने की उम्मीद है।

हल्द्वानी। वन विभाग ने सोमवार की सुबह (आज) एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़ से उतर रहे लीसा तस्करी के ट्रक को पकड़ा। रेंजर मुकुल कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में ट्रक से 405 टीन लीसा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। चेकिंग के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। रेंजर शर्मा ने बताया कि डीएफओ आकाश गंगवार के निर्देशन में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन दिनों लीसा चोरी और तस्करी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए विभाग लगातार रात-दिन मुस्तैदी से निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए ट्रक की विस्तृत जांच की जा रही है, यह लीसा कहां से लाया गया, किस जगह इसकी सप्लाई होनी थी, और तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। फरार चालक की तलाश भी जारी है। चेकिंग के दौरान वन दरोगा राजेंद्र जोशी, त्रिवेंद्र, उमेश भट्ट, संजय सहित विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। रेंजर शर्मा ने कहा कि अवैध लीसा तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

हल्द्वानी। दिल्ली में 10 नवंबर को हुए कार बम धमाके की जांच में बड़ा मोड़ आता दिख रहा है। मामले की तफ्तीश कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार देर रात हल्द्वानी में दबिश देकर बनभूलपुरा क्षेत्र से बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम, उत्तराखंड STF और NIA शामिल रही।शहर में हाई अलर्ट छापेमारी के तुरंत बाद हल्द्वानी पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। बनभूलपुरा और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। मस्जिद परिसर और मौलाना के घर के आसपास भारी सुरक्षा तैनात की गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके। मुख्य आरोपियों की रिमांड बढ़ी दिल्ली कार ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपियों डॉ. मुजम्मिल, डॉ. शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद और आदिल अहमद की NIA रिमांड 10 दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। एजेंसी अब इन सभी से तार जोड़कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

हल्द्वानी। भारतीय सिनेमा के ‘ही-मैन के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता, निर्माता और पूर्व राजनेता धर्मेंद्र सिंह देओल का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पंजाब के एक छोटे से गांव से निकलकर बॉलीवुड के सुनहरे पर्दे पर राज करने तक का उनका सफर भारतीय सिनेमा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर, 1935 को पंजाब के लुधियाना जिले के सानेहवाल गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम धरम सिंह देओल था। उनके पिता केवल किशन सिंह देओल एक स्कूल हेडमास्टर थे। शुरुआती जीवन संघर्षपूर्ण था और एक फिल्म के प्रति उनके जुनून ने उन्हें मुंबई तक खींच लिया। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने रेलवे में क्लर्क की नौकरी भी की थी। 1958 में, उन्होंने एक फिल्मफेयर टैलेंट कॉन्टेस्ट जीता, जिसने उन्हें सपनों की नगरी में प्रवेश का मौका दिया। धर्मेंद्र ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1960 में अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से की। शुरुआती दौर में उन्हें रोमांटिक भूमिकाओं के लिए जाना गया, जैसे कि ‘बंदिनी’ (1963) और ‘पूजा के फूल’ (1964)। 1966 में आई फिल्म ‘फूल और पत्थर’ ने उन्हें एक सोलो एक्शन हीरो के तौर पर स्थापित किया और वह रातों-रात सुपरस्टार बन गए। इसी फिल्म से उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाने लगा।

हल्द्वानी : बारात में हंसी खुशी शामिल होने जा रहे तीन शिक्षक नेता अचानक से मौत की गोद में समा गए। हंसती खेलती तीन जिंदगियां पल भर में ही मौत की गोद में समा गई। जबकि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाइवे पर रातिघाट क्षेत्र में शनिवार रात हुए वाहन हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जिसने भी यह समाचार सुना, वह शोक में डूब गया। बताया गया कि, चारों लोग हल्द्वानी में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा से एक्सयूवी से निकले थे। हाइवे पर रातिघाट क्षेत्र में अचानक से चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में जा गिरी। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर पास के ही एक बालक ने इसकी सूचना रातिघाट निवासी तारा सिंह बिष्ट को दी। तारा सिंह और भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट पुलिस को सूचना देते हुए मौके पर पहुंचे। कठोर भू-भाग, गहरी खाई, घना अंधकार एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ टीम ने पूरी तत्परता के साथ रेस्क्यू अभियान संचालित किया। एसडीआरएफ के अनुसार, पुलिस चौकी खैरना से कैंची धाम के समीप एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली थी। वाहन में चार व्यक्तियों के सवार होने की संभावना बताई गई। सूचना पर पोस्ट खैरना से निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पाया गया कि अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही बारात की यह गाड़ी रातिघाट क्षेत्र में गहरी खाई में गिर गई थी। एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने 1 घायल व्यक्ति को गहरी खाई से सुरक्षित निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा जबकि 3 लोगों के शवों को खाई से निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।

हल्द्वानी : नगर निगम की दूसरी बोर्ड बैठक शुक्रवार को मेयर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कुल 32 प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर निगम की आय बढ़ाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने सहित नगर निगम के नए वार्डों में विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गए। इस दौरान निर्णय लिया गया कि नए वार्डों में व्यावसायिक भवन कर व स्वच्छता कर 31 दिसंबर के बाद ही लिया जाएगा। साथ ही निगम में शामिल नए क्षेत्र व्यावसायिक भवनों पर 25 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। बैठक में 6.94 करोड़ के बजट से नगर निगम कार्यालय का विस्तार किए जाने, 1.10 करोड़ के बजट से एसटीपी प्लांट से पाइप लाइन डाले जाने, निगम की दुकानों के किराये में दो माह की छूट दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान निगम की ओर से जारी किए जाने वाली सभी प्रमाण पत्रों के लिए यूजर चार्ज की रसीद को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा कृष्णा कत्था फैक्ट्री में कैंप कार्यलय बनाये जाने और वहां पर रह रहे लोगों को अन्यत्र बसाए जाने, एसडीएम कार्यालय को नमो भवन में शिफ्ट किए जाने के बाद निगम को हस्तांरित करने, स्वंय की भूमि में प्राईवेट पार्किगं बनाने की अनुमति, निगम की दुकानों का अनुबंध और नवीनीकरण निगम के खोड़ वाले स्थान पर मीट मार्केट खोले जाने, वर्कशॉप लाइन में दुकान निर्माण, छतरी चौराहे पर पुस्तकालय बनाने, बरेली रोड नवीन मंडी के सामने दुकान निर्माण किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के लिए और पारदर्शी शासन के लिए प्रतिबद्ध है। पार्षदों की ओर से रखे गए सभी सुझावों को महत्व देते हुए शहर के हित में निर्णय लिये गए हैं। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित नगर स्वास्थ्य अधिकारी, लेखाधिकारी, कर अधीक्षक और कुल 43 पार्षद उपस्थित रहे।

हल्द्वानी। एशियाई विकास बैंक सहायतित हल्द्वानी पेयजल एवं सीवरेज परियोजना के तहत यूयूएसडीए (PIU हल्द्वानी) के अंतर्गत पैकेज-01 की कार्यदायी संस्था तिरुपति सीमेंट प्रोडक्ट्स कंपनी ने अपने स्टोर यार्ड में मजदूरों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मजदूरों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, आंखों की जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही जरूरतमंदों को जनरल दवाएं भी वितरित की गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कहा कि मजदूरों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच बेहद जरूरी है, ताकि वे सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में काम कर सकें। स्वास्थ्य शिविर में टीसीपी के जीएम सचिन यादव, पीएम पीयूष सिन्हा और सामाजिक कार्यकर्ता संतोषी डिमरी सहित अन्य मौजूद रहे। शिविर के आयोजन को श्रमिकों ने सराहनीय पहल बताया।


हल्द्वानी : प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के महानगर इकाई के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने शारदा मार्केट के वरिष्ठ व्यापारी रामदत्त उप्रेती को हल्द्वानी युवा इकाई का संरक्षक और रेलवे बाजार में भारद्वाज भोजनालय के संचालक निलेश भारद्वाज को युवा इकाई का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों के मनोनयन से संगठन को मजबूती मिलेगी और दोनों पदाधिकारियों को व्यापारी और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया है।
दोनों पदाधिकारियों के मनोनयन पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, संयोजक धर्म यादव, देवेश अग्रवाल, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, पूरन लाल साह, कुंदन रावत, ललित जायसवाल, नुसरत सिद्दिकी, राजीव शर्मा, अश्मित गुजराल, धर्मेंद्र कुमार, कुंदन बिष्ट, प्रज्ञान भारद्वाज आदि ने बधाई दी है।

हल्द्वानी : नामी ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई की ओर से नई वेन्यू कार लांच की गई है। कार का नया मॉडल सभी एडवांस फीचर्स के साथ लांच हुआ है, जिसमें पेट्रोल इंजन, टर्बो इंजन और डीजल इंजन उपलब्ध है। रामपुर रोड स्थित सचिन हुंडई शोरूम में बीते दिनों वेन्यू के इस नए मॉडल को लांच किया गया। शोरूम में आयोजित लांचिंग कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कॉमनवेल्थ चैंपियन मुकेश पाल ने कंपनी के नए मॉडल को लांच किया। शोरुम के जनलर मैनेजर कृष्णा सक्सेना ने बताया कि वेन्यू के इस नए मॉडल स्मार्ट सेंस एडास लेवल-2, फ्रंट पार्किंग सेंसर्स, वेंटिलेटेड सीट्स और ऑल फोर डिस्क ब्रेक्स जैसे फीचर्स शामिल हैं।