हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नहर में व्यक्ति के गिरने से हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस।

हल्द्वानी। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति नहर में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नहर में गिरने वाले व्यक्ति की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल जल पुलिस और थाना पुलिस की टीम मिलकर तलाशी अभियान चला रही हैं। अब तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और व्यक्ति की पहचान की भी कोशिश की जा रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय नहर में पानी का बहाव तेज था, जिससे व्यक्ति को बचाना मुश्किल हो गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सूचना दे दी है और मौके पर लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है।

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की रामनगर इकाई के अध्यक्ष बने प्रेम मेहरा, शुभम महामंत्री और रिषभ कुमार बने उपाध्यक्ष।

हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश भर में गठन की प्रक्रिया के तहत आज रामनगर इकाई का गठन किया गया। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष कुंदन बिष्ट और जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज की संस्तुति पर व्यापारी प्रेम मेहरा को रामनगर इकाई का अध्यक्ष, शुभम अग्रवाल को महामंत्री और रिषभ कुमार को उपाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया हैं। जिलाध्यक्ष बिष्ट और जिला महामंत्री प्रज्ञान ने नियुक्त किए गए पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आपसी सामंजस्य से व्यापारी हितों की सोच रखने वाले और संघर्षशील व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगे। कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों की संस्तुति पर अति शीघ्र कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। रामनगर इकाई के गठन पर संगठन के संयोजक धर्म यादव, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेन्द्र गुप्ता, दयाकिशन उपाध्याय, पूरन लाल साह, राकेश ,टीटू, शकील अहमद, चमन गुप्ता ,रिषभ पाठक, कुंदन रावत ,ललित जायसवाल, दीपक माहेश्वरी आदि ने खुशी व्यक्त की है।

टैक्स चोर बेखौफ, विभागीय अफसर बेखबर, खाली हाथ लौटे सिटी मजिस्ट्रेट।

हल्द्वानी। नैनीताल जिले समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र में टैक्स चोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। हाल ही में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान सूचना तंत्र के जरिए मिली जानकारी पर टैक्स चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। लेकिन टैक्स चोरी में लिप्त लोगों का नेटवर्क इतना मजबूत निकला कि प्रशासनिक कोशिशें भी नाकाम रहीं। सूत्रों के अनुसार, टैक्स चोरी के इस धंधे में विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। जब इस मामले में जॉइंट कमिश्नर रोशन लाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने केवल समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी मिलने की बात कही। वहीं एसआईबी और सचल दल भी जिम्मेदारी से कन्नी काटते दिखे। विभागीय अधिकारियों की चुप्पी ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी मिली है कि टैक्स चोरी के इस अवैध कारोबार पर नियंत्रण पाने के लिए कई गुट आपस में वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें विभाग के कुछ अधिकारियों के साथ ही कुछ अन्य लोग भी टैक्स चोरों को संरक्षण दे रहे हैं। जनता अब यही पूछ रही है कि जब जिम्मेदार ही जवाबदेही से भागेंगे, तो टैक्स चोरी पर लगाम कौन लगाएगा?

हरिद्वार की प्रथम निर्वाचित इकाई का प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विलय।

हल्द्वानी : प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने हरिद्वार जिले के पदाधिकारियों के साथ ही हरिद्वार तहसील के पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए हरिद्वार की प्रथम निर्वाचित इकाई का अपने संगठन में विलय किया है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष और हरिद्वार के जिला प्रभारी शिव कुमार कश्यप की संस्तुति पर डॉ. विशाल गर्ग को हरिद्वार जिलाध्यक्ष, अश्विनी शर्मा जिला महामंत्री और अजय अरोड़ा को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हरिद्वार तहसील के लिए पंडित अधीर कौशिक को अध्यक्ष, आदेश माखाडी को तहसील महामंत्री और मनोज सिरोही को तहसील कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वीरेंद्र गुप्ता ने कहा जिला प्रभारी शिव कश्यप के प्रयासों से ही व्यापारी एकता और व्यापारियों के हितों के संघर्ष के लिए हरिद्वार शहर की प्रथम निर्वाचित इकाई के समस्त पदाधिकारियों ने प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विलय कर लिया है। बताया कि शहर इकाई के सभी निर्वाचित पदाधिकारी पंडित प्रवीण शर्मा अध्यक्ष, विमल सक्सेना महामंत्री और अनुज गुप्ता कोषाध्यक्ष के नेतृत्व में ही सभी पदाधिकारी पूर्व की तरह ही प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल में विधिवत कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण ने कहा कि सभी नियुक्त पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यापारी हितों की सोच रखने वाले व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेंगे और शीघ्र ही प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी हरिद्वार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे।

हादसों का शहर बना हल्द्वानी, सड़कें हुई लाल। दुर्घटना में मौत।

हल्द्वानी। रोजाना हो रही सड़क दुर्घटनाओं से शहर की सड़केँ खून से लाल हो रही हैं। रविवार को हुई एक और दिल दहला देने वाली घटना ने एक परिवार को गम के समंदर में डूबो दिया। नैनीताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने बरेली रोड स्थित गांधी इंटर कॉलेज के पास सड़क पार कर रही 23 वर्षीय शहनाज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती कार के बोनट से टकराकर कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरी।गंभीर रूप से घायल शहनाज को तत्काल एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।शहर के उजाला नगर निवासी लईक अहमद ने बताया कि पिता के निधन के बाद वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार पालते हैं। गुरुवार को उनकी बहन शहनाज बरेली रोड स्थित दुकान से गुल्लक खरीदने गई थी। घर लौटते वक्त सड़क पार करते समय इनोवा ने उसे टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन इतनी तेज रफ्तार में था कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसकेएम स्कूल में हुआ आईएमए का जन जागरूकता कार्यक्रम।

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एसकेएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज प्रातः कालीन प्रार्थना सभा के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), हल्द्वानी के तत्वावधान में एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. कैलाश चंद शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशा करने के लिए उकसाए तो कैसे इंकार किया जाए। साथ ही उन्होंने नशे से शरीर और मन पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके बाद डॉ. अखिलेश जोशी ने कक्षा 9वीं व 11वीं के विद्यार्थियों को हार्ट अटैक, चक्कर आना और दौरा पड़ने जैसी आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सीपीआर की विधि का प्रदर्शन कर बताया कि हृदयगति रुकने की स्थिति में व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा, उप प्रधानाचार्या भामिनी चौहान जोशी, प्रशासक ऋषभ जोशी समेत समस्त शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, हल्द्वानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक चेतना के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

“आई लव यू” लिखना पड़ा भारी, अखबार बांटने वाले हॉकर को छेड़छाड़ के आरोप में एक साल की जेल।

हल्द्वानी। अखबार बांटने के बहाने महिला से छेड़छाड़ करना एक हॉकर को भारी पड़ गया। एकतरफा प्रेम में पागल इस हॉकर ने अखबार पर “आई लव यू” और मोबाइल नंबर लिखकर महिला को परेशान करना शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी हॉकर शैलेंद्र सिंह कठैत रोजाना अखबार डालते-डालते महिला पर दिल हार बैठा। पहले वह अखबार पर “मिलने आना” और “मुझसे बात करो” जैसे संदेश लिखता था। महिला ने शुरू में इसे अनदेखा किया, लेकिन जब हरकतें बढ़ीं तो उसने विरोध जताया। 22 फरवरी 2020 को आरोपी ने अखबार पर “आई लव यू” और “कल बाला सुंदरी मंदिर चलेंगे” लिख डाला। महिला के फटकारने पर आरोपी जबरन घर में घुस गया और बदतमीजी करने लगा। शोर मचाने पर परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। मामले की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ सोनम रावत की अदालत में हुई, जहां अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत एक वर्ष का कठोर कारावास और ₹1000 का जुर्माना देने की सजा सुनाई।

जनता के सहयोग से ही पूरे देश को स्वच्छ बना सकते हैं – गजराज बिष्ट।

हल्द्वानी : केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) नैनीताल की ओर से मंगलवार को आरके टेंट हाउस रोड में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर गजराज सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। मेयर ने कहा कि यदि हर बच्चा और हर नागरिक यह संकल्प ले कि अपने आस-पास की सफाई हमारी आदत और जिम्मेदारी है, तो स्वच्छता स्थायी रूप से कायम रह सकती है। कहा कि इस कार्यक्रम के बाद हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि कम से कम अपने घर, गली या एक निश्चित स्थान को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाएं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक पांडे, तत्वयोगा केंद्र की निदेशक तनीषा और डीएसए के प्रबंधक नितिन पांडे उपस्थित रहे। केंद्रीय संचार ब्यूरो की नोडल अधिकारी श्रद्धा गुरुरानी तिवारी ने बताया कि हमारी संस्कृति में स्वच्छता को सेवा माना गया है। यह केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज और देश के प्रति हमारा कर्तव्य है। भारत सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से सामूहिक जागरूकता, सहभागिता और स्वयंसेवी भावना को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर प्रशांत मेहता, प्रखर शर्मा, हेमा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

टीपी नगर में थार से व्यक्ति को कुचलने वाला निकला नाबालिग।

हल्द्वानी : टीपीनगर चौकी के सामने तीन दिन पहले सुपरवाइजर जीवन पंत की मौत का कारण बनी थार गाड़ी का चालक नाबालिग निकला। पुलिस ने नाबालिग समेत थार में सवार अन्य सभी युवकों को छोड़ दिया है, जबकि नाबालिग के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिता को नोटिस जारी करते हुए जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। सत्यलोक कॉलोनी डहरिया निवासी जीवन पंत (55) पुत्र बद्रीदत्त, किच्छा के शिमला पिस्तौर स्थित किंग फिशर कंपनी में सुपरवाइजर थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह ड्यूटी के लिए निकले ही थे कि टीपीनगर चौकी के सामने यूपी 32 क्यूआई 8316 नंबर की थार ने उन्हें कुचल डाला। हादसा पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, जिसमें चारों आरोपी साफ नजर आए। पुलिस ने घटना स्थल पर ही सभी को पकड़ लिया था, लेकिन मामले में अज्ञात के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया गया। मामले ने तूल पकड़ा तो तीन दिन बाद पुलिस ने खुलासा किया कि थार चलाने वाला किशोर लखनऊ के गोमतीनगर का रहने वाला है। इस घटना में मृतक की पत्नी राधा पंत की तहरीर पर बीएनएस की धारा 106(1) व 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि जांच में नाबालिग के पिता की लापरवाही भी सामने आई है, जिन्होंने अपने बेटे को वाहन चलाने की अनुमति दी थी। इस आधार पर उनके खिलाफ एमवी एक्ट की धारा 199(ए) में मुकदमा दर्ज कर नोटिस जारी किया गया है। उन्हें पुलिस जांच में सहयोग करने और बिना अनुमति शहर से बाहर न जाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी नैनीताल मीणा का तबादला, मंजूनाथ टीसी बने नए कप्तान।

देहरादून, हल्द्वानी समाचार। आखिरकार SSP नैनीताल को सरकार ने हटाया। कई IPS और PPS अधिकारियों के तबादले उत्तराखंड शासन ने किए। आज एक दर्जन से अधिक आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादला किए हैं जिसमें लंबी किरकिरी के बाद नैनीताल के एसपी प्रहलाद नारायण मीणा को हटा दिया गया है। उनको विजिलेंस विभाग में तैनाती मिली है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com