हल्द्वानी। शहरवासियों के लिए मंगलवार का दिन नई सौगात लेकर आया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुप्रतीक्षित सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे लोगों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से शहर के यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के हर नगर में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सिटी बस सेवा के शुरू होने से हल्द्वानी में आम नागरिकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। आरटीओ प्रवर्तन डॉ गुरदेव सिंह ने बताया कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में 3 रूटों पर 12 बसें बीच चलाई जा रही हैं। इस मौके पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की अस्मिता, पहचान और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकार अपनी मेहनत और निष्ठा से राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश तक पहुँचा रहे हैं।उन्होंने “लखपति दीदी योजना” के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की सराहना की और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। सीएम ने कहा कि राज्य में नकल माफिया और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक राम सिंह कैड़ा, मेयर हल्द्वानी गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, एसएसपी पीएस मीणा, प्रभारी जिला अधिकारी अनामिका, महोत्सव के आयोजक खुशी जोशी व गोविन्द दिगारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार मौजूद रहे।
हल्द्वानी : नगर निगम की ओर से सोमवार को निगम परिसर के बाहर स्वदेशी दीपावली मेले का आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ मेयर गजराज बिष्ट ने किया। यह चार दिवसीय मेला वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करते हुए स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है।कार्यक्रम में मेयर ने कहा कि इस दीपावली हमें विदेशी वस्तुओं के स्थान पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करनी चाहिए। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सपना भी साकार होगा। इस दौरान नगर निगम की ओर से गठित स्वयं सहायता समूहों की ओर से हस्तनिर्मित व स्वदेशी उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गईं, जिनमें दीये, सजावटी सामान, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू सामग्रियां प्रदर्शित की गई हैं।इस मौके पर नगर निगम के नोडल अधिकारी, पार्षद, सिटी मिशन मैनेजर, सामुदायिक संगठनकर्ता और सभी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
हल्द्वानी : आखिरकार शहर में सिटी बस से यात्रा करने का सपना सच होने जा रहा है। शहर में आज (मंगलवार) से सिटी बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। आरटीओ डॉ. गुरेदव सिंह ने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी आज काठगोदाम सर्किट हाऊस से सुबह 9:30 बजे हरी झंडी दिखाकर सिटी बसों को रवाना करेंगे। संभागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी की ओर से बसों के संचालन के लिए 6 रूट बनाए गए हैं। इन बसों की पहचान अलग रखने के लिए सभी बसों को अलग-अलग रूट के अनुसार नंबर और रंगों में बांटा गया है। बसों का संचालन सुबह 6:30 बजे (ग्रीष्मकाल में) शाम 7 बजे (शीतकाल में) से रात 8:30 बजे तक किया जाएगा। बस का किराया भी आम आदमी को ध्यान में रखकर तय किया गया है। जिसमें 9 रुपये से लेकर 45 रुपये तक किराया रखा गया है। सिटी बसों के संचालन से पहले इसमें सभी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखा गया है। बस के दोनों ओर सर्कल में सिटी बस स्पष्ट रूप से लिखा होगा। बस के अंदर रूट की जानकारी के लिए आगे-पीछे इलेक्ट्रॉनिक डिस्पले बोर्ड होगा। बस सीसीटीवी कैमरे से लैस होगी। उल्लेखनीय है कि मार्च में आयोजित आरटीए की बैठक में शहर में सिटी बसों के संचालन को मंजूरी मिली थी। जिसमें तीन माह के भीतर रूट चिन्हित कर बसें चलाने की योजना बनाई गई। जुलाई में बसों का संचालन होना था, लेकिन पंचायत चुनाव की आचार संहिता के चलते योजना लटक गई थी। अब संचालन शुरू होने पर शहरवासियों के चेहरे पर रौनक आई है। बसों की पहचान के लिए सभी बसों को अलग-अलग रंग और रूट नंबर दिया गया है।
हल्द्वानी : त्यौहारी सीजन में बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए परिवहन विभाग ने ऑटोमोबाइल शोरूम संचालकों को कड़ी चेतावनी जारी की है। सड़क पर पार्किंग बनाने को लेकर कुल 29 डीलरों को नोटिस भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम की ओर से पूर्व में सभी वाहन डीलरों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने शोरूम के भीतर ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बनाएं। लेकिन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने हाल ही में किए निरीक्षण के दौरान पाया कि कई वाहन डीलरों की ओर से निर्देशों की अवहेलना करते हुए फुटपाथ और सड़कों पर टेंट लगाकर वाहनों को खड़ा किया जा रहा है, जिससे न केवल आम राहगीरों को दिक्कत हो रही है बल्कि यातायात भी बाधित हो रहा है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने सभी वाहन शोरूम संचालक अपने निर्धारित पार्किंग स्थल के भीतर ही वाहन खड़े करने, फुटपाथ और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए हैं। बताया कि दोबारा निरीक्षण के दौरान उल्लंघन पाए जाने पर फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही फुटपाथ पर खड़े वाहनों को सीज किया जाएगा और ट्रेड प्रमाणपत्र के निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है। स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित वाहन डीलर की होगी।
हल्द्वानी। एडीबी सहायतित पेयजल व सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत यूयूएसडीए की ओर से शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेजी से की जा रही है। इसके लिए 20 टीमों को नियुक्त किया गया है जो अलग-अलग वार्डों में सीसी निर्माण और सबसर्फेसिंग (जीएसबी) का कार्य कर रही हैं। एजेंसी की ओर से अब तक 185 किमी सड़कों पर सीसी व डामरीकरण/सबसर्फेसिंग का कार्य हो चुका है, जिसमें 92 किमी स्थायी सड़क का पुनर्निर्माण शामिल है। वार्ड 49 भट्ट कॉलोनी में सीसी सड़क, वार्ड 43 सत्या विहार और वार्ड 59 ड्रीम इंटरनेशनल स्कूल के पास बीटी सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इसके अलावा वार्ड 5, 9, 34 से 40 तक सहित कुल 24 वार्डों की लगभग 93 किमी सड़कों पर सबसर्फेसिंग कर गड्ढा मुक्त किया गया है। वहीं, 35 किमी अतिरिक्त सड़कों को भी गड्ढा मुक्त बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट प्रबन्धक कुलदीप सिंह ने बताया कि पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सभी सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है और शीघ्र ही सभी सड़कों को ठीक कर लिया जाएगा।
हल्द्वानी : एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में कुमाऊं द्वार महोत्सव का आगाज बीते शनिवार को हो चुका था। आयोजकों ने दूसरे दिन रविवार को इसे लेकर एक रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की आयोजक गोविंद दिगारी ने बताया कि सोमवार को छोलिया नृत्य, लोकगायकों की प्रस्तुति के साथ ही उनकी पुत्री नन्हीं कलाकार वैदेही की भव्य प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहेंगे। बताया कि 14 अक्टूबर को स्टारनाइट में लोकगायक इंदर आर्या अपने एक से बढ़कर एक गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। कार्यक्रम के समापन दिवस यानी 15 अक्टूबर को प्रदेश के साथ ही देश के लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीतेंगे। वह लोकगीतों के साथ ही बॉलीवुड के गीतों की प्रस्तुति भी देंगे। दिगारी ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न तरह के स्टॉल भी लगाए गए हैं। जहां लोग खरीदारी कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। इस दौरान लोकगायक राकेश खनवाल, इंदर आर्या, राकेश पनेरू आदि मौजूद रहे। इधर, शाम को आयोजित कार्यक्रम में सुंदर लोकनृत्य प्रतियोगिता हुई, जिसमें सीनियर वर्ग में मोहित विजेता जबकि जूनियर वर्ग में वैष्णवी भगत विजेता बनीं। इसके साथ ही पिथौरागढ़ के छोलिया कलाकारों की ओर से सोर घाटी पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। लोकगायक बलबीर सिंह राणा, राकेश खनवाल और दीपिका राज सहित अन्य कलाकारों ने सुंदर प्रस्तुति दी।
हल्द्वानी। उत्तराखंड शासन में संयुक्त सचिव राजेंद्र सिंह पतियाल ने आईएएस व पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण की सूची जारी की है। कुल 22 आईएएस, 22 पीसीएस और एक आईएफएस अधिकारी का स्थानांतरण हुआ है। नैनीताल जिले की जिलाधिकारी वंदना सिंह का भी स्थानांतरण हुआ है। आईएएस ललित मोहन रयाल को नैनीताल जिले का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह आईएएस वंदना सिंह की जगह लेंगे। रयाल अभी अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक लंबे कार्यकाल के बाद वंदना सिंह को स्थानांतरण करके अब कृषि एवं उद्यान विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें नियोजन विभाग में अपर सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है। पारितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी बनाया गया है। वह नैनीताल में उप कलेक्टर थे। नगर आयुक्त हल्द्वानी ऋचा सिंह अब ऊधमसिंह नगर जिले की डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। आईएफएस पराग मधुकर धकाते को पंचायती राज विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह मुख्यमंत्री के विशेष सचिव थे।
हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने जिले में मिलावटी और नकली सामान के निर्माण व बिक्री पर कड़ा ऐतराज जताते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नगर प्रशासन की ओर से की गई छापेमारी में मिलावटखोरी का खुलासा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विभाग और मिलावटखोरों की मिलीभगत चल रही है। प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण ने कहा कि जिस काम के लिए खाद्य विभाग को नियुक्त किया गया है, वह अब नगर प्रशासन कर रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन मिलावटखोरी और नकली सामान बेचने वालों का पुरजोर विरोध करता है और यदि खाद्य विभाग ने जल्द सुधार नहीं किया, तो आंदोलन किया जाएगा। विरोध करने वालों में संयोजक धरम यादव, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, प्रज्ञान भारद्वाज, ऋषभ पाठक, गौरव अग्रवाल, भुवन जोशी, प्रभजोत चंडोक, अश्मित गुजराल, जितेंद्र रौतेला, संजय वर्मा, धर्मेंद्र बॉस, अमित जोशी, पंकज फुलेरा, नितेश थुवाल शामिल रहे।
हल्द्वानी। जिले में टैक्स चोरी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि जिले में गाडियों की धरपकड़ के लिए दूसरे जिले के अधिकारियों को दौड़ लगानी पड़ रही है। उल्लेखनीय है कि रुद्रपुर से आए राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर विनय ओझा ने विगत दिनों हल्द्वानी के लाइन नंबर 1 स्थित गोदाम से संदिग्ध गाड़ी पकड़कर उसे हल्द्वानी कार्यालय में सुपुर्द किया। फिलहाल उस गाड़ी के सामान की जांच जारी होना बताया जा रहा है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि दूसरे जिले के टीम कार्रवाई करने के लिए यहां तक पहुंच गई और यहां मौजूद अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। एक तरफ अधिकारियों का दावा होता है कि जिले में टैक्स चोरी नहीं हो रही है, लेकिन दूसरी तरफ गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की चेकिंग में बिना बिल का सामान पकड़ा जाना इसकी पुष्टि करता है कि जिले में टैक्स चौरी का माल धड़ल्ले से आ रहा है। खास बात यह है कि किच्छा से हल्द्वानी गल्ला मंडी तक रोजाना 555 ब्रांड का सामान पहुंच रहा है, लेकिन आज तक किसी ने उसकी जांच करने की हिम्मत नहीं जुटाई। यह भी सवाल खड़ा करता है कि क्या विभाग में वास्तव में मैनपावर की कमी है, या फिर एसआईबी और मोबाइल टीम के अधिकारी जिम्मेदारी से काम नहीं करना चाहते हैं। जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल करने पर वे न्यायालय और अपीलीय कार्यों की व्यस्तता का हवाला देते हैं। इधर, राज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर रोशन लाल के मुताबिक एक ही गाड़ी की जांच में विभाग की 16 सदस्यीय टीम लगी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच के नतीजे क्या सामने आते हैं और राज्य को राजस्व के रूप में फायदा होता है या यह भी महज खानापूर्ति साबित होती है। सूत्रों के अनुसार त्यौहारी सीजन में बरेली, रामपुर और दिल्ली से गल्ला मंडी हल्द्वानी समेत पूरे पहाड़ी क्षेत्र में निजी वाहनों से भारी मात्रा में सामान आ रहा है। लेकिन विभागीय चेकिंग सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित है। ज्वाइंट कमिश्नर के अनुसार जल्द ही बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। हल्द्वानी समाचार अपने अगले अंक में में जिले के नामी होटलों, रिसॉर्ट्स और रेस्टोरेंट्स से जुड़े कुछ चौंकाने वाले तथ्य उजागर करेगा।