हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

ललित रयाल डीएम नैनीताल, पारितोष वर्मा बने नगर आयुक्त हल्द्वानी।

हल्द्वानी। उत्तराखंड शासन में संयुक्त सचिव राजेंद्र सिंह पतियाल ने आईएएस व पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण की सूची जारी की है। कुल 22 आईएएस, 22 पीसीएस और एक आईएफएस अधिकारी का स्थानांतरण हुआ है। नैनीताल जिले की जिलाधिकारी वंदना सिंह का भी स्थानांतरण हुआ है। आईएएस ललित मोहन रयाल को नैनीताल जिले का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह आईएएस वंदना सिंह की जगह लेंगे। रयाल अभी अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक लंबे कार्यकाल के बाद वंदना सिंह को स्थानांतरण करके अब कृषि एवं उद्यान विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें नियोजन विभाग में अपर सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है। पारितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी बनाया गया है। वह नैनीताल में उप कलेक्टर थे। नगर आयुक्त हल्द्वानी ऋचा सिंह अब ऊधमसिंह नगर जिले की डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। आईएफएस पराग मधुकर धकाते को पंचायती राज विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह मुख्यमंत्री के विशेष सचिव थे।

जिम्मेदारी निभाने में फेल खाद्य सुरक्षा विभाग, मिलावटखोरी व नकली सामान की बिक्री पर नहीं लग रही रोक।

Haldwanisamachar.com

हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने जिले में मिलावटी और नकली सामान के निर्माण व बिक्री पर कड़ा ऐतराज जताते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नगर प्रशासन की ओर से की गई छापेमारी में मिलावटखोरी का खुलासा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विभाग और मिलावटखोरों की मिलीभगत चल रही है। प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण ने कहा कि जिस काम के लिए खाद्य विभाग को नियुक्त किया गया है, वह अब नगर प्रशासन कर रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन मिलावटखोरी और नकली सामान बेचने वालों का पुरजोर विरोध करता है और यदि खाद्य विभाग ने जल्द सुधार नहीं किया, तो आंदोलन किया जाएगा। विरोध करने वालों में संयोजक धरम यादव, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, प्रज्ञान भारद्वाज, ऋषभ पाठक, गौरव अग्रवाल, भुवन जोशी, प्रभजोत चंडोक, अश्मित गुजराल, जितेंद्र रौतेला, संजय वर्मा, धर्मेंद्र बॉस, अमित जोशी, पंकज फुलेरा, नितेश थुवाल शामिल रहे।

नहीं थम रही टैक्स चोरी, धड़ल्ले से आ रहा बिना बिल का माल।

हल्द्वानी। जिले में टैक्स चोरी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि जिले में गाडियों की धरपकड़ के लिए दूसरे जिले के अधिकारियों को दौड़ लगानी पड़ रही है। उल्लेखनीय है कि रुद्रपुर से आए राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर विनय ओझा ने विगत दिनों हल्द्वानी के लाइन नंबर 1 स्थित गोदाम से संदिग्ध गाड़ी पकड़कर उसे हल्द्वानी कार्यालय में सुपुर्द किया। फिलहाल उस गाड़ी के सामान की जांच जारी होना बताया जा रहा है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि दूसरे जिले के टीम कार्रवाई करने के लिए यहां तक पहुंच गई और यहां मौजूद अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। एक तरफ अधिकारियों का दावा होता है कि जिले में टैक्स चोरी नहीं हो रही है, लेकिन दूसरी तरफ गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की चेकिंग में बिना बिल का सामान पकड़ा जाना इसकी पुष्टि करता है कि जिले में टैक्स चौरी का माल धड़ल्ले से आ रहा है। खास बात यह है कि किच्छा से हल्द्वानी गल्ला मंडी तक रोजाना 555 ब्रांड का सामान पहुंच रहा है, लेकिन आज तक किसी ने उसकी जांच करने की हिम्मत नहीं जुटाई। यह भी सवाल खड़ा करता है कि क्या विभाग में वास्तव में मैनपावर की कमी है, या फिर एसआईबी और मोबाइल टीम के अधिकारी जिम्मेदारी से काम नहीं करना चाहते हैं। जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल करने पर वे न्यायालय और अपीलीय कार्यों की व्यस्तता का हवाला देते हैं। इधर, राज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर रोशन लाल के मुताबिक एक ही गाड़ी की जांच में विभाग की 16 सदस्यीय टीम लगी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच के नतीजे क्या सामने आते हैं और राज्य को राजस्व के रूप में फायदा होता है या यह भी महज खानापूर्ति साबित होती है। सूत्रों के अनुसार त्यौहारी सीजन में बरेली, रामपुर और दिल्ली से गल्ला मंडी हल्द्वानी समेत पूरे पहाड़ी क्षेत्र में निजी वाहनों से भारी मात्रा में सामान आ रहा है। लेकिन विभागीय चेकिंग सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित है। ज्वाइंट कमिश्नर के अनुसार जल्द ही बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। हल्द्वानी समाचार अपने अगले अंक में में जिले के नामी होटलों, रिसॉर्ट्स और रेस्टोरेंट्स से जुड़े कुछ चौंकाने वाले तथ्य उजागर करेगा।

पनियाली में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में मनाया विजयादशमी पर्व।

हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सुभाष चंद्र बोस शाखा पनियाली ने देवाशीष बैंक्वट हॉल पनियाली में विजयादशमी कार्यक्रम धूमधाम से मनाया, जहां पनियाली के सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में एकत्रित होकर एकता और शक्ति का परिचय दिया और गांव में पथ संचलन किया। कार्यक्रम में जिला प्रचारक हल्द्वानी जितेन्द्र ने स्वयंसेवकों को विजयादशमी का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व बताया और संघ शताब्दी वर्ष पर नगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सभी को सम्मिलित होने का आह्वान किया। इस मौके पर वरिष्ठ स्वयंसेवक बालम सिंह देवका, बालम सिंह रावत, साहित्य परिषद उत्तराखंड के प्रदेश सहमंत्री सौरभ पांडे, उपनगर कार्यवाह नितिन, विद्यार्थी कार्य प्रमुख नीरज पांडे, पारस, कृष्ण सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

फिटनेस ठप : एटीएस में नहीं हो रही भारी वाहन व टैक्सी-बाइक स्कूटी में फिटनेस, मैनुअल फिटनेस भी बंद।

हल्द्वानी : एटीएस (ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन) में भारी कमर्शियल वाहन और टैक्सी बाइक-स्कूटी की फिटनेस नहीं होने से वाहन चालक और स्वामियों की मुश्किलें लगातार बढ़ते जा रही हैं। आलम यह है कि फिटनेस प्रमाणपत्र के लिए उन्हें बार-बार आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन मैनुअल फिटनेस की सुविधा पूरी तरह बंद होने से यहां से भी केवल निराशा ही हाथ लग रही है। बेलबाबा स्थित एटीएस (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) में भारी वाहनों के लिए उपयुक्त लेन नहीं होने के चलते जेसीबी, क्रेन जैसे लोडेड वाहन और टैक्सी बाइक-स्कूटी की फिटनेस प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। समय पर फिटनेस नहीं होने से सड़क पर चलने वाले वाहनों पर विभागीय कार्रवाई हो रही है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार प्रदेशभर में वाहनों की मैनुअल फिटनेस पूरी तरह बंद कर दी गई है और सभी संभागीय परिवहन कार्यालयों के अंतर्गत पंजीकृत वाहनों की फिटनेस एटीएस के माध्यम से की जा रही है। लेकिन बेलबाबा स्थित एटीएस के पास उपयुक्त लेन नहीं होने से भारी कमर्शियल वाहन सहित टैक्सी बाइक-स्कूटी स्वामी वाहनों की फीस जमा नहीं होने से फिटनेस नहीं करा पा रहे हैं। जिससे उन्हें बेवजह के चालान व अन्य विभागीय कार्यवाही का सामना करना पड़ रहा है। एआरटीओ बीके सिंह ने बताया कि आरटीओ कार्यालय में इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं। बताया कि ऐसे वाहन चालक या स्वामी से प्रत्यावेदन लेकर परिवहन मुख्यालय देहरादून भेजा जा रहा है। मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। इधर, वाहन स्वामियों की मांग है कि जब तक एटीएस में सभी श्रेणी के वाहनों के लिए उचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक मैनुअल फिटनेस प्रक्रिया को अस्थाई रूप से पुनः शुरू किया जाए, ताकि वाहन सड़क पर चल सकें और उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

निकिता करवाचौथ क्वीन, पूजा के सिर सजा डांडिया क्वीन का ताज।

हल्द्वानी: सारथी सहयोग समिति की ओर से लालडांठ स्थित एक बैंक्वट हॉल में डांडिया और करवा चौथ क्वीन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें करवा चौथ क्वीन का ताज निकिता के सिर पर सजा। जबकि डांडिया क्वीन पूजा पंत रहीं। कार्यक्रम में निर्मल जोशी और कविता बेलवाल ने मधुर गीतों के माध्यम से सभी उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान सभी महिलाएं गीतों पर जमकर झूमीं। समिति अध्यक्ष नीतू रौतेला ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अनुज रौतेला, मनोहर नेगी, नागेश दुबे, मोनिका शर्मा, डॉ. अंजलि सनवाल, भूमिका भंडारी, शांति जीना, तनुजा जोशी, सुमन साह, रेखा रावत, भावना आर्या, अल्का सिंह, मीनाक्षी, शिखा सिंह आदि मौजूद रहे।

मौसम ने बदली करवट : ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश।

हल्द्वानी। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने जानकारी दी कि राज्य में अगले 48 घंटे तक मौसम बेहद खराब रह सकता है। इस दौरान देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बताया गया है कि 4000 फीट से अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दो दिन राज्य के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे, क्योंकि इसका असर जलस्तर और यातायात व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। इस बीच प्रशासन ने संबंधित जिलों में राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा है।

आरएसएस ने अधूरे कार्यों को पूरा करने का लिया संकल्प – आलोक कुमार

हल्द्वानी।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में ‘शताब्दी शंखनाद’ एकत्रीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों स्वयंसेवकों और नागरिकों ने भाग लिया। बांसुरी वादन और कुमाऊंनी लोकगीत “दैणा होया खोली का गणेशा हे…” की मधुर धुन के साथ स्वयंसेवकों ने योग और आसन का प्रदर्शन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

मुख्य वक्ता और संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन “अधर्म पर धर्म, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय” का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महिषासुर और रावण का वध भी आश्विन मास की शुक्ल पक्ष की दशमी को हुआ था। इस दिन शस्त्र पूजन के साथ-साथ प्राचीन काल में राजा सीमाएं लांघकर नए राज्य विस्तार का कार्य भी प्रारंभ करते थे।

आलोक कुमार ने कहा कि विजयादशमी के दिन आरंभ किए गए कार्यों में सफलता निश्चित होती है। इसी भाव से डॉ. केशवराव बलीराम हेडगेवार ने भी संघ की स्थापना इसी दिन की थी। उन्होंने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्षों के सफर में जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें आने वाले समय में पूरा करने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने आगे कहा, “हमारा समाज प्राचीन काल से गौरवशाली रहा है, लेकिन बीच के कालखंड में समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर विभाजित करने का प्रयास हुआ। आरएसएस ने समाज को संगठित करने, सेवा और स्वावलंबन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पंच परिवर्तन का लक्ष्य तय किया है।”

संघ वर्तमान में 5.25 लाख परिवारों तक पहुंच चुका है, लेकिन आगामी वर्षों में इसका लक्ष्य प्रत्येक घर तक पहुंचने का है।

📌 कार्यक्रम में मौजूद रहे:प्रांत संघचालक डॉ. बीएस बिष्ट, सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, जिला संघचालक डॉ. नीलांबर भट्ट, नगर संघचालक विवेक कश्यप, वरिष्ठ स्वयंसेवक जगन्नाथ पांडे, वेद प्रकाश अग्रवाल, सह क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम, सह प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. बृजेश बनकोटी, सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख राजेश जोशी सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और हजारों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

शनि बाजार में अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, भवन सील – बिजली चोरी पर दर्ज होगी एफआईआर

हल्द्वानी।शनि बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी परियोजना में बाधा बन रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ रविवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई की। चिन्हित सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे को हटाने के लिए मौके पर जेसीबी चलाकर निर्माण ध्वस्त किया गया, जिससे सार्वजनिक मार्ग को अवरोधमुक्त बनाया गया।राजस्व विभाग द्वारा किए गए सीमांकन में स्पष्ट हुआ कि सड़क और नाली के लिए निर्धारित भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया था। कार्रवाई के दौरान विकास प्राधिकरण की टीम ने बिना स्वीकृति और मानकों के विपरीत बने भवनों को सील किया।

📌 बिजली चोरी का मामला भी उजागर:कार्रवाई के दौरान एक भवन में ट्रांसफार्मर से सीधा कनेक्शन लेकर बिजली चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर प्रशासन ने तत्काल विद्युत विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण या किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग दंडात्मक कार्रवाई करेंगे ताकि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में कोई बाधा न आए।संयुक्त अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार कुलदीप पांडे, राजस्व विभाग, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और विद्युत विभाग की टीमें मौजूद रहीं।

नगर निगम-प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, 25 हजार रुपये तक का काटा चालान

हल्द्वानी। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई दुकानदारों और ठेला संचालकों पर जुर्माना लगाया। अभियान के दौरान फुटपाथों पर रखे अवैध सामान जब्त किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर 25 हजार रुपये तक का चालान काटा गया।

अभियान पटेल चौक, मीरा मार्ग, बर्तन बाजार, सदर बाजार और कालाढूंगी चौराहे में चलाया गया। इस दौरान उन ठेलेवालों पर भी कार्रवाई की गई जिनके पास नगर निगम का वैध वेंडिंग कार्ड नहीं था। कई अवैध ठेलों को हटाया गया और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के तहत कार्यवाही की गई।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण और अवैध ठेलों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से नगर निगम की ओर से अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है ताकि व्यापारी और राहगीर पहले से सतर्क रहें।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम राहुल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट भी मौके पर मौजूद रहे।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com