हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

आर्मी के जवान ने अपने ही गांव की नाबालिग से किया दुष्कर्म

हल्द्वानी: शादीशुदा आर्मी के जवान ने अपने ही गांव की एक नाबालिग को प्यार के जाल में फंसा लिया। आर्मी का जवान लड़की को बहला-फुसला कर एक होटल में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस मामले में बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्मी का जवान है और पिथौरागढ़ जिले का रहने वाला है। वह पहले से शादीशुदा है। आरोपी के गांव की एक नाबालिग लड़की मुखानी थानाक्षेत्र में अपनी बुआ के घर रहती है। आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद आर्मी के जवान ने नाबालिग से नजदीकी बढ़ा उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। उसने लड़की को झांसा दिया कि वह अपनी बीवी को तलाक देकर उससे शादी करेगा। बताया जाता है कि कुछ दिन आरोपी आर्मी का जवान लड़की को झांसे में लेकर बनभूलपुरा थानाक्षेत्र स्थित एक होटल में ले गया। जहां उसने नाबालिग से जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने लड़की को जान से मार डालने की धमकी दी। जब यह मामला लड़की के परिजनों तक पहुंचा तो उन्होंने बनभूलपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। एसआई सुशील जोशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में टीम रवाना की गई है।

प्यार में हल्द्वानी का सागर आग्रवाल बना सैम अली

फर्जी दस्तावेजों से बना लिया सैम के नाम का जन्म प्रमाण पत्र
-दरगाह अपनाया इस्लाम, फिर वहीं हुआ निकाह

हल्द्वानी सामाचार। एक युवक समुदाय विशेष की युवती के प्रेम में पड़ गया। युवती के कहने पर उसने अपना धर्म बदल लिया। बाद में दोनों निकाह कर लिया। युवक की बहन की शिकायत पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि युवक ने अपनी पहचान बदलने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया है। अब पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गली नंबर पांच, रामपुर रोड निवासी एक महिला ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि उसका भाई सागर अग्रवाल बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली फरहीन से प्यार करता है। युवती बनभूलपुरा में आधार कार्ड बनवाने का काम करती है। महिला ने आरोप लगाया कि युवती के दबाव में आकर उसके भाई ने धर्म बदल लिया और नए नाम का आधार कार्ड बनवा लिया। आरोप था कि महिला ने सारे काम नियम विरुद्ध करवाए हैं। बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने जांच करवाई तो पता चला कि सैम पुत्र मुन्ना निवासी वार्ड 31 मोहम्मदी चौक और सागर अग्रवाल निवासी भोलानाथ गार्डन के आधार कार्ड में लगी फोटो एक ही व्यक्ति की है। नगर निगम से पता चला कि सैम के नाम का जन्म प्रमाण पत्र सीएचसी सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन दस्तावेजों के आधार पर जारी किया गया है। पुलिस ने जब सागर उर्फ सैम व फरहीन से पूछताछ की पता चला कि सागर अग्रवाल और फरहीन एक दूसरे को प्यार करते थे। जिस कारण फरहीन ने सागर अग्रवाल से इस्लाम धर्म अपनाकर नाम बदलने के लिए कहा। फिर दोनो ने मिलकर फर्जी तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर एक झूठी पहचान के साथ सैम अली के नाम का एक आधार कार्ड तैयार किया और 17.7.2021 को विवाह पंजीकरण कराया। फरहीन और सागर उर्फ सैम अली एक साथ काठगोदाम दरगाह में पहुंचे। जहां पर फरहीन के परिचित हसमत अली और दरगाह के मौलाना ने कलमा पढ़वाकर सागर का मुस्लिम धर्म में परिवर्तन कराया। फिर इन लोगों ने फरहीन और सागर उर्फ सैम अली का निकाह पढ़वाया। पुलिस को पता चला कि सागर से सैम बनाने के लिए युवक के साथ युवती व अन्य लोगों ने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया। अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच में यह भी पता चला कि सागर ने सैम अली के नाम से जो जन्म प्रमाण पत्र नगर निगम से बनवाया था उसमें उसने मलका परवीन पत्नी मुन्ना निवासी वार्ड नंबर-14 पश्चिमी भाग बनभूलपुरा का आधार कार्ड लगाया। साथ ही परवीन के नाम का ही शपथपत्र मां के रूप में लगाया था। जन्म प्रमाण पत्र के लिए शावेज कुरैशी के सीएचसी सेन्टर से ऑनलाइन आवेदन किया गया था। सागर का सैम अली नाम का जन्म प्रमाण पत्र 27 सितम्बर 2022 को नगर निगम से जारी हुआ था।

पुलिस के अनुसार केवल आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र ही नहीं बल्कि सागर ने सैम अली के नाम से पैन कार्ड, फोटो पहचान पत्र भी बनवा लिए। साथ ही हसमत अली और मौलवी दरगाह काठगोदाम व अन्य ने नियम विरूद्ध तरीके से धर्म परिवर्तित कर निकाह कराया है। पुलिस ने इन सबके ऊपर भी मुकदमा दर्ज किया है।

कैची धाम मेला 2025: पहली बार ATS और SSB की तैनाती

न्यूज, हल्द्वानी सामाचार। कैची धाम मेला 2025 को लेकर इस वर्ष प्रशासन और पुलिस द्वारा अभूतपूर्व तैयारियाँ की गई हैं। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल कैची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं की अनुमानित भारी भीड़ और सुरक्षा की दृष्टि से पहली बार आतंकवाद-निरोधक दस्ता (ATS) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की तैनाती की जा रही है। इस संबंध में कुमायूं रेंज की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने मेले से पूर्व एक महत्वपूर्ण बैठक में व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और स्वयं कैची धाम पहुँचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु कई आवश्यक निर्देश जारी किए।

आईजी कुमायूँ श्रीमती अग्रवाल ने कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसी भाव को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए इस बार व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पहली बार मेले में ATS की विशेष टीम को तैनात किया गया है जो संवेदनशील स्थानों की निगरानी करेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करेगी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राज्य की सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों को भी मेला क्षेत्र और उसके आसपास तैनात किया गया है, जो आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और निगरानी में सहायता करेंगे।

सुरक्षा को तकनीकी रूप से भी सशक्त किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। ड्रोन की मदद से भी क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और आपात स्थितियों के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA सिस्टम) की भी प्रभावी व्यवस्था की गई है।

इस वर्ष पहली बार मेला व्यवस्था में तीन पर्वतीय जनपदों पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर के पुलिस अधीक्षकों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। साथ ही तीन कंपनी PAC और लगभग 800 पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए नियुक्त किए गए हैं। आईजी महोदया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए और किसी भी सूचना को सामान्य न मानते हुए सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ हर पहलू की गहनता से जांच की जाए।

धार्मिक व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए कैची धाम प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि बाबा नीम करौली का प्रसाद इस बार दिनांक 15 जून से 18 जून 2025 तक लगातार चार दिन वितरित किया जाएगा, ताकि सभी श्रद्धालु प्रसाद प्राप्त कर सकें और अव्यवस्था से बचा जा सके।

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु जो कदम उठाए गए हैं, वे उत्तराखण्ड पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और भी मज़बूत हो। कैची धाम मेला 2025 इस बार न केवल श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बनेगा, बल्कि सुरक्षा और प्रबंधन के नए मानकों की एक मिसाल भी पेश करेगा।

प्रेमिका के लिए बदला धर्म, बहन के खिलाफ हुआ भाई

हल्द्वानी। समुदाय विशेष की प्रेमिका के लिए एक युवक ने अपना धर्म बदल लिया। न सिर्फ धर्म बदला बल्कि निकाह कर नए दस्तावेज भी बना लिए। युवक की बहन ने इस पर आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि धर्म परिवर्तन से लेकर निकाह और दस्तावेज तक सब फर्जी है। बनभूलपुरा पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।
पुलिस को तहरीर देने वाली महिला का कहना है कि उसका भाई बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से प्यार करता है। युवती बनभूलपुरा में आधार कार्ड बनाने का काम करती है। महिला का कहना है कि युवती ने उसके भाई पर दबाव डाला और कहा, अगर उसे शादी करनी है तो मुस्लिम धर्म अपनाना होगा। युवक ने ऐसा ही किया। उसने न सिर्फ धर्म परिवर्तन कराया, बल्कि निकाह किया और नए नाम से आधार कार्ड इत्यादि बना लिए। महिला का आरोप है कि उक्त सारे काम नियम विरुद्ध तरीके से किए गए हैं। काठगोदाम थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी है कि मामले में तहरीर मिली है और जांच की जा रही है।

नाबालिग ने भरी रफ्तार, स्कूटी मालिक पर एफआईआर

हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग को पुलिस ने स्कूटी चलाते पकड़ लिया। पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दिया है। जबकि वाहन के असली मालिक के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई महेंद्र प्रसाद ने बताया कि ठंडी सड़क में चेकिंग के दौरान नाबालिग को रोका। उससे स्कूटी के कागजात और लाइसेंस दिखाने को कहा तो सटीक उत्तर नहीं दे पाया। नाबालिग से उम्र पूछी गई तो उसने 14 वर्ष निवासी काठगोदाम बताया। पुलिस ने वाहन के नंबर से मालिक का पता लगाया तो वाहन एहतशाम हुसैन निवासी आवास विकास का निकला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है।

कैंची धाम मेले में 800 से अधिक पुलिसकर्मी देंगे ड्यूटी

नैनीताल। कैंची धाम मेले की तैयारियों को लेकर एडीजी कानून व्यवस्था ने अधीनस्थों के साथ बैठक की। उन्होंने कैंची धाम व पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, कंट्रोल रुम से निगरानी, पुलिस ड्यूटी प्रबंधन, यातायात व पार्किंग प्रबंधन समेत पुलिस आचरण पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। गुरुवार को एडीजी कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन ने कैंची धाम में दर्शन कर बाबा का आर्शीवाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, यातायात मार्ग व संभावित भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन में अधीनस्थों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर समिति से समन्वय स्थापित करते हुए मंदिर प्रवेश व निकासी की व्यवस्था की जाए। स्वयंसेवियों की मदद से भीड़ व यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला परिसर में ड्यूटी रुम स्थापित कर जिम्मेदार अधिकारी तैनात किए जाए।

सीसीटीवी व ड्रोन की मदद से क्षेत्र की रियल टाइम मॉनीटेरिंग कर अराजक तत्वों व अफवाह फैलाकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाए। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे वस्त्रों में कर्मी तैनात करें। क्षेत्र को जोन व सेक्टर में विभाजित कर सुनियाजित तरीके से ड्यूटी लगाई जाए। मेले को लेकर विशेष यातायात प्लान बनाकर विभागीय वेबसाइट व इंटरनेट मीडिया माध्यम व फ्लैक्स बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को अवगत कराए। पुलिस श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करें। संवेदनशील गतिविधि की वीडियोग्राफी कर कर्मी सजगता से ड्यूटी करें। एडीजी ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से मेले के लिए तीन कंपनी पीएसी व 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बैठक में आईजी रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी पीएन मीणा, एसपी नैनीताल जगदीश चंद्रा, हल्द्वानी एसपी प्रकाश चंद्र, सीओ प्रमोद साह, नितिन लोहनी, सुमित पांडे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

जिले में पहुंची एनसीईआरटी की किताबें

हल्द्वानी,
जिले के राजकीय व अशासकीय विद्यालयों में निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण शुरू हो गया है। स्कूलों में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक की पुस्तकें मिलते ही छात्र-छात्राओं को वितरित की जा रही हैं। खंड शिक्षाधिकारी तारा सिंह ने बताया कि जल्द ही कक्षा 1 से कक्षा 8 तक प्राप्त पुस्तकों का वितरण सभी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को कर दिया जायेगा। साथ ही निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों को लागू करने और अन्य नियमों के अनुपालन के संबंध में समिति की आख्या भी कार्यालय में मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि दो दिनों में 20 से अधिक विद्यालयों में निरीक्षण किया जा चुका है। समिति की ओर से आख्या मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

विशेष चेकिंग अभियान चलाकर किये 1404 चालान, 32 सीज

-बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाहनों के संचालन पर की कार्रवाई
संवाददाता, हल्द्वानी
बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (एचएसआरपी) वाहनों के संचालन पर परिवहन संभाग हल्द्वानी में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिस दौरान विभिन्न अभियोगों में कुल 1404 चालान किये गये और 32 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर कुल 875 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। दो दिन के अभियान में हल्द्वानी में 81, रामनगर 89, रूद्रपुर में 355, काशीपुर 272 और टनकपुर में 78 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गयी।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एचएसआरपी न लगाने वाले वाहनों के विरुद्ध दो दिवसीय विशेष अभियान संचालित करने के लिए निर्देश दिये गए थे। जिस पर हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, रूद्रपुर और टनकपुर के प्रवर्तन दलों ने चेकिंग अभियान में मोटरसाईकिल, कार, टैक्सी, ट्रक, बस, ऑटो आदि वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. गुरदेव सिंह ने सभी वाहन चालकों से अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने की अपील की।
प्रवर्तन टीम में प्रमोद कर्नाटक, आशुतोष डिमरी, परिवहन उप निरीक्षक रामचन्द्र पवार, गिरीश चन्द्र काण्डपाल, देव सिंह, नन्दन सिंह रावत, चन्दन सुप्याल, चन्दन ढैला, अरविन्द ह्यांकी, अनिल कार्की, गोधन सिंह, दानिश आदि शामिल रहे।

उत्तराखंड परिवहन निगम को पुनर्जीवित करने की मांग

संवाददाता, हल्द्वानी
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजकर उत्तराखंड परिवहन निगम की बिगड़ती हालत पर चिंता जताई है। परिषद ने कहा कि निगम का बस बेड़ा जर्जर हो चुका है, जबकि हिमांचल प्रदेश ने अपने परिवहन निगम को सुदृढ़ करने के लिए 250 करोड़ रुपये से 297 इलेक्ट्रिक और 24 वॉल्वो बसें खरीदी हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से 100 बीएस-6 बसों की खरीद के लिए निविदा जारी की गई थी, लेकिन किसी भी कंपनी ने इसमें भाग नहीं लिया। परिषद ने मुख्यमंत्री से जल्द कदम उठाने और निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने की अपील की है, ताकि राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

10 हजार का चालान, 2 ठेले जब्त व 2 गाड़ी सामान कब्जे में लिया

-नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम ने चलाया अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान
संवाददाता, हल्द्वानी
नगर निगम का अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान निगम ने गंदगी पर 10 हजार रुपये का चालान और 2 ठेले जब्त करने के साथ ही दो गाड़ी सामान अपने कब्जे में लिया। निगम की टीम ने करीब 5 बजे से महिला अस्पताल के सामने से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इसके बाद टीम ने नानक स्वीट के आसपास लगे फड-ठेलों को हटाया और उन पर कार्रवाई की। साथ ही छोटी मंडी में सड़क पर कब्जा कर फल और सब्जी के ठेले लगाने वाले व्यवसायियों पर कार्रवाई की। इस दौरान नगर आयुक्त को कुछ व्यवसायियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। हालांकि बाद में समझाने के बाद मामला शांत हुआ। नगर निगम की कार्रवाई से व्यवसायियों में हडकंप का माहौल देखने को मिला। निगम की टीम को आते देख कई फड़-ठेलों वालों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया था। अभियान के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. विवेक रॉय, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक चतर सिंह सहित निगम की टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने व्यवसायियों से अतिक्रमण नहीं करने और शहर को साफ-सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com