हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

विद्यार्थियों की उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम की मांग

रोजाना जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करने की अनिवार्यता का किया विरोध
उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य किये जाने और प्रतिदिन जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिये हैं। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकों ने इस नियम को लागू नहीं करने की अपील की है। उन्होंने प्राचार्य डॉ. आभा शर्मा के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अंजू अग्रवाल को ज्ञापन भेजा। प्राध्यापकों ने कहा कि छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति के लिए उनकी ओर से पूरे प्रयास किये जाते हैं। कहा कि नए नियम के अनुसार प्राध्यापकों को रोजाना कक्षा की जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करनी है, जो व्यवहारिक नहीं है। कहा कि छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की जा सकती है। जिससे प्राध्यापकों को रोजाना अपने मोबाइल से जीपीएस सेल्फी लेकर अपलोड करने के लिए समय लगाने से निजात मिलेगी।

कल निकलेगी राम भक्त समिति की भव्य शोभायात्रा

-श्रीराम भक्त सेवा समिति ने की पत्रकार वार्ता
हल्द्वानी, राम भक्त सेवा समिति की ओर से पिछले सालों की तरह रामनवमी के अवसर पर इस साल भी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में श्रीराम भक्त सेवा समिति ने पत्रकार वार्ता की।
शोभायात्रा कल (रविवार) 3 बजे से रामलीला मैदान से होकर कोतवाली- तिकोनिया से रोडवेज-रेलवे बाजार-मीरा मार्ग से होकर सिंधी चौराहा-कालाढूंगी चौराहा से ओके होटल होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। जिसके बाद प्रसाद वितरण भी किया जायेगा ।
शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां निकाली जाएंगी। समिति के अध्यक्ष रक्षित सिंह चिलवाल और उपाध्यक्ष प्रणय बाली ने जनता से शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस मौके पर ध्रुव भंडारी, प्रियांशु आर्य, चंपा चिलवाल, राकेश बगडवाल रहे।

150 विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग व रजिस्टर

हल्द्वानी,
एमबी इंटर कॉलेज में इजा फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट ने 150 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, रजिस्टर और पेन बांटे। इसी मौके पर विभिन्न कक्षों से तीन मेधावी छात्रों को छात्रवृति भी दी गई। कार्यक्रम में इजा फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक राजीव बेलवाल ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व और संस्कृति के साथ जुड़ाव पर जोर दिया। डॉ. एकता गुप्ता ने विद्यार्थियों को जीवन में आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ सतत लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की बात कही। प्रधानाचार्य डीके पंत ने फाउंडेशन ट्रस्ट के इस पहल का स्वागत किया। उप प्रधानाचार्य हीरा सिंह ने फाउंडेशन के सभी सदस्यों का स्वागत किया। वरिष्ठ प्रवक्ता वीके जोशी ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर डॉ. जगदीश पांडे, डॉ. प्रणव तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

बिना नियुक्ति 6 माह तक चढ़ती रही उपस्थिति, मेयर से की वेतन देने की अपील

वार्ड 27 के पार्षद ने बिना स्वीकृति के सफाई कर्मचारी को काम पर रखा हल्द्वानी। नगर निगम में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। जहां एक सफाई कर्मचारी ने बिना नियुक्ति के करीब 6 माह तक कार्य किया। हैरानी की बात है कि नगर निगम के सफाई कार्मिकों का सुपरवाइजर भी इस दौरान लगातार 6 माह तक उसकी उपस्थिति चढ़ाता रहा। इन दिनों उक्त व्यक्ति वेतन के भुगतान को लेकर मेयर और नगर आयुक्त के चक्कर काट रहा है। व्यक्ति ने मंगलवार को मेयर गजराज बिष्ट से इस संबंध में मुलाकात की। जिस पर मेयर ने मुख्य सफाई निरीक्षक को इस संबंध में जांच के आदेश दिए।
बताया जा रहा है कि वार्ड 27 के पार्षद ने एक व्यक्ति को नियुक्ति का आश्वासन दिया, जिस पर वह व्यक्ति सफाई कर्मचारी के पद पर काम करता रहा। यह मामला करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है। नए मेयर के कुर्सी पर बैठने के बाद यह व्यक्ति वेतन के भुगतान की मांग कर रहा है। मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल ने बताया कि किसी भी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक की संस्तुति लेना जरूरी है। लेकिन इस मामले में संस्तुति लिये बिना
ही व्यक्ति ने काम करना शुरू कर दिया।

कॉलेज की समस्याओं को लेकर छात्रों ने किया चीफ प्रॉक्टर का घेराव, हंगामा

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में परीक्षाएं नियत समय पर होने के बावजूद सत्र में देरी हो रही है। करीब चार माह पहले परीक्षाएं हो गई थी, जिसका परिणाम अभी तक जारी नहीं किया गया है। कक्षाओं में सफाई नियमित नहीं की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को पठन-पाठन में दिक्कतें आ रही हैं। कॉलेज की प्रमुख समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने मंगलवार को चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट का घेराव किया। बाद में आश्वासन मिलने पर वे माने। एबीवीपी के पदाधिकारी अपनी मांगों को लेकर सुबह 11 बजे प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी का घेराव करने पहुंचे थे, लेकिन प्राचार्य के न होने पर वे चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट के पास पहुंचे और उनका घेराव किया। इस दौरान कुछ देर हंगामे का माहौल रहा। बाद में दूरभाष पर विवि से शीघ्र परीक्षा परिणाम जारी करने का आश्वासन मिला। साथ ही कॉलेज की समस्याओं को भी दूर करने के लिए आश्वस्त किया गया। विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम जारी नहीं करने, कक्षाओं में सफाई न होने के साथ ही साफ पीने के पानी की व्यवस्था न होने, वॉटर कूलर के काम नहीं करने की समस्याएं उठाईं। उन्होंने लाइब्रेरी में फ्री वाईफाई की व्यवस्था करने की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि 4 से 5 दिन में कॉलेज की समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया गया तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर नगरमंत्री धीरज गड़कोटी के नेतृत्व में कॉलेज इकाई अध्यक्ष आर्यन बेलवाल, अभिषेक गोस्वामी, यतिन पांडेय, देवेंद्र नेगी, अमनदीप, आयुष, राहुल बचकेती, अमन चंद आदि मौजूद रहे।

ओपीएस को लेकर शिक्षक संघों ने उठाई आवाज, सीएम को भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मंगलवार को राजकीय शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने आवाज उठाई। शिक्षकों ने नई पेंशन योजना (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन योजना (यूपीएस) के स्थान पर पुरानी पेंशन लागू किये जाने की मांग को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) नैनीताल कार्यकारिणी के आवाह्न पर राजकीय शिक्षक संघ, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य कर्मचारी संघों ने एसडीएम पारितोष वर्मा से मुलाकात की और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने एनपीएस और यूपीएस योजना को अस्वीकार करते हुए ओपीएस को सभी कर्मचारियों पर लागू करने की मांग की।
यूपीएस की कमियां गिनाते हुए कार्मिकों ने कहा कि अपने वेतन से कटौती कर अंशदान के रुप में जमा की गई 10 प्रतिशत की राशि को कार्मिकों को वापस नहीं किया जाएगा, जबकि ओपीएस में यह राशि जीपीएफ में जमा हो जाती थी, जो सेवानिवृत्ति या सेवा के दौरान वापस हो जाती थी। ओपीएस में प्रदेश में 20 साल की सेवा के बाद पूरी पेंशन का प्राविधान था, जो अब 25 साल के बाद भी पूरी तरह नहीं मिलेगी। कहा कि एक ही प्रदेश में कार्मिकों को 3 तरह की पेंशन मिलेगी, जो समानता के अधिकारों का उल्लंघन है। एनएमओपीएस नैनीताल कार्यकारिणी ने प्रदेश के 1 लाख कर्मचारियों ने ओपीएस बहाल करने की अपील की। उन्होंने बहाली न होने पर प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
इस दौरान संगठन अध्यक्ष मीनाक्षी कीर्ति, मंत्री मदन बर्थवाल, प्रदीप बोरा आदि मौजूद रहे।

-पुनर्नवा महिला समिति तीन सालों से आयोजित कर रही है महिला रामलीला

हल्द्वानी। पुनर्नवा महिला समिति की ओर से मंगलवार को हीरानगर स्थित पर्वतीय उत्थान मंच में महिला रामलीला का भव्य मंचन किया गया। रामलीला के प्रथम दिवस पर नारद मोह का सुंदर मंचन किया गया। जिसमें नारद की भूमिका में हनी तिवारी, इंद्र के रुप में किरण धर्मसत्तू , कामदेव का पात्र वरुणिका, उर्वशी – प्रतीक्षा , विष्णु -मानसी, शिव-कुसुम दीगारी, पार्वती- स्नेहा, रावण -गीता दरमवाल, कुंभकरण -दीप्ति चुफाल, विभीषण-लता जोशी, लक्ष्मी-सौम्या, शील निधि-गीता बिष्ट, उनकी पत्नी तारा बिष्ट, ऋषि-मुनि- अलका टंडन और तारा बिष्ट, रावणदूत- सरिता जनौटी, सामंत-जानकी, जय-विजय के पात्र में सरिता रावत और पूजा लटवाल रही। इससे पहले मेयर गजराज बिष्ट ने रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया। रामलीला अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। जिसमें हर साल महिलाएं विभिन्न पात्रों का मंचन कर अपना हुनर दिखाते हैं। इस बार भी रामलीला को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है और प्रथम दिवस पर काफी संख्या में लोग रामलीला मंचन देखने पहुंचे।
इस दौरान यशोदा रावत, कल्पना रावत, जानकी पोखरिया, मन्जू बनकोटी, निर्मला बहुगुणा, शांति जीना, कुसुम बोरा, जया बिष्ट, अंजना बोरा, प्रेमा ब्रजवासी, तुलसी रावत, किरन बिष्ट और कमला रौतेला आदि मौजूद रहीं।

पुनर्नवा महिला समिति तीन सालों से आयोजित कर रही है महिला रामलीला

हल्द्वानी। पुनर्नवा महिला समिति की ओर से मंगलवार को हीरानगर स्थित पर्वतीय उत्थान मंच में महिला रामलीला का भव्य मंचन किया गया। रामलीला के प्रथम दिवस पर नारद मोह का सुंदर मंचन किया गया। जिसमें नारद की भूमिका में हनी तिवारी, इंद्र के रुप में किरण धर्मसत्तू , कामदेव का पात्र वरुणिका, उर्वशी – प्रतीक्षा , विष्णु -मानसी, शिव-कुसुम दीगारी, पार्वती- स्नेहा, रावण -गीता दरमवाल, कुंभकरण -दीप्ति चुफाल, विभीषण-लता जोशी, लक्ष्मी-सौम्या, शील निधि-गीता बिष्ट, उनकी पत्नी तारा बिष्ट, ऋषि-मुनि- अलका टंडन और तारा बिष्ट, रावणदूत- सरिता जनौटी, सामंत-जानकी, जय-विजय के पात्र में सरिता रावत और पूजा लटवाल रही। इससे पहले मेयर गजराज बिष्ट ने रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया। रामलीला अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। जिसमें हर साल महिलाएं विभिन्न पात्रों का मंचन कर अपना हुनर दिखाते हैं। इस बार भी रामलीला को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है और प्रथम दिवस पर काफी संख्या में लोग रामलीला मंचन देखने पहुंचे।
इस दौरान यशोदा रावत, कल्पना रावत, जानकी पोखरिया, मन्जू बनकोटी, निर्मला बहुगुणा, शांति जीना, कुसुम बोरा, जया बिष्ट, अंजना बोरा, प्रेमा ब्रजवासी, तुलसी रावत, किरन बिष्ट और कमला रौतेला आदि मौजूद रहीं।

हल्द्वानी। गर्मी में नलकूप खराब होने का सिलसिला जारी

हल्द्वानी। गर्मियों के मौसम में नलकूप खराब होने से लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं। हीरानगर में भी नलकूप खराब हो गया है। इसके अलावा शहर में अन्य कई जगह नलकूप खराब हैं।
रविवार को हीरानगर में नलकूप खराब हो गया। इस वजह से करीब पांच हजार की आबादी पेयजल के लिए तरस गई।इसके अलावा लालडांठ में अभी भी नलकूप खराब है। यहां नलकूप खराब हुए करीब एक सप्ताह का समय होने वाला है। इसके अलावा बिठौरिया और छड़ायल में भी नलकूप खराब चल रहा है। शहर में करीब चार नलकूप खराब होने से 20 हजार लोगों को परेशानी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की डिमांड भी बढ़ जाती लेकिन नलकूप खराब होने से पानी की समस्या और भी बढ़ रही है। राहत की बात है कि गौलापार के मदनपुर में खराब चल रहा नलकूप ठीक कर दिया गया है। इससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को पानी उपलब्ध पाया। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने बताया कि नलकूपों को ठीक करवाया जा रहा है। शीघ्र ही पेयजल उपलब्ध होने लगेगा। इधर गौलाबैराज में गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही जलस्तर कम होता जा रहा है। बैराज का जलस्तर अब 130 क्यूसेक के आसपास पहुंच गया है। सिंचाई विभाग के अनुसार अगर अप्रैल से मई के दौरान अच्छी बारिश नहीं हुई तो दिक्कतें काफी बढ़ जाएंगी।

कुट्टू के आटे से फूड प्वाइजनिंग…दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती, सीएम धामी और स्वास्थ्य मंत्री ने जाना हालचाल

देहरादून। राजधानी में कुट्टू के आटे से फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। कोरोनेशन और दून अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों को भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जांच पूरी होने तक कुट्टू के आटे का सेवन न करें। स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी अस्वस्थता की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com