
हल्द्वानी। राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 23 जून से 25 जून 2025 तक शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में नैनीताल जनपद की टीम भाग लेगी। 22 जून को सुबह 9 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र एवं एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। खेल विभाग ने जनपद के हॉकी खिलाड़ियों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लें।

हल्द्वानी। डहरिया निवासी प्रकाश सिंह चौहान को बिजली विभाग की ओर से 23.12 लाख रुपये का बिल मिलने से हड़कंप मच गया। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चाएं हुईं। अब इस प्रकरण में ऊर्जा निगम ने शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में तहरीर दी है।ऊर्जा निगम के अवर अभियंता धीरज पंत ने शुक्रवार को पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा कि बिल को लेकर शरारती तत्वों द्वारा दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर विभाग की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

हल्द्वानी : ऊधमसिंह नगर से अपने दो भाइयों के साथ पिथौरागढ़ काम करने गया प्लंबर 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। बरवाला केलाखेड़ा निवासी रिंकू (34) पुत्र मुन्ना यहां पत्नी अनीता व पांच भाइयों के साथ रहता था। रिंकू के बड़े भाई मुकेश ने बताया कि वह, रिकूं और परकेश के साथ काम करने गया था। घटना के दिन वह रिंकू से करीब दो किमी दूर काम कर रहा था। 16 जून को एक भवन में टंकी लगानी थी और रिंकू सीढ़ी लेकर छत पर चढ़ रहा था कि तभी छत के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आ गया। उसे पिथौरागढ़ स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एसटीएच रेफर कर दिया गया। यहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने शव परिजनो के सुपुर्द कर दिया।

हल्द्वानी न्यूज़। मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए रकसिया, कलसिया और देवखड़ी नाले के पास नालों के किनारे बसे लोगों को जगह खाली करने के लिए कहा गया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने शुक्रवार को रकसिया नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण भी किए जा रहे हैं। जिसे नगर आयुक्त के निर्देश पर रोक दिया गया है। उन्होंने नाले के पास बसे झुग्गीवासियों और स्थायी निर्माण कर रहे लोगों को जल्द वहां से हटने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही लोगों ने अपनी झुग्गियां खाली नहीं की तो मजबूरन नगर निगम को अतिक्रमण हटाने के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी होगी। नगर आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई। जिसमें स्थानीय लोगों को मानसून के दौरान आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए नाले, रौले और नदी के किनारे बनाए अस्थायी आवास खाली करने को कहा गया। उल्लेखनीय है कि हर साल रकसिया, कलसिया और देवखड़ी नाले के उफान में आने से यहां झुग्गियों और अवैध रूप से बने घरों में जान-माल का नुकसान होता है। निगम के अनुसार क्षेत्र में राजस्व भूमि पर अतिक्रमण काबिज कर एक दर्जन से अधिक झुग्गियां बसाई गई हैं। साथ ही क्षेत्र में कुछ घर अवैध रूप से बनाए गए हैं। इन घरों को स्टांप पर खरीदा गया है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोगों से निर्माण संबंधित दस्तावेज मांगे तो कुछ लोगों ने अपने स्टांप दिखाए। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील भी की।

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार को राजनीति विज्ञान विभाग और कॅरियर काउंसलिंग के संयुक्त तत्वाधान में समान नागरिक संहिता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य और कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. एनएस बनकोटी ने किया। कार्यक्रम में प्राचार्य ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता के लागू होने से विवाह, तलाक और संपत्ति के कानून सभी के लिए समान होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. आरएस भाकुनी, उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने समान नागरिक संहिता विषय पर पीपीटी के माध्यम से व्याख्यान दिया। जिसमें उन्होंने यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण, तलाक, लिव इन रिलेशनशिप, बाल विवाह, वसीयत और उत्तराधिकार आदि पर विचार प्रस्तुत किए गए। यूसीसी कानून को अमल में लाने के लिए कॉलेज में विभागाध्यक्ष प्रो. अलका शर्मा ने बताया कि समान नागरिक संहिता असमानता को समाप्त करने वाला है। कहा कि उत्तराखंड इस कानून को लागू काने वाला देश का अग्रणी राज्य बन गया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवल किशोर लोहनी ने किया। इस मौके पर प्रो. बीआर पंत, प्रो. सीएस जोशी, प्रो. पंकज कुमार, प्रो. सीएस नेगी, प्रो. प्रेम प्रकाश, प्रो. कमला पंत आदि मौजूद रहे।

रुद्रपुर न्यूज। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की नवविवाहिता पत्नी के फांसी लगाकर सुसाइड किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि तीन माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने प्रकरण की पड़ताल प्रारंभ कर दी है। थाना ट्रांजिट कैंप के वनखंडी फेस-एक निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुदीप डे की शादी 2 मार्च 2025 को कालाढूंगी हल्द्वानी निवासी 28 वर्षीय हेमा आर्या के साथ हुई थी। शादी के बाद वैवाहिक जीवन बेहतर चल रहा था। शुक्रवार की सुबह प्रॉपर्टी डीलर साढ़े 10 बजे नाश्ता कर घर से निकला, जबकि उसकी पत्नी दोमंजिला मकान में अकेली थी। दोपहर के वक्त पता चला कि नवविवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई है।सूचना मिलते ही सीओ बीएल वर्मा, कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय, तहसीलदार दिनेश कुटोला मय पुलिस के घटनास्थल पहुंचे और दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तो पाया कि नवविवाहिता ने रस्सी से फंदा लगाकर सुसाइड किया है। पुलिस ने घटनास्थल पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। जिसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की, जबकि तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया।उधर, थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है और पूछताछ में यह पता चला कि सुबह के वक्त दंपत्ति में मामूली कहासुनी हुई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है। जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में कानून का राज और मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। होटल, रेस्टोरेंट, सड़क किनारे शराब पीने और पिलाने वालों पर कार्रवाई हुई और साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर भी जुर्माना लगाया गया। नैनीताल जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन रोमियो चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करना, सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई करना था। गुरुवार को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में हल्द्वानी क्षेत्र में और एसपी क्राइम, यातायात जगदीश चंद्र के नेतृत्व में नैनीताल क्षेत्र में ऑपरेशन रोमियो चलाया गया। इसके अंतर्गत सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों में शराब पीने पिलाने वाले 261 अराजक तत्वों का पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान किया गया और 27500 रुपये जुर्माना वसूला गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 367 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई हुई और 109500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 16 लोगों के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हल्द्वानी। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कुमाऊं मंडल में 101 दरागाओं को इधर से उधर किया है। नैनीताल जिले से भी कई दरागाओं को अन्य जिलों में भेजा गया है और साथ ही अन्य जिलों से कई दरागाओं का तबादला करके उन्हें नैनीताल जिले में भेजा गया है। नैनीताल जिले से चंद्रशेखर कन्याल को बागेश्वर जिले में भेजा गया है। दिलीप कुमार, सुनीता कुंवर, जगत सिंह भंडारी, प्रियंका मौर्य और पंकज जोशी का चंपावत जिले में तबादला किया गया। नैनीताल जिले में तैनात नीरज सिंह बल्दिया को बागेश्वर, गगनदीप को अल्मोड़ा भेजा गया है। इनके अलावा रजनी आर्य, विरेंद्र सिंह बिष्ट, बलबीर सिंह, प्रेमा कोरंगा, महेश चंद्र पंत, रविंद्र सिंह और सिमरन को पिथौरागढ़ जिले में भेजा गया है। इसके साथ ही कई दरोगा स्थानांतरण पर अब नैनीताल जिले में आएंगे। इनमें चंपावत जिले से हिमानी गहतोड़ी, सुष्मिता राना, लता बिष्ट, कुंदन सिंह बोरा, मंदाकिनी, तेज कुमार, ललित कुमार पांडे, मीना रावत को तबादला करके नैनीताल जिले में भेजा गया है। बागेश्वर जिले से खष्टी बिष्ट, खुशवंत सिंह और जीवन सिंह सामंत को नैनीताल जिले में भेजा है। पिथौरागढ़ जिले से आरती बाल्मिकी, मेघा शर्मा, प्रकाश चंद्र पांडे, प्रेमा पाटनी, सुरेश कुमार कंबोज और भुवन चंद्र गहतोड़ी को नैनीताल जिले में भेजा है।

हल्द्वानी। आवास विकास कॉलोनी में प्रशासन द्वारा मकानों को अतिक्रमण घोषित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को पंचेश्वर मंदिर पार्क में एक विशाल महापंचायत आयोजित की गई। इस जनसभा में स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने भाग लेकर प्रभावितों को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। महापंचायत में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुज़ुर्ग और युवा शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाही और अमानवीय बताया। उन्होंने कहा, यह आदेश न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि गरीबों के सिर से छत छीनने वाला है। यह लड़ाई केवल मकानों की नहीं, इंसानियत और न्याय की है। हम इसे सड़क से लेकर सदन और न्यायालय तक लड़ेंगे। स्थानीय नागरिकों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कानूनी सहायता की मांग की। विधायक हृदयेश ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी को भी बेघर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के घर उजाड़ने की यह राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को एकजुट होकर आवाज़ उठानी होगी। महापंचायत में उपस्थित लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर गुरीप्रीत सिंह प्रिंस, हर्षित भट्ट, भुवन पाण्डेय, मोहन सिंह भण्डारी, खीमानंद पांडेय, हेमंत चुफाल, सुरेश किरौला, योगेंद्र श्रीवास्तव, के.एन. जोशी, भीम सिंह बोरा, कमल सिंह कराकोटी, रेवती देवी, भावना बिष्ट, नंदी देवी, नंदनी गोस्वामी, सीमा कोठारी, गंगा कराकोटी, तारा कन्याल, विनीता वर्मा, अनिता रावत, दुर्गा देवी, कीर्ति सिंह रावत सहित कई नागरिक मौजूद रहे।


हल्द्वानी। उत्तराखंड पुलिस महकमे में पदोन्नति के बाद एक बार फिर से तबादलों की सूची जारी की गई है। दरोगा से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किए गए पुलिस अधिकारियों को अब नई तैनाती दे दी गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। हल्द्वानी के थाना बनभूलपुरा में तैनात एसओ नीरज भाकुनी का तबादला पिथौरागढ़ कर दिया गया है। उन्हें इंस्पेक्टर पद पर प्रमोट किए जाने के बाद यह नई जिम्मेदारी दी गई है। यह तबादले प्रशासनिक संतुलन और प्रमोशन के बाद खाली हुए पदों की भरपाई को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।