शैक्षिक संस्थानों की आड़ में संचालित अवैध मदरसों पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण और नगर निगम की टीम ने पहाड़गंज में संचालित मदरसे पर ताला जड़ दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मदरसा संचालकों में हड़कंप मच गया। सोमवार को जिला विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय, नगर निगम की उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पुलिस बल के साथ पहाड़गंज पहुंचे। यहां मस्जिद के बगल में एक मकान के अंदर बिना दस्तावेजों के मदरसा चल रहा है। जब संयुक्त टीम ने मदरसा संचालक से दस्तावेज मांगे तो कोई भी दस्तावेज नहीं दिखाए। जिसके बाद प्रशासन की टीम ने मकाननुमा अवैध संचालित मदरसे को सील कर ताला जड़ दिया। वहीं टीम ने हिदायत दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर जिला विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि पहाड़गंज में नियमों के विरुद्ध अवैध मदरसा संचालित होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जब शिकायत की जांच कराई तो मामला सही पाया गया था। संचालक को नोटिस भेजने के बाद भी गरीब नवाज मदरसा को बंद नहीं किया और प्रशासन ने सील कर दिया है। इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
किच्छा। कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में गृह स्वामी की गैर मौजूदगी में चोरों ने घर पर धावा बोलकर हजारों रुपये की नगदी सहित कीमती जेवर चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित जब घर पहुंचा तो घर का सामान अस्त व्यस्त देखकर उसके होश उड़ गए। घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना का पूरा वीडियो कैद हो गया। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में साईं कॉलोनी, चौकी लालपुर, थाना किच्छा निवासी सचिन कुमार ने बताया कि वह 9 जून को घर में ताला लगाकर विवाह समारोह में शिरकत करने के लिए जिला बरेली गया था। पीड़ित के अनुसार जब वह विवाह समारोह से घर लौटा तो घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा हुआ हुआ था। गृहस्वामी ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर पता चला कि गड्ढा कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप, रूद्रपुर निवासी सन्नी चंद्रा एवं ओमपाल उर्फ नन्हे नाम के दो युवक उनके घर में घुस आए और घर तथा अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने घर में रखे सोने चांदी के जेवर सहित करीब 11 हजार रुपए की नगदी चुरा ली और फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए माल एवं नगदी को बरामद किए जाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नैनीताल। एक साल से शोपीस बने करीब एक करोड़ के प्रोटियस सेंसर एक बार फिर नैनी झील के पानी की गुणवत्ता माप सेकेंगे। लंबे समय से खराब सेंसरों को सिंचाई विभाग ने दुरुस्त करने को हैदराबाद भेज दिए हैं। जहां दोनों सेंसर में आई खराबी की तकनीकी जांच की जा रही है। ताकि भविष्य में सेंसर में कोई खराबी आने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जा सके। इसको लेकर विभागीय स्तर पर संबंधित कंपनी से अनुबंध की भी तैयारी है। जल्द ही दोनों सेंसर दुरुस्त कर नैनीझील में स्थापित कर दिए जाएंगे।
बता दें कि वर्ष 2020 में तत्कालीन जिलाधिकारी सविन बंसल ने नैनी झील का बाथिमेट्रिक सर्वे कराया था। जिसमें वैज्ञानिक विधि से नैनी झील की गहरई समेत पानी की गुणवत्ता के आकड़े जुटाए गए थे। झील की गिरती सेहत को देखते हुए इसकी नियमित मानीटरिंग की जरुरत महसूस हुई तो यूएनडीपी के सहयोग से झील में रियल टाइम मानिटरिंग सिस्टम लगाया गया। जिसके तहत पानी की गुणवत्ता मापने के लिए झील में दो सेंसर स्थापित किये गए। साथ ही पानी की गुणवत्ता दर्शाती हुई तल्लीताल डाठ पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई। मगर कुछ वर्ष बीतने के बाद झील किनारे से एलईडी हटा गई। इधर, बीते एक वर्ष से झील में लगाए गए सेंसर भी खराब हो गए। जिसकी संबंधित विभाग ने कोई सुध नहीं ली अब सिंचाई विभाग ने खराब सेंसरों की समस्या को गंभीरता से लिया।
inset—– हर वर्ष मेंटनेंस की बनाई जा रही है योजना
अधिशासी अभियंता विजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रोटियस सेंसर आधुनिक तकनीक युक्त है। जिनकों दुरुस्त कराने के लिए इस क्षेत्र में कार्य करने वाली कंपनी को ही भेजना पड़ता है। कंपनी प्रतिनिधियों ने वार्ता में बताया कि हर वर्ष इस तरह के सेंसर की नियमित जांच जरुरी है। विभागीय स्तर पर सेंसर की जांच व गड़बड़ी होने पर उन्हें दुरुस्त करने के लिए कंपनी से अनुबंध की भी योजना है। जिससे खराबी आने पर उन्हें तत्काल ठीक किया जा सके।
कोड सेंसर स्वान इनवायरमेंटल प्राइवेट लिमिटेट को भेजे गए है। जहां कंपनी कमर्मी सेंसर में आई गड़बड़ी का पता लगा रहे है। कंपनी को बजट आवंटित होने के बाद जल्द सेंसर दुरुस्त करा लिए जाएंगे। -विजेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता।
&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&
सड़कों की मरम्मत के लिए शासन को पत्र लिखा संवाददाता, भीमताल अमृत विचार : भीमताल विधान सभा क्षेत्र में सड़कों की स्थिति काफी खराब हो गई है। कई मोटर मार्ग में गड्ढे हो गए हैं। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। भीमताल से नौकुचियाताल जाने वाली मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र के सिलौटी पंत सिलौटी पांडे क्षेत्र में जाने वाले मोटर मार्ग में लोगों ने सड़कों की खराब स्थिति को देखते हुए दो पहिया और चार पहिया वाहन चलाना छोड़ दिया है। पर्यटन सीजन से पूर्व इन मोटर मार्गो की मरम्मत की मांग की जा रही थी। लेकिन पर्यटन सीजन समाप्त होने पर भी इन मार्गों की स्थिति में कोई सुधार नहीं किया गया जिससे स्थानीय लोगों ने नाराजगी है। क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता राकेश बृजवासी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों समेत शासन के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर इन मोटर मार्गों को दुरुस्त करने की मांग की है। फोटो 16 बीटीएल 03 परिचय राकेश वृजवासी
हल्द्वानी : नशे की लत और पैसा कमाने के लिए तमंचे के दम पर लोगों से लूटपाट करने वाले चिकारा को बनभूलपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मुकेश वर्मा उर्फ चिकारा के रूप में हुई है, जो लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ने बताया कि उसने तमंचा रामपुर में एक व्यक्ति से खरीदा था और लोगों को डरा कर पैसे कमाने के लिए इसका इस्तेमाल करना चाहता था। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हल्द्वानी। कहते हैं न शौक बड़ी चीज है, लेकिन शौक के लिए कभी-कभी भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है। शराब के एक ऐसे ही शौकीन को चलती बाइक पर बीयर का शौक फरमाना महंगा पड़ गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को धर दबोचा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो नैनीताल रोड का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक तेजी से भीड़ भरी सड़क पर मोटर साइकिल दौड़ा रहा है। उसके एक हाथ में बाइक का हैंडल और दूसरे हाथ में बीयर है। बाइक चलाते समय पीछे से आ रही रोशनी में वह बोतल उठा कर बार-बार यह भी चेक कर रहा है कि बोतल में कितनी बीयर बची है। यह देख बाइक सवार के पीछे चल रहे एक व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने इसे गंभीरता से लिया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। मुखानी पुलिस ने युवक की पहचान नवीन सिंह भोजक निवासी कुसुमखेड़ा, बिठौरिया के रूप में की और उसके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग करते हुए उसे भविष्य में ऐसे कृत्य न करने की चेतावनी दी गई। युवक ने भी अपनी गलती स्वीकारी और माफी मांगते हुए दोबारा ऐसा न करने का आश्वासन दिया।
हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों में इन दिनों शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विवि से जुड़े कॉलेजों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं। कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी कॉलेज में समर्थ पोर्टल के माध्यम से सोमवार शाम तक 2030 पंजीकरण हो चुके हैं। जिसमें बीए में 1077, बीएससी मैथ्स में 256, बीएससी बायो ग्रुप में 233 और बीकॉम में 370 पंजीकरण हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से 25 मई से प्रथम चरण में समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके बाद 1 जून से कॉलेज और विषय चयन के लिए पोर्टल को खोला गया, जिसमें छात्रों को पसंदीदा कॉलेज और पाठ्यक्रम चुनने की सुविधा मिली। विवि से जुड़े कॉलेजों में अभी भी छात्र पंजीकरण कर सकते हैं और छूटे हुए विद्यार्थी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। रविवार तक एमबीपीजी कॉलेज के लिए 2000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे, जिससे यह स्पष्ट है कि छात्रों में कॉलेज को लेकर खासा उत्साह है। समर्थ पोर्टल को 30 जून तक पंजीकरण के लिए खोला गया है। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से समय रहते पंजीकरण करने और जल्द ही दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उन्हें प्रवेश में किसी तरह की परेशानी न हो।
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन टीबी एवं चेस्ट क्लीनिक में ऑक्सीजन की पूर्ति के लिए ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। अभी प्लांट नहीं होने की वजह से यहां मरीजों को भर्ती नहीं किया जाता है हालांकि ओपीडी में प्रतिदिन 90 मरीजों को देखा जाता है।
टीबी एवं चेस्ट क्लीनिक में कुमाऊं के अलावा उत्तर प्रदेश के मरीज भी आते हैं। छाती और टीबी रोगियों का यहां सरकारी दरों पर उपचार होता है जो काफी सस्ता होता है। पहले इस विभाग में 30 बेड थे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 60 बेड का अस्पताल बनाया गया। समस्या यह रही कि नया भवन तो बना दिया गया लेकिन ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के लिए ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस वजह से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि टीबी और छाती रोगों के गंभीर मरीजों के उपचार में ऑक्सीजन की अहम भूमिका होती है। मरीजों की समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। देहरादून से तकनीशियनों की टीम ने आकर दौरा कर लिया है। अब यहां ऑक्सीजन प्लांट बनना शुरू हो जाएगा और उम्मीद है कि कुछ माह बाद ऑक्सीजन प्लांट से अस्पताल के बेडों पर ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जिसके बाद टीबी और छाती रोगों के गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाना शुरू हो जाएगा। टीबी एवं छाती रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. आरजी नौटियाल ने कहा कि हम शीघ्र प्लांट लगाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। जिससे मरीजों को लाभ मिल सके।
सोमवार को मरीजों की भीड़ लगने का अनुमान हल्द्वानी। शनिवार को एसटीएच में आधे दिन ही ओपीडी खुली और रविवार को अवकाश की वजह से ओपीडी बंद रही। अब सोमवार को ओपीडी खुलेगी। ऐसे में अनुमान है कि सोमवार को ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लग सकती है। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के अनुसार इन दिनों मौसमी बीमारी जैसे बुखार, डायरिया आदि के ज्यादा मरीज आ रहे हैं।
हल्द्वानी। कोटाबाग में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान एसटीएच हल्द्वानी में महिला की मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालियों पर महिला को खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार नलनी (मंगोली) निवासी टीकम अधिकारी ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि 20 वर्ष पूर्व उसकी बहिन भावना नगरकोटी की शादी कप्तानगंज कोटाबाग निवासी संतोष सिंह पुत्र रामसिंह से हुई थी। संतोष और उसका बड़ा भाई विशन सिंह आए दिन भावना के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते थे। बीते 13 जून की शाम भी संतोष ने भावना के साथ मारपीट की। 14 जून की शाम करीब 4 बजे विशन सिंह ने उसकी की मौसी को फोन करके बताया कि भावना ने जहर खा लिया है। उसे अस्पताल ले गए हैं। अस्पताल में भावना की मौत हो गई। टीकम ने आरोप लगाया कि जीजा संतोष और विशन सिंह ने खाने में जहर देकर उसकी बहन को मार डाला। एसओ विजय मेहता ने बताया कि मामले में तहरीर आई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र की एक महिला को उसके पति और ससुरालियों ने बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में महिला के गुप्तांग सहित शरीर के आठ स्थानों पर गहरी चोट आई है। मामले में पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चीनगर, लामाचौड़ निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि पिथौरागढ़ निवासी व्यक्ति के साथ 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी। आरोप लगाया कि पिछले एक साल से उसका पति, देवर व ननद लगातार परेशान कर रहे हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की जाती है। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने ननिहाल आ गई है। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मामले में पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने 8 साल की बच्ची से दरिंदगी की। बच्ची आरोपी के पिता से ट्यूशन पढ़ने गई थी। घर में पिता के न होने का फायदा उठाते हुए उसने बच्ची से दुष्कर्म किया। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 8 साल की बच्ची गौलागेट टनकपुर रोड निवासी मोहम्मद अली के घर रोजाना ट्यूशन पढ़ने जाती थी। बीते दिन भी वह ट्यूशन पढ़ने पहुंची, लेकिन उस रोज घर पर मोहम्मद अली के बेटे बिलाल के सिवा कोई और मौजूद नहीं था। बिलाल ने इसका फायदा उठाया और बच्ची को डरा-धमका कर घर के बेसमेंट में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ जबरन गंदा काम किया। बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची और मां को सारी बात बताई। जिसके बाद बच्ची के परिजन आरोपी के खिलाफ तहरीर लेकर बनभूलपुरा थाने पहुंचा। इधर, मामला पुलिस तक पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज उसे जैम फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसआई सुशील जोशी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।