हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे युवक की हार्ट अटैक से मौत

-सेना व मैराथन की तैयारी के लिए दोस्त के साथ दौड़ लगा रहा था युवक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
नैनीताल,
सेना में भर्ती और मैराथन की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ नैनीताल की भवाली रोड में अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह सड़क पर गिर गया। जिसके बाद रोडवेज बस चालक और परिचालक व हरियाणा के पर्यटकों की मदद से मूर्छित अवस्था में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया। जानकारी के अनुसार भूपेंद्र देवली बुधवार सुबह दोस्त के साथ प्रतिदिन की तरह मैराथन व लंबी दौड़ की प्रैक्टिस करने के लिए भवाली रोड में निकला था। दोनों दौड़ते हुए भवाली रोड पहुंचे, जहां अचानक कैलाखान के पास भूपेंद्र जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता नंदन सिंह नैनीताल वन विभाग में कार्यरत है। सूचना के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए थे।

नशे में धुत सिपाही ने होटल में घुसाई कार

  • घटना के वक्त होटल में कई लोग कर रहे थे भोजन
  • लोगों ने कार ने निकाल कर पूछा तो बोला, मैं पुलिस हूं
    हल्द्वानी,
    नशे में धुत होकर कार चला रहे एक युवक ने कई लोगों की जान जोखिम में डाल दी। तेज रफ्तार कार लेकर वह सीधे एक होटल में घुस गया। घटना के वक्त वहां कई लोग खाना खा रहे थे। गनीमत रही कि कोई कार की चपेट में नहीं आया। जब लोगों ने युवक को कार से नीचे उतारा तो वह खुद को पुलिस वाला बताकर उल्टा लोगों पर रौब गांठने लगा। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
    पुलिस के मुताबिक नैनीताल रोड पर भुजियाघाट में अमर सिंह जीना का रेस्टोरेंट है। मंगलवार रात एक कार सवार व्यक्ति ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और कार रेस्टोरेंट की दीवार से टकरा गई। जिस वक्त यह घटना हुई रेस्टोरेंट में कई लोग मौजूद थे। अचानक हुए हादसे से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाया। कार से एक व्यक्ति को उतारा, जिसने खुद को पुलिस कर्मी बताया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लोगों का कहना है कि खुद को पुलिस कर्मी बताने वाला चालक नशे में था, जो नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा का कहना है कि घटना स्थल पर ही दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। रेस्टोरेंट की दीवार में दरार आई थी, जिसकी भरपाई कार चालक ने कर दी है।

हल्द्वानी: होटल में ठहरे युवक ने की आत्महत्या, बाथरूम में मिला शव

हल्द्वानी। टीपीनगर चौकी क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। युवक ने कमरे में शराब पीने के बाद जहरीली गोलियां निगल लीं। अगली सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर युवक का शव बाथरूम में मिला। मौके से शराब की बोतल और सल्फास की डिब्बी बरामद की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज रौतेला (29 वर्ष) पुत्र ध्यान सिंह रौतेला निवासी हरिपुर नायक, थाना मुखानी के रूप में हुई है। बुधवार को वह देवलचौड़ स्थित हाईनेक्स होटल में ठहरा था। उसने होटल में एक दिन के लिए कमरा बुक किया था। गुरुवार सुबह 10 बजे उसे चेकआउट करना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में दर्ज कराए पते के आधार पर परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक का शव बाथरूम में पड़ा मिला। मौके से शराब की आधी खाली बोतल और सल्फास की डिब्बी बरामद की गई है।

रोड पर स्टंट पड़ा भारी, हिरासत में 5 स्टंटबाज

नैनीताल (मल्लीताल)। “स्टंट तुम्हारा स्टाइल हो सकता है… लेकिन हमारे लिए यह एक अपराध है” – इसी सख्त संदेश के साथ मल्लीताल पुलिस ने सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 16 जून 2025 को एक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से चल रहे वाहन की सूचना पर पुलिस ने 5 युवकों को हिरासत में लिया, वाहन सीज किया और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मल्लीताल कोतवाली प्रभारी श्री हेमचंद पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगोली क्षेत्र में तत्काल चेकिंग अभियान चलाया, जहां HR 43 E 6085 नंबर की कार को अमन पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी रेवाड़ी, हरियाणा द्वारा लापरवाही व जानलेवा तरीके से चलाते हुए पकड़ा गया।

वाहन में सवार चार अन्य युवक खिड़कियों से बाहर झुककर शोरगुल और स्टंटबाजी कर रहे थे, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।

पुलिस द्वारा मौके पर ही वाहन को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया तथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट प्रेषित की गई है।

शिक्षा व्यवस्था के मानक तय करेगा राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण

हल्द्वानी। शिक्षा की गुणवत्ता और न्यूनतम मानकों के सख्त पालन को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को व्यवस्थित और समान बनाने के उद्देश्य से राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव में बताया गया है कि यह प्राधिकरण राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों के अनुरूप कार्य करेगा। इसका उद्देश्य सभी स्कूलों में शिक्षा के व्यावसायिक और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करना है। यह स्वायत्त निकाय स्कूलों में सुरक्षा, आधारभूत संरचना, शिक्षक संख्या, विषयवार शिक्षण व्यवस्था और न्यूनतम सुविधाओं के मानक तय करेगा। ये मानक निजी और सरकारी दोनों प्रकार के स्कूलों पर लागू होंगे।
प्राधिकरण का नेतृत्व एक शिक्षाविद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे, जिनका शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान रहा हो। इसके अलावा इसमें महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा, निदेशक एससीईआरटी, सीबीएसई क्षेत्रीय निदेशक, आईसीएसई व निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि, एनजीओ के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
प्राधिकरण न सिर्फ स्कूलों में पढ़ाए जाने वाले विषय और फीस ढांचे को पारदर्शी बनाएगा, बल्कि निजी विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन को भी निर्धारित करेगा। प्राधिकरण की ओर से तय किए गए इन सभी मानकों का राजकीय और निजी स्कूलों को पालन करना होगा।
अपर शिक्षा निदेशक पदमेंद्र सकलानी की ओर से जारी अधिकारिक जानकारी के मुताबिक विभाग की ओर से सीबीएसई, असम और पंजाब में गठित प्राधिकरण के अध्ययन के बाद शासन को इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

21897 स्कूलों में तय होंगे न्यूनतम मानक

प्रदेश में निजी स्कूलों पर फीस में मनमानी बढ़ोत्तरी और जरूरी सुविधाओं की कमी के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण करीब 16501 सरकारी और 5396 निजी विद्यालयों में न्यूनतम मानक तय करेगा। मानक तय होने के बाद निजी स्कूलों की मनमानी पर रोकथाम लगाने में मदद मिलेगी।

नेशनल कियो कराटे में प्रदेश की टीम से बरखा ने जीता एकमात्र गोल्ड मेडल

हल्द्वानी। कियो कराटे नेशनल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम के लिए एकमात्र गोल्ड मेडल जीतने वाली बरखा लोहनी सहित जिले के अन्य प्रतिभागी खिलाड़ियों का मंगलवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कियो कराटे नेशनल प्रतियोगिता में जिले की 12 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हल्द्वानी की बरखा लोहनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के लिए एकमात्र गोल्ड मेडल जीता। उत्तराखंड के प्रमुख कोच विरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के कुल 32 राज्यों की टीम के 2 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जबकि प्रदेश की टीम से 113 खिलाड़ियो ने प्रतिभाग किया था। जिसमें राठौर स्पोर्ट्स एकेडमी की बालिका बरखा लोहनी ने अंडर-40 किग्रा श्रेणी में गोल्ड मेडल जीता। विरेंद्र ने बताया कि बरखा ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। बताया कि इससे पहले राज्य स्तर में लगातार मेडल जीते हैं। राष्ट्रीय स्तर में पहली बार मेडल जीता है। इस दौरान नैनीताल कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह किरौला, महासचिव राजेंद्र सिंह कत्यूरा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, चेतन भट्ट, पायल मेहता, आशा बिष्ट, निकिता आदि मौजूद रहे।

नगर आयुक्त से वार्ता के बाद 13 दिनों से चल रहा धरना स्थगित

संवाददाता, हल्द्वानी
लगातार 13 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों का धरना आखिरकार मंगलवार को स्थगित हो गया। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के साथ मंगलवार को काफी देर तक चली वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चित कालीन धरने के तहत मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की नगर आयुक्त ऋचा सिंह, लेखाकार गणेश भट्ट, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल, अधिष्ठान लिपिक कुंदन जोशी व कार्यालय अधीक्षक गिरीश भट्ट के साथ वार्ता हुई।
सकारात्मक वार्ता के बाद नगर आयुक्त ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया और मुख्य मांग अस्थाई कर्मचारियों के एक वर्ष के एरियर की पहली किस्त दीपावली से पूर्व और शेष सातवें वेतन आयोग के बाद दिए जाने पर सहमति बनी।

नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद उन्होंने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। अमित कुमार ने कहा यदि निगम प्रशासन वादाखिलाफी खिलाफी करता है तो फिर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ की सभी मांगों पर निगम प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाकर शीघ्र कार्यवाही करने का भरोसा दिया है। बताया कि लिखित सहमति के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। वार्ता के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय पाल,शाखा अध्यक्ष रवि चिंडालिया, शाखा सचिव श्याम बाबू, विश्वास, राजेश, विरेन्द्र, जयपाल, मुकेश, राजेश खन्ना, कैलाश बाबू, अलंकार, विशाल, सिद्धार्थ, शम्मी, लक्की, रोहित आदि मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगें-
1- समस्त अस्थाई कर्मचारियों के रुके एक वर्ष के एरियर का भुगतान किया जाए।
2-प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षको की नियुक्ति वरिष्ठता व योग्यता के आधार पर हो।
3-मोहल्ला स्वच्छता समिति भर्ती मे स्थायी व जरूरतमंदो को रखा जाए।
4-समस्त अस्थाई कर्मचारियों को ईपीएफ का लाभ 2011 से दिया जाए।

कुमाऊं विवि का 30 जून तक रिजल्ट निकालने पर जोर, कल होगी अंतिम परीक्षा

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में सत्र की अंतिम परीक्षाएं अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कल (गुरुवार) को अंतिम परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 जून तक परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी तेज कर दी है, ताकि आगामी सत्र समय से शुरू कराया जा सके।
इस समय एमबीपीजी कॉलेज, महिला डिग्री कॉलेज, पीजी कॉलेज रामनगर सहित अन्य कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य जारी है। कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल ने बताया कि अब तक 50 प्रतिशत से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। विवि की ओर से सम सेमेस्टर की परीक्षाओं के परिणाम तय समयसीमा के भीतर घोषित करने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। शैक्षणिक कैलेंडर में निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार, मूल्यांकन और परिणाम की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। विवि प्रशासन का लक्ष्य है कि सत्र में किसी भी प्रकार की देरी न हो और नया शैक्षणिक सत्र तय समय पर शुरू किया जा सके।

टांडा जंगल में ब्लड मनी मर्डर! पैसे के लालच में दोस्त बना कातिल

हल्द्वानी समाचार। हल्द्वानी के हापुड़ निवासी भोगेंद्र सिंह की टांडा जंगल में हत्या की गई थी, जिसे लेकर अब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।वीओ:एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी बालम सिंह बिष्ट ने अपने दो साथियों हरीश नेगी और उमेश बोरा के साथ मिलकर भोगेंद्र सिंह की हत्या की।बताया जा रहा है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था, जिसके चलते भोगेंद्र सिंह को पैसे देने के बहाने टांडा जंगल बुलाया गया और सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पैसों के लेनदेन को लेकर हत्या की गई है। मुख्य आरोपी बालम सिंह बिष्ट समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है और मामले में कुछ और खुलासे हो सकते हैं। हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हो गया है।

हेली सेवा शुरू, केदारनाथ पैदल मार्ग भी सुचारू

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। श्रद्धालुओं द्वारा चारों धामों केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के नियमित दर्शन किए जा रहे है। वहीं, हेली हादसे में सात लोगों की मौत के बाद स्थगित की गई हेली सेवाएं आज से पुन: संचालित की जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार, बरसात के मौसम के दृष्टिगत यात्रा मार्गों पर संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। पैदल यात्रा मार्गों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से हर संभव प्रयास किए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। वहीं, रविवार को जंगलचट्टी के निकट निरंतर भारी वर्षा के कारण गधेरे में अचानक मलबा एवं पत्थरों के आने से केदारनाथ धाम को जाने वाला पैदल मार्ग आंशिक रूप से बाधित हो गया था। सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से स्थगित किया गया था।
प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से देर शाम में कार्यदायी संस्थाओं के स्तर से पैदल यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आये मलबा पत्थर इत्यादि को हटाने एवं मार्ग को सुचारू करने का कार्य तत्परता से किया गया। सोमवार सुबह मौसम के अनुकूल होने पर जनपद में केदारनाथ धाम यात्रा सुचारू करने हेतु मार्ग पूर्ण रूप से साफ कर दिया गया है तथा केदारनाथ धाम की यात्रा पुनः सामान्य रूप से संचालित हो रही है। वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका ने सोमवार को अवगत कराया है कि आज मंगलवार से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं पुन: संचालित की जाएंगी।
यलो अलर्ट, मौसम का लेते रहें अपडेट
उत्तराखंड मौसम विभाग ने आगामी दिवसों के लिए भी बारिश की सम्भावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। अकस्मात होने वाली तेज बारिश के कारण पैदल मार्ग में भूस्खलन होने या ऊपर पहाड़ी से पत्थर या मलबा गिरने की सम्भावना बनी रहती है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आ रहे सभी श्रद्धालु मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही अपनी यात्रा पर आएं तथा यात्रा के दौरान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा हेतु अद्यतन जानकारी प्राप्त करते रहें और सावधानीपूर्वक यात्रा करें।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com