हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

भटकें नहीं, 2 जुलाई को कैंप में पास होंगे भवन के नक्शे

हल्द्वानी। आम तौर पर भवन के मानचित्रों को पास कराने के लिए लोग एक टेबल से दूसरे टेबल पर भटकते नजर आते हैं, लेकिन अब एक दिवसीय कैंप में लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। 2 जुलाई को उप जिलाधिकारी कार्यालय में नक्शा पास कराने के लिए एक दिवसीय कैंप लगाया जाएगा। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल ने इसको लेकर निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और नगर पालिका परिषद, रामनगर क्षेत्र अंतर्गत प्राप्त होने वाले मानचित्रों की स्वीकृति के लिए 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से उप जिलाधिकारी के हल्द्वानी स्थित कार्यालय में कैंप आयोजित किया जा रहा है। बताया कि भवन मानचित्रों का स्थल पर ही निस्तारण करते हुए मानचित्र की स्वीकृति दी जाएगी।

बेस के फार्मासिस्ट और डॉक्टरों की नहीं लगेगी चारधाम में ड्यूटी

हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल से चारधाम ड्यूटी के लिए डॉक्टर और फार्मासिस्ट की ड्यूटी अब नहीं लगेगी। इसस मरीजों को काफी राहत मिली है। विगत वर्षों में जब चारधाम ड्यूटी के लिए डॉक्टर और फार्मासिस्ट गए थे, तब मरीज काफी परेशान हुए थे।
चारधाम ड्यूटी शुरू होने के साथ ही रोस्टर में डॉक्टरों और फार्मासिस्टों की ड्यूटी भी लगाई थी। यह आदेश बेस अस्पताल के लिए भी आया था। शुरुआत में बेस अस्पताल से डॉक्टरों को भेजा गया था, लेकिन इसके बाद में अस्पताल के अंदर डॉक्टरों की कमी होने से मरीज परेशान होने लगे। इधर, इस दिक्कत को देखते हुए अस्पताल के पीएमएस डॉ. केके पांडे ने शासन में पत्र लिखा और उन्हें स्टाफ की कमी से सूचित किया। जिसके बाद अब बेस अस्पताल के डॉक्टरों और फार्मासिस्टों की ड्यूटी चारधाम में नहीं लगाने का निर्णय लिया गया है। पीएमएस डॉ. पांडे ने कहा कि शासन को हर पहलू के बारे में जानकारी दी गई थी। पिछले साल बेस अस्पताल में सबसे ज्यादा दिक्कत फार्मासिस्टों की कमी को लेकर हुई थी। अस्पताल में फार्मासिस्टों की तैनाती 24 घंटे होती है और हर वार्ड में एक दिन ड्यूटी पूरी करने के लिए तीन फार्मासिस्ट की जरूरत होती है।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन से हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

हल्द्वानी। घटना को अंजाम देने की नीयत से काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर घूम रहा हिस्ट्रीशटीर जीआरपी के हत्थे चढ़ गया। आरोपी रेलवे स्टेशन में चाकू लेकर घूम रहा था। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया है। जीआरपी थानाध्यक्ष नरेश कोहली ने बताया कि 26 जून को वह अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग पर थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन काठगोदाम के प्लेटफार्म संख्या-1 पर घूम रहे युवक की तलाशी ली तो उसके पास से अवैध चाकू बरामद हूआ। आरोपी की पहचान अजय पाल निवासी बिहारीपुर, थाना दातागंज, जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। आरोपी पर एनडीपीएस अधिनियम, जहर खुरानी, चोरी, गैंगस्टर अधिनियम व मारपीट के मुकदमें दर्ज हैं। वह पूर्व में मजूदरी करता था।

आरटीओ रोड-पांडे नवाड़ रोड से आवागमन शुरू..

हल्द्वानी: रकसिया नाले के आउटफॉल निर्माण के दौरान आरटीओ रोड पर वसुन्धरा बैंक्वट हॉल मोड़ से आनंदपुर तिराहा तक बीते दो माह से चौपहिया और भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित था। जिसे कार्य पूरा होने पर आमजन और वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रेमपुर लोश्ज्ञानी और आसपास के अन्य गांवों में मानसून में रकसिया नाले के कारण होने वाले नुकसान से बचने के लिए शहरी विकास विभाग के तहत यूयूएसडीए की ओर से प्रेमपुर लोश्ज्ञानी चौराहे से पांडे नेवाड़ आरटीओ रोड होते हुए टैगोर पब्लिक स्कूल तक भूमिगत रकसिया नाले के आउटफॉल का निर्माण किया जा रहा था। भूमिगत नाले का निर्माण पूरा हो जाने से प्रेमपुर लोश्ज्ञानी सहित अन्य गांवो को बाढ़ के नुकसान से राहत मिलेगी।

डॉ. खीमानंद बिनवाल बने विभाग प्रमुख अभाविप….

हल्द्वानी: 15 सालों से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. खीमानंद बिनवाल को विभाग प्रमुख अभाविप (पिथौरागढ विभाग) का दायित्व सौंपा गया है। डॉ. खीमानंद बिनवाल वर्तमान में पिथौरागढ एलएसएम कैंपस में हिंदी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। नवीन दायित्व मिलने पर पूर्व विभाग संगठन मंत्री दीपक शर्मा, विभाग संगठन मंत्री पिथौरागढ मृदुल भट्ट, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सूरज रमोला, पूर्व विभाग संयोजक नैनीताल कौशल बिरखानी, विभाग संयोजक पिथौरागढ कुशाग्र वर्मा, विभाग सह संयोजक इंदर सिंह समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।

सरकारी स्कूलों के छात्रों को समय पर मिलेगा ड्रेस, बैग और जूते के लिए बजट…

शिक्षा मंत्री ने समीक्षा बैठक में समय पर राशि न मिलने पर जताई नाराजगी
हल्द्वानी: विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिए हैं कि 30 सितंबर तक छात्रों के खातों में ड्रेस, बैग और जूते के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेज दी जाए। उन्होंने समीक्षा बैठक में समय पर राशि न मिलने पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रों को इन जरूरी सामग्रियों के लिए इंतजार न करना पड़े।
पुस्तकों की खरीद के लिए विद्यालय स्तर पर समिति गठित की जाएगी, जिसमें प्रधानाचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक, ग्राम प्रधान और अभिभावक संघ के अध्यक्ष शामिल होंगे। समिति छात्र-छात्राओं की आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें चयनित कर सूची विभाग को भेजेगी।
बैठक में समग्र शिक्षा परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की गई। पीएम-श्री विद्यालयों के लिए निर्माण कार्य तेज करने, आईसीटी व वर्चुअल लैब शीघ्र स्थापित करने तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 800 स्कूलों में हाइब्रिड कक्षाएं शुरू की जा चुकी हैं। 40 अन्य स्कूलों में यह कार्य अंतिम चरण में है।
भारत सरकार से 15 नए पीएम-विद्यालयों की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के लिए क्रमशः 72 और 124 विद्यालयों हेतु प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं।
बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा रंजना राजगुरू, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दिप्ती सिंह, अपर सचिव एमएम सेमवाल, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक बेसिक अजय कुमार नौडियाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला आदि उपस्थित रहे।


पीजीआई रैंकिंग में सुधार लाएं अधिकारी-
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने को कहा, जो पीजीआई के विभिन्न मानकों पर राज्य के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करेगी।


घटती छात्रसंख्या पर समिति ने सौंपी रिपोर्ट-
प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में लगातार घटती छात्र संख्या को लेकर गठित जांच समिति ने शुक्रवार को विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी। समिति ने प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर की शिक्षा में छात्र संख्या में आ रही गिरावट के कारणों का अध्ययन कर यह रिपोर्ट तैयार की है।
रिपोर्ट में समस्या के मूल कारणों के विश्लेषण के साथ ही छात्र संख्या में वृद्धि के लिए ठोस सुझाव प्रस्तुत किए गए हैं।

यूपीयूईए से प्रदेश की शैक्षिक-नीतिगत दिशा को मिलेगी नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री-सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना: चुनौतियां और नीतिगत रूपरेखा पर यूपीयूईए का राष्ट्रीय सम्मेलन

हल्द्वानी:उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड आर्थिक संघ (यूपीयूईए) का 21 वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। तीन दिवसीय इस सम्मेलन का विषय एक सशक्त भारत के लिए सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना: चुनौतियां और नीतिगत रूपरेखा रखा गया है, जिसमें देशभर के आर्थिक विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधार्थी और नीति-निर्माता भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अधिवेशन का उत्तराखंड में आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की शैक्षिक-नीतिगत दिशा को नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस सम्मेलन से जो विचार और सुझाव सामने आएंगे, वे प्रदेश के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे और सरकार उन पर शीघ्र अमल करेगी।
इस मौके पर विभिन्न लेखकों की पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। साथ ही संस्था के शोध जर्नल, सम्मेलन स्मारिका और अन्य प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।
विवि के कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने कहा कि अधिवेशन केवल दो राज्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की नींव रखने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसमें युवा शोधार्थियों से लेकर सेवानिवृत्त विशेषज्ञों तक की सहभागिता और विचार-विमर्श प्रदेश को समृद्ध बनाएगी। कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि नवाचार, प्रौद्योगिकी और गुणवत्ता का केंद्र है।
चंपावत निवासी प्रो. धर्मकीर्ति जोशी को इस मौके पर यूपीयूईए की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने भारत के सामाजिक-आर्थिक ढांचे की मजबूती के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को आवश्यक बताया।
सम्मेलन की रूपरेखा संस्था के महासचिव प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव ने प्रस्तुत की। संचालन विवि के हिन्दी विभाग के डॉ. शशांक शुक्ला और अंग्रेजी विभाग की डॉ. सुचित्रा अवस्थी ने किया। समारोह की संयोजक प्रो. मंजरी अग्रवाल रहीं। जबकि समन्वय में प्रो. गिरिजा प्रसाद पांडे ने भूमिका निभाई। इस मौके पर यूपीयूईए के अध्यक्ष प्रो. अशोक मित्तल, प्रो. पीके घोष, प्रो. अनामिका चौधरी, प्रो. रेनू प्रकाश आदि उपस्थित रहे।


इन्सेट-
सैन्य और आर्थिक मजबूती पर डाला प्रकाश-
दोपहर बाद हुए पहले प्लेनरी सत्र में प्रो. पीके घोष ने भारत की सैन्य और आर्थिक मजबूती पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस विषय पर एक प्रभावशाली पावर पॉइंट प्रस्तुति दी। जिसमें भारत की रक्षा नीतियों, रक्षा बजट में बदलाव, स्वदेशी उत्पादन और आर्थिक दृष्टिकोण से सुरक्षा क्षेत्र में हो रहे सुधारों पर प्रकाश डाला। प्रस्तुति में भारत की आंतरिक संप्रभुता और वैश्विक रणनीतियों के समन्वय पर भी चर्चा हुई। पूरे दिन चले सत्रों में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

दुर्घटनाग्रस्त होकर हाईवे से सीधे खाई में गिरकर अलकनन्दा नदी में….

आज प्रातः 08:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि जनपद रुद्रप्रयाग के घोलतीर के निकट स्टेट बैंक मोड़ के पास एक वाहन (संख्या UK08 PA 7444) दुर्घटनाग्रस्त होकर हाईवे से सीधे खाई में गिरकर अलकनन्दा नदी में चला गया है।
उक्त वाहन आज प्रातःकाल रुद्रप्रयाग से बद्रीनाथ जा रहा था।
इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर जिला पुलिस, अग्निशमन इकाई, एस.डी.आर.एफ. सहित तमाम रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची तथा स्थानीय व्यक्तियों द्वारा भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग दिया गया। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा नदी में समाने से पूर्व इस वाहन में सवार कुछ व्यक्ति जो कि छिटक गये थे, रेस्क्यू टीमों द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से ऊपर सड़क पर लाया गया। इन घायल व्यक्तियों को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया गया है।

वाहन संख्या UK 08 PA 7444 बस में जो कि 31 सीटर बस है, बस में चालक सहित कुल 20 लोग सवार थे। इस वाहन में उदयपुर राजस्थान व गुजरात का सोनी परिवार चारधाम यात्रा पर आया हुआ था।

विवरण –
कुल 20 सवारी (वाहन चालक सहित)
08 घायल जिनका कि रेस्क्यू के उपरान्त जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है।
02 मृतक
10 मिसिंग चल रहे हैं (इनकी तलाश जारी है) मौके पर रेस्क्यू कार्य जारी है।

राष्ट्रपति दौरे को लेकर एयरोड्रम रोड-ज्योलीकोट तक की सफाई


हल्द्वानी: नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में बुधवार को निगम की टीमों ने नैनीताल रोड स्थित एयरोड्रम रोड से ज्योलीकोट तक विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने सड़क किनारे बिखरे कूड़े-कचरे को हटाया और झाड़ियां काटकर गाड़ियों में भरकर ट्रंचिंग ग्राउंड भेजा। साथ ही सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स को हटाया गया। राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के नैनीताल दौरे को लेकर बुधवार सुबह यह विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक चतर सिंह भी मौजूद रहे।

बारिश से आनंदपुरी फेस टू हुआ पानी-पानी, लोग परेशान


-पुलिया ऊंची होने के कारण घरों के आगे जमा हो जाता है पानी
हल्द्वानी: नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी फेस टू में मंगलवार रात हुई बारिश से पूरी कॉलोनी पानी-पानी हो गई। क्षेत्र में घरों के आगे पानी जमा होने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई। वार्ड 9 में स्थित इस कॉलोनी के आगे पुलिया ऊंची बनाए जाने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। इस कारण हर साल बरसात में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में करीब 70 परिवार रहते हैं। क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त को इसे लेकर नगर आयुक्त ऋचा सिंह से भी शिकायत की थी, जिस पर उन्होंने क्षेत्र का दौरा भी किया था। लेकिन लोगों का कहना है कि अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मानसून की पहली बारिश में ही घरों के आगे बड़ी मात्रा में पानी जमा होने से बुधवार को लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि पुलिया ऊंची होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए ह्यूम पाइप लगाए जा रहे हैं। जिसका कार्य वर्तमान में चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com