हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बारिश से आनंदपुरी फेस टू हुआ पानी-पानी, लोग परेशान


-पुलिया ऊंची होने के कारण घरों के आगे जमा हो जाता है पानी
हल्द्वानी: नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी फेस टू में मंगलवार रात हुई बारिश से पूरी कॉलोनी पानी-पानी हो गई। क्षेत्र में घरों के आगे पानी जमा होने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई। वार्ड 9 में स्थित इस कॉलोनी के आगे पुलिया ऊंची बनाए जाने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। इस कारण हर साल बरसात में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में करीब 70 परिवार रहते हैं। क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त को इसे लेकर नगर आयुक्त ऋचा सिंह से भी शिकायत की थी, जिस पर उन्होंने क्षेत्र का दौरा भी किया था। लेकिन लोगों का कहना है कि अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मानसून की पहली बारिश में ही घरों के आगे बड़ी मात्रा में पानी जमा होने से बुधवार को लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि पुलिया ऊंची होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए ह्यूम पाइप लगाए जा रहे हैं। जिसका कार्य वर्तमान में चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।

रकसिया नाले की तबाही से मिलेगी राहत, 1.5 किमी भूमिगत नाला तैयार

  • नाले के आउटफॉल का कार्य पूरा होने से दशकों की समस्या हुई दूर
    -हर साल क्षेत्र के कई गांव होते थे प्रभावित, घरों में पानी घुसने से होता था नुकसान
    हल्द्वानी: हर साल बरसात में अपना रौद्र रूप दिखाने वाले रकसिया नाले से अब शहरवासियों को राहत मिलने वाली है। लंबे समय से प्रभावित हो रहे क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शहरी विकास विभाग के तहत यूयूएसडीए की ओर से प्रेमपुर लोशज्ञानी चौराहे से टैगोर पब्लिक स्कूल तक 1.5 किमी लंबा भूमिगत आउटफॉल नाला तैयार कर दिया गया है। अगले 10 दिनों के भीतर इसे पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।
    उल्लेखनीय है कि नाले के पानी से प्रभावित क्षेत्र के परिवारों को नुकसान होता है। पिछले साल भी नाले ने अपना मंजर दिखाया था। इस समस्या से निपटने के लिए यूयूएसडीए की ओर से भूमिगत रकसिया नाले के आउटफॉल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। नाले का निर्माण होने से इस बरसात में हल्दूपोखरा नायक, हिन्ममतपुर बैजनाथ, गुसाईंपुर, पांडे-नवाड़, पूरनपुर, आनंदपुर और प्रेमपुर लोशज्ञानी गांव में जलभराव की समस्या से निजात मिल जाएगी। इस भूमिगत नाले की लंबाई 1.5 किमी है जिसका आकार 4×3 मीटर है। इसके ऊपर सड़क भी बनाई जाएगी जिससे चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी दुरूस्त हो जाएगी। अब अगले 10 दिनों के भीतर इसे पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री घोषणा के तहत शहर को मिले 2250 करोड़ के बजट के तहत रकसिया नाले का कार्य 30 करोड़ की लागत से पूरा किया जा रहा है। वर्तमान में आउटफॉल का कार्य पूरा होने के बाद शेष कार्य को भी 10 दिनों के भीतर पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

इसे रकसिया नाले वाली खबर के इन्सेट से रिप्लेस कर दें-
नगर आयुक्त ने सभी प्रमुख नालों का किया निरीक्षण-
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बुधवार को शहर के सभी प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंगलवार रात से लगातार हो रही बारिश के बाद नालों की स्थिति का जायजा लिया। वह सबसे पहले रकसिया नाले पहुंची, जहां चैनलाइजेशन कर पानी के बहाव को डायवर्ट किया गया। इस दौरान उनके साथ यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे। साथ ही उन्होंने कलसिया और देवखड़ी नाले का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह प्रेमपुर लोश्ज्ञानी और लालडांठ पहुंची। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि इस बार चैनलाइजेशन करने से नाले का पानी ओवरफ्लो नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि तीनपानी में भी हर साल पानी ओवरफ्लो होता था, लेकिन इस बार स्थिति सामान्य है।

नहीं चलेगी प्रेशर हॉर्न की मनमानी, साउंड मीटर लेबल करेगा

निगरानी-परिवहन विभाग ने चार संभागों को उपलब्ध कराए 47 साउंड लेबल मीटर-20 प्रवर्तन दल, 16 इंटरसेप्टर और 11 टास्क फोर्स को आवंटित किया गया हल्द्वानी: शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में दौड़ते वाहन और कान फोड़ देने वाले प्रेशर हॉर्न अब परिवहन विभाग की नजर में हैं। अक्सर देखा गया है कि कई बाइक और स्कूटी चालक केवल शौक के लिए अपने दोपहिया वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगवाते हैं, जबकि यह नियमों के विरुद्ध है। यह न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण भी खतरनाक स्तर तक बढ़ता है।अब परिवहन विभाग ने इस पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। विभाग की ओर से प्रवर्तन कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई पहल की गई है। सड़क सुरक्षा और आम जनजीवन पर होने वाले प्रभाव पर रोक लगाने के लिए विभाग ने प्रदेश के चार जिलों के लिए 47 साउंड लेबल मीटर/डेसीबल मीटर खरीदे हैं। पहले चरण में इन साउंड लेबल को प्रदेश के चार जिलों के 20 प्रवर्तन दल, 16 इंटरसेप्टर और 11 टास्क फोर्स को आवंटित किया गया है। सबसे अधिक साउंड लेबल मीटर देहरादून संभाग को दिए गए हैं, जिसमें प्रवर्तन दल देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार, रूड़की, उत्तरकाशी और टिहरी को दिए गए हैं। जबकि हल्द्वानी संभाग में प्रवर्तन दल हल्द्वानी, काशीपुर, रूद्रपुर, रामनगर और टनकपुर को उपलब्ध कराए गए हैं। इसी तरह पौड़ी जिले में प्रवर्तन दल पौड़ी, कोटद्वार, कर्णप्रयाग और रूद्रप्रयाग जबकि अल्मोड़ा में प्रवर्तन दल अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने सभी संबंधित संभागों के परिवहन अधिकारियों को दिए निर्देश में बताया कि इन उपकरणों के संचालन के लिए आज गुरुवार को एक ऑनलाइन ट्रेनिंग रखी गई है, जिसमें सभी संबंधित आरटीओ और कार्मिक शामिल होंगे।

इन्सेट-
प्रेशर हॉर्न और ध्वनि संबंधित अन्य चालान-
नए उपकरणों से वाहनों में प्रेशर हॉर्न और आवाज से संबंधित अन्य मानकों का उल्लंघन करने पर प्रवर्तन टीम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। जिसमें पहलीब बार उल्लंघन करने पर 1 हजार रुपए का चालान जबकि दूसरी बार नियम तोड़ने पर 2 हजार रुपए का चालान किया जाएगा। हॉर्न बजाने के लिए 7.5 मीटर की दूरी में 80 से 91 डेसीबल की ध्वनि के मानक हैं।

व्यावसायिक क्षेत्रों व दुकानों से सुबह 10:30 बजे बाद ही कूड़ा उठाएंगी गाड़ियां

अब हर किरायेदार से वसूला जाएगा यूजर चार्ज, नहीं देने पर होगी कार्रवाई-डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बैणी सेना व चालकों के साथ की बैठक

हल्द्वानी: नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेश की अध्यक्षता में बैणी सेना और नगर निगम के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिस दौरान वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के बारे में चर्चा की गई। बैठक में वार्ड संख्या 34 से 60 तक के सभी बैणी सेना अध्यक्षों व चालकों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं साझा कीं।
इस दौरान सामने आया कि कई वार्डों में किरायेदार सेवा शुल्क नहीं दे रहे हैं, जिससे व्यवस्था बाधित हो रही है। साथ ही, कूड़ा संग्रहण करने वाली गाड़ियों का संचालन भी तय समय पर नहीं हो पा रहा है। व्यावसायिक क्षेत्रों और दुकानों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को सुबह 10:30 बजे के बाद ही भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि व्यापारियों को असुविधा न हो।
वहीं, नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी भवन स्वामियों और किरायेदारों से सुविधा शुल्क लेना अनिवार्य होगा। यदि कोई शुल्क नहीं देता है तो संबंधित भवन स्वामी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी वार्डों में गाड़ियों का संचालन सुचारु रूप से करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में तय किया गया कि सामने आई सभी समस्याओं का समाधान आगामी 10 दिनों के भीतर किया जाए। इस दौरान बैणी सेना प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, पीएमयू से विवेक यादव, पंकज द्विवेदी और सौरव जोशी उपस्थित रहे।


इन्सेट-
आरसी से पहले जारी करेंगे एक नोटिस-
बैणी सेना की ओर से अब आरसी जारी करने से पहले बकायेदारों को एक नोटिस भी दिया जाएगा। जिसमें उन्हें शुल्क जमा करने को लेकर अंतिम चेतावनी भी दी जाएगी। वर्तमान में शुल्क जमा नहीं करने वाले व्यक्ति से बैणी सेना शुल्क जमा करने का अनुरोध करती है। लंबे समय तक शुल्क जमा नहीं करने पर सीधे नगर निगम की ओर से आरसी जारी कर दी जाती है। इस पर भी वसूली प्रक्रिया में समय लग जाता है।

अच्छी खबरः लालकुआं से झांसी के लिए नई ट्रेन की मिली सौगात

लालकुआं (नैनीताल)। कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में लालकुआं से झांसी के लिए साप्ताहिक रेल सेवा का शुभारंभ हो गया है। मंगलवार को सांसद अजय भट्ट ने लालकुआं रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट और हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज बिष्ट भी मौजूद रहे। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह रेल सेवा फिलहाल सप्ताह में एक दिन संचालित होगी, जिससे झांसी सहित मध्य भारत के अन्य क्षेत्रों के लिए यात्रा करना अब कुमाऊंवासियों के लिए अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में लालकुआं से प्रयागराज के लिए भी साप्ताहिक ट्रेन शुरू की गई है और जल्द ही काठगोदाम से प्रयागराज के लिए भी रेल सेवा प्रारंभ होने वाली है। भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के विशेष सहयोग से यह सेवा संभव हो पाई है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया और कहा कि इससे कुमाऊं के पर्यटक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में कुमाऊं से वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुपरफास्ट रेल सेवाएं शुरू करने की योजना पर भी काम हो रहा है, जो क्षेत्र की प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। नई रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर लोगों ने केंद्र सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विधायक डॉक्टर मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार नवीन वर्मा, मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, रोहित दुमका, धन सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, विनोद श्रीवास्तव, राजकुमार सेतिया, बॉबी संभल, इलमा खान, ममता चौहान, हेमंत नरूला, पवन चौहान, नारायण बिष्ट, कमल जोशी, दीवान बिष्ट, कमलेश आदि लोग मौजूद रहे।

सरेंडर करने पर नहीं पड़ेगा चार माह का टैक्स

खनन वाहन स्वामियों को अपने वाहन सरेंडर करने के दौरान चार माह का टैक्स का भुगतान नहीं करना होगा। जुलाई में सरेंडर होने वाले इन वाहनों को नवंबर में खनन सत्र फिर से शुरू होने पर रिलीज किया जाएगा। इस दौरान वाहनों का संचालन होने पर परिवहन विभाग की ओर से प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से सरेंडर अवधि के अलावा खनन वाहनों को एक वित्तीय वर्ष के दौरान टैक्स के भुगतान के लिए दो माह की अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी। एआरटीओ बीके सिंह ने बताया कि जिन वाहन स्वामियों को खनन के अलावा अपने वाहन का संचालन करना हो, वे इस अवधि का टैक्स जमा कर संचालन कर सकते हैं।

पहले बैंक खाते में डाले 50 हजार फिर उड़ाए 7.50 लाख

हल्द्वानीः साइबर ठगों ने लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए उनके बैंक खाते में कुछ रकम डाल विश्वास जमा रहे हैं। शिकार को विश्वास में लेने के बाद फिर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। हल्द्वानी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां साइबर अपराधियों ने एक कारोबारी को स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग करने के नाम पर दो प्रतिशत कमीशन का लालच दिया। शुरूआती मुनाफे में उसके बैंक खाते में 50 हजार रुपये डाले और बाद में खाते से 7.50 लाख रुपये उड़ा लिए।

अब्दुल्ला बिल्डिंग, बरेली रोड निवासी मोहम्मद आसिम अली खान इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बीती 15 फरवरी को उन्हें व्हाट्स ऐप पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उसका नाम प्रियांशु है और वह स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग एक्सपर्ट है। अगर वह उसकी बताई स्कीम में धन का निवेश करें तो उन्हें काफी फायदा होगा। कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए पहले साइबर ठग ने उनके बैंक खाते में 50 हजार रुपये डाल दिए। जिससे कारोबारी का विश्वास हो गया कि वह सही व्यक्ति के साथ डील कर रहे हैं। इस विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी ने नेट बैंकिंग की आईडी और पासवर्ड मांगा और उनका अकाउंट पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया। आरोप है कि 17 से 20 फरवरी तक चार दिन में उनके खाते से 100 से अधिक बार ट्रांजेक्शन किए गए, जिनकी कुल राशि 2,34,45,486 रुपये थी। आरोप है कि यह रकम धोखाधड़ी से हड़पी गई होगी और इसे ठिकाने लगाने के लिए उनके खाते का गलत इस्तेमाल किया गया। बाद में साइबर ठग ने उनके बैंक खाते से बीती 21 फरवरी को 7.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित समझ गया कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है और उसने इसकी जानकारी बैंक को दी। बैंक ने उनके बैंक खाते को ब्लॉक कर दिया। बैंक के मुताबिक खाते में संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौजाजाली में हुई चोरी, पुलिस के लिए बनी पहेली

हल्द्वानी। मंडी चौकी पुलिस क्षेत्र के गौजाजाली बिचली इलाके में वन विकास निगम के सेवानिवृत्त कर्मी ने घर में चोरी होने की बात कही है। उनके मुताबिक सोमवार रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। शिकायतकर्ता के अनुसार चोरों ने परिवार वालों को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और घर खंगाल दिया। यही नहीं चोर एक अलमारी को उठाकर घर के बाहर भी ले गए। चोरों ने आठ सोने की अंगूठी और 50 हजार की नगदी चोरी की है। गौजाजाली बिचली गली नंबर पांच निवासी धन प्रकाश अग्रवाल अपने परिवार के साथ चार सालों से रहते हैं। वह वन विकास निगम में लौगिंग सहायक के पद पर काम करते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। उनके बेटा-बहू मुख्य गेट से लगे कमरे में सो रहे थे। उनका भतीजा नैतिक व उनकी पत्नी कुसुम अंदर के कमरे में थे। उनका कहना है कि भतीजा नैतिक रात को करीब 12.30 बजे उठकर टॉयलेट गया था। उस समय तक घर में सब सही था लेकिन उनकी बहू रात को करीब दो बजे उठी तो देखा कि घर में कई जगह सामान इधर-उधर पड़ा हुआ है। साथ ही कहा कि मुख्य गेट खुला हुआ था। बहू ने पूरे परिवार को जगाया तो देखा कि घर में चोरी हुई है। घर में बने मंदिर में रखी एक अलमारी बाहर गली में पड़ी है और वह तोड़कर खोली गई है। साथ ही अंदर वाले कमरे में बनी अलमारी के दरवाजे भी खुले हैं। धन प्रकाश ने बताया कि चोर उनके घर से आठ सोने की अंगूठी और अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये की नगदी भी ले गए। सुबह उन्होंने घटना की जानकारी मंडी चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर मामले की जांच की है। धन प्रकाश का यह भी कहना है कि उनके पड़ोसी के घर सीसीटीवी लगे हैं। उसमें तीन लोग देखे गए हैं। एक उनके घर की पीछे के तरफ भागा और दो रोड से होकर भागे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के सामने कुछ सवाल खड़े हो रहे हैं। जैसे की परिवार के लोगों का कहना है कि चोरों ने उन्हें कुछ सूंघा दिया जिस वजह से चोरी की घटना के समय वह बेहोश हो गए और कुछ पता नहीं चला। तब सवाल यह उठ रहा है कि घटना के तुरंत बाद परिवार वाले कैसे जाग गए। साथ ही चौकी इंचार्ज प्रेम विश्वकर्मा ने यह भी कहा कि चोरी के मामलों में चोर अलमारी जैसी चीजों को लेकर घर के बाहर नहीं आते हैं और यदि बाहर ले आए थे तो अलमारी को सड़क पर छोड़कर नहीं जाते। उनका कहना है कि इस मामले में किसी साजिश की आशंका भी हो सकती है। इसलिए पुलिस मामले की हर तरह से जांच कर रही है।

फायर ब्रिगेड कार्यालय के पीछे नहर में बह गई कार, 7 में से 4 की मौत

हल्द्वानी समाचार। हल्द्वानी में बुधवार सुबह से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण शहर के अधिकतर बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। फायर ब्रिगेड कार्यालय के पीछे बहने वाली नहर में एक कार तेज बहाव की चपेट में आ गई। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से एक बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। तेज बारिश के कारण शहर के अन्य इलाकों—देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया नाले—में भी पानी का बहाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इन क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

नगर निगम की कई टीमें शहरभर में तैनात हैं और हालात पर लगातार निगरानी रख रही हैं। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि जब तक अत्यंत आवश्यक न हो, तब तक घरों से बाहर न निकलें और नालों या तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

एक कर्मचारी के सहारे चल रहा आधार केंद्र, घंटों लाइन में लग रहे लोग

हल्द्वानी। प्रधान डाकघर में आधार सेवा केंद्र में तकनीकी खराबी के चलते एक काउंटर पिछले तीन-चार दिनों से बंद पड़ा है। इससे आधार से जुड़े कार्यों के लिए आए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले यहां दो काउंटरों के जरिए आधार बनवाने और अपडेट कराने की सुविधा दी जाती थी, लेकिन अब एक ही कर्मचारी पूरे केंद्र का संचालन कर रहा है। मंगलवार को स्थिति और भी खराब नजर आई। केंद्र के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार लगी रही। केबिन के भीतर घुसने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की तक होती दिखी। अंदर मौजूद कर्मचारी को चार-पांच लोग घेर कर खड़े थे और अपनी बारी के इंतजार में जूझते नजर आए। रेलवे बाजार निवासी रोहित कुमार ने बताया कि वह सुबह से लाइन में हैं, लेकिन अब तक नंबर नहीं आ पाया है। सदफ नामक महिला ने बताया कि वह सुबह 11 बजे आधार अपडेट कराने आई थीं और दो घंटे से अधिक हो चुके हैं लेकिन काम नहीं हो पाया है। पोस्टमास्टर गौरव जोशी ने बताया कि एक काउंटर के आधार सिस्टम में तकनीकी खराबी आई है, जिसे ठीक करने के लिए भेजा गया है। जल्द ही दूसरा काउंटर भी चालू कर दिया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने डाक विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों काउंटरों को दुरुस्त किया जाए ताकि आधार से जुड़े जरूरी कार्य समय से निपटाए जा सकें और आम जनता को राहत मिल सके।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com