हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

अतिक्रमण मुक्त होंगे धार्मिक मार्ग, तकनीकी समाधान से नियंत्रित होगी भीड़

देहरादून: सचिवालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। हाल ही में हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की घटना के मद्देनज़र मुख्य सचिव ने प्रदेश के तमाम बड़े धार्मिक स्थलों को चिन्हित कर, वहां अंशकालिक और दीर्घकालिक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर जल्द से जल्द चौड़ा किया जाए और इसके लिए लगातार अभियान चलाए जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तकनीकी समाधानों का भी सहारा लिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष अवसरों पर जहां भीड़ अत्यधिक हो सकती है वहां श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोके जाने के लिए विशेष स्थल तैयार किए जाएं।

उन्होंने हर धार्मिक स्थल के लिए रूट और सर्कुलेशन प्लान बनाने के निर्देश दिए ताकि अचानक भीड़ जमा न हो सके। पहले चरण में मनसा देवी, चंडी देवी, नीलकंठ, कैंचीधाम और पूर्णागिरि जैसे प्रमुख मंदिरों का विशेषज्ञों की टीम द्वारा विश्लेषण कराया जाएगा।

विशेषज्ञों की टीम भीड़ प्रबंधन, निकासी योजना, बॉटल नेक एरिया की पहचान और सिविल इंजीनियरिंग समेत तकनीकी पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसी के साथ यह टीम विभिन्न जगहों पर श्रद्धालुओं के रुकने के लिए स्थलों का भी प्रस्ताव तैयार करेगी और एक व्यवस्थित एसओपी बनाएगी।

दुमंजिले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई मासूम, हायर सेंटर को किया गया रेफर

लालकुआं। दुमंजिले की रेलिंग से नीचे को लटक रही दो वर्ष की बच्ची सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे पहले लालकुआं के एक क्लीनिक में दिखाया गया, वहां से हायर सेंटर को रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे वार्ड नंबर एक नई बस्ती में स्थित एक मकान के दुमंजिले की रेलिंग में 2 साल की मासूम बच्ची जुबिया जो कि नगर में बिछाई जा रही पेयजल लाइन डालने वाली कार्यदाई संस्था के कर्मचारी मुकम्मिल की बेटी है, अचानक रेलिंग से संतुलन बिगड़ जाने के चलते सड़क में गिर गई, बच्ची के गिरते ही एकत्र हुए आसपास के लोग एवं उसके पिता उसे नगर के निजी क्लीनिक में ले गए, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, बच्ची सड़क में सिर के बल गिर गई, जो कि उपचार करने के बाद भी काफी देर तक रो रही थी इसके बाद परिजन उसे हायर सेंटर ले जाने की तैयारी में जुट गए।

हल्द्वानी में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोज़र, विरोध में उतरे भाजपा नेता

हल्द्वानी : हल्द्वानी के काठगोदाम रेलवे स्टेशन के ठीक सामने नगर निगम की दुकानों के ऊपर अवैध निर्माण किए जाने के खिलाफ प्राधिकरण ने आज जैसे ही कार्रवाई शुरू की तो भारी विरोध शुरू हो गया। भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट ने प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि प्रशासन गरीबों को परेशान कर रहा है। वही जबकि नगर निगम की नगर आयुक्त रिचा सिंह का कहना है कि नगर निगम द्वारा 2016 में परमिशन दी गई थी जबकि 2025 में अवैध निर्माण हो रहा है जो कि सरासर गलत है वही प्राधिकरण ने कहा कि जो भी अवैध निर्माण हो उसे तोड़ा जाएगा इसी प्रकार नगर निगम की दुकानों के बगल में अवैध होटल का स्ट्रक्चर भी प्रशासन ने जेसीबी बुलाकर मौके पर ध्वस्त कर दिया।

दुर्गा मार्केट में हो रहा अवैध निर्माण, प्राधिकरण सचिव व सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन


हल्द्वानी : दुर्गा मार्केट (नैनीताल रोड) स्थित प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी करते हुए चल रहे अवैध निर्माण को लेकर मंडी व्यापारी और स्थानीय निवासी अशोक कुमार गुप्ता ने सिटी मजिस्ट्रेट और जिला विकास प्राधिकरण के संयुक्त सचिव को शिकायती पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्यवाही की मांग की है। शिकायत के अनुसार बाबूलाल गुप्ता अपने प्रतिष्ठान साड़ी महल (दुर्गा मार्केट, सरस मार्केट के सामने) में बिना प्राधिकरण की अनुमति के अवैध बेसमेंट का निर्माण करा रहे हैं। अशोक गुप्ता का आरोप है कि यह निर्माण कॉम्प्लेक्स की संरचना और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है।


इसी तरह जगदीश प्रसाद गुप्ता ने भी बिना अनुमति अपने भवन की मुख्य दीवार को तोड़ते हुए नई दुकानों का निर्माण शुरू किया है। शिकायत में कहा गया है कि उक्त निर्माण भवन की नींव और दीवारों को कमजोर कर रहा है, जिससे संभावित दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अशोक गुप्ता ने यह भी बताया कि उनका और जगदीश प्रसाद गुप्ता का भवन साझी नींव पर आधारित है और इस तरह का मनमाना निर्माण उनके भवन की स्थायित्व और सुरक्षा को सीधे प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण से मांग की है कि बाबूलाल गुप्ता की ओर से बनाए जा रहे अवैध बेसमेंट को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। जगदीश प्रसाद गुप्ता की ओर से किए जा रहे निर्माण को रोका जाए। मुख्य दीवार का पुनर्निर्माण कराकर संरचना की सुरक्षा बहाल की जाए। शिकायती पत्र में जनहित का हवाला देते हुए कहा गया है कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं की गई तो भविष्‍य में गंभीर दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है, क्योंकि मामला सिर्फ भवनों की नहीं, बल्कि पूरे बाजार क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

विद्या समीक्षा केंद्र एप पर उपस्थिति को लेकर वेतन रोकने के आदेश का किया विरोध

हल्द्वानी: मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से विद्या समीक्षा केंद्र एप पर शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य किए जाने और अनुपालन नहीं करने पर शिक्षकों का वेतन रोकने संबंधी आदेश जारी किए जाने पर शिक्षकों में भारी आक्रोश फैल गया है।
आदेश को लेकर प्राथमिक शिक्षक संगठन, राजकीय शिक्षक संगठन और जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से आपत्ति जताई है। संगठनों का कहना है कि शिक्षक यदि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, तो वह उनकी व्यक्तिगत मोबाइल, इंटरनेट और संसाधनों के सहारे हो रहा है। जिसे विभाग अब सरकारी कार्य का हिस्सा बनाना चाहता है, बिना कोई उपकरण, कनेक्टिविटी या सिम उपलब्ध कराए।


कहा कि जब संसाधन विभाग नहीं देगा, तो आदेश लागू नहीं होगा। संगठनों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेश को शिक्षकों की निजी संपत्ति में हस्तक्षेप और मनोबल गिराने वाला बताया है। शिक्षक नेताओं का कहना है कि पंचायत चुनाव ड्यूटी में बीती 9 जुलाई से 31 जुलाई तक शिक्षक पूरी तरह व्यस्त हैं। ऐसे में वेतन रोकने की धमकी न केवल अनुचित है, बल्कि इसका सीधा असर शिक्षकों के मनोबल और विभागीय संबंधों पर पड़ेगा। चेतावनी दी है कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो अगस्त के पहले सप्ताह में सीईओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन और जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन किया जाएगा। पदाधिकारियों में मनोज तिवारी (अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संगठन), गिरीश जोशी (अध्यक्ष, राजकीय शिक्षक संगठन), देवेंद्र कुमार (अध्यक्ष, जूनियर हाई स्कूल संगठन), बंशीधर कांडपाल, पंकज बधानी और डीएन भट्ट (महामंत्री) ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक यह आदेश निरस्त नहीं किया जाता, तब तक मुख्य शिक्षा अधिकारी से कोई वार्ता नहीं की जाएगी। शिक्षकों का साफ संदेश है कि न संसाधन मिलेगा, न एप पर उपस्थिति दी जाएगी।

31 जुलाई तक प्रवेशार्थियों को जमा करना होगा प्रवेश शुल्क


हल्द्वानी : कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में इन दिनों प्रवेश चल रहे हैं। इसके अंतर्गत कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी कॉलेज में 25 जुलाई तक करीब 2.5 हजार प्रवेशार्थियों ने कॉलेज पहुंचकर अपने शैक्षणिक अभिलेख ऑफलाइन सत्यापित कराए थे। अब कॉलेज प्रशासन की ओर से इन अभिलेखों का समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन किया जा चुका है। कॉलेज के सह प्रवेश-प्रभारी डॉ. रोहित कांडपाल ने बताया कि 25 जुलाई तक शैक्षणिक अभिलेख सत्यापित कराने वाले प्रवेशार्थियों को 31 जुलाई तक अपना प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। बताया कि शुल्क जमा होने के बाद ही प्रवेश मान्य होगा। उन्होंने सभी प्रवेशार्थियों से निर्धारित तिथि तक शुल्क जमा करने की अपील की है, ताकि उनका प्रवेश निरस्त न हो। सभी प्रवेशार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपना प्रवेश शुल्क जमा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित एफटीआई परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनने की अपील की और अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू किया गया था, और उत्तराखंड में इसका शुभारंभ हरेला पर्व पर किया गया था। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन 8.13 लाख लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री ने इसे “प्रकृति संरक्षण हमारा संकल्प” बताते हुए कहा कि सावन मास के पवित्र अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा अपनी माँ के नाम अवश्य लगाएं।

मनसा देवी हादसे पर जताई संवेदना, सख्त इंतजामों की घोषणा
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हुई घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिसमें सुरक्षा मानकों, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और प्रवेश नियंत्रण को प्राथमिकता दी जा रही है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही जनता
प्रदेशभर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। गांव की सरकार चुनने के लिए लोगों ने भारी संख्या में मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों की रक्षा और विकास कार्यों की सुगमता के लिए अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी
इस अवसर पर विधायक श्री बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री दिनेश आर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, निदेशक एफटीआई तेजस्विनी अरविंद पाटिल, आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी पीएन मीणा, डीएफओ अभिलाषा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

रामनगर के बिरजू मयाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रामनगर में बिरजू मयाल के खिलाफ लगातार शिकायतें आने के बाद पुलिस ने उसे 27 जुलाई को हल्द्वानी में मंडी गेट के पास से गिरफ्तार किया। बिरजू पर आरोप है कि वह लोगों से पैसों की मांग करता था, न देने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था।

राकेश नैनवाल ने आरोप लगाया कि बिरजू ने गालियां देकर धमकी दी।
दिनेश मेहरा ने बताया कि बिरजू ने 10 हजार रुपये मांगे, पैसे न देने पर गाली और धमकी दी।
नीमा देवी ने कहा कि झगड़े के बीच बचाव करने पर बिरजू ने उनके साथ गाली-गलौज, धमकी और छेड़छाड़ की।
इन्हीं तहरीरों पर तीन FIR दर्ज हुईं। पुलिस के मुताबिक, बिरजू सोशल मीडिया पर भी लोगों पर बेबुनियाद आरोप लगाकर पैसे वसूलने की कोशिश करता था।

अपराध रिकॉर्ड: बिरजू के खिलाफ पहले भी रामनगर और कालाढूंगी में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस भी शामिल हैं।

मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से बड़ा हादसा: 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

उत्तराखंड के हरिद्वार से रविवार को दुखद घटना सामने आई है जहां हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव का कार्य शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि ये हादसा सीढ़ियों में करंट उतरने की वजह से हुआ है। हालांकि, जिला प्रशासन करंट वाली बात को खारिज कर दिया है।

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह भारी भीड़ जमा होने भगदड़ मच गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मंदिर के मुख्य मार्ग पर काफी भीड़ जमा हो गई थी, जिसके कारण भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, सीएम धामी ने घटना पर दुख जताया है। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को अचानक एक बिजली का हाई वोल्टेज तार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मौत
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में लाया गया है, जिसमें भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि अन्य लोग घायल हैं। जिनमें से गंभीर अवस्था वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।

नशे पर वार, चुनाव हो पार! SSP की सख्ती से घबराए तस्कर

पंचायत चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में SOG और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 12 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है।यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी प्रकाश चंद्र और पुलिस उपाधीक्षक नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में SOG प्रभारी संजीत राठौड़ के नेतृत्व में की गई। चेकिंग के दौरान टीम ने बड़ी मंडी परिसर स्थित बंद कैंटीन नंबर 5 के पास से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फुटकर और पेटियों में शराब बेचने का काम करता है और आज अवैध शराब की सप्लाई के लिए जा रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com