हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

उत्तराखंड पंचायत चुनाव की मतगणना आज से शुरू, 32,580 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। इस चुनाव में कुल 32,580 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है, जिन्होंने राज्य के 11,082 पदों के लिए चुनाव लड़ा था।राज्य के 89 विकासखंडों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15,024 कार्मिक मतगणना कार्य में जुटे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 8,926 जवानों की तैनाती की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, उन्हें आयोग की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा, ताकि आम जनता और प्रत्याशी आसानी से परिणाम देख सकें।विजयी जुलूस पर रोक:चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशी किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।

आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।महिला मतदाताओं की भागीदारी अधिक:दोनों चरणों में कुल 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। महिला मतदाताओं ने 74.42% वोट डाले, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 64.23 रहा।राज्यभर में पंचायत चुनाव को लेकर जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। अब सभी की निगाहें नतीजों पर टिकी हैं।

पंचायत चुनाव : प्रत्याशियों के भाग्य पर फैसला आज, विजय जुलूस पर प्रतिबंध

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 10,915 पदों के लिए मतगणना का कार्य 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। मतगणना कार्य में 15,024 कार्मिक जुटेंगे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था में 8,926 जवानों की तैनाती की गई है। पंचायत चुनाव में कुल 34,151 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिस तरह से स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान कराया गया है, उसी तरह से मतगणना का कार्य भी पूरी पारदर्शिता से कराया जाएगा। इसके लिए, सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल के अनुसार-हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों में दो चरणों में हुए मतदान का प्रतिशत 69.16 रहा है। इसमें 64.23 प्रतिशत पुरूष और 74.42 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल रहे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 24 जुलाई और 28 जुलाई को मतदान कराया गया।आयोग के सचिव ने बताया कि मतगणना के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। मतगणना की निगरानी प्रेक्षकों एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मतगणना केंद्रों पर आवश्यक बैरिकेडिंग कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर पर चुनाव परिणाम की घोषणा हो जाने के बाद आयोग की वेबसाइट पर इन्हें प्रदर्शित किया जाएगा।विजयी जुलूसों पर रहेगा प्रतिबंध, निर्देश जारी -चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलों को भेजे लिखित निर्देश में उम्मीदवारों के समर्थन में निकलने वाले जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कहा है।

बढ़ते बिजली बिलों को लेकर नाराज पार्षद मनोज जोशी ने किया मुख्य अभियंता का घेराव।

हल्द्वानी। लगातार बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। वार्ड 58 के पार्षद मनोज जोशी और पूर्व पार्षद मनोज मठपाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मुख्य अभियंता राजेंद्र सिंह गुंज्याल का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान पार्षद जोशी ने कहा कि पूर्व में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंताओं से वार्ता की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अब यदि बिना समाधान के मीटर लगाने की कोशिश हुई तो विरोध किया जाएगा और किसी भी विवाद की जिम्मेदारी विभाग की होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता अपने मीटर काटकर विभाग के कार्यालय में जमा कर देंगे। पूर्व पार्षद मनोज मठपाल ने भी आक्रोश जताते हुए कहा कि मीटर लगाने वाले कर्मचारी लोगों को चालान का डर दिखाकर जबरन मीटर लगा रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान हंगामेदार माहौल में महिलाओं ने भी विरोध जताकर पुराने मीटर वापस देने की मांग की। मुख्य अभियंता ने लोगों को आश्वस्त किया कि जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक नए मीटर नहीं लगाए जाएंगे और सभी उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा। कहा कि सभी लोग अपने बिल नंबर देकर समाधान प्रक्रिया में सहयोग करें। मुख्य अभियंता के आश्वासन पर लोग शांत हुए और बिल से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। घेराव करने वालों में पार्षद मनोज जोशी, पूर्व पार्षद मनोज मठपाल, कैलाश रौतेला, जीपी सुयाल, राम सिंह बसेरा, कौस्तुभ भट्ट, प्रीति, मनीष साहू, चंद्रा सैनी, प्रेम बल्लभ जोशी, गायत्री, सुनील, फरजान, परवीन, निशा, सपना, विद्या देवी, शकुंतला, सुनीता साहू, मंजू, ममता देवी आदि मौजूद रहे।

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को बताया तानाशाही।

हल्द्वानी। शारदा मार्केट की खस्ताहाल सड़कों और बरसात में जलभराव की समस्या को लेकर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और दुकानदारों का प्रतिनिधिमंडल सिटी मजिस्ट्रेट से मिला। इस दौरान व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की लापरवाही और तानाशाही रवैये की वजह से सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है, जिससे आमजन और व्यापारी दोनों ही परेशान हैं। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण और सह संयोजक देवेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने सड़क की जर्जर स्थिति और दुकानों में जलभराव से हो रही समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल कभी भी अतिक्रमण का समर्थन नहीं करता है। डीएम की ओर से शुरू किए गए सड़क चौड़ीकरण अभियान को संगठन ने पूरी तरह से समर्थन दिया था। लेकिन अब जिला विकास प्राधिकरण नियमों के नाम पर व्यापारियों में दहशत फैला रहा है, जो निंदनीय है। व्यापारियों ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और दुकानों में पानी भरने का खतरा हमेशा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। सिटी मजिस्ट्रेट से मिलने वालों में राजेंद्र फर्स्वाण, देवेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, दीपक माहेश्वरी, राजीव शर्मा, नुसरत सिद्दिकी, मनोज डांगा, अमोल मल्होत्रा, संदीप टंडन, सीडी जैन, रामदत्त उप्रेती सहित कई अन्य व्यापारी शामिल रहे।

नजूल भूमि पर अवैध निर्माण रोका कब्जा वापस लेकर लगाया स्वामित्व बोर्ड।

हल्द्वानी : नगर निगम ने बुधवार को प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कालू सिद्ध मंदिर के सामने स्थित नजूल संपत्ति पर हो रहे अवैध निर्माण और कब्जे के प्रयास को रोका।नगर निगम की ने कब्जाधारियों की ओर से रातों-रात निर्माण किए जाने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण रुकवाया गया और उक्त भूमि पर फिर से कब्जा प्राप्त कर निगम का स्वामित्व दर्शाता बोर्ड भी लगाया।नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा कि यह भूमि नगर निगम के अभिलेखों में नजूल संपत्ति के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया कि निगम सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कहा कि भविष्य में भी यदि किसी ने निगम या सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विधायक सुमित हृदयेश की अधिकारियों को चेतावनी, निष्पक्षता बरतने की अपील

हल्द्वानी : हल्द्वानी में कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि कल त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना है ऐसे में अधिकारी अपनी सेवा शुरू करते समय ली गई उसे शपथ को याद रखें और लोकतंत्र की मर्यादा को बचाने का काम करें, ना कि सरकार के इशारे में सरकार समर्थित प्रत्याशियों को जीताने का कोई षड्यंत्र रचे। विधायक ने कहा कि अक्सर यह देखा जाता है बड़ी हार जीत में तो नतीजा साफ होते हैं लेकिन जिन हार जीत का अंतराल बहुत कम होता है वहां पर अधिकारियों की भूमिका बेहद संदिग्ध रहती है इसलिए पहले ही उन्हें चेतावनी दी जा रही है।

राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल नैनीताल जिला अध्यक्ष मनोनीत

हल्द्वानी। अखिल एकता उद्योग व्यापार मण्डल द्वारा आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। समारोह में श्री राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल को जिला अध्यक्ष, नैनीताल के पद पर मनोनीत किया गया। साथ ही संगठन में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त करते हुए श्रीमती बीनू जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष तथा श्री अरविन्द जायसवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने की कामना की गई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने व्यापारियों की समस्याओं पर विचार व्यक्त करते हुए संगठन को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। संगठन द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

हल्द्वानी से अमरनाथ यात्रा को निकले श्रद्धालु, हुआ भव्य स्वागत

हल्द्वानी। अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल की ओर से मंगलवार देर शाम रेलवे स्टेशन पर बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी, माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी की साहसिक यात्रा पर जा रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं का तिलक कर एवं फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदेश प्रभारी अतुल कुमार गुप्ता व राष्ट्रीय महिला उपाध्यक्ष दीप्ति चुफाल ने बताया कि प्रांत यात्रा प्रमुख यशपाल राज हंस और कुमाऊं यात्रा प्रभारी अंकित पाल के नेतृत्व में उत्तराखंड से सैकड़ों कार्यकर्ता यात्रा के लिए रवाना हुए। यह दल बाबा भोलेनाथ की पावन धरती पुंछ (जम्मू-कश्मीर) स्थित बूढ़ा अमरनाथ में जलाभिषेक करेगा। इस दल में युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित पाल, जिला कोषाध्यक्ष वैभव गुप्ता, प्रदेश उपसचिव राहुल भट्ट, युवा प्रदेश सचिव हर्षित पाल समेत कुल 130 कार्यकर्ता शामिल हैं। संगठन पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर सभी यात्रियों का तिलक व माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया। अतुल गुप्ता ने बताया कि यात्रा मंगलवार रात हल्द्वानी से रवाना होकर 4 अगस्त को वापस लौटेगी। स्वागत करने वालों में महिला प्रदेश अध्यक्ष बीनू जायसवाल, महिला उपाध्यक्ष नेहा नाज, संगठन महासचिव भूपेश बिष्ट, जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल, सम्राट गुप्ता, नीरज राजपूत, कुसुम गुप्ता, हरपाल पाल, पल्लवी राजपूत आदि मौजूद रहे।

एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने मनाया स्थापना दिवस

हल्द्वानी समाचार। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने अपने नौवें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू व संरक्षक रुपेन्द्र नागर के नेतृत्व में प्राचीन श्रीराम मंदिर में संगीतमय सुन्दरकांड पाठ का आयोजन किया। पंडित विवेक शर्मा व कथावाचक रितेश जोशी व उनकी टीम ने भक्ति भाव से पाठ प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रसाद वितरण कर सभी को धर्म, समाज व राष्ट्रहित में सेवा का संकल्प दिलाया गया। संरक्षक हरीश चंद्र पांडे, मनीष साहू व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था रामराज्य की संकल्पना व सनातन मूल्यों के साथ लगातार सेवा कार्य कर रही है। इस अवसर पर लोकेश साहू, चिरौंजी लाल, नंदकिशोर आर्या, बलराम हालदार, धर्मा कुमारी, मुकेश सरकार, विपिन पांडे, अलका टंडन, बीना मिश्रा, रेखा बलूनी, पूजा जोशी, हिमांशी जोशी, तमन्ना तिवारी, हेमा कार्की, नितिन हालदार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

क्वींस स्कूल के जाधव का सैनिक स्कूल महाराष्ट्र में चयन


हल्द्वानी: नैनीताल रोड स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल के सातवीं कक्षा के छात्र जाधव अथर्व काकासाहेब का चयन सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के लिए हुआ है। उनके चयन पर विद्यालय के प्रबंधक आरपी सिंह, निदेशक लिली सिंह, प्रशासनिक निदेशक विक्रम कार्की, अकादमिक निदेशक स्नेहा सिंह, प्रधानाचार्य बीबी पांडे सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, जाधव के माता-पिता ने भी जाधव के चयन पर खुशी जताई है। क्वींस स्कूल से प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थी सफलता हासिल कर रहे हैं, जिससे पूरे विद्यालय परिवार ने खुशी जताई है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com