हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गुलाब घाटी में मलबा गिरने से यातायात प्रभावित, मार्ग वन-वे किया गया

नैनीताल। गुलाब घाटी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलवा आ गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने मार्ग को वन-वे कर दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और मलवा हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सड़क मार्ग को पूर्ण रूप से बहाल कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वह सावधानी बरतें और प्रशासन का सहयोग करें।

एक नहीं… तीन-तीन खुशियाँ लेकर आई कमरुन्निसा!

जिला महिला अस्पताल में रविवार को उस समय खास लम्हा देखने को मिला जब एक प्रसूता ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। फतेहगंज के सिहोरा गांव निवासी अशरफ की पत्नी कमरुन्निसा को रविवार तड़के करीब 4 बजे गंभीर प्रसव पीड़ा हुई। परिजन तुरंत उन्हें जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मेडिकल स्टाफ ने बिना समय गंवाए उन्हें लेबर रूम में भर्ती किया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीमा सिंह, रेजिडेंट डॉक्टर तेजस्वनी और नर्सिंग स्टाफ मधु व वाणी की टीम ने तत्परता और सूझबूझ के साथ सुरक्षित डिलीवरी कराई। प्रसव के दौरान कमरुन्निसा ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जच्चा और तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं, हालांकि एहतियात के तौर पर नवजातों को एसएनसीयू (SNCU) में भर्ती किया गया है। जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि ट्रिप्लेट डिलीवरी सामान्य प्रसव की तुलना में अधिक जटिल होती है। ऐसे मामलों में अत्यधिक सावधानी और अनुभव की आवश्यकता होती है। एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग के बनने के बाद यह पहला ट्रिप्लेट डिलीवरी का मामला है जिसे सफलतापूर्वक संभाला गया। डॉक्टरों ने बताया कि तीनों नवजातों की सेहत सामान्य है, लेकिन उन्हें एसएनसीयू में निगरानी में रखा गया है ताकि किसी भी जटिलता से समय रहते निपटा जा सके। अस्पताल स्टाफ ने भी इस असामान्य प्रसव को बड़ी सहजता और कुशलता से हैंडल किया।

तेज बारिश में फिर धंसी गोला पुल की एप्रोच रोड, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

हल्द्वानी: शनिवार रात हुई तेज बारिश ने एक बार फिर गोला पुल की एप्रोच रोड की पोल खोल दी है। तेज वर्षा के बाद हल्द्वानी में गोला नदी पर बने पुल की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जबकि यह मार्ग पूर्व में भी इसी स्थान पर धंस चुका है। इस घटना ने करोड़ों की लागत से बन रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद एनएचएआई के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि तेज बारिश के कारण एप्रोच रोड के नीचे डाली गई मिट्टी बह गई, जिससे सड़क कमजोर होकर धंस गई। फिलहाल सड़क को फिर से भरने और कंक्रीट की परत डालने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पुल को कोई सीधा खतरा नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बार-बार एप्रोच सड़क के धंसने की घटनाएं अब सरकार और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।गौरतलब है कि यह सड़क एनएचएआई द्वारा मरम्मत की जा रही है और इसके लिए सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद बार-बार एक ही जगह पर क्षति का होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और जवाबदेही की कमी को दर्शाता है।बीते दिनों जिलाधिकारी वंदना सिंह ने भी गोला पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को शीघ्र और मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए थे।स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में अब यह मांग उठने लगी है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और उत्तरदायी ठेकेदारों व एजेंसियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

लाइव स्ट्रीम में प्रधानमंत्री ने किसानों को जारी की 20 वीं पीएम सम्मान किसान निधि


हल्द्वानी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त देशभर के किसानों के खातों में जारी की। इस अवसर पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ई-नाम परियोजना, किसान बीमा योजना, मंडी परिषद की क्षतिपूर्ति योजना, दुर्घटना सहायता योजना, और कृषि विश्वविद्यालय छात्रवृत्ति योजना की जानकारी साझा की। इस दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य अर्जुन बिष्ट ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में मंडी समिति में पंजीकरण कराने का अनुरोध किया, जिससे उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम में नेहा गोस्वामी, कृष्णा गोस्वामी, बंशी बिष्ट, प्रगतिशील कृषक चंदन सिंह लटवाल, नरेंद्र सिंह महरा, राजू जांगी, विरेंद्र बिष्ट, भूपाल सिंह, नितिन जोशी, दीपक गड़िया, एफपीओ प्रमुख अनिल पांडे, भुवन नाथ गसेरूचसमी, ललित पांडे, देवकीनंदन पंत, संतोष सिंह, नवीन मठपाल और हरीश नगरकोटी शामिल रहे।

छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने पर होगा उग्र आंदोलन


हल्द्वानी : एमबीपीजी कॉलेज के छात्रों ने शनिवार को छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर उच्च शिक्षा निदेशालय में अपर निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एचएस नयाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपर निदेशक से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की। छात्रनेता कमल बोरा ने कहा कि यदि इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए तो छात्रशक्ति उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। कहा कि चुनाव नहीं कराए गए तो छात्रशक्ति इसका विरोध करने के लिए आमरण अनशन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति से भी छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाने का अनुरोध किया है।

ऑनलाइन गेम की जाल में फंसी ज़िंदगी, तीन लाख हारे, जान गंवाई

हल्द्वानी। ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली, हल्द्वानी निवासी छात्रा यहाँ एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर की छात्रा थी, उसके पिता अल्मोड़ा कारागार में तैनात हैं, वह अपने मां और भाई के साथ हल्द्वानी में रहती थी, जब मां और भाई घर पर नहीं थे, तभी हर्षिता ने खुदकुशी कर ली, मौत को गले लगाने से पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखा जिसमें ऑनलाइन गेम में लाखों रुपये हारने की बात लिखी गई थी। अपने सुसाइड नोट में उसने लिखा “आई एम सॉरी पापा” मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है और मैंने आपका बहुत सारा पैसा खर्च करवा दिया है, अब आगे से ऐसा नहीं होगा मुझे माफ कर देना मैं हमेशा के लिए जा रही हूं।

परिजनों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि हर्षिता पिछले कुछ समय से ऑनलाइन लूडो गेम खेल रही थी जिसमें उसे पहले तो अच्छा फायदा हुआ और उसके बाद वह लगातार पैसे हारती गई, उसने अपने मम्मी पापा से पैसे लेकर भी गेम में लगा दिए, वह लगभग ढाई तीन लाख रुपए लूडो गेम में हार चुकी थी, पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।स्थानीय लोगों ने ऑनलाइन गेमिंग एप्स को तुरन्त बंद करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि आजकल के युवा अपनी पढ़ाई लिखाई छोड़ ऑनलाइन गेम्स में ज्यादा समय बिता रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान हो रहा है, और अंत में वो मौत को गले लगा रहे हैं, इसलिए गेमिंग एप्स को तत्काल बन्द कर देना चाहिए, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह से लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वही सीओ साइबर सेल सुमित पांडे का कहना है कि लोगों को जागरूक होने की जरूरत है, और किसी भी तरह के लिंक या गेमिंग एप से उन्हें दूर रहना चाहिए, वरना किसी भी व्यक्ति को भारी नुकसान हो सकता है।

ईडी बनाम हरक सिंह रावत: हाईकोर्ट की रोक जारी, जमीन घोटाले पर 21 अगस्त को अगली सुनवाई

उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय ने कॉंग्रेस नेता हरक सिंह रावत को ई.डी.के सम्पति कुर्क करने संबंधी आदेश को चुनौती देती याचिका पर सुनवाई के बाद पूर्व में लगाई गई रोक को जारी रखा है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने अगली सुनवाई 21 अगस्त के लिए तय की है। न्यायालय ने विपक्षी द्वारा पेश किए गए शपथपत्र पर अपना प्रतिउत्तर पेश करने के आदेश दिए है।ई.डी.ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ति रावत ने साजिश के तहत देहरादून के रिहायशी क्षेत्र में मामूली कीमत पर बेशकीमती जमीन खरीदी है जिसकी कीमत वर्तमान में करोड़ो में है।

यही नहीं, उनके द्वारा बतौर वन मंत्री रहते नैशनल पार्कों में भारी मात्रा में घोटाला किया गया। आरोप है कि उन्होंने इसके अलावा और भी घोटाले किये हैं।उच्च न्यायालय ने श्रीमती पूर्णा देवी मैमोरियल ट्रस्ट की 70 करोड़ से अधिक कीमत की 101 बीघा जमीन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय(ईडी)के अनंतिम कुर्की आदेश पर सुनवाई की। ई.डी.के अनुसार, ट्रस्ट का नियंत्रण हरक सिंह रावत के परिवार सहित अन्य दोस्तों के पास है, जो कांग्रेस नेता हैं और पहले भाजपा सरकार में मंत्री थे। न्यायालय ने पूर्व के आदेश पर लगी रोक को जारी रखते हुए अगली सुनवाई से पहले हरक सिंह रावत से अपना प्रतिउत्तर पेश करने को कहा है।

रेलवे विस्तार की रफ्तार: हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाने को प्रशासन तैयार

हल्द्वानी। अमृत भारत योजना के अंतर्गत हल्द्वानी व लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। इस महत्त्वाकांक्षी योजना के तहत रेलवे को अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है, जिसके चलते अतिक्रमित भूमि को चिन्हित कर उसे मुक्त कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेलवे, प्रशासन, वन, पुलिस, विद्युत, जल संस्थान, खाद्य आपूर्ति समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में तय हुआ कि प्रथम चरण में हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए रेलवे की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर विधिक प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा।

इसके लिए दो संयुक्त टीमों का गठन किया गया है जिनमें रेलवे के साथ राजस्व, वन विभाग, पुलिस, जल संस्थान, विद्युत और पूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। इन टीमों की निगरानी हेतु उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि जिला स्तर पर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, उप प्रभागीय वनाधिकारी, जल संस्थान, विद्युत और पूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिदिन सर्वे की प्रगति रिपोर्ट लेने और उसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ऑनलाइन लूडो खेलने में लाखों गंवाए, युवती ने की आत्महत्या

हल्द्वानी: शहर निवासी एक युवती का शव घर में फंदे में लटका मिला। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उसने लिखा कि ऑनलाइन लूडो गेम खेलने की वजह से उसने तीन से चार लाख रुपये गंवा दिए। इस वजह से वह अपनी जिंदगी खत्म कर रही है। हर्षिता जोशी (21) बरेली रोड स्थित स्पेरो कॉलोनी की निवासी थीं। वह एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। हर्षिता के पिता प्रेमानंद जोशी अल्मोड़ा में कारागार पुलिस में सेवारत हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर उसके भाई और उसकी मां बाजार गए थे।

वह लोग जब घर लौटे तो देखा कि कमरे में हर्षिता का शव फंदे में लटक रहा है। यह देखकर दोनों सन्न रह गए। चीख-पुकार मची तो पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंचे। हर्षिता को फंदे से उतारकर लोग एसटीएच लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतका के घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है कि वह मोबाइल पर लूडो गेम खेलती थी। इस गेम को खेलने के चक्कर में वह तीन से चार लाख रुपये गंवा चुकी थी। सुसाइड नोट उसने पिता को संबोधित करके लिखा और साथ ही कहा कि अब फिर से ऐसा नहीं होगा। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया था।

ज्योलिकोट-खुर्पाताल से देवकी बिष्ट की धमाकेदार जीत, विरोधियों को चटाई धूल

नैनीताल। ज्योलिकोट-खुर्पाताल जिला पंचायत सीट से निर्दलीय प्रत्याशी देवकी बिष्ट ने बंपर वोटों से शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदियों को भारी मतों से पछाड़ते हुए यह सीट अपने नाम की। देवकी बिष्ट ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए क्षेत्र के सभी मतदाताओं का आभार जताया और इसे जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की है, और अब विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी। पूर्व प्रधान गणेश बिष्ट ने भी सभी समर्थकों और क्षेत्रवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीत समर्पण और एकजुटता की मिसाल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ज्योलिकोट और खुर्पाताल के समग्र विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस जीत के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी जताई। अब क्षेत्रवासियों को अपने नए प्रतिनिधि से विकास की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।

Type / to choose a block

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com