हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

उत्तराखंड में अगले तीन घंटे के लिए येलो अलर्ट

उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 07 अगस्त को अपराह्न 3:25 बजे से शाम 6:25 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम वर्षा से लेकर तीव्र बौछारों तथा गरज और बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है। अलर्ट के दायरे में आने वाले जनपदों में देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। विशेषकर केदारनाथ, जोशीमठ, मुनस्यारी, गंगोत्री, रुद्रपुर, खटीमा, रानीखेत तथा इन क्षेत्रों के आसपास के इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव की आशंका है। मौसम विभाग ने नागरिकों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोगों को सतर्क रहने और यथासंभव सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

9 अगस्त को रोडवेज बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की बहनों को खास तोहफा दिया है। 9 अगस्त को बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में परिवहन निगम ने आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत यह सुविधा केवल राज्य की सीमाओं के भीतर लागू होगी। यानी उत्तराखंड राज्य के भीतर चलने वाली रोडवेज बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले को महिलाओं की सुविधा और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती के कदम के तौर पर देखा जा रहा है। रक्षाबंधन पर हर साल बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए लंबी दूरी तय करती हैं। ऐसे में यह निर्णय उनके लिए राहतभरा साबित होगा। परिवहन निगम ने सभी डिपो को निर्देश दिए हैं कि 9 अगस्त को महिलाओं से किराया न लिया जाए और उन्हें सुचारु रूप से यात्रा की सुविधा दी जाए।

दो महीने से लापता है सूरज, परिजनों को अनहोनी की आशंका

हल्द्वानी: गौलापार क्षेत्र के जसपुर खोलिया निवासी लक्ष्मण सिंह ने अपने छोटे भाई 42 वर्षीय सूरज सिंह देउपा के दो महीने से लापता होने की रिपोर्ट थाना चोरगलिया में दर्ज कराई है। लक्ष्मण के अनुसार, सूरज रोज की तरह घर से घूमने निकला था, लेकिन उस दिन के बाद वह वापस नहीं लौटा। लक्ष्मण ने बताया कि सूरज के मोबाइल पर कई बार कॉल की गई, जिस पर लगातार घंटी जाती रही, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। सूरज पूर्व में भी कभी-कभार घर से बाहर जाता था, लेकिन हमेशा संपर्क में रहता था। इस बार दो महीने बीत जाने के बावजूद कोई संपर्क नहीं हो सका है। परिजनों ने आशंका जताई है कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो। चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्यूटी पार्लर में घुसकर महिला को दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी: शोहदों के हौसले बुलंद हैं। एक युवक ने ब्यूटी पार्लर में घुस कर महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीपीनगर चौकी क्षेत्र के मानपुर पश्चिम क्षेत्र की रहने वाली प्रियंका सिंह ने इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि 4 अगस्त को दोपहर 1 बजे के करीब जब वह महर्षि स्कूल रोड, सेंट लॉरेन्स के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में कार्य कर रही थीं, तभी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।

गौरव ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बार-बार अन्य मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा है। प्रियंका सिंह ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नैनीताल में भारी बारिश का कहर, 23 मार्ग बंद

नैनीताल: नैनीताल जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राज्य मार्गों सहित कुल 23 महत्वपूर्ण मोटर मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

क्वचारब – भवाली – ज्योलिकोटरामनगर – बुआखालहल्द्वानी – चोरगलियाभुजान बेतालघाट – गर्जियागर्जिया – बेतालघाटशीतला – छतौलामौना ल्वेसाल – कालापातलकाठगोदाम – हैड़ाखान – साननीसेनिटोरियम – सिरोडीनलनी मोटर मार्गहरतप्पा – हली मार्गलमजाला मोटर मार्गबजून – अक्सूफतेहपुर – बेल मोटर मार्गभुजियाघाट – सूर्यागांव

प्रशासन ने इन क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और पूरी सतर्कता बरतें। विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

समर्थ पोर्टल खुला, वंचित विद्यार्थी 10 अगस्त तक ले सकते हैं प्रवेश।

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने समर्थ पोर्टल को एक बार फिर से 10 अगस्त तक के लिए खोल दिया है, जिससे छात्र-छात्राएं अब फिर से कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी कॉलेज ने भी नए विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। कॉलेज की पीजी कक्षाओं की मेरिट सूची समय पर तैयार न हो पाने के कारण पोर्टल को दोबारा खोला गया है, जिससे यूजी कक्षाओं में भी अब तक प्रवेश नहीं ले पाए विद्यार्थियों को एक और मौका मिल गया है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे। इसके बाद कॉलेज में अपने शैक्षणिक दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन कराना होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद विद्यार्थी ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकेंगे। कॉलेज की प्रवेश समिति के सह प्रभारी डॉ. रोहित कांडपाल ने जानकारी दी कि शासन की ओर से पोर्टल दोबारा खोले जाने का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। जो छात्र पहले किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले सके थे, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। कॉलेज के प्राचार्य एनएस बनकोटी ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रवर्तन कार्रवाई में 27 चालान, 2 टैक्सी सीज

हल्द्वानी। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिस दौरान कुल 27 चालान किए गए और 2 टैक्सी सीज की गईं। चालानी कार्रवाई में निजी बसें और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों का भी चालान किया गया। आरटीओ प्रवर्तन गुरदेव सिंह ने बताया कि सोमवार रात और मंगलवार को एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सिंगवान और परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्या के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों में अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

नैनीताल जिले के कल भी बंद रहेंगे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

हल्द्वानी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और आज बुधवार को और भी अधिक भीषण वर्षा की चेतावनी के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिस पर संभावित आपदाओं जैसे भूस्खलन, जलभराव, सड़कों का अवरोध और नदियों-नालों में तेज बहाव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी वंदना ने एहतियातन विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद नैनीताल के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आपदा की स्थिति में वे अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर सतर्कता बनाए रखें और समन्वय स्थापित करें। आपदा की किसी भी घटना की तत्काल सूचना 05942-231178 05942-231179 टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।

उत्तरकाशी के धराली गांव में बादल फटा, तबाही मचाने वाली बाढ़ में कई भवन क्षतिग्रस्त

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के धराली गांव स्थित खीरगंगा क्षेत्र में मंगलवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ के चलते कई होटलों और दुकानों में मलबा व पानी घुस गया है, जबकि दर्जनों लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है। धराली मार्केट क्षेत्र पूरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां कई भवनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रशासन के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आर्मी हर्षिल, पुलिस, और एसडीआरएफ की टीमें भटवाड़ी क्षेत्र के लिए रवाना हो चुकी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चल रहा है।इसी बीच, बडकोट तहसील के बनाल पट्टी क्षेत्र से भी भारी अतिवृष्टि की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुड गदेरे में अचानक जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में चर रही करीब डेढ़ दर्जन बकरियां तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय ग्रामीणों को समय रहते ऊंचाई पर पहुंचाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ से सड़क संपर्क टूट रहा है और ग्रामीण इलाकों में फंसे लोगों को निकालना चुनौती बन गया है। उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ से सड़क संपर्क टूट रहा है और ग्रामीण इलाकों में फंसे लोगों को निकालना चुनौती बन गया है।

गौलापार के पश्चिमी खेड़ा में 10 वर्षीय अमित की गला काटकर हत्या

गौलापार क्षेत्र के पश्चिमी खेड़ा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 10 वर्षीय बालक अमित मौर्य की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपी और मृतक का घर मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। अमित के पिता, खूबचरण मौर्य मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं और वर्तमान में गौलापार क्षेत्र में बटाईदार के रूप में खेती करते हैं।

अमित सोमवार (कल) से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। आरोपी ने हत्या के बाद अमित के शव को अपने घर के पीछे खेत में दफना दिया था। हत्या इतनी क्रूर थी कि अमित का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। अभी तक उसका सिर बरामद नहीं हो सका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के समय आरोपी की शर्ट खून से सनी हुई थी। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी पश्चिमी खेड़ा का ही निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com