हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

जुलाई में रूठा, अगस्त में झूम उठा मानसून – नैनीताल में तीन गुना बरसात

हल्द्वानी। इस बार मानसून तय समय पर उत्तराखंड में प्रवेश कर गया था, इसके बाद भी नैनीताल जिले में जुलाई माह में सामान्य से 42 प्रतिशत कम बारिश हुई लेकिन अगस्त माह की शुरूआत में ही मानसून का असर तेज हो गया है और जुलाई की अपेक्षा इस माह तीन गुना ज्यादा असर हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, जुलाई माह में 31 दिनों में नैनीताल जिले में कुल 328.5 मिमी बारिश हुई थी। प्रतिदिन की औसत 10.59 मिमी बारिश के हिसाब से बारिश दर्ज की गई। सामान्य तौर पर जुलाई में 566 मिमी बारिश जिले में दर्ज की जाती है। इस वजह से जुलाई माह में भूस्खलन, आपदा की बहुत ही कम घटनाएं देखने को मिलीं। अगस्त शुरू होते ही मानसून ने पूरी तरह से रंग बदल लिया।अगस्त के शुरूआती छह दिनों में जिले में 204.4 मिमी बारिश हो गई है, यह सामान्य से काफी ज्यादा बारिश है। अगर जुलाई से तुलना करें तो अगस्त में प्रतिदिन 34 मिमी की औसत बारिश दर्ज की गई है। जुलाई की अपेक्षा मानसून का असर इस माह में अभी तक तीन गुना अधिक देखा गया है।

उत्तरकाशी में कुदरत का कहर, वायुसेना का चिनूक बना मसीहा

उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में हाल ही में बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके को तबाही की चपेट में ले लिया। तेज बारिश और भूस्खलन ने गांव का बाकी दुनिया से संपर्क पूरी तरह तोड़ दिया है। चारों ओर कीचड़, पानी और मलबे का डरावना मंजर फैला हुआ है। गंगोत्री नेशनल हाईवे का नामोनिशान कई जगहों से मिट चुका है। कहीं 100 तो कहीं 200 मीटर तक सड़कें बह चुकी हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच भारतीय वायुसेना का ‘चिनूक’ हेलीकॉप्टर आसमान से उम्मीद बनकर धरती पर उतरा। दो रोटर वाला यह शक्तिशाली ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टर, जो आमतौर पर सेना के भारी-भरकम अभियानों के लिए इस्तेमाल होता है, इस बार मानवता की सेवा में जुटा दिखा। चिनूक ने राहत सामग्री, रेस्क्यू टीमें और जरूरी उपकरण ऐसे दुर्गम स्थानों तक पहुंचाए, जहां जमीनी पहुंच असंभव हो चुकी थी।

धराली और आसपास के क्षेत्रों में आईटीबीपी और अन्य राहत एजेंसियां लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। लेकिन चिनूक की मदद से राहत कार्यों को नई रफ्तार और ताकत मिली है। चिनूक ने एक बार फिर साबित किया है कि आधुनिक तकनीक जब इंसानी जज़्बे के साथ मिल जाए, तो सबसे कठिन हालात में भी उम्मीद की किरण जगाई जा सकती है।

उत्तराखंड में अगले तीन घंटे के लिए येलो अलर्ट

उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 07 अगस्त को अपराह्न 3:25 बजे से शाम 6:25 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम वर्षा से लेकर तीव्र बौछारों तथा गरज और बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है। अलर्ट के दायरे में आने वाले जनपदों में देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। विशेषकर केदारनाथ, जोशीमठ, मुनस्यारी, गंगोत्री, रुद्रपुर, खटीमा, रानीखेत तथा इन क्षेत्रों के आसपास के इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव की आशंका है। मौसम विभाग ने नागरिकों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोगों को सतर्क रहने और यथासंभव सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

9 अगस्त को रोडवेज बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की बहनों को खास तोहफा दिया है। 9 अगस्त को बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में परिवहन निगम ने आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत यह सुविधा केवल राज्य की सीमाओं के भीतर लागू होगी। यानी उत्तराखंड राज्य के भीतर चलने वाली रोडवेज बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले को महिलाओं की सुविधा और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती के कदम के तौर पर देखा जा रहा है। रक्षाबंधन पर हर साल बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए लंबी दूरी तय करती हैं। ऐसे में यह निर्णय उनके लिए राहतभरा साबित होगा। परिवहन निगम ने सभी डिपो को निर्देश दिए हैं कि 9 अगस्त को महिलाओं से किराया न लिया जाए और उन्हें सुचारु रूप से यात्रा की सुविधा दी जाए।

दो महीने से लापता है सूरज, परिजनों को अनहोनी की आशंका

हल्द्वानी: गौलापार क्षेत्र के जसपुर खोलिया निवासी लक्ष्मण सिंह ने अपने छोटे भाई 42 वर्षीय सूरज सिंह देउपा के दो महीने से लापता होने की रिपोर्ट थाना चोरगलिया में दर्ज कराई है। लक्ष्मण के अनुसार, सूरज रोज की तरह घर से घूमने निकला था, लेकिन उस दिन के बाद वह वापस नहीं लौटा। लक्ष्मण ने बताया कि सूरज के मोबाइल पर कई बार कॉल की गई, जिस पर लगातार घंटी जाती रही, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। सूरज पूर्व में भी कभी-कभार घर से बाहर जाता था, लेकिन हमेशा संपर्क में रहता था। इस बार दो महीने बीत जाने के बावजूद कोई संपर्क नहीं हो सका है। परिजनों ने आशंका जताई है कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो। चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्यूटी पार्लर में घुसकर महिला को दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी: शोहदों के हौसले बुलंद हैं। एक युवक ने ब्यूटी पार्लर में घुस कर महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीपीनगर चौकी क्षेत्र के मानपुर पश्चिम क्षेत्र की रहने वाली प्रियंका सिंह ने इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि 4 अगस्त को दोपहर 1 बजे के करीब जब वह महर्षि स्कूल रोड, सेंट लॉरेन्स के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में कार्य कर रही थीं, तभी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।

गौरव ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बार-बार अन्य मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा है। प्रियंका सिंह ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नैनीताल में भारी बारिश का कहर, 23 मार्ग बंद

नैनीताल: नैनीताल जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राज्य मार्गों सहित कुल 23 महत्वपूर्ण मोटर मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

क्वचारब – भवाली – ज्योलिकोटरामनगर – बुआखालहल्द्वानी – चोरगलियाभुजान बेतालघाट – गर्जियागर्जिया – बेतालघाटशीतला – छतौलामौना ल्वेसाल – कालापातलकाठगोदाम – हैड़ाखान – साननीसेनिटोरियम – सिरोडीनलनी मोटर मार्गहरतप्पा – हली मार्गलमजाला मोटर मार्गबजून – अक्सूफतेहपुर – बेल मोटर मार्गभुजियाघाट – सूर्यागांव

प्रशासन ने इन क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और पूरी सतर्कता बरतें। विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

समर्थ पोर्टल खुला, वंचित विद्यार्थी 10 अगस्त तक ले सकते हैं प्रवेश।

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने समर्थ पोर्टल को एक बार फिर से 10 अगस्त तक के लिए खोल दिया है, जिससे छात्र-छात्राएं अब फिर से कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी कॉलेज ने भी नए विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। कॉलेज की पीजी कक्षाओं की मेरिट सूची समय पर तैयार न हो पाने के कारण पोर्टल को दोबारा खोला गया है, जिससे यूजी कक्षाओं में भी अब तक प्रवेश नहीं ले पाए विद्यार्थियों को एक और मौका मिल गया है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे। इसके बाद कॉलेज में अपने शैक्षणिक दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन कराना होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद विद्यार्थी ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकेंगे। कॉलेज की प्रवेश समिति के सह प्रभारी डॉ. रोहित कांडपाल ने जानकारी दी कि शासन की ओर से पोर्टल दोबारा खोले जाने का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। जो छात्र पहले किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले सके थे, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। कॉलेज के प्राचार्य एनएस बनकोटी ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रवर्तन कार्रवाई में 27 चालान, 2 टैक्सी सीज

हल्द्वानी। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिस दौरान कुल 27 चालान किए गए और 2 टैक्सी सीज की गईं। चालानी कार्रवाई में निजी बसें और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों का भी चालान किया गया। आरटीओ प्रवर्तन गुरदेव सिंह ने बताया कि सोमवार रात और मंगलवार को एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सिंगवान और परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्या के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों में अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

नैनीताल जिले के कल भी बंद रहेंगे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

हल्द्वानी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और आज बुधवार को और भी अधिक भीषण वर्षा की चेतावनी के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिस पर संभावित आपदाओं जैसे भूस्खलन, जलभराव, सड़कों का अवरोध और नदियों-नालों में तेज बहाव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी वंदना ने एहतियातन विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद नैनीताल के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आपदा की स्थिति में वे अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर सतर्कता बनाए रखें और समन्वय स्थापित करें। आपदा की किसी भी घटना की तत्काल सूचना 05942-231178 05942-231179 टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com