हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नुमाईश का ठेका निरस्त कराने को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन


हल्द्वानीः एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही नुमाईश का ठेका निरस्त कराने को लेकर वार्ड 11 के पार्षद रवि जोशी ने सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नुमाईश के कारण आए दिन आसपास जाम लग रहा है। जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। कहा कि नुमाईश में भारी भीड़ होने व कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में दो एसआई पुरुष, एक एसआई महिला और 12 जवान मौजूद होने चाहिए, जिससे आपातकालीन स्थिति में जन सुरक्षा हो सके। अन्य प्रदेशों में लगने वाली नुमाईशों की तर्ज पर सभी सुरक्षाकर्मियों का वेतन नुमाईश ठेकेदार की ओर से पुलिस प्रशासन के फंड में जमा किया जाना चाहिए। लेकिन ठेकेदार की ओर से इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। सुरक्षा के नाम पर केवल एजेंसी के दो-चार सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है। पार्षद जोशी ने कहा कि झूला की फिटनेस के संबंध में कोई प्रमाण पत्र जमा नहीं किया गया है। आग की घटना से बचाव के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर मौजूद नहीं है। उन्होंने प्रशासन से नुमाईश स्थल पर किसी भी दुर्घटना से बचाव के लिए एक मॉकड्रिल आयोजित करने की मांग की। साथ ही ठेकेदार पर राजस्व चोरी करने के लिए टिकट पर एसजीएसटी नंबर अंकित नहीं होने का आरोप लगाया। इस दौरान उमेश सिंह, सुबोध कुमार, एसके बेलवाल आदि मौजूद रहे।

नहीं माने विपिन पांडे, कर दी भाजपा से बगावत

हल्द्वानी: भाजपा के फायर ब्रांड और हिंदूवादी नेता विपिन पांडे की पत्नी मीना पांडे ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन कर दिया है। ऐसा तब है जब भाजपा की ओर से अधिकृत प्रत्याशी मंजू गौड़ ने भी नामांकन किया है। मीना पांडे ने बिना किसी शोरशराबे के अपना नामांकन किया है। उन्होंने नामांकन के बाद जीत का दावा किया है। नतीजा चाहें कुछ भी हो लेकिन भाजपा को दूसरी बड़ी बगावत कालाढूंगी विधानसभा सीट में डेढ़ माह में ही देखने को मिल गई है।

भाजपा ने मंजू गौड़ को ब्लॉक प्रमुख के लिए अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया था। विपिन पांडे बच्चीनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य अपनी पत्नी मीना पांडे को भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी बनाना चाहते थे। जैसे ही मंजू गौड़ के नाम की घोषणा हुई विपिन पांडे ने फेसबुक पर बागी तेवर दिखाना शुरू कर दिया था। उस समय लगा था कि यह उनका शुरूआती आक्रोश है, बाद में वह मान जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नामांकन के दिन पहले मंजू गौड़ ने रैली निकालकर अपना नामांकन कराया। उनके साथ भाजपा के बड़े नेता दर्जा मंत्री रेनू अधिकारी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति भट्ट, कल्पना बोरा, लाखन सिंह निगल्टिया आदि मौजूद थे। नामांकन से पहले सभी ने भाजपा और मंजू गौड़ के समर्थन में नारे लगाए। मंजू गौड़ ने पार्टी का आभार जताया और कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बाद विपिन पांडे अपनी पत्नी मीना पांडे के साथ पहुंचे और मीना ने नामांकन कराया। मीना ने कहा कि उनके पास बहुमत है और वह चुनाव जीतेंगी। नतीजा जो भी हो यह भविष्य बताएगा। उल्लेखनीय है कि हल्द्वानी का ब्लॉक प्रमुख बनने के लिए प्रत्याशी को 20 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जरूरत पड़ेगी।

भारी बारिश के अलर्ट पर केदारनाथ यात्रा तीन दिन के लिए स्थगित

रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को तीन दिन के लिए रोक दिया है। यह रोक 12 अगस्त से 14 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।प्रशासन के अनुसार, यह निर्णय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस दौरान केदारनाथ की ओर जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा पुनः शुरू की जाएगी।जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

महिला ने दवा समझकर खा लिया जहर, मौत

हल्द्वानी : लंबे समय से बीमार चल रही 54 वर्षीय महिला ने दवा के धोखे में जहर खा लिया। हालत बिगड़ी तो परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के मुताबिक खन्ना फार्म तल्ली हल्द्वानी निवासी ईश्वरी देवी (54 वर्ष) पत्नी जीवन चंद्र जोशी यहां परिवार के साथ रहती थी। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। परिजनों का कहना है कि आमतौर पर ईश्वरी अपने हाथ से ही दवा खाती थीं। बीती 9 अगस्त को भी उन्होंने खुद दवा खाई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि जहां ईश्वरी की दवाइयां रखी थीं, वहां कई और दवाइयां भी रखी थी। ईश्वरी ने दवा के धोखे में जहरीली दवा खा ली। परिजन उन्हें अस्पताल तो ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने उनके शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

SBI में 6,589 क्लर्क पदों पर भर्ती, 26 अगस्त तक करें आवेदन

देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने क्लर्क (जूनियर एसोसिएट) के 6,589 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें 5,180 नियमित और 1,409 बैकलॉग पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 6 अगस्त से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त, 2025 है।बैंक ने बताया कि जनरल कैटेगरी के लिए 2,255, एससी के लिए 788, एसटी के लिए 450, ओबीसी के लिए 1,179 और ईडब्ल्यूएस के लिए 508 पद आरक्षित हैं। चयनित उम्मीदवार देशभर की विभिन्न शाखाओं में तैनात होंगे।

योग्यता व आयु सीमा

उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होनी चाहिए। आयु 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

आवेदन प्रक्रिया

उम्मीदवार केवल एसबीआई के आधिकारिक करियर पोर्टल sbi.co.in के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म भरते समय निर्धारित दस्तावेज और शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।

युवक पर पिटबुल का हमला, मालिक के खिलाफ होगा मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी: शहर के नैनीताल रोड क्षेत्र के तुलसी कॉलोनी में बीती रविवार रात पिटबुल ब्रीड के कुत्ते ने अचानक हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। जिसमें एक किशोर के साथ ही एक अन्य व्यक्ति शामिल है। बताया जा रहा है कि पिटबुल स्वामी अक्सर घर से बाहर रहते हैं और घर की सुरक्षा के लिए कुत्ते को गेट पर बांधकर जाते हैं। कुत्ते को घर से बाहर घुमाने के दौरान भी कई बार वह हमलावर हो जाता है। घटना के बाद क्षेत्र के एक व्यक्ति ने नगर आयुक्त ऋचा सिंह से मामले की शिकायत की।

जिस पर नगर आयुक्त के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच करने पर पता चला कि कुत्ते का पंजीकरण नगर निगम में भी नहीं कराया गया है। साथ ही इसका टीकाकरण भी नहीं कराया गया है। फिलहाल कुत्ते को नगर निगम के एबीसी सेंटर में रेस्क्यू किया गया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने सभी शहरवासियों से अपने पशुओं का नगर निगम में पंजीकरण कराने की अपील की है। साथ ही उन्होंने पंजीकरण नहीं कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सांप के डसने से महिला की मौत

सांप के डसने से महिला की मौतहल्द्वानी : सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक विशालकोट रानीखेत निवासी ज्योत्सना देवी (35 वर्ष) पत्नी सुंदर सिंह बीती 7 अगस्त को रसोई में खाना बना रही थीं। तभी सांप ने उनके पैर में डस लिया। परिजनों ने पता लगते ही ज्योत्सना को अल्मोड़ा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख परिजनों ने ज्योत्सना को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल चौकी प्रभारी भूपेंद्र मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी का नामांकन स्वीकार

नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी का नामांकन पत्र सोमवार को स्वीकार कर लिया गया। उनके नामांकन के खिलाफ बीजेपी प्रत्याशी दीपा दर्मवाल के पति आनंद दर्मवाल द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति को रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ने खारिज कर दिया।आनंद दर्मवाल ने आरोप लगाया था कि पुष्पा नेगी ने जिला पंचायत सदस्य बनने के दौरान दिए गए शपथपत्र में सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण कर स्कूल बनाने के मामले में दर्ज केस की जानकारी छिपाई थी।

हालांकि, RO ने इन आरोपों को बेदम बताते हुए आपत्ति को अस्वीकार कर दिया।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी प्रत्याशी पक्ष केवल उनके उम्मीदवार को बेवजह परेशान करने और पर्चा खारिज कराने की साज़िश रच रहा था। कांग्रेस का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन की जांच प्रक्रिया में सदस्य बनने के समय के शपथपत्र की जांच नहीं की जा सकती, और आपत्ति दर्ज करने का अधिकार केवल प्रत्याशी को ही है।निर्णय के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है, जबकि राजनीतिक माहौल और भी गर्मा गया है। अब चुनावी मुकाबले में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ा टकराव देखने को मिल सकता है।

भारी बारिश के कारण नैनीताल जिले के सभी स्कूल कल बंद रहेंगे

हल्द्वानी। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नैनीताल जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कल 12 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए यह आदेश जारी किया है।जिला प्रशासन ने अभिभावकों और बच्चों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। साथ ही, संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जिले के कई इलाकों में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

पनचक्की की जमीन कब्जामुक्त, बनेगा आधुनिक पार्क

हल्द्वानी। वार्ड 60 स्थित पनचक्की की भूमि को सोमवार को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर निगम और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने जिलाधिकारी के निर्देश पर अंजाम दी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि उक्त भूमि पूर्व में ही नगर निगम को पार्क निर्माण के लिए आवंटित की जा चुकी थी। अवैध कब्जा हटने के बाद निगम यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक पार्क बनाएगा। नगर निगम के अनुसार, पार्क तैयार होने पर स्थानीय लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण का लाभ मिलेगा। निगम ने स्पष्ट किया कि हरित विकास और सार्वजनिक स्थलों का पुनरुद्धार उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com