हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

SSP पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को दी कड़ी चेतावनी

हल्द्वानी। पुलिस बहुद्देशीय भवन परिसर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोरदार धरना-प्रदर्शन से गूंज उठा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नैनीताल जिला पंचायत चुनाव के दौरान हुई घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।कांग्रेस नेताओं ने जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बदसलूकी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए SSP नैनीताल प्रह्लाद मीणा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।यशपाल आर्य ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पुलिस प्रशासन गंभीर मामलों में भी ठोस कदम उठाने में नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

हाईकोर्ट सख्त, जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव दोबारा कराने का आदेश


नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर मचे घमासान पर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस की ओर से जिला पंचायत पंचायती सदस्यों के अपहरण के आरोप पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव दोबारा कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने इस बात पर नाराज़गी जताई कि अब तक लापता जिला पंचायत सदस्यों का कोई सुराग नहीं लगाया जा सका है। कोर्ट ने प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इधर, मामले में एसएसपी ने कहा कि उन्हें इस प्रकरण से संबंधित कोई वीडियो प्राप्त नहीं हुआ है और न ही उन्होंने ऐसा कोई वीडियो देखा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है, जबकि विपक्ष का कहना है कि कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ रही है।

नैनीताल-बेतालघाट: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में फायरिंग से हड़कंप, एक ग्रामीण घायल

बेतालघाट (नैनीताल)। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गुरुवार को मतदान केंद्र के पास अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई। फायरिंग की चपेट में आकर एक ग्रामीण के पैर में गोली लग गई। घायल को तत्काल बेतालघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में व्यवधान डालने और माहौल बिगाड़ने की नीयत से यह वारदात की गई है। आक्रोशित कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। इस फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

LIVE झगड़े से दहला नैनीताल: चुनाव से पहले अपहरण-हमले के आरोप

नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक पहले नैनीताल में सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस के 6 से 7 जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण करने की कोशिश की। घटना के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ धक्का-मुक्की हुई, वहीं पूर्व विधायक संजीव आर्य और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के साथ मारपीट का आरोप भी कांग्रेस ने लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि यह हमला सिविल ड्रेस में आए लोगों ने किया, जबकि पुलिस मौके पर मौजूद होकर भी मूकदर्शक बनी रही।

पूरा घटनाक्रम यशपाल आर्य के फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारित हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान उनके पति पर भी हमला किया गया और कई कांग्रेस सदस्यों के कपड़े तक फाड़ दिए गए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा किसी भी तरह चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। वहीं, भाजपा की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

हल्द्वानी: चर्चित ट्रांसपोर्ट की गाड़ी पकड़ी

हल्द्वानी : नैनीताल जनपद के बॉर्डर क्षेत्र में जीएसटी चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में राज्य कर विभाग की मोबाइल सचल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चर्चित ट्रांसपोर्ट की गाड़ी को पकड़ने में सफलता पाई है। यह गाड़ी बिना वैध बिलों के भारी मात्रा में माल ले जा रही थी।सचल दल के असिस्टेंट कमिश्नर राहुल कांत आर्य के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त इनपुट के आधार पर टैक्स चोरी के शक में गाड़ी संख्या UP 228995 को रोका गया। जांच के बाद गाड़ी को राज्य कर कार्यालय काठगोदाम लाया गया है, जहां इसका भौतिक सत्यापन जारी है। बताया गया है कि यह गाड़ी नैनीताल ट्रांसपोर्ट, लाइन नंबर 1 हल्द्वानी से जुड़ी है, जिसके स्वामी शत्रुघ्न पांडे हैं। अधिकारियों का कहना है कि माल के वैध बिलों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के उपरांत जो भी सामान बिना बिल के पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।सूत्रों की मानें तो ट्रांसपोर्ट से जुड़े एक परिजन राज्य कर विभाग के उच्च पद पर भी तैनात हैं, जिसका सीधा लाभ ट्रांसपोर्ट स्वामी को मिलता रहा है। यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या अब तक की कार्रवाई प्रभावी रहेगी या रसूखदार रिश्तों के चलते मामला फिर से ठंडे बस्ते में चला जाएगा? गौरतलब है कि हाल ही में विभाग की नई कमिश्नर ने टैक्स चोरी पर रोक लगाने के लिए अपने अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य भर में व्यापक अभियान चलाने की बात कही है। अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई एक मिसाल बनती है या केवल औपचारिकता तक ही सीमित रह जाती है। विभाग के अनुसार आगे की जांच जारी है।

टैंपो ट्रैवलर का किराया 20 प्रतिशत सस्ता, हल्द्वानी-नैनीताल अब 106 रुपए में

हल्द्वानी: उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए टैंपो ट्रैवलर के किराये में भारी कमी की है। काठगोदाम डिपो से चलने वाली आठ और भवाली डिपो से चलने वाली दो टैंपो ट्रैवलर सेवाओं के किराये में 20 प्रतिशत की छूट दी गई है।काठगोदाम डिपो के सहायक महाप्रबंधक गणेश पंत की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को महाप्रबंधक (संचालन) ने स्वीकार कर लिया है और नई किराया दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। नई दरों के अनुसार हल्द्वानी से कैंची धाम अब 126 और हल्द्वानी से नैनीताल अब 106 रुपए में जा सकेंगे। परिवहन निगम को उम्मीद है कि किराये में कमी से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और इसके साथ ही टैंपो ट्रैवलर की आय भी बढ़ेगी, जिससे निगम के राजस्व में इजाफा होगा।

छत पर खेलने गई बच्ची की करंट से मौत

हल्द्वानी : छत में खेलने गई बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। मामला भीमताल क्षेत्र के संगुडी गांव का है। रिलशाद खान की छह वर्षीय बेटी सनिका मंगलवार को छत पर खेलने के लिए गई थी। इसी बीच उसे छत पर पड़े बिजली की तार से करंट लग गया। करंट लगते ही मासूम अचेत पड़ गई। परिजन उसे एसटीएच लेकर पहुंचे। जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

भुजियाघाट से रामगढ़ तक, लाखन नेगी की दो संपत्तियों पर एक साथ कार्रवाई

नैनीताल। जिला प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी के पति लाखन नेगी की संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया। आरोप है कि लाखन नेगी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर होटल और स्कूल का निर्माण कराया था।प्रशासन की टीम ने नैनीताल-भुजियाघाट हाईवे पर स्थित होटल ग्रीन वैली को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि होटल के निर्माण के लिए सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। वहीं, रामगढ़ सिमायल क्षेत्र में बन रहे प्राइवेट स्कूल की इमारत को भी सील कर दिया गया। यहां एक नाली की सरकारी भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा था।अधिकारियों ने बताया कि लाखन नेगी को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में अतिक्रमण न हटाए जाने पर प्रशासन खुद कार्रवाई करेगा और इसकी लागत संबंधित से वसूली जाएगी। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में की गई, जिससे क्षेत्र में कड़ी चर्चा है।

नियमों की धज्जियां उड़ाकर चल रही नुमाइश, कोतवाली में पार्षद का धरना

हल्द्वानी : शुरू होने से पहले ही विवादों में घिरी नुमाइश भारी विरोध के चलते भी शुरू हो गई। सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाकर चल रही नुमाइश में भारी भीड़ पहुंच रही है। शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को पार्षद रवि जोशी कोतवाली में धरने पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक वह अकेले ही जमीन पर बैठे विरोध करते रहे। अंत में सीओ पहुंचे और उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। पार्षद रवि जोशी ने आरोप लगाया कि नुमाइश स्थल की क्षमता केवल तीन हजार लोगों की है, लेकिन कमाई के लिए नुमाइश वाले दो गुनी भीड़ को नुमाइश में भेज रहे हैं। नुमाइश के संचालकों ने न तो झूलों की फिटनेस कराई और ही सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। नुमाइश में पार्किंग के नाम पर शुल्क वसूला जा रहा है, जो नियमत: गलत है। ऐसे में लोग अपने वाहनों को सड़कों पर पार्क कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया और कहाकि पुलिस ने बगैर पुलिस शुल्क जमा कराए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया है। उन्होंने दमकल को भी आड़े हाथों लिया। कहा, भारी भीड़ के बीच यदि नुमाइश में आगजनी जैसे घटना होती है, वहां दमकल के दाखिल होने तक की जगह नहीं है। नुमाइस की अनुमति देने से पहले पुलिस और प्रशासन ने नुमाइश स्थल का मुआयना तक नहीं किया। झूलों में यहां करंट दौड़ रहा है। भीड़ नियंत्रण के उपाय नहीं है। नुमाइश में आने और जाने के लिए सिर्फ एक ही गेट है। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस और प्रशासन को पहले से जानकारी थी। बावजूद इसके नुमाइश लगाने की अनुमति दे दी गई। कोतवाली में आरोपों के बीच भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी अनिल कुमार, पार्षद को सीओ के पास ले जाने के लिए पहुंचे, लेकिन पार्षद ने इंकार कर दिया। जिसके बाद सीओ नितिन लोहनी मौके पर पहुंचे। सीओ ने पार्षद से कहाकि पुलिस की ओर से एक विस्तृत रिपोर्ट सोमवार को ही प्रशासन को भेज दी गई है। अब इस पर प्रशासन को फैसला लेना है। जिसके बाद पार्षद ने अपना धरना समाप्त किया। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट मिली है। नुमाइश के लिए एनओसी जारी करने वाले अन्य विभागों से भी रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके बाद इस मसले पर फैसला लिया जाएगा।

13 अगस्त को नैनीताल में सभी स्कूल व आंगनबाड़ी बंद, भारी बारिश का अलर्ट

नैनीताल: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा 13 अगस्त को भी भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया है।जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को बताया कि संभावित आपदा जोखिम जैसे भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों में तेज बहाव को देखते हुए बुधवार 13 अगस्त को नैनीताल जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश रहेगा।जिलाधिकारी ने संबंधित शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यकतानुसार अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा की घटना होने पर तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179 या टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दें।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com