
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा ज़िले के दुगालखोला क्षेत्र के मयंक लोहनी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ा मुकाम हासिल किया है। हाल ही में घोषित एसएससी (एनसीसी) स्पेशल एंट्री-58 (पुरुष) कोर्स (अक्टूबर 2025) की मेरिट सूची में मयंक ने ऑल इंडिया रैंक 3 प्राप्त कर अल्मोड़ा सहित पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। इस प्रवेश योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद मयंक भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होंगे। मयंक की प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा में हुई, जहाँ उन्होंने कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा से बी.एससी. की डिग्री प्राप्त की। मयंक के पिता नीरज लोहनी स्वयं भारतीय सेना में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं, जबकि माता चंचल लोहनी ने बेटे की इस सफलता पर गर्व जताया। मयंक मूलतः ग्राम खडकुना के निवासी हैं। उनके ताऊजी शास्त्री गिरीश चन्द्र लोहनी पं. गोवर्धन शर्मा इंटर कॉलेज में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। मयंक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे परिवार, क्षेत्रवासियों और जनपद में हर्ष की लहर है।

हल्द्वानी। देर रात रामपुर रोड बेल बाबा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग अपनी बहन से मिलने रुद्रपुर गए थे। देर रात लौटते समय उनकी ऑल्टो कार और स्कॉर्पियो में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हाफिज शाजिद, शाहजहां और अफसरी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में जाहिद और मुस्कान शामिल हैं। सभी मृतक और घायल हल्द्वानी के बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 और 18 के रहने वाले हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से जोरदार टक्कर मारी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। रात करीब दो बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली। पुलिस और स्थानीय लोग घायलों व मृतकों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे।फिलहाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हल्द्वानी। फेसबुक पर दोस्ती एक युवती को महंगी पड़ गई। फेसबुकिया दोस्त ने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं, उससे शादी का वादा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। भरोसा जीतने के बाद जालसाज ने युवती से 20 लाख रुपए की ठगी कर ली और वो भी शादी तय होने के बाद। पीड़िता ने थाने से लेकर एसएसपी तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन मदद नहीं मिली। अंत में पीड़िता को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
मुखानी थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने न्यायालय द्वितीय न्यायिक मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को दिए शिकायती पत्र में सिद्धार्थ ग्रोवर पुत्र दलीप (कथित पायलट स्पाइस जेट एयरलाइंस), दलीप, तनीषा पुत्री दलीप, स्वेता ग्रोवर पत्नी दलीप और मनीष पुत्र दलीप निवासी सेक्टर 7 ग्रोवर विला चंडीगढ़ पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि वह गुड़गाव स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। अप्रैल 2024 में फेसबुक के जरिये वह सिद्धार्थ के संपर्क में आई। सिद्धार्थ ने खुद को स्पाइस जेट एयरलाइंस का पायलट बताया। फेसबुक की दोस्ती फोन पर बातचीत तक पहुंच गई। दोनों की मुलाकातें भी होने लगीं। एक दिन सिद्धार्थ ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। सिद्धार्थ के पिता दलीप, मां स्वेता और बहन तनीषा ने फोन पर युवती के घरवालों से शादी की बात की। 2 दिसम्बर 2024 शादी की तारीख तय हो गई।
इस बीच सिद्धार्थ ने युवती को झांसे में लेकर हल्द्वानी में एक बैंक खाता खुलवा दिया, जो युवती के नाम पर था। युवती ने बैंक का एटीएम सिद्धार्थ को दे दिया। कुछ दिनों बाद सिद्धार्थ ने प्रापर्टी खरीदने की बात कही और कहा अभी उसके पास पूरे रुपये नहीं है। उसने जोर देकर पीड़िता से बैंक लोन अप्लाई करा दिया और लोन के रुपयों को उस खाते में ट्रांसफर करा लिए जिसका एटीएम उसके पास था। पीड़िता 18 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया था। रकम मिलने के बाद सिद्धार्थ और उसके परिवार का रवैया अचानक बदल गया। शादी की तारीख नजदीक आने पर भी बात ही बंद कर दी। इस पर उन्हें शक हुआ। पता किया तो सामने आया कि सिद्धार्थ पहले से ही शादीशुदा है और यह गिरोह ऐसे ही लोगों को फंसाता है।
शादी के वादे की आड़ में सिद्धार्थ ने कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए। अब आरोपी धमका रहे हैं। पीड़िता पहले मुखानी थाना और फिर इसी वर्ष जनवरी में एसएसपी के पास पहुंची, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हल्द्वानी। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में बीमार बेटे की तीमारदारी में लगे पिता को चोरों ने अपना शिकार बना लिया। दस्तावेजों और हजारों की नगदी से भरा बैग लेकर शातिर रफूचक्कर हो गए। जाते-जाते चोर अस्पताल में बने मंदिर में माथा भी टेकते गए और यहीं शातिरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। मेडिकल चौकी पुलिस अब शातिरों की तलाश में है। गरमपानी खैरना निवासी श्याम सिंह यहां परिवार के साथ रहते हैं और बेटा तनुज रावत गंभीर बीमारी से ग्रसित है। बीती 22 अगस्त को तनुज को ऑपरेशन के लिए में भर्ती कराया।
श्याम सिंह का कहना है कि वह बेटे के ऑपरेशन के लिए अपने साथ 25 हजार रुपए नगद और तमाम जरूरी दस्तावेज लेकर आए थे। रुपए और दस्तावेज उन्होंने बैग में रखे थे। आरोप है कि शनिवार रात वह वार्ड में सोए थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे दो शातिर वार्ड में पहुंचे और नोटों भरा बैग लेकर चलते बने। सुबह उनकी आंख खुली और बैग न पाकर उनके होश फाख्ता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो शातिर नजर आए। इनमें से एक के कंधे पर श्याम का नोटों भरा बैग था और शातिर जाते वक्त मंदिर में शीश नवाते में नजर आ रहे हैं। कोतवाल राजेश कुमार यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नैनीताल। जिले में पुलिस प्रशासन ने कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। सोमवार को जारी सूची के अनुसार विभिन्न थानों व चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार –
निरीक्षक सुशील कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा बनाया गया है।
निरीक्षक उमेश कुमार मलिक को प्रभारी निरीक्षक भवाली से प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ भेजा गया है।
निरीक्षक प्रकाश मेहरा को प्रभारी चौकी खैरना से प्रभारी निरीक्षक भवाली की जिम्मेदारी दी गई है।
निरीक्षक विजय मेहता को कालाढूंगी थानाध्यक्ष से प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी ही रखा गया है।
निरीक्षक हरपाल सिंह को साइबर सेल डीसीआरबी से प्रभारी एसओजी/एएनटीएफ/साइबर सेल का दायित्व मिला है।
निरीक्षक ललिता पांडे को प्रभारी एएचटीयू से प्रभारी एएचयू/डीसीआरबी भेजा गया है।
उप निरीक्षकों में –
मनोज नयाल को वरिष्ठ उप निरीक्षक रामनगर से थानाध्यक्ष तल्लीताल बनाया गया है।
विजय नेगी को पुलिस लाइन से थानाध्यक्ष बेतालघाट तैनात किया गया है।
विमल मिश्रा को थानाध्यक्ष भीमताल से थानाध्यक्ष काठगोदाम,
संजीत राठौड़ को प्रभारी SOG से थानाध्यक्ष भीमताल,
पंकज जोशी को काठगोदाम से व0उ0नि0 कालाढूंगी,
विजय कुमार को धानाचुली चौकी प्रभारी से राजपुर चौकी प्रभारी (थाना हल्द्वानी) बनाया गया है।
इसके अलावा हरजीत सिंह, मनोज सिंह, नरेंद्र कुमार, हर्ष बहादुर पाल, रमेश चंद्र पंत, मोहन सिंह सोन, देवेंद्र सिंह राणा, नीरज कुमार, सुनील गोस्वामी, सुशील जोशी, फिरोज आलम, भुवन सिंह राणा, रविंद्र सिंह राणा, राजवीर सिंह नेगी, प्रवीण कुमार और निधि शर्मा के भी तबादले किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल कार्यप्रणाली में तेजी लाने और प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया है।

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार लाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के पैर भी छू सकते हैं। हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 में प्रदेश में सत्ता वापसी करना है और इसके लिए हर नेता और कार्यकर्ता को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर काम करना होगा। उन्होंने पार्टी एकता पर जोर देते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर सभी नेताओं को जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस ही उसका विकल्प है।

पौड़ी। जनपद पौड़ी में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार देर रात सतपुली मल्ली में गुलदार ने टेंट के अंदर सो रहे सात वर्षीय बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। गुलदार ने टेंट फाड़कर भीतर सो रहे सूरज सिंह (7) पुत्र तिलक सिंह, मूल निवासी नेपाल पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा लहूलुहान हो गया और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ देख गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल सूरज को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के हाथ पर गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। क्षेत्र में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने बताया कि इलाके में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए गश्त तेज कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

देहरादून। प्रदेश सरकार सीमांत जनपदों में हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) हवाई पट्टियों के संचालन की जिम्मेदारी इंडियन एयरफोर्स को सौंपने का निर्णय लिया गया है। वहीं पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के हवाले किया जाएगा। सरकार और एएआई के बीच इसके लिए एमओयू पर सहमति बन चुकी है। पिथौरागढ़ एयरपोर्ट पर बढ़ती हवाई सेवाओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सरकार यहां विस्तार कार्य भी करने जा रही है। एयरपोर्ट विस्तार पर लगभग 450 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गुंजी से आदि कैलाश क्षेत्र में हवाई सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी है। यहां एक किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें तकनीकी सहयोग वायुसेना द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि सीमांत जिलों में हवाई सेवाओं का विस्तार जहां स्थानीय निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा देगा, वहीं सामरिक दृष्टि से भी यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

बेंगलुरु। कर्नाटक से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 18 साल की एक युवती की हार्मोनल दवाइयां खाने के बाद मौत हो गई। दरअसल घर में पूजा होने के कारण युवती ने पीरियड रोकने के लिए गोलियां ली थीं। लेकिन इन दवाओं के दुष्प्रभाव से उसे डीप वेन थ्रोम्बोसिस (Deep Vein Thrombosis) नामक गंभीर बीमारी हो गई, जिसने उसकी जान ले ली।
वैस्कुलर सर्जन डॉ. विवेकानंद ने अपने पॉडकास्ट रीबूटिंग द ब्रेन में इस मामले का खुलासा किया। डॉक्टर के मुताबिक, युवती अपने दोस्तों के साथ क्लिनिक पहुंची थी। उसके पैर और जांघ में दर्द व सूजन थी और वह काफी बेचैन थी। जांच में पता चला कि उसकी नसों में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन गया था, जो नाभि तक फैल चुका था।
डॉ. विवेकानंद ने पिता को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने अगले दिन बेटी को मां के साथ लाने की बात कहकर मना कर दिया। दुर्भाग्यवश उसी रात दो बजे युवती को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहां उसकी सांसें रुकी हुई थीं। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
क्या है डीप वेन थ्रोम्बोसिस?
डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) एक खतरनाक स्थिति है जिसमें शरीर की गहरी नसों, खासकर पैरों में, खून का थक्का बनने लगता है। अगर यह थक्का टूटकर फेफड़ों या दिल तक पहुंच जाए तो यह जानलेवा साबित हो सकता है।
चेतावनी
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बिना विशेषज्ञ की राय लिए किसी भी तरह की हार्मोनल दवा का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है। छोटी-सी लापरवाही बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।

हल्द्वानी। डाक विभाग ने एक बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अगले माह एक सितंबर से देशभर के डाकघरों में रजिस्ट्री सेवा बंद कर दी जाएगी। इसके बाद उपभोक्ता अपनी चिट्ठी, दस्तावेज और पार्सल केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही भेज पाएंगे। डाक विभाग के अनुसार रजिस्ट्री सेवा के कारण स्पीड पोस्ट का उपयोग अपेक्षाकृत कम हो रहा था, जिससे विभाग को राजस्व की लगातार हानि हो रही है। इसी वजह से अब दोनों सेवाओं को अलग-अलग संचालित करने की बजाय केवल स्पीड पोस्ट को ही जारी रखने का निर्णय लिया गया है। विभाग का मानना है कि इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और कर्मचारियों का फोकस एक ही सेवा पर केंद्रित रहेगा। बता दें कि 80 और 90 के दशक में रजिस्ट्री पत्राचार डाकघरों की प्रमुख सेवा हुआ करती थी। रजिस्टर्ड चिट्ठी भेजने के लिए अलग से काउंटर भी होते थे और पत्र पहुंचने के बाद प्राप्तकर्ता से पावती मिलती थी। उपभोक्ताओं के बीच इसे डाकघर की प्रीमियम सेवा माना जाता था। इस संबंध में महानिदेशक स्तर से पत्र जारी हो चुका है और नैनीताल मंडल के 285 डाकघरों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर गौरव जोशी ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए स्पीड पोस्ट सेवा को और सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।