
हल्द्वानी,
जिले के राजकीय व अशासकीय विद्यालयों में निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण शुरू हो गया है। स्कूलों में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक की पुस्तकें मिलते ही छात्र-छात्राओं को वितरित की जा रही हैं। खंड शिक्षाधिकारी तारा सिंह ने बताया कि जल्द ही कक्षा 1 से कक्षा 8 तक प्राप्त पुस्तकों का वितरण सभी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को कर दिया जायेगा। साथ ही निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों को लागू करने और अन्य नियमों के अनुपालन के संबंध में समिति की आख्या भी कार्यालय में मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि दो दिनों में 20 से अधिक विद्यालयों में निरीक्षण किया जा चुका है। समिति की ओर से आख्या मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

-बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाहनों के संचालन पर की कार्रवाई
संवाददाता, हल्द्वानी
बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (एचएसआरपी) वाहनों के संचालन पर परिवहन संभाग हल्द्वानी में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिस दौरान विभिन्न अभियोगों में कुल 1404 चालान किये गये और 32 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर कुल 875 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। दो दिन के अभियान में हल्द्वानी में 81, रामनगर 89, रूद्रपुर में 355, काशीपुर 272 और टनकपुर में 78 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गयी।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एचएसआरपी न लगाने वाले वाहनों के विरुद्ध दो दिवसीय विशेष अभियान संचालित करने के लिए निर्देश दिये गए थे। जिस पर हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, रूद्रपुर और टनकपुर के प्रवर्तन दलों ने चेकिंग अभियान में मोटरसाईकिल, कार, टैक्सी, ट्रक, बस, ऑटो आदि वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. गुरदेव सिंह ने सभी वाहन चालकों से अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने की अपील की।
प्रवर्तन टीम में प्रमोद कर्नाटक, आशुतोष डिमरी, परिवहन उप निरीक्षक रामचन्द्र पवार, गिरीश चन्द्र काण्डपाल, देव सिंह, नन्दन सिंह रावत, चन्दन सुप्याल, चन्दन ढैला, अरविन्द ह्यांकी, अनिल कार्की, गोधन सिंह, दानिश आदि शामिल रहे।

संवाददाता, हल्द्वानी
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजकर उत्तराखंड परिवहन निगम की बिगड़ती हालत पर चिंता जताई है। परिषद ने कहा कि निगम का बस बेड़ा जर्जर हो चुका है, जबकि हिमांचल प्रदेश ने अपने परिवहन निगम को सुदृढ़ करने के लिए 250 करोड़ रुपये से 297 इलेक्ट्रिक और 24 वॉल्वो बसें खरीदी हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से 100 बीएस-6 बसों की खरीद के लिए निविदा जारी की गई थी, लेकिन किसी भी कंपनी ने इसमें भाग नहीं लिया। परिषद ने मुख्यमंत्री से जल्द कदम उठाने और निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने की अपील की है, ताकि राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

-नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम ने चलाया अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान
संवाददाता, हल्द्वानी
नगर निगम का अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान निगम ने गंदगी पर 10 हजार रुपये का चालान और 2 ठेले जब्त करने के साथ ही दो गाड़ी सामान अपने कब्जे में लिया। निगम की टीम ने करीब 5 बजे से महिला अस्पताल के सामने से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इसके बाद टीम ने नानक स्वीट के आसपास लगे फड-ठेलों को हटाया और उन पर कार्रवाई की। साथ ही छोटी मंडी में सड़क पर कब्जा कर फल और सब्जी के ठेले लगाने वाले व्यवसायियों पर कार्रवाई की। इस दौरान नगर आयुक्त को कुछ व्यवसायियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। हालांकि बाद में समझाने के बाद मामला शांत हुआ। नगर निगम की कार्रवाई से व्यवसायियों में हडकंप का माहौल देखने को मिला। निगम की टीम को आते देख कई फड़-ठेलों वालों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया था। अभियान के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. विवेक रॉय, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक चतर सिंह सहित निगम की टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने व्यवसायियों से अतिक्रमण नहीं करने और शहर को साफ-सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की है।

रोजाना जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करने की अनिवार्यता का किया विरोध
उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य किये जाने और प्रतिदिन जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिये हैं। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकों ने इस नियम को लागू नहीं करने की अपील की है। उन्होंने प्राचार्य डॉ. आभा शर्मा के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अंजू अग्रवाल को ज्ञापन भेजा। प्राध्यापकों ने कहा कि छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति के लिए उनकी ओर से पूरे प्रयास किये जाते हैं। कहा कि नए नियम के अनुसार प्राध्यापकों को रोजाना कक्षा की जीपीएस सेल्फी लेकर समर्थ पोर्टल में अपलोड करनी है, जो व्यवहारिक नहीं है। कहा कि छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की जा सकती है। जिससे प्राध्यापकों को रोजाना अपने मोबाइल से जीपीएस सेल्फी लेकर अपलोड करने के लिए समय लगाने से निजात मिलेगी।

-श्रीराम भक्त सेवा समिति ने की पत्रकार वार्ता
हल्द्वानी, राम भक्त सेवा समिति की ओर से पिछले सालों की तरह रामनवमी के अवसर पर इस साल भी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में श्रीराम भक्त सेवा समिति ने पत्रकार वार्ता की।
शोभायात्रा कल (रविवार) 3 बजे से रामलीला मैदान से होकर कोतवाली- तिकोनिया से रोडवेज-रेलवे बाजार-मीरा मार्ग से होकर सिंधी चौराहा-कालाढूंगी चौराहा से ओके होटल होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। जिसके बाद प्रसाद वितरण भी किया जायेगा ।
शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां निकाली जाएंगी। समिति के अध्यक्ष रक्षित सिंह चिलवाल और उपाध्यक्ष प्रणय बाली ने जनता से शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस मौके पर ध्रुव भंडारी, प्रियांशु आर्य, चंपा चिलवाल, राकेश बगडवाल रहे।

हल्द्वानी,
एमबी इंटर कॉलेज में इजा फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट ने 150 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, रजिस्टर और पेन बांटे। इसी मौके पर विभिन्न कक्षों से तीन मेधावी छात्रों को छात्रवृति भी दी गई। कार्यक्रम में इजा फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक राजीव बेलवाल ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व और संस्कृति के साथ जुड़ाव पर जोर दिया। डॉ. एकता गुप्ता ने विद्यार्थियों को जीवन में आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ सतत लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की बात कही। प्रधानाचार्य डीके पंत ने फाउंडेशन ट्रस्ट के इस पहल का स्वागत किया। उप प्रधानाचार्य हीरा सिंह ने फाउंडेशन के सभी सदस्यों का स्वागत किया। वरिष्ठ प्रवक्ता वीके जोशी ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर डॉ. जगदीश पांडे, डॉ. प्रणव तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

वार्ड 27 के पार्षद ने बिना स्वीकृति के सफाई कर्मचारी को काम पर रखा हल्द्वानी। नगर निगम में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। जहां एक सफाई कर्मचारी ने बिना नियुक्ति के करीब 6 माह तक कार्य किया। हैरानी की बात है कि नगर निगम के सफाई कार्मिकों का सुपरवाइजर भी इस दौरान लगातार 6 माह तक उसकी उपस्थिति चढ़ाता रहा। इन दिनों उक्त व्यक्ति वेतन के भुगतान को लेकर मेयर और नगर आयुक्त के चक्कर काट रहा है। व्यक्ति ने मंगलवार को मेयर गजराज बिष्ट से इस संबंध में मुलाकात की। जिस पर मेयर ने मुख्य सफाई निरीक्षक को इस संबंध में जांच के आदेश दिए।
बताया जा रहा है कि वार्ड 27 के पार्षद ने एक व्यक्ति को नियुक्ति का आश्वासन दिया, जिस पर वह व्यक्ति सफाई कर्मचारी के पद पर काम करता रहा। यह मामला करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है। नए मेयर के कुर्सी पर बैठने के बाद यह व्यक्ति वेतन के भुगतान की मांग कर रहा है। मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल ने बताया कि किसी भी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक की संस्तुति लेना जरूरी है। लेकिन इस मामले में संस्तुति लिये बिना
ही व्यक्ति ने काम करना शुरू कर दिया।

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में परीक्षाएं नियत समय पर होने के बावजूद सत्र में देरी हो रही है। करीब चार माह पहले परीक्षाएं हो गई थी, जिसका परिणाम अभी तक जारी नहीं किया गया है। कक्षाओं में सफाई नियमित नहीं की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को पठन-पाठन में दिक्कतें आ रही हैं। कॉलेज की प्रमुख समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने मंगलवार को चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट का घेराव किया। बाद में आश्वासन मिलने पर वे माने। एबीवीपी के पदाधिकारी अपनी मांगों को लेकर सुबह 11 बजे प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी का घेराव करने पहुंचे थे, लेकिन प्राचार्य के न होने पर वे चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट के पास पहुंचे और उनका घेराव किया। इस दौरान कुछ देर हंगामे का माहौल रहा। बाद में दूरभाष पर विवि से शीघ्र परीक्षा परिणाम जारी करने का आश्वासन मिला। साथ ही कॉलेज की समस्याओं को भी दूर करने के लिए आश्वस्त किया गया। विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम जारी नहीं करने, कक्षाओं में सफाई न होने के साथ ही साफ पीने के पानी की व्यवस्था न होने, वॉटर कूलर के काम नहीं करने की समस्याएं उठाईं। उन्होंने लाइब्रेरी में फ्री वाईफाई की व्यवस्था करने की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि 4 से 5 दिन में कॉलेज की समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया गया तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर नगरमंत्री धीरज गड़कोटी के नेतृत्व में कॉलेज इकाई अध्यक्ष आर्यन बेलवाल, अभिषेक गोस्वामी, यतिन पांडेय, देवेंद्र नेगी, अमनदीप, आयुष, राहुल बचकेती, अमन चंद आदि मौजूद रहे।

हल्द्वानी। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मंगलवार को राजकीय शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने आवाज उठाई। शिक्षकों ने नई पेंशन योजना (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन योजना (यूपीएस) के स्थान पर पुरानी पेंशन लागू किये जाने की मांग को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) नैनीताल कार्यकारिणी के आवाह्न पर राजकीय शिक्षक संघ, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य कर्मचारी संघों ने एसडीएम पारितोष वर्मा से मुलाकात की और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने एनपीएस और यूपीएस योजना को अस्वीकार करते हुए ओपीएस को सभी कर्मचारियों पर लागू करने की मांग की।
यूपीएस की कमियां गिनाते हुए कार्मिकों ने कहा कि अपने वेतन से कटौती कर अंशदान के रुप में जमा की गई 10 प्रतिशत की राशि को कार्मिकों को वापस नहीं किया जाएगा, जबकि ओपीएस में यह राशि जीपीएफ में जमा हो जाती थी, जो सेवानिवृत्ति या सेवा के दौरान वापस हो जाती थी। ओपीएस में प्रदेश में 20 साल की सेवा के बाद पूरी पेंशन का प्राविधान था, जो अब 25 साल के बाद भी पूरी तरह नहीं मिलेगी। कहा कि एक ही प्रदेश में कार्मिकों को 3 तरह की पेंशन मिलेगी, जो समानता के अधिकारों का उल्लंघन है। एनएमओपीएस नैनीताल कार्यकारिणी ने प्रदेश के 1 लाख कर्मचारियों ने ओपीएस बहाल करने की अपील की। उन्होंने बहाली न होने पर प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
इस दौरान संगठन अध्यक्ष मीनाक्षी कीर्ति, मंत्री मदन बर्थवाल, प्रदीप बोरा आदि मौजूद रहे।