
हल्द्वानी : नगर निगम में नए नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण किया। बीते दिनों प्रदेश भर में हुए आईएएस-पीसीएस अधिकारियों के तबादले के बाद नगर आयुक्त ऋचा सिंह को ऊधमसिंह नगर जिले में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया, जबकि पूर्व में एसडीएम हल्द्वानी रह चुके पारितोष वर्मा ने नगर आयुक्त के रूप में नगर निगम की कमान संभाली है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम में सबसे बड़ा मुद्दा ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा लाखों मीट्रिक टन कूड़े के पहाड़ का निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां कूड़े के निस्तारण के लिए एक प्लांट लगाया गया है। जबकि एक अन्य प्लांट लगना शेष है। बताया कि दूसरा प्लांट लगने के बाद कूड़े के निस्तारण में तेजी आएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने व नई स्ट्रीट लाइटों को लगाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम के शिकायत सेल को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। कहा कि पेंडिंग शिकायतों का निस्तारण और तेजी से किये जाने की जरूरत है। इधर, शाम को उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड और एमआरएफ प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित को शीघ्र लीगेसी वेस्ट निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शीघ्र एमआरएफ प्लांट चालू किए जाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिससे कूड़ा निस्तारण होने पर खाली जगह पर प्लांट लगाया जा सके। इस दौरान वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेश, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल मौजूद रहे।

हल्द्वानी : दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटरेटी फेस्ट में स्कूल का नाम रोशन किया है। सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित इंटर-स्कूल प्रतियोगिता में दीक्षांत स्कूल की टीम ने कई श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस टीम में अन्वि भट्ट, एंजेल शाह, रिद्धि शर्मा, रितिका बजेठा, प्रीत कौर, मनसिमर कौर, मिनर्वा धपोला, वैष्णवी जोशी और आराध्या भट्ट शामिल रहीं। वहीं टाइमलेस एनकाउंटर (ड्रामा) में प्रथा बिष्ट, वैदेही, तृषा भट्ट, अश्विन सांगुरी, प्रियांश जोशी, हर्षवर्धन तिवारी, अर्चित बोरा और आद्या भट्ट ने शानदार प्रस्तुति देकर द्वितीय उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और सभी स्टाफ सदस्यों को उनके समर्पण और मेहनत के लिए बधाई दी। इस उपलब्धि से दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी अलग पहचान भी बनाई है।

हल्द्वानी। दीपावली पर्व नजदीक है और शहर के बाजारों में चारों ओर आतिशबाजी की दुकानों की रौनक दिखाई दे रही है। हिंदुओं के इस प्रमुख त्यौहार पर लोग जमकर पटाखों की खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन इन दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार शहर में कई जगह आतिशबाजी की बिक्री आबादी वाले इलाके और भीड़भाड़ वाले वाले बाजारों में की जा रही है। इन स्थानों पर न तो अग्निशमन विभाग की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं और न ही मानकों का पालन होता नजर आ रहा है। कई गोदाम ऐसे हैं, जहां पटाखों का भंडारण गुपचुप तरीके से किया गया है। बाहर से अन्य कारोबार दिखाकर भीतर आतिशबाजी का सामान रखा गया है। जानकारों का कहना है कि प्रशासन और स्थानीय इंटेलिजेंस की ओर से इन स्थानों की जानकारी होते हुए भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। यदि भविष्य में कोई आगजनी या विस्फोट जैसी घटना घटती है, तो उसे संभालना मुश्किल होगा। सूत्रों के मुताबिक रामलीला मैदान, हल्द्वानी में लगाया गया आतिशबाजी मेला भी सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता। अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट यदि ईमानदारी से दी जाए तो यह स्थान आतिशबाजी के लिए उपयुक्त नहीं ठहरता। फिलहाल सारी व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है और आम जनता के जान-माल की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट: पवन नेगी


हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की अस्मिता, पहचान और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकार अपनी मेहनत और निष्ठा से राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश तक पहुँचा रहे हैं।उन्होंने “लखपति दीदी योजना” के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की सराहना की और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। सीएम ने कहा कि राज्य में नकल माफिया और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक राम सिंह कैड़ा, मेयर हल्द्वानी गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, एसएसपी पीएस मीणा, प्रभारी जिला अधिकारी अनामिका, महोत्सव के आयोजक खुशी जोशी व गोविन्द दिगारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार मौजूद रहे।

हल्द्वानी : नगर निगम की ओर से सोमवार को निगम परिसर के बाहर स्वदेशी दीपावली मेले का आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ मेयर गजराज बिष्ट ने किया। यह चार दिवसीय मेला वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करते हुए स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है।कार्यक्रम में मेयर ने कहा कि इस दीपावली हमें विदेशी वस्तुओं के स्थान पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करनी चाहिए। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सपना भी साकार होगा। इस दौरान नगर निगम की ओर से गठित स्वयं सहायता समूहों की ओर से हस्तनिर्मित व स्वदेशी उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गईं, जिनमें दीये, सजावटी सामान, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू सामग्रियां प्रदर्शित की गई हैं।इस मौके पर नगर निगम के नोडल अधिकारी, पार्षद, सिटी मिशन मैनेजर, सामुदायिक संगठनकर्ता और सभी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।



हल्द्वानी। एडीबी सहायतित पेयजल व सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत यूयूएसडीए की ओर से शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तेजी से की जा रही है। इसके लिए 20 टीमों को नियुक्त किया गया है जो अलग-अलग वार्डों में सीसी निर्माण और सबसर्फेसिंग (जीएसबी) का कार्य कर रही हैं। एजेंसी की ओर से अब तक 185 किमी सड़कों पर सीसी व डामरीकरण/सबसर्फेसिंग का कार्य हो चुका है, जिसमें 92 किमी स्थायी सड़क का पुनर्निर्माण शामिल है। वार्ड 49 भट्ट कॉलोनी में सीसी सड़क, वार्ड 43 सत्या विहार और वार्ड 59 ड्रीम इंटरनेशनल स्कूल के पास बीटी सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इसके अलावा वार्ड 5, 9, 34 से 40 तक सहित कुल 24 वार्डों की लगभग 93 किमी सड़कों पर सबसर्फेसिंग कर गड्ढा मुक्त किया गया है। वहीं, 35 किमी अतिरिक्त सड़कों को भी गड्ढा मुक्त बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट प्रबन्धक कुलदीप सिंह ने बताया कि पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सभी सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है और शीघ्र ही सभी सड़कों को ठीक कर लिया जाएगा।


हल्द्वानी : एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में कुमाऊं द्वार महोत्सव का आगाज बीते शनिवार को हो चुका था। आयोजकों ने दूसरे दिन रविवार को इसे लेकर एक रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की आयोजक गोविंद दिगारी ने बताया कि सोमवार को छोलिया नृत्य, लोकगायकों की प्रस्तुति के साथ ही उनकी पुत्री नन्हीं कलाकार वैदेही की भव्य प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहेंगे। बताया कि 14 अक्टूबर को स्टारनाइट में लोकगायक इंदर आर्या अपने एक से बढ़कर एक गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। कार्यक्रम के समापन दिवस यानी 15 अक्टूबर को प्रदेश के साथ ही देश के लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीतेंगे। वह लोकगीतों के साथ ही बॉलीवुड के गीतों की प्रस्तुति भी देंगे। दिगारी ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न तरह के स्टॉल भी लगाए गए हैं। जहां लोग खरीदारी कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। इस दौरान लोकगायक राकेश खनवाल, इंदर आर्या, राकेश पनेरू आदि मौजूद रहे। इधर, शाम को आयोजित कार्यक्रम में सुंदर लोकनृत्य प्रतियोगिता हुई, जिसमें सीनियर वर्ग में मोहित विजेता जबकि जूनियर वर्ग में वैष्णवी भगत विजेता बनीं। इसके साथ ही पिथौरागढ़ के छोलिया कलाकारों की ओर से सोर घाटी पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। लोकगायक बलबीर सिंह राणा, राकेश खनवाल और दीपिका राज सहित अन्य कलाकारों ने सुंदर प्रस्तुति दी।