हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवारों को रौंदा, एक युवक ICU में भर्ती

फोटो खींचने वाले से भी मारपीट, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग एक बड़े हादसे का कारण बन गई। हरियाणा नंबर की कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

पीपल पोखरा नंबर-2 फतेहपुर निवासी मोहित पोखरिया पुत्र दिनेश पोखरिया ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे वह अपने मित्र हार्दिक के साथ स्कूटी से टीपी नगर से फतेहपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान क्रियाशाला नहर कवरिंग रोड स्थित सत्यम चाट भंडार के पास हरियाणा नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हार्दिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर के बाद कार में सवार चार युवक बाहर निकले। इस बीच पीछे से आ रही एक अन्य कार का चालक घटना का फोटो लेने लगा। आरोप है कि कार सवारों ने उसे पकड़कर मारपीट और गाली-गलौज की।

पीड़ित ने बताया कि हादसे में उनकी स्कूटी व दो मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं हार्दिक का आईसीयू में इलाज चल रहा है।

मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उपनल कर्मियों के वेतन पर से हटेगा संकट, 22 करोड़ की स्वीकृति

659 कर्मियों को छह माह से नहीं मिला था वेतन

संवाददाता, हल्द्वानी।

राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में कार्यरत उपनल कर्मियों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान के लिए शासन ने 22 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। शीघ्र ही यह राशि कर्मियों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।

कर्मियों का वेतन मार्च से ही रुका हुआ था। पद सृजित न होने के कारण पिछले छह माह से उन्हें आर्थिक संकट झेलना पड़ा। कई बार आंदोलन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। वेतन न मिलने से कर्मियों को घर खर्च चलाने और बच्चों की पढ़ाई के लिए उधार तक लेना पड़ा।

करीब दस दिन पूर्व उपनल कर्मियों का प्रतिनिधि मंडल विधायक बंशीधर भगत से मिला था। विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कर्मियों की परेशानी साझा की। सीएम ने तत्काल निर्देश जारी किए, जिसके बाद शासन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग को 22 करोड़ रुपये निर्गत किए हैं। यह राशि पुनर्विनियोग के तहत बचत से प्राप्त की गई है।

कर्मियों का कहना है कि वेतन रुकने की समस्या पहले भी आती रही है, लेकिन इस बार पहली बार उन्हें छह माह तक भुगतान नहीं मिला। उनका मानना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को नियमित पदों का सृजन करना आवश्यक है।

हल्द्वानीः कॉफी के बहाने रसोई में बुलाकर सैलून संचालक ने की अश्लील हरकत

हल्द्वानी: शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मुखानी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सुशीला तिवारी अस्पताल के पास सैलून चलाने वाले संचालक भूपेश बिष्ट पर एक युवती ने अश्लील हरकतें, छेड़छाड़ और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि वह दो महीने तक भूपेश के सैलून में काम करती रही, इस दौरान संचालक लगातार उसके साथ अभद्र व्यवहार करता रहा। एक दिन तो हद ही हो गई भूपेश ने कॉफी बनाने के बहाने युवती को सैलून की रसोई में बुलाया और वहां छेड़छाड़ करने लगा। किसी तरह विरोध कर वह वहां से भाग निकली और नौकरी छोड़ दी। लेकिन यह डरावना सिलसिला यहीं नहीं रुका। 23 मार्च 2025 को जब युवती ने मुखानी क्षेत्र में दूसरी जगह काम शुरू किया, तो तीन दिन बाद भूपेश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने फिर छेड़छाड़ की, धमकाया और अपने सैलून में दोबारा काम करने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और युवती का मोबाइल भी तोड़ दिया। थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी भूपेश बिष्ट के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह सनसनीखेज मामला न सिर्फ हल्द्वानी बल्कि पूरे प्रदेश में महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

डेढ़ लाख रुपए का लेडीज सूट, ऑनलाइन की थी खरीदारी

हल्द्वानी : ऑन लाइन शॉपिंग में खरीदारी के अनगिनत ऑप्शन है, लेकिन जब खरीदी गई चीज को वापस करना हो तो कभी गूगल की मदद न लें। एक महिला ने ऐसा ही किया और उसे ऑनलाइन खरीदा गया लेडीज सूट डेढ़ लाख का पड़ गया। अब इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने स्टेशन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेड़ा पोखरा पंचायतघर निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में लिखा, 5 अगस्त को उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी मीशो से एक लेडीज सूट खरीदा था। सूट घर पहुंचा तो उन्हें पसंद नहीं आया और उसे वापस कर रुपए वापस लेने का मन बनाया। 12 अगस्त को उन्होंने सर्च इंजन गूगल पर जाकर मीशो कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर निकाला और फोन लगा दिया। जिस व्यक्ति से महिला की बात हुई, उसने उन्हें व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कहा। महिला व्हाट्सएप पर बात कर रही थी तभी उसने मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने को कहा। कथित कस्टमर केयर वाला जो कहता गया, महिला करती गई। उसने कुछ जगह पर क्लिक कराये और फिर मोबाइल के पहले 5 अक्षर लिखने को कहा। जिसके बाद उतने ही रुपए (मोबाइल नंबर के आखिरी पांच डिजिट) बैंक खाते से कट गए। इसके बाद जालसाज ने खाते से कटा पैसा वापस करने का झांसा देकर उलझाए रखा और बैंक खाते से पैसे निकालता रहा। जालसाज ने चार बार में महिला के खाते से कुल 1,49,775 रुपये निकाल लिए। खास बात तो यह है कि इतने ट्रांजेक्शन हुए, लेकिन मोबाइल पर बैंक की ओर से कोई मैसेज नहीं आया। घटना के तुरंत बाद महिला ने साइबर ऑफिस और 1930 पर सूचना दी। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया है।

बनभूलपुरा पुलिस ने नशे के इंजेक्शनों संग युवक दबोचा, सप्लायर पर भी मुकदमा

हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने गश्त के दौरान नशे के इंजेक्शनों के साथ एक युवक को दबोच लिया। पुलिस ने युवक से बरामद इंजेक्शन कब्जे में ले लिए हैं। आरोपी जिस मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन की सप्लाई ले रहा था, उसके मालिक पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि एसआई मोनी टम्टा, कांस्टेबल सुनील कुमार, मोहम्मद यासीन और लक्ष्मण राम क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान बाइक पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे दबोचा और तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 10 इंजेक्शन बरामद हुए।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनस निवासी बड़ी रोड इन्द्रानगर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह छोटी रोड दुर्गा मंदिर के पीछे स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर में काम करता है। यह स्टोर हिमांशु वाष्र्णेय का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मालिकाना हक के लिए भैंस के आगे बजाई बीन , फिर भी नहीं जागी सरकार

हल्द्वानी: भूमि के मालिकाना हक, नए निर्माण पर लगी रोक हटाने और पंचायत चुनाव बहाली समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर गौलापार के बागजाला गांव में अखिल भारतीय किसान महासभा के नेतृत्व में चल रहा धरना प्रदर्शन रविवार को 21वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने एक अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें राज्य सरकार, जिला प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक की उपेक्षा से आहत ग्रामीणों ने प्रतीकात्मक विरोध के रूप में भैंस के आगे बीन बजाकर सरकार को उसकी कुंभकर्णी नींद से जगाने का प्रयास किया। आंदोलनकारियों ने इसे सरकार की भैंस जैसी संवेदनहीनता के विरुद्ध प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।
धरनास्थल पर उपस्थित मुख्य वक्ता मुकेश बौद्ध ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि शांतिपूर्ण आंदोलन को 21 दिन बीत जाने के बावजूद सरकार के किसी भी प्रतिनिधि ने आकर प्रदर्शनकारियों की सुध नहीं ली। उन्होंने बागजाला को राजस्व गांव घोषित करने और ग्रामीणों की मांगों को तत्काल मानने की मांग की। किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि जब सरकार बिंदुखत्ता से दमुआढुंगा तक अन्य बसासतों को मालिकाना अधिकार देने की योजना बना रही है, तो बागजाला को इससे बाहर क्यों रखा गया है। कहा कि यह साफ तौर पर सौतेला व्यवहार है।

धरने में भीम आर्मी, भाकपा माले समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन उग्र रूप लेगा और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी। धरने में शामिल प्रमुख लोगों में मुकेश बौद्ध, आनंद सिंह नेगी, सिराज अहमद, नवीन आर्य, नफीस अहमद खान, संजय कुमार टम्टा, हरीश लोधी, विष्णु पद साना, मंजू सिंह, विमला रौथाण, डॉ. उर्मिला रैस्वाल, डॉ. कैलाश पांडे, प्रेम सिंह नयाल, हेमा देवी, पंकज चौहान, एमएस मलिक, गुलशन, पंकज, चंदन, असलम, चंपा देवी, परवेज, यासीन, लोकेश कुमार, देवी आर्य, महेश राम, रेखा देवी, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

हल्द्वानी का युवक सोशल मीडिया फ्रॉड में फंसा, शादी के बहाने 14 लाख लुटाए

हल्द्वानी। सोशल मीडिया की दोस्ती ने एक युवक को करोड़पति बनने के सपने दिखाए, लेकिन वह 14 लाख रुपये गंवाकर ठगी का शिकार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डहरिया निवासी युवक ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी सोशल मीडिया पर रिचा सचदेवा नाम की महिला से दोस्ती हुई। खुद को दिल्ली निवासी बताने वाली महिला ने बातचीत के दौरान युवक को शादी का प्रस्ताव दिया और कहा कि वह ट्रेडिंग से रोज लाखों रुपये कमाती है। महिला ने युवक को भरोसे में लेकर निवेश करने के लिए तैयार कर लिया। युवक ने 25 हजार से शुरुआत की और धीरे-धीरे 12 किस्तों में 14 लाख रुपये से अधिक निवेश कर दिए। तीन महीने के भीतर एक करोड़ रुपये कमाने का झाँसा दिया गया, लेकिन जब युवक ने रुपये निकालने की बात कही तो महिला ने बहाने बनाने शुरू कर दिए और भारी-भरकम टैक्स की मांग की। इसी बीच युवक को ठगी का अहसास हुआ। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि अज्ञात महिला ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हल्द्वानीः सड़क पर मची अफरा-तफरी, धधक उठी डॉक्टर की कार

हल्द्वानी। शहर में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नीलकंठ हॉस्पिटल के मालिक और प्रसिद्ध श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंघल की कार अचानक धधक उठी। चंद ही पलों में कार आग का गोला बन गई। हादसे के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और ट्रैफिक भी ठप हो गया। गनीमत रही कि डॉ. सिंघल समय रहते बाहर निकल आए, वरना जनहानि हो सकती थी। डॉ. सिंघल ने बताया कि चलते वाहन से अचानक अजीब सी गंध आने लगी। उन्होंने तुरंत गांधी स्कूल से रामपुर रोड जाने वाली सड़क पर कार रोकी और बाहर निकल आए। तभी कार में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें भड़क उठीं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। डॉक्टर सिंघल ने सुरक्षित बचने पर ईश्वर का आभार जताया।

भवाली क्षेत्र में सनसनी: विवाद के बाद बेटे ने बुजुर्ग पिता को उतारा मौत के घाट

नैनीताल। जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत नगारीगांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बेटे ने अपने ही पिता को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग हैरान हैं कि कैसे एक बेटा अपने ही पिता का दुश्मन बन गया। पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय सचिन सदाशंकर ने किसी विवाद के बाद गुस्से में आकर 75 वर्षीय पिता राजकुमार सदाशंकर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों से मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोग घटना स्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फौरन फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

धामी बोले जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह शनिवार को सीएम आवास में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान निर्देश दिए कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए जिलाधिकारियों, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान तथा उनके पुनर्वास, राहत और आजीविका की व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करे। समिति की रिपोर्ट आने के बाद प्रदेश के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर पुनर्वास और राहत कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रिगण, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों और उपकरणों को प्राथमिकता दी जाए। सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जाए। जीएसटी स्लैब में हाल ही में हुए परिवर्तनों से स्वदेशी उत्पादों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अग्निवीरों के लिए समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अपने दृष्टि पत्र में प्रदेश की जनता के समक्ष जो वायदे किए थे, उनको पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित में लिए गए सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए और तेजी से कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि जन भावनाओं और और जन आंकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार दृढ़ संकल्प होकर कार्य कर रही है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com