हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नाबालिग की कोख से जन्मी ज़िंदगी, सांसें गिन न पाई

हल्द्वानी। पढ़ने-लिखने, खेलने-कूदने की उम्र में 14 साल की किशोरी मां बन गई। इस किशोरी को एक युवक अपनी हवस का शिकार बनाया। दुष्कर्म पीड़िता ने हल्द्वानी के डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में बच्ची को जन्म दिया और बच्ची की मौत हो गई। दुष्कर्म का आरोपी सलाखों के पीछे कैद है। गौरतलब है कि मुखानी थाना क्षेत्र में पूर्व में एक व्यक्ति द्वारा नाबालिग के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। जिसके बाद नाबालिग गर्भवती हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और पॉक्सो के तहत उसके ऊपर कार्रवाई की गई।

जिसके चलते आरोपी इस समय जेल में बंद है। इधर, दो दिन पूर्व प्रसव पीढ़ा होने पर पीड़िता को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका प्रसव कराया गया। अस्पताल प्रशासन से जानकारी मिली कि पीड़िता ने एक लड़की को जन्म दिया था। जन्म के बाद से ही नवजात को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी जिसके बाद उसे तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया था। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और नवजात ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है।

गौलापार में 8 सितंबर से युवा फेंसरों का महासंग्राम

हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर 8 से 13 सितंबर तक तलवारबाजी के रोमांच से गूंजेगा। इस दौरान यहां 20वीं कैडेट राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से अंडर-17 आयु वर्ग के युवा फेंसर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उत्तराखंड की ओर से इस राष्ट्रीय मुकाबले में 24 बालक और बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। उत्तराखंड फेंसिंग एसोसिएशन जल्द ही इन खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी करेगा।फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता ने सभी राज्यों को निर्देश दिए हैं कि खिलाड़ी पंजीकरण प्रक्रिया डीएमएस पोर्टल पर शुरू कर दी गई है, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभागियों को इस चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिल सके।जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के बाद से गौलापार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स देशभर के फेंसरों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यहां तलवारबाजी के सभी आधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जो चैंपियनशिप के दौरान उपयोग में लाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रतियोगिता के लिए बहुउद्देशीय हॉल भी बुक कर लिया गया है, जिससे आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, अभ्यास सत्रों और मुकाबलों के बीच विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, जिससे युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपने प्रदर्शन को निखार सकें। आयोजकों का मानना है कि इस चैंपियनशिप में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। यह आयोजन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के उभरते फेंसरों के लिए एक सुनहरा अवसर है। यह चैंपियनशिप गौलापार को देशभर के फेंसिंग प्रेमियों और खिलाड़ियों का आकर्षक केंद्र बनाने के साथ ही उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयां दे रही है।

वाटर पोलो में रोमांचक मुकाबला, हल्द्वानी तरणताल में ए टीम विजेता

हल्द्वानीः गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के तरणताल में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर एक शानदार वाटर पोलो सद्भावना मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले में ए टीम ने बी टीम को 10-7 से पराजित कर जीत का परचम लहराया। मैच से पहले खिलाड़ियों को वाटर पोलो के नियम और तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्विमिंग प्रशिक्षक पूनम सिरौला ने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए अब हर सप्ताह एक दिन विशेष रूप से वाटर पोलो का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि तरणताल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार खिलाड़ियों और आम लोगों को तैराकी की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस मौके पर किशन सिंह बोरा, विहान सिंह सिरौला, ललित सिंह सिरौला, कैफी अनीश, दीप हर्ष नेगी, भरत चंद, सूरज गौलदार, सुरेंद्र रावत, राहुल भट्ट, अभिजीत सिंह, डॉ. नीलांबर भट्ट, दीपक जोशी, बीडी जोशी, विपिन त्रिपाठी, शौर्य चुफाल, कैलाश सिंह कन्याल, दीपक बिष्ट, संतोषी उपाध्याय, गौरव दुर्गापाल, राखी रावत और तन्मय चुफाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतिभागियों और दर्शकों ने इस रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया और इसे तरणताल में खेलों के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा।

नेपाल में 26 सोशल मीडिया साइट्स पर बैन, फेसबुक-इंस्टाग्राम-यूट्यूब भी शामिल

काठमांडू। नेपाल सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 26 सोशल मीडिया साइट्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर (एक्स), यूट्यूब जैसी लोकप्रिय साइटें भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म समाज में अशांति फैलाने और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार का जरिया बन रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नेपाल के इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपी) को इन साइट्स की सेवाएं बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।सरकार का दावा है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से न केवल फर्जी सूचनाएं फैल रही थीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी असर पड़ रहा था। वहीं, इस कदम से युवाओं और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि मनोरंजन, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी गतिविधियां भी अब प्रभावित होंगी। गौरतलब है कि नेपाल में सोशल मीडिया पर नियंत्रण की मांग लंबे समय से उठ रही थी। कई बार फर्जी खबरों और भड़काऊ पोस्ट्स के चलते हिंसा जैसी घटनाएं सामने आई थीं। सरकार ने साफ किया है कि प्रतिबंध अस्थायी है और समीक्षा के बाद ही भविष्य की स्थिति तय की जाएगी।

बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूटी थार

रुद्रपुर : शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद है कि अब सरेराह हथियार दिखाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक घटना बुधवार की देर रात्रि घटित हुई। जहां हथियारबंद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर थार को लूट लिया और लोहे की राड मारकर चालक को घायल कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ व कोतवाल ने घटना की जानकारी ली और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बरला साबा डेरी उत्तरी दिल्ली निवासी मोहित तोमर ने बताया कि वह अपने परिचित पानीपत हरियाणा के रहने वाले बिट्टू की थार को लेकर दोस्त पूठ खुर्द बवाला दिल्ली निवासी भूपेंद्र सिंह डबास और संयम कुमार के साथ कैंची धाम मंदिर नैनीताल दर्शन करने के लिए निकले थे।

रवाना होने से पहले उसने रुद्रपुर के रहने वाले परिचित रजनीश अरोरा उर्फ सोनू को कॉल कर आने की जानकारी दी थी। बताया कि जैसे ही बुधवार की रात्रि ग्यारह बजे रुद्रपुर पहुंचे और निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप से रजनीश को फोन किया तो देखा कि वह अपने तीन से चार साथियों के साथ पहले से ही खड़ा था और देखते ही अभद्रता शुरू कर दी। तमंचे तान कर जबरन थार गाड़ी से बाहर निकाल दिया। आरोप था कि तभी एक हमलावर ने लोहे की राड से हमला कर लहूलुहान कर दिया और तमंचे के बल पर थार कार लूट कर ले गए। बाद में पता चला कि रजनीश के साथ ही जग्गा प्रधान, वंश मखीजा और राधेश्याम पंडित हमले में शामिल रहे। सूचना मिलते ही सीओ प्रशांत कुमार और कोतवाल मनोज रतूड़ी भी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही नाकेबंदी कर हमलावरों की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।

साहब मुझे न्याय दिलाओ, वरना कर लूंगी सुसाइड

रुद्रपुर: मैं बहुत मजबूर हूं, मुझे और मेरी बेटी को न्याय दिलाओ। इसी स्लोगन के साथ एक बेबस महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ गांधी पार्क में धरना दिया और न्याय दिलाने का मुद्दा उठाया। बताया कि उसका पति पुलिस विभाग में सिपाही है और शादी करने के बाद छोड़ दिया। सूचना मिलते ही एसएसआई ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करवाया। बिंदुखेड़ा की रहने वाली ममता मंडल अपनी मासूम बच्ची के साथ गुरुवार की सुबह गांधी पार्क पहुंची और महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना शुरू कर दिया। उसकी तख्ती पर लिखा था कि मैं बहुत मजबूर हूं आत्महत्या करने के लिए। मुझे व मेरी बेटी को न्याय दिलाओ।

पूछने पर महिला ने बताया कि उसका पति पुलिस में सिपाही है। वर्ष 2019 में सिपाही ने मित्रता के बाद उससे शादी कर ली थी। नवंबर 2020 को उसने बच्ची को जन्म भी दिया और ड्यूटी का बहाना बनाकर छोड़कर चला गया। जून 2021 में सिपाही पति ने फोन पर धमकाया कि यदि जबरन साथ रहने का दबाव बनाया तो बेटी सहित जेल भेज दूंगा। साथ ही दरोगा ने भी झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। आरोप था कि पति ने बेसहारा छोड़ दिया। अब वह दर-दर की ठोकरें खाने को बेबस है। पीड़िता ने डीएनए की जांच करते हुए पति का अधिकार सहित भरण पोषण करने की गुहार लगाई। जिस पर एसएसआई नवीन बुधानी ने मौके पर आकर महिला को समझाया और आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही जांच कर इंसाफ दिलाने का प्रयास करेगी। जिसके बाद ही महिला ने धरना समाप्त किया।

12.50 लाख की ठगी, फर्जी बीमा सेटलमेंट के झांसे में फंसा युवक

हल्द्वानी : ऑनलाइन ठगी के गिरोह ने बीमा पॉलिसी का सेटलमेंट कराने के नाम पर एक युवक से करीब 12.50 लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों और मेल आईडी से खुद को आईजीएमएस, आईआरडीए, एनपीसीआई, इनकम टैक्स सर्विस आदि विभागों का अधिकारी बताकर पीड़ित को विश्वास दिलाया था। लगातार मेल भेजकर पॉलिसी की रकम बढ़ने का लालच दिया और किश्तों में रकम ठगते रहे। पीड़ित आशीष पुत्र वेद प्रकाश शर्मा निवासी हाथीखाल, नैनीताल रोड ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2015 में उन्होंने बीमा पॉलिसी कराई थी। दो किस्तें जमा करने के बाद बॉन्ड न मिलने पर किस्तें बंद कर दीं। पिछले वर्ष 20 दिसंबर को दीपक पासवान नामक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि वह आईजीएमएस डिपार्टमेंट से बोल रहा है और उनकी पॉलिसी का सेटलमेंट हो रहा है। पॉलिसी की कुल रकम 6.55 लाख रुपये हो गई है और ड्यूज केवल 15,004 रुपये हैं। जालसाज ने रकम जमा करने पर पॉलिसी का पैसा खाते में आने का भरोसा दिलाया। विश्वास पर आशीष ने उसके बताए खाते में रुपए जमा कर दिए। इसके बाद लगातार अलग-अलग व्यक्तियों आदेश, संजय आदि ने अलग-अलग नंबरों से कॉल की और मेल के जरिए पॉलिसी की रकम बढ़ने की सूचना भेजते रहे। मेल में बताया गया कि पॉलिसी की रकम क्रमशः 8.04 लाख, 9.39 लाख, 11.24 लाख, 15.42 लाख, 16.39 लाख, 19.64 लाख और 25.94 लाख रुपये हो गई है। हर बार रकम पाने के लिए नई किश्तें जमा करने को कहा गया। धीरे-धीरे आशीष ने एनईएफटी और गूगल पे से अलग-अलग खातों में 12.50 लाख रुपये डाल दिए। काफी समय बीतने और पैसा वापस न मिलने पर आशीष को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि ठगों ने उन्हें फर्जी मेल आईडी से लगातार संदेश भेजकर झांसा दिया और रकम वसूल ली। पीड़ित ने साइबर सेल में तहरीर देकर ठगों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर केस साइबर थाना को ट्रांसफर कर दिया गया है।

हल्द्वानी से दवाइयों और जरूरी सामान से भरे ट्रक पंजाब रवाना

हल्द्वानी। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हल्द्वानी की साध संगत आगे आई है। गुरुनानकपुरा स्थित इंद्रजीत गार्डन से दो दिन में दो ट्रक राहत सामग्री भेजी गई। इनमें दवाइयां, मच्छरदानी, खाद्य सामग्री, कपड़े, टेंट और तिरपाल समेत जरूरी सामान शामिल है। इस मुहिम की शुरुआत सामाजिक कार्यकर्ताओं बलजीत कौर, जसपाल सिंह मालदार, हरप्रीत सिंह, सेरी सेट्टी, गुरलीन कौर, अवनीत सिंह और कृष्णा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हरभजन सिंह ने की। उन्होंने खुद सामग्री एकत्र की और ट्रक भरकर रवाना किए। इससे पहले भी एक ट्रक दवाइयां पंजाब भेजी जा चुकी हैं। बलजीत कौर ने बताया कि बाजपुर से भी राहत सामग्री के ट्रक लगातार भेजे जा रहे हैं। इस अभियान में शहरभर के लोगों और विभिन्न समुदायों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया है।

हल्द्वानीः गौला पुल से कूदा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम

हल्द्वानीः बनभूलपुरा थानाक्षेत्र स्थित गौला पुल से गुरुवार दोपहर एक युवक ने अचानक छलांग लगा दी। नदी के बहाव में गिरने के बजाय युवक पत्थरों पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहद नाजुक हालत में उसे डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 25 वर्ष का एक युवक गौला पुल पर खड़ा था। तभी अचानक वह पुल की रेलिंग पर चढ़ा और नदी में छलांग लगा दी। यह देख वहां हड़कंप मच गया, लोग शोर मचाने लगे। उसे कूदने हुए वाहन सवार ने देखा और आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुल से कूदा युवक नदी के बीच में गिरा था और नदी के दोनों छोरों पर पानी का बहाव काफी तेज था। जिसके चलते चाह कर भी कोई मौके पर नहीं पहुंच सका। जिसके बाद युवक को बाहर निकालने के लिए पोकलैंड को नदी में उतारा गया। पोकलैंड के जरिये लोग मौके पर पहुंचे तो युवक जिंदा, लेकिन बुरी तरह लहूलुहान तड़प रहा था। आनन-फानन में युवक को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर चर्चा था कि पुल से कूदने वाला युवक किसी लड़की के साथ था। थानाध्यक्ष सुशील कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

नदी में उतराता मिला शव, रुद्रपुर में फैली सनसनी

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की कल्याणी नदी में बुधवार सुबह एक युवक का शव उतराता मिला। शव दिखाई देने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।जानकारी के मुताबिक, सुबह राहगीरों ने किच्छा हाईवे पुलिया के नीचे नदी में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल मनोज रतूड़ी तथा रंपुरा चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। अनुमान है कि भारी बारिश के कारण शव बहकर नदी में पहुंचा होगा। मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है।कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि शव की तस्वीरें आसपास के थाना व चौकियों को भेज दी गई हैं, ताकि पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com