
हल्द्वानी समाचार : नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। वहीं फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की गई। इससे संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलेगा। अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, सचिवों और विक्रेताओं को 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि भी वितरित की गई।शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। अधिवेशन में संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि फरवरी से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।अधिवेशन में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। मैदानी महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये दिए गए। पर्वतीय महिला वर्ग में कमला देवी, गंगा देवी और पुष्पा जोशी को क्रमशः 25 हजार, 21 हजार और 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह, जगपाल सिंह और स्नेहपाल सिंह को 25 हजार, 21 हजार और 17 हजार रुपये मिले। पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि, श्याम नारायण और कृपाल सिंह को इसी क्रम में पुरस्कार दिया गया। आठ विकासखंडों के 31 दुग्ध उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं दस सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उनके प्रशासनिक कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी और मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग के निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह सहित जनप्रतिनिधि, संचालक मंडल के सदस्य और दुग्ध संघ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







Leave a Reply