हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नैनीताल में बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, जिलेभर के पेट्रोल पंपों पर लागू हुआ नया नियम।

हल्द्वानी समाचार : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाकर पेट्रोल पंप पहुंचने वाले चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिलेभर में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे की ओर से जारी निर्देशों के बाद सभी पेट्रोल पंपों पर जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं और नियम का सख्ती से पालन शुरू हो गया है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार इसकी निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी टैक्सी और बाइक रेंटल से संबंधित प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड लगाए हैं। इन बोर्डों के जरिए पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले ही नियमों की जानकारी दी जा रही है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के वर्षों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर चोट के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। अधिकांश मामलों में वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com