हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नैनीताल में कल स्कूलों की छुट्टी, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

हल्द्वानी समाचार : जिले में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार, 2 सितंबर को सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बुधवार को बंद रहेंगे।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 2 सितंबर को नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बुधवार को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। प्रशासन के मुताबिक बारिश के कारण पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर और प्रवाह बढ़ने की आशंका है। वहीं संवेदनशील स्थानों पर भू-स्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आदेश नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। ऐसे संस्थान पूर्व की व्यवस्था के अनुसार संचालित हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com