
हल्द्वानी : जिले में रसोई गैस की लगातार हो रही किल्लत को लेकर अब व्यापारियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए गैस की कालाबाजारी में लिप्त लोगों को तुरंत जेल भेजने की मांग की है। संगठन के केंद्रीय संयोजक डॉ. धर्म यादव और प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि राज्य सरकार बार-बार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि सिर्फ हल्द्वानी ही नहीं बल्कि पूरे नैनीताल जिले में आम जनता गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ी होने को मजबूर है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा जारी व्यवसायिक सिलेंडरों से संबंधित एसओपी का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। खासतौर पर इंडेन गैस के कर्मचारियों पर मनमानी के आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि व्यापारियों को समय पर कॉमर्शियल गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।




Leave a Reply