हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को 29.39 लाख का बोनस, तीन समितियों में बंटे रुपये 3.81 करोड़ रुपये के दूध की हुई खरीद, बोनस पाकर खिले पशुपालकों के चेहरे।

हल्द्वानी समाचार : धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने पशुपालकों को बोनस की सौगात दी है। संघ की ओर से बेड़ा पोखरा, कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। तीनों समितियों से कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये के दूध की खरीद की गई थी। त्योहार से पहले बोनस की राशि मिलने से दुग्ध उत्पादकों के चेहरे खिल उठे। नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में पशुपालकों को बोनस वितरित किया गया। रामपुर रोड स्थित बेड़ा पोखरा और कालाढूंगी क्षेत्र की कमोला व दोहनिया समितियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान दुग्ध उत्पादकों को उनकी दूध आपूर्ति के आधार पर आर्थिक लाभ दिया गया।बेड़ा पोखरा दुग्ध समिति से 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये के दूध की खरीद के एवज में 13 लाख 94 हजार 748 रुपये का बोनस वितरित किया गया। वहीं, कमोला समिति से 1 करोड़ 42 लाख रुपये के दूध की खरीद पर 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति से 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस बांटा गया। इस दौरान कमोला समिति की वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना संघ की प्राथमिकता है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की असली ताकत है।कार्यक्रम के दौरान अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले उत्पादकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा समेत बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com