
हल्द्वानी। काठगोदाम में कलसिया नाले पर बने वैली ब्रिज के नट-बोल्ट कसने का काम शुरू हो गया है। इस वजह से पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इससे पहले भी कई बार ब्रिज की मरम्मत की जा चुकी है।कलसिया नाले पर अस्थाई रूप से वैली ब्रिज बनाया गया था। उस समय कहा गया था कि यहां पर स्थाई पुल बनाया जाएगा। हालांकि करीब ढाई साल बीतने के बाद भी वैली ब्रिज से ही काम चलाया रहा है। इधर शीघ्र ही पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और पुल के ऊपर से जाने वाले वाहनों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हो जाएगी। इसलिए पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को वैली ब्रिज के हिल रहे नट-बोल्ट को कसने का काम शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही पुल में जहां-जहां मरम्मत की जरूरत होगी वहां काम किया जाएगा। यह काम अगली 25 मार्च तक होगा। इसके चलते पुल के ऊपर से आवागमन बंद करवा दिया गया है। पास के ब्रिज से आवागमन करवाया जा रहा है। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि काम को तय समय में पूरा करवा दिया जाएगा।

नैनीताल। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की खंडपीठ ने बनभूलपुरा हिंसा वाले दिन गोली लगने से हुई फईम की मौत की जांच सीबीआई से कराने संबंधी याचिका पर सुनवाई की। खंडपीठ ने सरकार से कहा है कि मामले की प्रगति रिपोर्ट कोर्ट में पेश करें। मृतक फईम के भाई परवेज ने याचिका दायर कर कहा कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, नैनीताल ने पुलिस को 6 मई 2024 को निर्देश दिए थे कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच करें और उसकी रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करें लेकिन आज तक पुलिस ने इसकी जांच नही की इसलिए उनके द्वारा मामले की सीबीआई से जांच कराने और परिवार को सुरक्षा दिलाने को लेकर याचिका दायर करनी पड़ी। मामले के अनुसार, 8 फरवरी 2024 को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में हिंसा के दौरान फईम नाम के व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गयी थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फईम की मौत हिंसा के दौरान नहीं हुई थी बल्कि अज्ञात लोगों ने पहले उसकी गाड़ी में आग लगाई और बाद में उसे गोली मार दी और घर का सारा सामान ले गए थे। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस-प्रशासन ने न तो इसकी जांच की और न मुकदमा दर्ज किया।

हल्द्वानी। करीब डेढ़ माह पूर्व टीपीनगर चौकी क्षेत्र में एक परिवार अपना घर बंद करके प्रयागराज में महाकुंभ नहाने गया था। चोरों ने इसका फायदा उठाया और घर खंगाल दिया। पुलिस को अब मामले में तहरीर मिली है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बालाजी विहार, जीतपुर नेगी निवासी चंदन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ बीती 27 जनवरी को प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए गए थे। करीब चार दिन बाद 31 जनवरी को वह घर वापस आए। यहां आकर देखा कि घर के गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। घर के अंदर लॉकर से 3.5 तोला और 2.75 लाख नगदी गायब थी। चोरी हुए सोने का बाजार मूल्य करीब 4.5 लाख रुपये है। वह समझ गए कि घर के अंदर चोरों ने हाथ साफ कर लिया है। घटना की भनक पड़ोसियों को भी नहीं लगी थी। पीड़ित ने परिवार ने अब जाकर पुलिस में चोरी की घटना की जानकारी दी है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के बाद अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। ——–घर के अंदर खड़ी स्कूटी चोरीहल्द्वानी। भगवानपुर तल्ला में घर के अंदर बरामदे में खड़ी स्कूटी चोरी हो गई। प्रगतिशील कॉलोनी भगवानपुर तल्ला निवासी हरभजन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 मार्च की रात लगभग 11:52 बजे चोरी की वारदात हुई है। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दावा है कि शीघ्र ही चोरी को स्कूटी के साथ पकड़ लिया जाएगा।

भीमताल। ब्लॉक ओखलकांडा के ग्राम सभा नाई निवासी चंदन सिंह के घर में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। घटना के वक्त चंदन सिंह का परिवार बगल में बने रसोई घर में भोजन कर रहा था। तभी उन्होंने देखा कि उनके ठीक बगल वाले दूसरे घर में आग लगी हुई है। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गांव के वर्तमान प्रशासक नरेश नयाल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्परता से आग बुझाने में जुट गए। नरेश सिंह नयाल ने बताया कि इस आगजनी में चंदन सिंह के घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल थीं। चंदन सिंह ने बताया कि आग में उनका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। राजस्व निरीक्षक जगदीश चंद्र ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। घटनास्थल पहुंचकर मुकेश चंद्र बौद्ध, नरेश सिंह नयाल, राजेंद्र सिंह नयाल, अर्जुन सिंह बर्गली, मनोज कुमार, ललित मोहन, यशपाल व कैलाश चंद्र ने घटना में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है।

हल्द्वानी। ओखलकांडा ब्लॉक के कई गांवों में बीएसएनल मोबाइल नेटवर्क सेवा बाधित है। इस वजह से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने नेटवर्क सही किए जाने की मांग को लेकर बीएसएनएल महाप्रबंधक का घेराव कर प्रदर्शन किया।मंगलवार को प्रभावित गांवों के स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बीएसएएनएल कार्यालय पहुंचे और बीएसएनल महाप्रबंधक का घेराव किया। उन्होंने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम पंचायतों ल्वाड़, डोबा, हरीशताल, गौन्यारों, पटरानी, ककोड़, अधोड़ा, डुंगरी, अमजड़ पिडार आदि में बीएसएनएल नेटवर्क सही काम नहीं कर रहा है। यहां ग्रामीणों की बड़ी आबादी है। नेटवर्क बंद होने से लोगों को जरूरी कामों में दिक्कत आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया है कि अगले 15 दिनों में बीएसएनल नेटवर्क को सुचारू कर दिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि बताए गए समय के अंदर मोबाइल नेटवर्क सही नहीं हुआ तो बीएसएनल के कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी और साथ ही उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख प्रदीप मटियाली,ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख डूंगर ढोलगाई, डिगर मेवाड़ी, पूरन भट्ट, ललित भट्ट, विशन परगाई, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक जोशी, ईश्वर मटियाली जी ,यशोद महरा, दिवान महरा, नारायण महरा, गोधन मटियाली, दिवान सिंह महरा, कार्तिक बोरा, पूरन मेवाड़ी थे।

हल्द्वानी। एक व्यक्ति ने गलत दिशा में स्कूटी लाकर व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 28 दिसंबर 2024 की शाम गोपाल दत्त निवासी आदर्श नगर अपने घर के पास खड़े थे। आरोप है कि संदीप भोज नाम के व्यक्ति ने गलत दिशा में तेजी से स्कूटी लाकर गोपाल को टक्कर मार दी। जिसके बाद उनके बांये पैर में गंभीर चोट आ गई। घायल का इस वक्त इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हल्द्वानी। लामाचौड़ में आरोपी मां-बेटी ने एक महिला को उसके घर घुसकर मारा। उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फतेहपुर निवासी चांदनी बेगम ने मुखानी पुलिस को तहरीर देकर कहा कि रविवार को वह अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ घर में सिलाई का कार्य कर रही थी। अचानक पड़ोस में रहने वाली मुमताज और उसकी बेटी सना उसके घर में घुस गई। दोनों ने घर में आने के बाद दरवाजे को बंद कर दिया। इसके बाद महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों आरोपियों ने चांदनी के बाल भी नोंचे और जमकर मारा। पीड़ित ने अपने बचाव के लिए मदद की गुहार लगाई और चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास की महिलाएं उसके घर के आगे इकट्ठी हो गईं। लोगों को इकट्ठा होते देखकर दोनों ही मां-बेटी चांदनी को गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। महिला का आरोप है कि मां-बेटी ने उसके साथ काम कर रही दूसरी महिला को भी धमकाया है। घटना में चांदनी घायल हो गई और उसका उपचार कराने के लिए उसका पति अस्पताल लेकर गया। एसओ मुखानी विजय मेहता ने बताया कि मामले में मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हल्द्वानी। मल्ली बमौरी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को पिछले एक महीने से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने शहर विधायक सुमित हृदयेश से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। विधायक ने क्षेत्रवासियों को शीघ्र पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। पार्षद बल्यूटिया का कहना है, सुरभि कॉलोनी, साकेत कॉलोनी और कौशल कॉलोनी में पानी की एक महीने से किलल्त है, और कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। क्षेत्रवासी पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं और टैंकरों से भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
ईई को भी सौंपा ज्ञापन
वार्ड नंबर 48 के लोगों ने पानी समस्या का सामाधान करने के लिए जल संस्थान के कार्यालय आकर ईई को भी ज्ञापन सौंपा। वही आर एस लौशाली ने कहा कि जल्द ही पानी की समस्या का सामाधान किया जाएगा।

रामनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने सोमवार को रामनगर के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएं जांची और चिकित्सकों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में सभी दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मरीजों से बाहर से दवा मंगवाए जाने की शिकायत की है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी मरीज से बाहर से दवाई न मंगवाई जाए। मरीजों को अस्पताल से ही दवाइयां दी जाएं। उन्होंने पीपीपी मोड के तहत मौजूद अस्पताल में सभी चिकित्सकों को अस्पताल में मौजूद दवाइयों की सूची भी उपलब्ध कराई और निर्देश दिए की सूची में दर्ज दवाई ही मरीज को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सक द्वारा मरीजों से बाहर से दवा मंगाई गई तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिसका पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने मरीज के साथ उचित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। पीपीपी मोड के सहायक प्रबंधक तरुण भट्ट ने बताया कि सीएमओ द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलीं।

रामनगर। पीरुमदारा क्षेत्र के एक युवक को सोशल मीडिया पर तमंचा लहराते हुए फोटो डालना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया में वायरल इस फोटो को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश के क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम शिवपुर बैलजुडी पीरुमदारा निवासी देवेंद्र कटियार को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बैलजुडी सरकारी स्कूल के पास स्थित बगीचे से 315 बोर का अवैध देशी तमन्चा बरामद किया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी का अपने ही परिवार में जमीनी विवाद चल रहा है तथा इस मामले में दूसरे पक्ष की तहरीर पर पूर्व में भी आरोपी के खिलाफ कोतवाली में जान से मारने की धमकी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है।