हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गौलापार में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनीता बेलवाल के समर्थन में विशाल जनसभा

हल्द्वानी समाचार। आमखेड़ा-चोरगलिया जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रचार अभियान को धार देते हुए कुंवरपुर स्थित महादेव बैंकट हॉल में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल-उधमसिंहनगर सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, हल्द्वानी विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा ने आमखेड़ा-चोरगलिया सीट से श्रीमती अनीता बेलवाल को प्रत्याशी बनाया है, जो महिला सशक्तिकरण और क्षेत्रीय विकास की मजबूत आवाज बनेंगी। उन्होंने कहा कि पंचायत में भाजपा का प्रतिनिधित्व होने से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा।

विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि जब पंचायत से लेकर संसद तक एक ही विचारधारा की सरकारें कार्यरत होती हैं, तो विकास की गति दोगुनी हो जाती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और जनता को पार्टी की योजनाओं व प्रत्याशी की छवि से अवगत करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरी जीत का विश्वास है। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी ने किया, जिन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। जनसभा में डॉ. मुकेश बेलवाल, अन्य भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभा का माहौल उत्साह और समर्थन से ओतप्रोत रहा।

निर्वाचन आयोग की सख्ती: अवैध प्रवासियों के नाम होंगे वोटर लिस्ट से बाहर

हल्द्वानी समाचार। निर्वाचन आयोग के क्षेत्रीय अधिकारियों ने बिहार में मतदाता सूची के जारी के गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर जांच की और इस दौरान बड़ी संख्या में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमा के लोग मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि उचित जांच के बाद 30 सितंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में अवैध प्रवासियों के नाम शामिल नहीं किए जाएंगे।रिपोर्ट का हवाला देते हुए, निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि घर-घर जाकर की गई जांच के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों को बड़ी संख्या में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमा के लोग मिले हैं।

निर्वाचन आयोग अंततः पूरे भारत में मतदाता सूचियों का एक विशेष गहन पुनरीक्षण करेगा ताकि विदेशी अवैध प्रवासियों के जन्मस्थान की जांच करके उन्हें बाहर निकाला जा सके। बिहार में इसीसाल चुनाव होने वाले हैं, जबकि अन्य पांच राज्यों असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं। हाल में विभिन्न राज्यों में बांग्लादेश और म्यांमा सहित अवैध विदेशी प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के बाद यह कदम खास महत्व रखता है।

कार्रवाई! 123 वाहनों के चालान, 5 सीज

हल्द्वानी समाचार: परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर लगातार प्रवर्तन कार्रवाई जारी है। शनिवार और रविवार को विभाग की प्रवर्तन टीमों ने अभियान चलाकर कुल 123 वाहनों के चालान किये और प्रपत्र प्रस्तुत न करने के अभियोग में दो ई-रिक्शा सहित कुल 5 वाहन सीज किए। अभियान सहायक परिवहन अधिकारी जितेंद्र सिंगवान, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, विमल उप्रेती, परिवहन निरीक्षक रामचंद्र पवार की टीम ने नैनीताल और हल्द्वानी शहरी क्षेत्र में टैक्सी, मैक्सी, ट्रक, ई-रिक्शा, ऑटोरिक्शा, कार, मोटरसाइकिल, टैक्सी बाइक आदि वाहनों की चेकिंग की गई।

इस दौरान प्रवर्तन टीमों ने परमिट शर्तों का उल्लंघन, चालकों की ओर से निर्धारित यूनियन फार्म नहीं पहनने, बिना सीट बेल्ट और बिना हेलमेट वाहन चलाने, नो पार्किंग, टैक्स, फिटनेस आदि अभियोग में प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक परिवहन निरीक्षक अनिल कार्की, गोविंद सिंह, मोहम्मद दानिश, गोधन सिंह, प्रवर्तन चालक पुष्कर, महेंद्र आदि उपस्थित रहे। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. गुरदेव ने बताया कि विभाग की ओर से लगातार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

कच्ची, पक्की और देसी पकड़ी, मतदाताओं को लुभाने की थी तैयारी

हल्द्वानी समाचार। मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, तस्करी भी जोर पकड़ रही है। ताजा मामले में तीन थानों की पुलिस ने ऐसे चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो देसी, अंग्रेजी और कच्ची शराब की तस्करी कर रहे थे। इस शराब के जरिये मतदाताओं को लुभाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबकि, काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी और उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान मल्ला काठगोदाम चौकी गेट के पास होंडा सिटी कार को रोका। तलाशी में कार से अंग्रेजी शराब की 4 पेटियां मिलीं, जिसमें 24 बोतल, 24 अद्दे और 48 पव्वे थे।

पुलिस ने कार चालक सलड़ी अमृतपुर भीमताल निवासी कैलाश चंद्र सुयाल पुत्र देवी दत्त सुयाल को गिरफ्तार किया है। एक और मामले में काठगोदाम पुलिस ने वन विभाग के बैरिया से करीब एक किमी ऊपर हैड़ाखान रोड पर एक पिकअप को रोका। तलाशी ली तो पिकअप से अंग्रेजी शराब की 5 पेटियां बरामद कीं, जिसमें 240 पव्वे थे। पुलिस ने पिकअप चालक मुरकुड़िया हैड़ाखान निवासी नीरज सिंह पुत्र तुला सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं भवाली पुलिस ने 90 पाउच देसी शराब के साथ सुरजीत सिंह पुत्र सुखराम सिंह निवासी बेल पड़ाव रामनगर को गिरफ्तार किया। जबकि चोरगलिया पुलिस ने 70 लीटर कच्ची शराब के साथ प्रतापपुर के पास से बाइक सवार जितेन्द्र सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी पिपलिया शक्तिफार्म को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

जारी होगी मेरिट सूची, एनईपी के तहत विषय चयन के बाद ही होंगे प्रवेश

हल्द्वानी समाचार: कुमाऊं के सबसे बड़े कॉलेज एमबीपीजी में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए तैयार मेरिट लिस्ट आज (सोमवार) दोपहर 2 बजे कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट www.mbgpgcollege.org पर प्रकाशित की जाएगी। जिसके आधार पर पंजीकृत छात्र-छात्राएं प्रवेश ले सकेंगे। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूरी की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 10 जुलाई को समाप्त हो चुकी है। समर्थ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न श्रेणियों में मेरिट सूची तैयार की है।

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मेरिट सूची में नाम आने के बाद प्रवेश से पूर्व कुमाऊं विश्वविद्यालय की प्रवेश नियमावली और आवश्यक दस्तावेजों की सूची को कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर अवश्य पढ़ें। प्रवेश प्रक्रिया के पहले चरण में विषय चयन से संबंधित काउंसलिंग की व्यवस्था कॉलेज की ओर से की गई है, जिसमें संबंधित विषय के प्राध्यापक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत लागू नई विषय प्रणाली के अनुसार विद्यार्थियों को संतुष्टिपूर्वक विषय चयन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जाएगा।कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि शासन की ओर से समर्थ पोर्टल पर प्रवेश सत्यापन की तिथि घोषित की जाएगी। बताया कि कॉलेज में भी ऑफलाइन दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश में असुविधा हो सकती है, सभी छात्र-छात्राओं को समय पर वेबसाइट देखते रहने और जरूरी दस्तावेज तैयार रखने के लिए कहा है।मेरिट लिस्ट में चयनित होने के बाद अभ्यर्थी को कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।

निर्धारित तिथि पर कॉलेज पहुंचकर मूल दस्तावेजों के साथ अभिलेख सत्यापन कराना होगा। जिसमें शैक्षिक अभिलेखों की मूल प्रतियां, एंटी-रैगिंग शपथ पत्र, एंटी-ड्रग शपथ पत्र, गैप ईयर एफिडेविट (यदि लागू हो), टीसी और सीसी की मूल प्रति, जाति प्रमाण पत्र ( यदि लागू हो), आरक्षण प्रमाण पत्र की मूल प्रति (यदि लागू हो) ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) लाने होंगे।एमबीपीजी कॉलेज में कुल 6017 पंजीकरण हुए हैं, जिसमें सबसे अधिक पंजीकरण बीए में 3243, बीकॉम में 1098, बीएससी बॉयोलॉजी में 720, बीएससी गणित में 695, डिप्लाूका इन टूरिज्म 10, डिप्लोमा इन इंटीरियर में 32 और बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में 219 पंजीकरण हुए हैं।

उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट में कल होगी अहम सुनवाई, चुनाव चिन्ह आवंटन दोपहर तक टला

देहरादून। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव को लेकर तस्वीर अब सोमवार, 14 जुलाई की सुबह हाईकोर्ट की सुनवाई के बाद ही साफ हो पाएगी। नैनीताल हाईकोर्ट में दो जगह वोटर लिस्ट में नाम होने से जुड़े एक अहम मामले की सुनवाई निर्धारित की गई है, जो पंचायत चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।राज्य निर्वाचन आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित करने की प्रक्रिया को 14 जुलाई की दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया है।

आयोग ने यह निर्णय उच्च न्यायालय में दाखिल स्पष्टता प्रार्थना पत्र (clarification application) की सुनवाई को ध्यान में रखते हुए लिया है।निर्वाचन आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मा० उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड, नैनीताल में शक्ति सिंह बर्थवाल बनाम राज्य निर्वाचन आयोग एवं अन्य में योजित रिट याचिका संख्या 503 (एम०बी०)/2025 पर 11 जुलाई को पारित आदेश के क्रम में यह प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है, जिसकी सुनवाई 14 जुलाई को पूर्वाह्न में होगी।अब सबकी निगाहें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि एक व्यक्ति के दो जगह वोटर लिस्ट में नाम होने की स्थिति में क्या नियम लागू होंगे और चुनाव प्रक्रिया आगे कैसे बढ़ेगी।

जहरीले जंगली मशरूम से बुजुर्ग महिला की मौत, बहू की हालत गंभीर

बागेश्वर। जंगली मशरूम खाने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई है ।मामला कपकोट के अंतिम गांव कुंवारी का है। रविवार को ग्रामीण धनु ली देवी और उनकी बहू कविता खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मशरूम मिला, जिसकी सब्जी बनाकर उन्होंने रोटी के साथ खाई। जंगली मशरूम जहरीला था, जिसे खाने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

कविता देवी की हालत गंभीर है। उसका गांव में जड़ी बूटी से इलाज चल रहा है। एसओ खुशवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को गांव भेज दिया गया है। वहीं सीएमओ डॉक्टर कुमार आदित्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव जा रही है।

राजनीतिक साजिशों पर बोलीं बेला तोलिया! जनता पर भरोसा, विरोधी फैलाते हैं भ्रम

हल्द्वानी समाचार। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक एवं 21 रामड़ी आनसिंह पनियाली सीट से भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया ने रविवार को पत्रकार वार्ता कर अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं।उन्होंने दावा किया कि साल 2019 से 2024 तक नैनीताल जिले में कुल 60 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें से उनके अपने जिला पंचायत क्षेत्र 21-रामड़ी आनसिंह (पनियाली) में ही करीब 16 करोड़ रुपये के काम धरातल पर उतारे गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की 15 ग्राम सभाओं बजुनिया हल्दू, पनियाली, रामड़ी आनसिंह, लामाचौड़ खास, कुरिया गांव, पीपल पोखरा, बच्चीनगर, जयपुर पाड़ली, ईसाई नगर, बसानी, कमलुवागांजा मेहता, चौसला, रामपुर लामाचौड़, गुजरौड़ा और धुनी नंबर एक-दो में सीसी मार्ग, पेयजल लाइन, शौचालय, पुलिया, सुरक्षा दीवारें, मंदिर सौंदर्यीकरण और सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 4 करोड़ की लागत से सीसी मार्ग, 1 करोड़ से पेयजल टैंक, शौचालय और सोलर लाइटें लगवाई गईं।बेला तोलिया ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में भी उन्होंने और उनकी टीम ने नैनीताल जिले के सभी 27 जिला पंचायत क्षेत्रों में मास्क वितरण, सैनिटाइजेशन और स्प्रे मशीनों का इंतजाम पूरी ईमानदारी से किया।

इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन को गति देने के लिए 8 विकासखंडों में कूड़ा वाहन लगाए गए ताकि ठोस कचरा निस्तारण की व्यवस्था बेहतर हो सके।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने के लिए भ्रामक शिकायतें कर रहे हैं और अदालतों का सहारा लेकर नामांकन निरस्त कराने के असफल प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जनता ने उन्हें निर्विरोध जिताया था, लेकिन अब उसी को विरोधी अभिशाप बताकर जनता की भावनाओं का अपमान कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिवार से होने के कारण उन्होंने जनसेवा को ही प्राथमिकता दी है।

उनका कहना है कि कुछ लोग उन्हें ‘शहरी और बाहरी’ कहकर उनके अपने लोगों से दूर करने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन उनका जनता पर पूरा भरोसा है।बेला ने कहा कि विकास का यह सिलसिला आगे भी बिना रुके जारी रहेगा और जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस दौरान उनके जीवनसाथी और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद तोलिया समेत पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

14 व 15 जुलाई को डॉबीसी रॉय ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड जूनियर फुटबॉल टीम के ट्रायल

हल्द्वानी समाचार। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की ओर से आयोजित जूनियर बॉयज़ नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप डॉबीसी रॉय ट्रॉफी 27 जुलाई से मध्यप्रदेश में शुरू हो रही है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की जूनियर फुटबॉल टीम भी प्रतिभाग करेगी। टीम चयन के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों के जूनियर खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 14 व 15 जुलाई को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गौलापार में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल में केवल वे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2011 के मध्य हो।

खिलाड़ियों को मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। जिसमें स्थाई निवास प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और रजिस्ट्रेशन। साथ ही खिलाड़ियों को अपना खेल किट भी साथ लाना होगा। चयन उपरांत कैंप का आयोजन भी किया जाएगा।उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव ने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है।

निगम की दुकान में अवैध निर्माण का मामला गरमाया, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत

हल्द्वानी। हीरानगर जेल रोड तिराहे पर स्थित नगर निगम की एक दुकान में अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मामला गरमा गया है। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कर दी गई है, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया गया है कि दुकान संख्या 32 ए, जो 295 वर्ग फीट में फैली है, उसका वास्तविक किराया केवल 43 वर्ग फीट के आधार पर नगर निगम को दिया जा रहा है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि दुकान के पास स्थित छत पर जाने वाली सीढ़ी को हटाकर दुकान के स्वरूप में बिना अनुमति के बदलाव किया गया, जिससे दुकान का क्षेत्रफल बढ़ गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नगर निगम की ओर से किरायेदार को स्वरूप परिवर्तन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी।इससे पूर्व भी इस मामले में नगर आयुक्त ऋचा सिंह से शिकायत की गई थी, जिसके बाद नगर निगम के सर्वेयर की ओर से की गई जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि हुई थी।

बावजूद इसके, अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है।कुछ दिनों पूर्व शहर में निरीक्षण के दौरान यह मामला जिलाधिकारी वंदना सिंह के संज्ञान में भी आया, जिस पर उन्होंने नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि किरायेदार को तत्काल हटाया जाए। डीएम के निर्देश पर निगम की टीम ने दुकान के बाहर खड़े अवैध ठेले को जब्त भी किया था, लेकिन दुकान में हुए अवैध निर्माण को अभी तक नहीं हटाया गया है।नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण पर सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत के अनुसार शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com