हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

एक माह बाद मृतक के बेटे ने दी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी: किसी काम के सिलसिले में घर से निकले स्कूटी सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी और घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना में एक माह बाद मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। धान मिल हल्द्वानी निवासी जितेश गोयल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि 28 जुलाई को उनके पिता महावीर प्रयाद अपनी स्कूटी संख्या से घर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उनके पिता की स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए थे। जिन्हें डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। लेकिन यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब बेटे ने पुलिस को आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात ट्रक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के जुर्म में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सट्टे की पर्ची और नगदी बरामद, ख्वाब टूटा सलाखों में

हल्द्वानी। सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए बनभूलपुरा पुलिस ने एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से सट्टे की पर्चियां व 1510 रुपये की नगदी बरामद की है। बीते मंगलवार की रात बनभूलपुरा पुलिस ने गश्त के दौरान ख्वाजा कालोनी इन्द्रानगर थाना बनभूलपुरा निवासी सद्दाम पुत्र अनवर अली को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जिसकी जामातलाशी के दौरान सट्टा पर्ची, पैन गत्ता व 1510 रुपये की नगदी बरामद की है।

मलबा आने से दो दर्जन से अधिक सड़कें बंद

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था ठप चल रही है। मलबा आने की वजह से अभी दो दर्जन से ज्यादा सड़कें बंद हैं। इन सड़कों को खोलने का प्रयास चल रहा है लेकिन अभी भी पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से हालात मुश्किलों से भरे हुए हैं। हल्द्वानी-नैनीताल रोड पर डोलमार के पास सड़क पर मलबा आ गया। जिस वजह से राजमार्ग बंद हो गया। एडीएम विवेक राय ने मौके पर रहकर जेसीबी से मलबा हटवाया और रोड पर यातायात सुचारू कर दिया। पिछले तीन दिन में बार-बार नैनीताल रोड पर यातायात को बंद करना पड़ा है। इसके अलावा चार अन्य राज्य मार्ग सुयालबाड़ी से उड़ाखान, गर्जिया से बेतालघाट होते हुए खैरना मार्ग और हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग बंद हैं। गर्जिया से ओडाखान राज्य मार्ग पर किमी 19 में मलबा आया हुआ है। हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर शेरनाला का उफान अभी कम नहीं हुआ है। उम्मीद है यह मार्ग शीघ्र शुरू हो जाएगा। बुधवार को पूरे नैनीताल जिले में कुल 29 मार्ग बंद हुए थे, जिनमें से कुछ मार्गों को खोल दिया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में मार्ग बंद होने की वजह से हल्द्वानी और अन्य मैदानी शहरों से की जाने वाली सब्जियों व अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस वजह से महंगाई बढ़ रही है। खासतौर से पहाड़ों में सब्जियों के दाम काफी ज्यादा बढ़ गए हैं। प्रशासन का अभी भी कहना है कि बहुत ही जरूरी होने पर पहाड़ों की यात्रा करें। अगर संभव हो तो हालात सामान्य होने का इंतजार करें।

जिले में 13 ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद हैं। जिनमें सबसे ज्यादा धारी और नैनीताल ब्लॉक के मार्ग हैं। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार छिड़ाखान-अमजड़, ढोलीगांव-कैड़ा, मोरनोल-थली, पदमपुरी-सुवाकोट, अल्मोड़ा-सिरसा, वलना-बलना, हरीशताल मार्ग, खनस्य-टांडा, पतलोट-पश्यागांव, नाई-भुमका, टकुरा-थराड़ी, वालिक-सुनकोट और तल्लीदीनी-मल्लीदीनी मार्ग बंद चल रहे हैं। इनके अलावा लोहाली-थुवाब्लॉक, रातीघाट-बुधलाकोट, अमृतपुर-बबियाड़, भौर्सा-पिनरो, हैड़ाखान धाम मार्ग, फतेहपुर बेल मार्ग भी बंद हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत हरीशताल मार्ग पर है इस मार्ग पर छह जगह मलबा आया है। इनके अलावा और भी कुछ मार्ग बंद हैं।

नैनीताल जिले में कल भी सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्र रहेंगे बंद…

नैनीताल: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 2 सितंबर 2025 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल जिले में 3 सितंबर 2025 को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसके मद्देनज़र जिला प्रशासन ने ” अलर्ट” जारी करते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं।पूर्वानुमान के अनुसार, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं अति तीव्र वर्षा के दौर की आशंका है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना बनी हुई है।छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, 3 सितंबर 2025 (सोमवार) को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।यह आदेश उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्रों के लिए आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। विद्यालयों में शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को केवल आवश्यकता पड़ने पर ही बुलाया जा सकेगा।मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

अगले 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट: भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा

देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में अगले तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज दिनांक 02 सितम्बर 2025 शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।अलर्ट के दायरे में आने वाले जिले हैं—अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर। इन जनपदों के मुनस्यारी, कोटद्वार, रानीखेत, खटीमा, काशीपुर, डीडीहाट, कपकोट, लोहाघाट, मुक्तेश्वर और चौखुटिया समेत आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से लेकर तीव्र और बहुत तीव्र बारिश के साथ आंधी व बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही, पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे डोलमार के पास आया मलबा, यातायात ठप

हल्द्वानी/नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर डोलमार के पास अचानक मलबा गिरने से सड़क बंद हो गई है। भारी मिट्टी और पत्थर गिर जाने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सड़क को खोलने के लिए मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों ने यात्रियों से कहा है कि वे फिलहाल इस मार्ग से यात्रा न करें और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।

नैनीताल रोड पर चलती कार पर गिरा पहाड़ से बोल्डर, देखिए वीडियो…

हल्द्वानी। लगातार बारिश ने नैनीताल रोड दोगांव के पास बड़ा हादसा उस समय टल गया जब पहाड़ से अचानक भारी बोल्डर गिरकर एक चलती हुई कार पर आ गिरा। लेकिन गनीमत रही कि बोल्डर कार के किनारे से टकराया और बड़ा नुकसान होने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार भूस्खलन के कारण नैनीताल रोड बेहद जोखिम भरी हो चुकी है। वहीं, प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर सफर करने से बचें।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई है।

लगातार बारिश के बीच कर चोरगलिया मार्ग बंद

हल्द्वानी। लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हालात बेकाबू बने हुए हैं। शेर नाला के उफान पर आने से कर चोरगलिया मार्ग बंद कर दिया गया है। भूस्खलन और जलभराव के कारण यह मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों के आवागमन पर संकट खड़ा हो गया है।रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। फिलहाल मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

अग्निवीरों के लिए खुशखबरी: अब पुलिस से लेकर वन दरोगा तक में 10% आरक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक और वायदे को पूरा करते हुए सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों को सरकारी विभागों की वर्दीधारी सेवाओं में दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान कर दिया है। इस संबंध में सोमवार को कार्मिक एवं सर्तकता विभाग की ओर से विधिवित तौर पर उत्तराखंड राज्याधीन सेवाओं में समूह ग के सीधी भर्ती के वर्दीधारी पदों पर सेवायोजन हेतु सेवामुक्त अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण नियमावली-2025 जारी कर दी है। सैन्य बहुल प्रदेश होने के कारण उत्तराखंड सरकार के इस निर्णय को मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। इसी नियमावली के जरिए अब सेवामुक्त हुए अग्निवीरों को विभिन्न विभागों के वर्दीधारी पदों पर 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें पुलिसआरक्षी (नागरिक/पीएसी), उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर पीएसी, अग्निशामक, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, बंदी रक्षक, उप कारापाल, वन आरक्षी, वन दरोगा, आबकारी सिपाही, प्रवर्तन सिपाही और सचिवालय रक्षक जैसे महत्वपूर्ण वर्दीधारी पद शामिल हैं। ‘मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि, देश की सेवा कर लौटे पूर्व अग्निवीर प्रदेश का गौरव हैं। उन्हें सम्मान और रोजगार का अवसर देना हमारी जिम्मेदारी है। यह निर्णय सेवामुक्त हुए अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। हमारी सरकार पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को हर तरह से सेवायोजन का प्रयास कर रही है।

ज्योलीकोट मिशन रोड पर तेंदुए की दस्तक

ज्योलीकोट। मिशन रोड क्षेत्र में रविवार रात लगभग 8 बजकर 10 मिनट पर सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिखाई दिया। इसकी पुष्टि ग्राम प्रधान नवल आर्य ने की। उन्होंने बताया कि कैमरे की फुटेज में तेंदुआ स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। ग्राम प्रधान ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे रात के समय बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और अकेले न निकलें। साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान नवल आर्य ने बताया वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com